Thursday, 10 May 2018

Kaise chhod dun


देख वो गोरा जा रहा है उसे बुला के देख

या तो गुर्रायेगा या कुत्ते जैसा भौंक देगा
हमारे यहाँ गाड़ी में बैठा कोई किसी से रास्ता भी पूछता है वह चल कर पास आ जाता है और पूरी तरह समझता है
इतनी उम्र गुजार दी वहां का चप्पा चप्पा पहचानता है।  यहाँ हर व्यक्ति हर चीज अनजान सी लगती है।  कुछ भी तो अपना नहीं लगता। कहीं जाओ तो इनके अनुसार बैठो तो इनके अनुसार। हर चीज में खर्च कितना।
अब यही रह गया था पोर्क और बीफ खाना  

Wednesday, 4 April 2018

Arakshan

आरक्षण

बस में महिला सीट के पास खाली स्थान देखकर वह बुजुर्ग वही खड़ा हो गया।  उसके पैर कांप रहे थे। पीछे से आवाज आई -
'बाबा, वो सीट खाली तो है, बैठ क्यों नहीं जाते?'
'बेटा यह सीट तो महिलाओं के लिए आरक्षति है। मैं कैसे बैठ जाऊँ?'
'अरे, अभी तो कोई महिला नहीं बैठी है न, जब कोई महिला आयेगी तो उठ जाना, तब तक तो बैठ लो। और कोई आएगी भी तो जरूरी थोड़े ही है, आपको उठा ही देगी। आपकी स्थिति नहीं देखेगी!'
'बस बेटा यही डर है, इस उम्र में, अगर बैठने पर कोई उठने को कहेगा तो मेरी गरिमा को ठेस लगेगी न।'
उस सीट के दूसरी ओर बैठा व्यक्ति अपनी सीट छोड़ कर खड़ा हो गया, 'बाबा! यहाँ बैठो।'
 'कैसी बिडम्बना है? आरक्षण के नाम पर सीट खाली रह जाय और किसी निर्बल को भी न मिले !' वह फिर भुनभुनाया।



आरक्षित सीट


'यह सीट मेरी है। मैंने बहुत से पहले से आरक्षित करवा रखा है।' उस यात्री ने बोला।

'अरे भाई यह बीमार है लाचार है।  देखो सारी सीट आरक्षण वालों ने ले ली। आप ही बताओ, अचानक बीमार हो गए, अब कैसे जाएँ? हमारी यात्रा बस दिन दिन की है। शाम तक लखनऊ पहुँच जायेंगे।' रोगी को ले के साथ वाले यात्री ने कहा।

'यह तो आप जानो, कोई मुफ्त का आरक्षण थोड़े ही मिला है, इसके लिए पैसा दिया है।'

एक अन्य यात्री ने खिसक कर थोड़ी जगह बनाया और वहां बिठा लिया। अगले स्टेशन पर किसी जाति का आरक्षण की मांग को लेकर, रेल रोको आंदोलन चल रहा था। 

हाथों लाठी, डंडे, पत्थर लिए डब्बे की और भीड़ चली आ रही थी।  किसी किसी के हाथ मशाल भी थी।
'गाड़ी खाली करो, खाली करो . .. फूक दो .,,  हमें भी आरक्षण दो ... सरकार नहीं चलने देंगे  ...  आदि जैसे शब्दों का शोर था।
ट्रैन से सभी उतरने लगे। जब उस सीट वाला उतरने लगा तो एक यात्री जो उसके व्यव्हार से खुश नहीं था बोल पड़ा - 'क्यों भाई, बैठे रहो वो तुम्हारी आरक्षित सीट है।'






मोहित के घर कोई भी मेहमान आता तो एक बार अवश्य टोकता, 'मकान तो कितना सुंदर बना लिया है, पर आलीशान मकान में यह पुराना तख़्त शोभा नहीं दे रहा। इस मकान में इतना पैसा लग चुका है, इस तख्त के स्थान पर कोई सुन्दर सी सेट्टी होती तो अधिक अच्छी लगती। '
मोहित की माँ सबको समझाती यह बाबा की निशानी है
इतनी महँगी चद्दर से इसे ढकी रहती हो। अब इस तख़्त को रखने का क्या औचित्य है।
मैं जब से पैदा हुआ हूँ इस तख़्त को यहीं देख रहा हूँ। मैंने एक नई सेट्टी का आर्डर दे दिया है।

Saturday, 17 March 2018

Sevika bahu

आरती और महेंद्र सबसे यही कहते, 'सुशीला मेरी बहू नहीं है, बेटी है।' जैसा उसका नाम था, वैसा ही काम। वह इतनी सुशील थी कि सास, ससुर की सेवा के अतिरिक्त और कुछ नहीं सोचती। कहीं आना न जाना, बस घर के काम में व्यस्त रहना, थोड़ा बहुत समय मिल गया तो टेलीविज़न देख लेना। गली मोहल्ले में उसकी बहुत प्रशंसा होती। घर का चौखट लांघे तो उसे दस वर्ष से भी अधिक हो गए होंगे। उसकी आवाज, पास पड़ोस में किसी ने नहीं सुनी होगी। सास-ससुर का उसके ऊपर इतना शासन था कि न तो वह पास पड़ोस में कहीं जा सकती थी, न ही उससे मिलने कोई आ सकता था। पड़ोस की कोई औरत, शीला से मिलने आती भी तो बाहर के कमरे में ही चाय पानी पिला कर विदा कर दिया जाता। सुशीला तो बस चाय रखकर, नमस्ते करती और भीतर चली जाती। आरती डरती थी, वह सबसे मिलती रही तो कहीं कोई उसे बहका न दे और अच्छी भली बहू हाथ से निकल जाय।

आरती की बहन का बेटा, चिंटू इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था। पढ़ाई पूरा करते ही उसे बैंगलोर में नौकरी मिल गयी। वह छुट्टियों में घर आया तो सोचा मौसी से भी मिल लें। एक दिन, वह मौसी से मिलने, आरती के घर पहुँच गया। चिंटू की दृष्टि जब सुशीला पर पड़ी तो उसे देखकर, उसकी सुंदरता पर मन्त्र मुग्ध हो गया। अब तो वह उससे जल्दी से जल्दी बात करने के लिए बेचैन हो उठा।
'और भाभी क्या खिला पीला रही हो? सुना है आपके हाथ में जादू है। वैसे जादू तो आपके रूप में भी है। '
'जो कहो भैया, पकौड़े खाएंगे?'
सुशीला को भी बहुत दिनों के बाद किसी से बात करने का मौका मिला था। चिंटू बहुत स्मार्ट लड़का था। उसकी बातचीत से लगता ही नहीं था कि वह सुशीला से पहली बार मिला है और सुशीला की बातों की मिठास किसी के भी कानों में मिश्री घोल देती। उदय और सुशीला के विवाह में परीक्षा होने के कारण, चिंटू नहीं आ पाया था। विवाह के दो वर्ष हो चुके थे, भाभी से मिलने का उसे पहली बार ही मौका मिला था।
'और भइया, आप को खाने में क्या पसंद है? मैं वही बनाउंगी।' सुशीला ने फिर पूछा।
'कुछ भी बना लो भाभी। आप तो जो भी बना दोगी, हॉस्टल के मेस से अच्छा ही बनाओगी।'
'फिर भी ! कुछ तो बताओ !'
'अच्छा, आप रहने दो।  मैं आपको आलू दम और शाही टोस्ट बनाकर दिखाता हूँ। बाकी रोटी, दाल वगैरह, जो बनाना हो आप बना लो।'
सुशीला हँसते हुए बोली, 'आप भी सब बना लेते हैं! अभी तो शादी भी नहीं हुई, किसने सब सिखाया?'
'अरे भाभी, वक्त सब सीखा देता है। अकेले, हॉस्टल के खाना से कभी बोर होते थे तो हम लड़के अपना कुछ एक्सपेरिमेंट कर लेते थे।'
वह एक  बार फिर हंसी, 'हमें सब पता है, कोई न कोई तो जरूर होगा, जिसने सिखाया होगा। आप नहीं बताना चाहते तो कोई बात नहीं।'
उधर आरती दोनों को घुल मिल कर बात करते देख कूढ़ रही थी, पर कुछ कह नहीं पा रही थी। उसे डर था कहीं  चिंटू को बुरा न लग जाय। हँसते बोलते दोनों ने मिलकर, खाना बना लिया। जब खाने बैठे तो महेंद्र और आरती, आलू दम व शाही टोस्ट की प्रसंशा करते नहीं अघा रहे थे। सुशीला, मौका पाकर चिंटू से धीरे से बोल दी, 'वाह भैया ! आप ने तो बाजी मार ली।'
चिंटू ने भाभी की टिपण्णी सुनकर, गर्व से कन्धा मटका दिया।
बस एक दिन रुककर, चिंटू को जाना था। जब वह चलने लगा तो सुशीला अपने आंसू रोक नहीं पायी। उसको देखकर चिंटू भी द्रवित हो उठा। फ़ोन करते रहने का वादा करके वह विदा हो गया। वह सुशीला के लिए यादगार के कुछ पल छोड़ गया। उसके जाने के बाद तो ऐसा लग रहा था जैसे सुशीला की जिंदगी के मरुस्थल में भटकर, बादल का कोई टुकड़ा आ गया हो और कुछ बूंदें टपका दिया हो। घर जाकर, अगले ही दिन चिंटू ने फोन किया, फोन आरती ने उठाया। जब चिंटू ने सुशीला से बात करवाने को कहा तो उसके काम में व्यस्त होने का बहाना कर दिया। उसके बाद भी जब कभी चिंटू का फोन आता, सुशीला के किसी काम में व्यस्त होने या कहीं जाने का बहाना करके, आरती उससे बात नहीं करने देती। एकाध बार के बाद, चिंटू ने फोन करना बंद कर दिया। सुशीला की फिर से वही रसविहीन, बंजर जिंदगी थी।   

जब सुशीला दुल्हन बनकर आयी थी, तो  दुल्हन देखने जो भी आता, उसकी सुंदरता की प्रशंसा किये बिना नहीं रह पाता। वाह, आप लोग तो चाँद जैसी बहू लाये हो, कितनी सुन्दर और सुशील। महेंद्र और आरती के तो, प्रशंसा सुनकर, गर्व का ठिकाना ही नहीं रहता। आखिर अपने बेटे के लिए, उन्होंने ही बहू पसंद किया था। अब आरती का सब दुःख गया था, रोज रोज खाना पकाने से छुट्टी मिली।  कहाँ दिन भर काम करके आरती का देह अकड़ जाता, अब तो बैठे बैठे खाली जुबान हिलानी होती। ऊपर से बहू, सुबह शाम हाथ पैर भी दबा देती। पास पड़ोस का कोई आता तो आरती, सुशीला की तारीफ करते नहीं अघाती। 'उदय को तो माँ बाप की कहाँ परवाह, उसे अपने दोस्तों से फुर्सत हो तब तो घर की चिंता करे। हाँ बहू बड़ी लायक मिली है, जबसे आयी है, मुझे कुछ नहीं करने देती ...   सुशीला! क्या कर रही है? देख, ऑन्टी आयी हैं, चल इनका भी पैर दबा दे और आशीर्वाद ले ले।'
सुशीला भी सोचती, बड़े बुजुर्गों की सेवा से तो आशीर्वाद ही मिलेगा। पैर दबाने में क्या घट रहा है। माँ-बाप ने, दहेज़ में भी तो इन लोगों को इतना कुछ नहीं दिया है, कि अकड़ से रहे। वो बेचारी, सास की आज्ञा का हृदय से पालन कराती।
महीना बीता, उदय की छुट्टी समाप्त  हो चली, और एक दिन उसे नौकरी पर वापस जाने का समय आ गया। पूरे चौबीस घंटे की रेल यात्रा थी। सुशीला को मालूम था, कि रेल में खाने पीने को अच्छा नहीं मिलेगा, और ऊपर से महंगा इतना कि पैसे बचाने के चक्कर में उदय भर पेट खायेगा भी कि नहीं। उसने रास्ते के लिए, पूड़ी सब्जी बनाकर पैक कर दिया। साथ में आरती ने कुछ मीठी पूड़ी और सूजी के लड्डू बनवा दिए, ताकि वह वहां एकाध दिन जब जी में आये, खा ले । वहां जाने के बाद, न तो माँ के हाथ का ही खाने को कुछ मिलेगा, न ही  पत्नी के। या तो वह खुद पकाये या फिर होटल में खाये।
उसके नौकरी पर जाते ही, नई नवेली दुल्हन, शुशीला अकेले रहने को विवश हो गयी। उसे तो अब तन्हाई के दिन बिताने थे, जाने उदय को फिर से कब छुट्टी मिलेगी। ननद भी कुछ दिनों की ही मेहमान थी, वह अपने ससुराल चली गयी। सुशीला को अपना समय अकेले ही काटना था। वह दिन भर बोर होती, सास ससुर से  कितनी बातें करती। अब उसके के जीवन का सहारा, बस टेलीविज़न रह गया था। लेकिन उसे अपने कर्तव्यों का पूरा एहसास था। वह अपनी तन्हाई से लड़ने के लिए, जहाँ टेलीविज़न देखती, वहीँ  अपने को काम में व्यस्त भी रखती थी। घर की सफाई, रख रखाव, तरह तरह के पकवानों से सास ससुर और अतिथियों को प्रसन्न रखना, उसका शौक हो गया था। जो उसके हाथ की बनी पकौड़ी खा लेता, प्रशंसा किये बिना नहीं रहता। महेंद्र तो उसके बनाये पकौड़ों के दीवाने थे।  सप्ताह में एक बार अवश्य ही पकौड़े बनवा लेते। बीच में कोई आया गया, तब तो बनने ही थे।

सुशीला जैसी बहू की चर्चा पूरे मोहल्ले में थी। उसे ससुराल वालों का दिल जीतने में अधिक समय नहीं लगा और लगे भी क्यों! वह सुशील और गुणी, जो ठहरी। सास ससुर भी उसे बहुत प्यार से रखते थे। सुशीला को घर में कोई कष्ट नहीं था, पर उदय की अनुपस्थिति उसे सदैव खलती थी। उसे बस इसी बात का अफ़सोस रहता कि विवाह के पश्चात्, इतना समय निकल गया और वह अपने पति की तनिक भी सेवा नहीं कर पायी।  वैसे तो वह शीघ्र आने का वादा कर के गया था, पर साल से पहले कहाँ आने वाला था। सब कुछ भाग्य का वदा सोचकर, सुशीला ख़ुशी ख़ुशी सह लेती।
नौ महीने बीतते ही, चाँद सा सुन्दर पुत्र भी आ गया। महेंद्र और आरती के तो पौ बारह थे। सेवा के लिए सुशील बहू तो थी ही, बुढ़ापे में खेलने के लिए पोता भी मिल गया। महेंद्र ने पोते का नाम कुलदीप रख दिया। अब सुशीला को अधिक परेशानी नहीं थी, कुलदीप के सहारे उसका समय कहां चला जाता, पता ही नहीं चलता।
धीरे धीरे उदय को गए डेढ़ वर्ष हो गए। जब भी फोन की घंटी बजती इससे पहले कि सुशीला वहां पहुंचती, आरती उठा लेती। उदय से हाल चाल पूछ कर फिर सुशीला को पकड़ा देती। बहू को फोन पकड़ा कर भी वह वहीँ घेरे रहती, बेचारी सुशीला तो ज्यादा कुछ बात भी नहीं कर पाती। बस, बार-बार यही पूछती, 'कब आओगे?'
उत्तर मिलता, 'तुम्हें पता ही है, प्राइवेट नौकरी है, छुट्टियां अधिक कहाँ मिलती हैं। जब भी छुट्टी के लिए अप्लाई करता हूँ, कोई न कोई  काम निकल आता है। देखो शायद एक दो महीने में छुट्टी मिल जाय।'
सुशीला मुंह बना लेती और कहकर, फ़ोन रख देती, 'ठीक है, जल्दी से जल्दी आने की कोशिश करना।'

एक दिन, सुबह ही उदय का फोन आ गया। आरती और महेंद्र ने बात करके सुशीला को पकड़ा दिया। आज वह सुशीला को आश्चर्य में डालने वाला था। जैसे फोन पर बोला, 'आज मैं तुम्हें सरप्राइज देने वाला हूँ।'
सुशीला तबाक से बोली, 'कब आ रहे हो !'
'अरे! तुमने कैसे जान लिया, मैं यही बताने वाला हूँ।'
'क्यों ? तुम्हारी पत्नी नहीं हूँ क्या !'
'बस अगले ही हफ्ते। मेरी एक महीने की छुट्टी मंजूर हो गयी है। देखूंगा तो आकर पंद्रह बीस दिन और बढ़ा लूंगा। वहां से इमारी बीमारी का कोई बहाना चल जायेगा, यहाँ तो एक  महीने से अधिक की छुट्टी एक साथ मिल नहीं सकती।'
बस फिर क्या था, सुशीला के ख़ुशी का ठिकाना न रहा, वह दौड़ी गयी, 'अम्मा जी! अगले सप्ताह, वो रहे हैं।'
'हं, हमसे तो बताया ही नहीं।  बीबी से ही सब कुछ बताता है। चल अच्छा हुआ, एक साल से भी ज्यादा हो गया है। कुलदीप भी अपने पापा से पहली बार मिलेगा।'
आरती, अपनी खुशी प्रकट करने के लिए,  कुलदीप को गोदी में उठा लेती है और बार-बार दोहराने लगती है, 'कुलदीप का पापा आ रहा है, बाबू पापा से मिलेगा ... '                  
धीरे धीरे उदय के आने का समय समीप आ गया। उसे अब कल ही गाड़ी पकड़नी है, परसों तक तो घर भी आ जायेगा। आरती ने सुशीला को खाने में उसकी पसंद की चीजें बनाने के निर्देश दे दिए। महेंद्र इस बात की पुष्टि करने के लिए कि वह वास्तव में आ रहा है न, कहीं ऐसा तो नहीं कि किसी कारण वश कार्यक्रम में कोई परिवर्तन हो, बार बार फ़ोन मिलाया, मगर उदय का फोन नहीं मिल पाया। कहीं घर के फोन में कोई खराबी हो, यह सोचकर, वह बाजार जाकर भी कोशिश किया परन्तु उदय का फ़ोन नहीं मिल पाया। महेंद्र ने उसके किसी मित्र या सहकर्मी का भी फोन नंबर नहीं लिया था, जिससे वह उसके बारे में पता करे। अब महेंद्र के पास गाड़ी के आने  की प्रतीक्षा के अतिरिक्त और कोई चारा नहीं था। आज सुबह ही सुशीला के साथ आरती भी रसोई में जुट गयी क्योंकि उदय की पसंद का आरती को ही ज्यादा पता था। गाड़ी आने का समय हो चुका। घर में सभी लोग उदय की जोरदार स्वागत की तैयारी में जुट गए। उधर से जो भी गुजरता, महेंद्र अवश्य पूछ लेता, क्यों भैया औरंगाबाद वाली गाड़ी आ गयी। रमेश ने बताया, हां चाचा वो एक घंटे पहले ही आ चुकी।
'परन्तु उदय नहीं आया, स्टेशन से तो आधा घंटा ही लगता है।'
आरती बोली, 'हो सकता है पिछले स्टेशन पर उतर गया हो, और मौसी से मिलता आये।'
इतने में फोन की घंटी बजी।
'देख तो लग रहा उसी का फोन है।' यह कहते हुए महेंद्र ने खुद ही फोन उठा लिया।
'कौन? उदय के पापा बोल रहे हैं।'
'हाँ! तुम कौन?
'अंकल, मैं उदय के साथ काम करता हूँ। उसका कल शाम स्टेशन जाते हुए एक्सीडेंट हो गया। उसका फोन नष्ट हो जाने के कारण, आपका नंबर भी नहीं मिल पा रहा था। हम लोग आज कंपनी के दफ्तर से नंबर निकवाये हैं।
उसके शव को, कंपनी, हवाई जहाज से भिजवाने का प्रबंध कर रही है। शव लेकर आज ही हम आप के यहाँ पहुंच जायेंगे।'
इतना बड़ा वज्रपात। रोना धोना शुरू। सुशीला रोते रोते मूर्छित हो गयी।  हे ईश्वर! तूने क्या एक ही महीने के लिए उदय को दिया था! फिर सावित्री जैसी शक्ति भी क्यों न दी, कि अपने सत्यवान को जीवित कर लेती। कितना बड़ा अन्याय। तेरा क्या बिगाड़ा था ! किस बात की इतनी बड़ी सजा ! अब तो रोने के  अतिरिक्त कुछ नहीं शेष था।

धीरे धीरे, इस घटना के सालों गुजर गए। उसे अपने वैवाहिक जीवन का सुख मात्र एक माह ही मिल पाया। प्रभु की बिडम्बना, उसके आगे किसी की कहाँ चलती। सुशीला तन्हाई का जीवन व्यतीत कर रही थी। अब तो वह कुएं का मेढक हो चुकी थी। वह उस छोटे से घर को ही पूरी दुनिया समझती थी। उसे दुनिया के बारे में अधिक कुछ नहीं पता था। कोई घुमाने फिराने वाला नहीं था। वह अपने छोटे से कस्बे के बाहर कभी जा ही नहीं पायी। माँ बाप गरीब होने के कारण नहीं घुमा सके। सोचे थे उदय बाहर नौकरी में है, सुशीला को घूमने फिरने का खूब अवसर मिलेगा पर विधाता को यह भी स्वीकार नहीं था!  पहले तो कभी कभी मायके भी चली जाती थी, उसकी माँ के देहांत के बाद, वहां जाना भी बंद हो गया। किसी से मिल भी सकती थी तो, बस सास ससुर और अपना बेटा। किस्मत को ही सब कुछ मानकर, आरती कैदियों का सा जीवन व्यतीत कर रही थी। उसे अपनी जिंदगी का सहारा बस कुलदीप दिख रहा था।

उदय की ताई का भी घर कुछ ही दूरी पर था।  उसने महेंद्र और आरती को समझाया कि सुशीला की अभी उम्र ही क्या है, वह युवती है, उसे पूरी जिंदगी बितानी है, कहीं अन्यत्र उसका विवाह कर दें, पर उन्हें यह बात कहाँ गवारा थी। वे बोलते नहीं सुशीला घर की इज्जत है, उसे वे घर से बहार नहीं जाने देंगे। वे पोते का भी बहाना बना लेते, कुलदीप को पढ़ा लिखा कर, बड़ा आदमी बनाएंगे, वह सुशीला की देख भाल करेगा। और अभी हमारे पास भी किसी चीज की कमी नहीं है। जमीन, जायदाद है, बहू और पोते के लिए हमने पैसे भी रखे हैं। कुलदीप जितना पढ़ेगा, पढ़ाएंगे। उसे डॉक्टर या इंजीनियर बनाएंगे। सुशीला यह सब सुनकर, संतोष कर लेती। उसका ध्यान केवल कुलदीप में था, बस किसी तरह वह पढ़ लिख कर, अपने पैरों पर खड़ा हो जाय। वह पूर्ण रूप से अपने सास-ससुर और बेटे को समर्पित थी। अपनी जिंदगी से, उसे अपने लिए कुछ नहीं चाहिए था।

सुशीला बंधुआ मजदूर की भांति जीवन काट रही थी, वो भी केवल पेट पर। परिवार की सेवा के अतिरिक्त उसके जीवन में और कुछ नहीं था। उसे बस रिश्तों की डोर ने बांध रखा था, अन्यथा जीवन के आनंद का कोई भी रस, उसके भाग्य में नहीं वदा था। सास ससुर तो अपने स्वार्थ में थे, उसके अतिरिक्त उनकी सेवा करने वाला कोई नहीं था। वे चिकनी चुपड़ी बातों से सुशीला को प्रसन्न रखते। सुशीला को भी उनकी मीठी बातों से बड़ा संतोष मिलता।  उसे लगता कि इस घर में जब सास ससुर का प्यार मिल ही रहा है तो फिर किस बात की कमी।
 
एक दिन तो ताई महेंद्र को काफी कुछ सुना गयी, 'बताओ इस बच्ची को अभी से विधवा बनकर रहने को मजबूर कर रखा है। इसका पूरा यौवन अभी धरा रखा है, इस तरह ये कैसे जीवन काटेगी। तुम लोगों को मात्र अपना स्वार्थ दिख रहा है, इसे अपनी सेविका बना रखा है। यह इतनी सुन्दर है। अरे, इसका कहीं विवाह क्यों नहीं कर देते।'
ताई की यह बात सुशीला के कानों तक पहुँच गयी, वह लक्ष्मण रेखा पार कर उनके यहाँ आ गयी और ताई से बोली, 'नहीं ताई जी! हम जैसे हैं, खुश हैं। मैं विवाह कर लूंगी तो अम्मा बाबूजी के देखरेख कौन करेगा। अगर वो जीवित होते तो इन लोगों का सहारा वे ही तो बनते।  मैं उनकी कमी इन लोगों को महसूस नहीं होने दूंगी। मेरा जीवन, अम्मा बाबूजी और कुलदीप के साथ बहुत अच्छा बीत रहा है।'
'जिसमें तुझे सुख मिले बेटी। मैं तो इस उम्र के दर्द को समझती हूँ, इसलिए कह दिया।'
 

Monday, 26 February 2018

Khandahar ki khudai


वह टीला प्रह्लाद के चक के बीच में था परन्तु बीस फ़ीट से भी अधिक ऊंचाई होने के कारण, प्रह्लाद जोत बो भी नहीं पाता था। इतना ऊपर पानी चढ़ाना असंभव था, जिस कारण एक बीघा का वह जमीन का टुकड़ा वर्षों तक बंजर पड़ा रहा । टीले पर एक नीम का पेड़ जम गया था और कुछ जंगली घास। वहां तक जाने का किसी किसी को ही साहस हो पाता। टीले पर, कभी कभी गाय, बकरी चरते दिख जाते। गांव वालों को विस्वास था कि वह टीला भूतहा है। उस पर जाने से कुछ भी अनिष्ट घट सकता है। यह जोखिम लेने का साहस कौन उठाये। टीले के भूतहा होने के डर से प्रह्लाद के खेत की ओर देखने की तो चोरों की भी हिम्मत नहीं होती। उसकी उतनी जमीन बेशक बंजर थी, परन्तु उसे उसका बहुत लाभ मिलता। उसके खेतों की चोरों से स्वतः ही रक्षा हो जाती।

प्रह्लाद ने दादा से सुन रखा था, इस टीले के नीचे एक खँडहर है, जो कभी किसी राजा का आवास हुआ करता था। सुना है, इसमें बड़ा धन दबा पड़ा है, लेकिन इस जगह के भूतहा होने के कारण, कोई खोदने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।  अगर किसी ने खोदने की जुर्रत किया तो उसके परिवार का कोई न कोई सदस्य, काल का ग्रास बन गया। प्रह्लाद जब पूछता, पहले किसने खोदने की कोशिश की तो दादा के पास सही उत्तर नहीं होता। वे बस यही कहते, 'हमारे खानदान से तो इस बारे में किसी ने नहीं सोचा, पर सुना है गांव के ही संकठा ने जो मेरे दादा के चाचा लगते थे, एक रात चुपके से कुदाल लेकर उस टीले को खोदने गए, वहां एक सांप कुंडली मारे बैठा था, वे तो उलटे पाँव वापस आ गए। और तो और, उनकी माँ साल के भीतर ही चल बसी थीं। तब से डर के मारे कोई भी टीले की खुदाई का नाम नहीं लेता।'
प्रह्लाद को कई लोग चढ़ाते भी रहते, 'अगर हिम्मत करके टीले को खोद लिया तो मालामाल हो जायेगा। इसके नीचे एक खँडहर दबा पड़ा है।  कहते हैं यहाँ एक राजा रहता था, और उसने बहुत सा सोना चांदी गाड़ रखा है।'
कोई कहता, 'पता नहीं किस ज़माने का गड़ा होगा, अब तक तो वो सांप बन चुका होगा।'
प्रह्लाद भय और उत्सुकता के बीच जी रहा था। इतना बड़ा खजाना उसकी अपनी जमीन में छुपा है, और वह तंगी के हाल में जीवन व्यतीत कर रहा है। खेती से इतनी परिश्रम के बाद भी आखिर क्या मिल पाता है, बस परिवार के लिए रोटी और कपड़ा। घर भी किसी तरह, बस गुजर करने लायक ही बन पाया है। अगर खजाना हाथ लग जाए तो उसकी और परिवार की जिंदगी बदल जाएगी। घर तो पूरा ही ढाह कर नए सिरे से बनवाएगा। बच्चों को पढ़ने के लिए शहर भेज देगा। खर्चे की चिंता नहीं रहेगी, पढ़ा लिखा कर डॉक्टर या इंजीनियर बनाएगा। खुद प्रीति को साथ लेकर चारों धाम कर आएगा। यही सब सपने बुनते उसने खजाने की बात अपने कई दोस्तों और रिश्तेदारों से की। यदि उनका समर्थन मिल जाय तो टीले को खुदवा ही देगा। खजाना मिलेगा, एक अच्छा सा बड़ा भोज कर देगा, सभी रिश्तेदार, मित्र भी खुश हो जायेंगे। थोड़ा बहुत गांव के गरीब परिवार की लड़कियों की शादी व्याह में भी दे देगा। क्षेत्र के धनाढ्य व्यक्तियों में उसका नाम होगा। वैसे धनी तो और भी लोग हैं पर किसी रजवाड़े की तो अकूत संपत्ति होगी।
अलग अलग मुंह, अलग अलग बात। कोई समर्थन देता तो कोई डरा भी देता कि इसकी खुदाई का अधिकार तो केवल सरकार का ही है।  खुदाई  करने में अगर पकड़ा गया तो संपत्ति, सरकार ले लेगी और हो सकता है सजा भी मिले। इस तरह की बात से उसका हौसला पस्त हो जाता। वह टीले की खुदाई की  चिंता में डूबा रहता। उसकी पत्नी प्रीति ने समझाया, 'टीले और उसमें दबे खजाने की चिंता छोड़ो। ऐसी जगहों पर भूत प्रेत रहते हैं। चैन से दो रोटी खा रहे हैं। हमें इससे अधिक कुछ नहीं चाहिए। कहीं टीले को खोदने के चक्कर में लेने का देना न पड़े।  देखो चिंता के मारे तुम्हारा शरीर घटता जा रहा है। उसे ऐसे ही पड़े रहने दो। ऊपर वाले की माया होगी तो वो वैसे ही दे देगा।'
ये सब बातें, पत्नी से वह सुन भर लेता। उसके मन में खजाने की ललक और पाने की धुन पूरी तरह घर कर गयी थी। 
लोगों के मुंह से सुनकर, प्रह्लाद को पूर्ण विस्वास हो चुका था कि टीले के नीचे खजाना गड़ा है, और एक न एक दिन उसे पाकर रहेगा। एक दिन उसकी मुलाकात आजम से हुई। आजम ने भी प्रह्लाद से टीले की बात छेड़ दी। उसने बताया, 'वह अपने पुरखों से सुन रखा है, यहाँ किसी नबाब की कोठी थी। नबाब के कोई औलाद नहीं थी। उसके मरने के बाद उसका कोई रिश्तेदार भी यहाँ नहीं आया, और धीरे धीरे उसका मकान खंडहर हो गया। इसको चुपके से खोद डालो, तुम्हारी हिम्मत नहीं पड़ रही तो हमें बताओ।  लेकिन कुछ निकला तो हिस्सा देना पड़ेगा।'
प्रह्लाद ने अभी किसी को मिलाना उचित नहीं समझा। अगर थोड़ा ही कुछ निकला और उसमें से भी हिस्सा दे दिया तो उसके लिए क्या बचेगा। कहीं अधिक निकला तो उतना ही अधिक ये हिस्सा मांगेगा। 'देखेंगे' कह कर, प्रह्लाद ने बात टाल दिया।
प्रह्लाद, आजम से फिर पूछ बैठा, 'इतना बड़ा टीला है, खोदने में  बहुत मेहनत करनी पड़ेगी और कुछ नहीं निकला तो सारी मेहनत बेकार, ऊपर से जगहंसाई अलग। मुझे सब लालची कहेंगे।'
'तुम एक काम क्यों नहीं करते, खोदने से पहले शास्त्री जी को दिखवा लो। वे ज्योतिष के अच्छे ज्ञाता हैं। उन्होंने  बहुत से लोगों को एकदम सही बात बताई है। हनीफ का बेटा खो गया था तो उन्होंने उसकी कमीज हाथ में लेकर बता दिया कि वह दक्षिण पश्चिम की दिशा में गया है। बाद में पता चला कि उसी दिशा में वह दिल्ली में किसी दुकान पर काम कर रहा था। शास्त्री जी अपनी ज्योतिष विद्या से सब बता देंगे, यहाँ कुछ है या नहीं। उसके बाद तुम खुदाई करवा लेना।'
यह सलाह प्रह्लाद को उचित लगी। उसने घर आकर प्रीति से बात किया और शास्त्री जी से मिलने चल दिया।
शास्त्री जी ने बताया, यह पता लगाने के लिए एक अनुष्ठान करना पड़ेगा, जिसमें ग्यारह हजार का खर्च आएगा। यदि प्रह्लाद ग्यारह हजार का प्रबंध कर ले तो आने वाले वृहस्पतिवार को शास्त्री जी अनुष्ठान कर देंगे। प्रह्लाद ग्यारह हजार जुटाने में जुट गया।
शास्त्री जी आये, उनके बताये पूजा की सामग्री का प्रबंध हो चुका था। शास्त्री जी ने और अपना अनुष्ठान प्रारम्भ कर दिया, और अपने देवता को जगाया। देवता अब शास्त्री जी के सिर पर आ गया था। प्रह्लाद से कहा गया कि अपने प्रश्न पूछे।
प्रह्लाद ने पूछा, बाबा! क्या इस टीले के नीचे खजाना दबा पड़ा है ?'
उत्तर मिला, 'अवश्य।'
'खजाने में क्या है ?'
'कोई धातु है। '
'क्या बाबा? सोना, चांदी !'
'संभव है।'
'क्या वो मुझे मिल सकता है ?'
'यदि डीह बाबा प्रसन्न होंगे तो अवश्य मिलेगा। मगर, उसे निकालने में बहुत बड़ा खतरा मोल लेना होगा। इस धरती पर एक दैत्य का वास है, वह तेरे काम में बाधा उत्पन्न करेगा। पहले उसे मनाना होगा तभी खुदाई में सफलता मिलेगी, अन्यथा कोई न कोई अनिष्ट अवश्यम्भावी है।'
'दैत्य को मनाने का उपाय भी तो होगा बाबा !'
'हर समस्या का उपाय होता है बच्चा। परन्तु यह काम मैं नहीं कर सकता, इसके लिए किसी ओझा को बुलाना पड़ेगा। 'वैसे, मैं एक ओझा को जनता हूँ, तू चाहे तो मैं उसे बुलवा दूंगा।'
'ठीक है बाबा।'
'उसका खर्च भी इक्कीस हजार का आएगा।'
'ठीक है बाबा। '
प्रह्लाद को शास्त्री जी की इसी बात से तसल्ली मिल गयी कि टीले के नीचे सोना दबा है।  वैसे इक्कीस हजार प्रह्लाद के लिए तो बड़ी राशि थी, इक्कीस हजार वह कहाँ से लाये, मगर प्रश्न खजाने का था। उसके लिए इक्कीस हजार का खर्च तो क्या, कुछ भी करेगा। चाहे जो भी हो उसे पैसे का प्रबंध करना ही है। उसने शास्त्री जी को हां कर दिया और पैसे के प्रबंध में जुट गया। पहले सोचा, कुछ खेत बंधक रखकर किसी से उधार ले ले। पर यही तो रोजी रोटी थी। इससे अच्छा, पत्नी की सोने की जंजीर बेच दे। जंजीर का क्या है, खजाना मिलेगा, फिर से बन जाएगी। प्रीति के लाख मना करने पर भी उसके मायके की वह निशानी प्रह्लाद ने हथिया लिया। प्रीति की चेन अच्छी खासी भारी थी, प्रह्लाद, उसे सुनार के पास ले गया तो डेढ़ तोले की निकली। पंद्रह हजार उसे चेन का ही मिल गया। अब यह काम सरल प्रतीत होने लगा। कर करा के पैसे पूरे हो गए। ओझा को बुलाया गया। ओझा ने अपना झाड़ फूंक आरम्भ कर दिया। टीले के आस पास भीड़ का जमावड़ा लग गया। अब प्रह्लाद को लोग बहुत बड़े आदमी के रूप में देख रहे थे। जिस प्रकार किसी राजनैतिक पार्टी के मुखिया को, पार्टी के चुनाव जीत जाने पर विशिष्ट व्यक्ति के रूप में देखा जाता है, उसी प्रकार प्रह्लाद को आने वाले समय में होने वाले कुबेर की भांति देखा जाने लगा। सभी लोग उसके आस पास मंडराने लगे। कौन जाने कल को धन की आवश्यकता पड़े तो इसी के पास मांगने आना पड़े। तीन दिन तक झाड़ फूंक चलता रहा।  ओझा ने संकेत दे दिया, यहाँ पर किसी बहुत ही बड़े दैत्य का वास है। उसे भगाना या मनाना इतना आसान नहीं है। वह दैत्य बार बार ओझा से सवाल भी कर रहा था कि वह अभी तक किसी गांव वाले का अहित तो नहीं किया। वह केवल वहां रह भर रहा है क्योंकि वहीँ पर उसकी आत्मा बसी हुई है, फिर उसे वहां से भगाया क्यों जा रहा है। उस स्थान से हट कर, वह आत्मा कहीं न कहीं भटकेगी और हो सकता ही इससे किसी का अहित हो। परन्तु ओझा को अपनी शक्ति पर भरोसा था, उसने दैत्य की एक न सुनी और उसे वह स्थान छोड़ने को मजबूर कर दिया।

भूत भाग चुका था। अब तो बच्चे भी नीम के पेड़ तक हो आते। वैसे अकेले जाने में अभी भी भकसावन सा लगता था। कोई अनायास वहां तक जाने की हिम्मत नहीं करता। ओझा ने तो कह दिया की भूत चला गया, पर जाते हुए किसी ने देखा तो नहीं।  क्या पता छुप कर कहीं यहीं रह रहा हो। इधर प्रह्लाद भी अनिष्ट के भय  से अकेले खुदाई करने का साहस नहीं जुटा पा रहा था। साथ ही उसे यही भी डर था कि किसी को मिलाएगा तो उसे भी कुछ न कुछ देना पड़ेगा। पता नहीं क्या निकले और कितना निकले। इसको गोपनीय रखना भी आवश्यक था। अगर माल कम निकला तो उसके हिस्से में थोड़ा ही रह जायेगा और अधिक माल मिल गया तो चोर डाकुओं से सुरक्षा कैसे होगी। यही सब ताने बाने बुनते, मंथन करते, उसने एक विस्वासपात्र मित्र निहाल से बात किया। भूत उस स्थान से बेशक भाग गया था पर निहाल के मन से डर नहीं। उसने तो भूत के डर से साफ मना कर दिया। वह लोभ के वश इस तरह का खतरा मोल लेने को तैयार नहीं हुआ। फिर प्रह्लाद ने सोचा, एक दो मजदूर लेकर, अकेले ही इस काम को कर डाले, मगर उसकी हिम्मत जबाब दे देती। तब प्रह्लाद ने एक और मित्र, चन्द्रिका से संपर्क बनाया, चंद्रिका इस बात पर राजी हो गया कि उसकी बेटी की शादी में सभी गहने, टीले से निकले सोने से बनेंगे। दोनों में समझौता हो गया। पंडित जी से मुहूर्त निकलवाया गया और दो मजदूर लेकर, दोनों ने मिलकर खुदाई आरम्भ कर दिया। खुदाई, पीछे की ओर से शुरू किया गया, ताकि आने जाने वालों की नजर न पड़े। दिन भर खुदाई के बाद, कुछ भी हाथ नहीं लगा। दूसरे दिन एक मजदूर ने जैसे ही कुदाल चलाई, टन्न की आवाज आई। किसी धातु से टकराने की ध्वनि सुनकर वह चौंका। उसके मन में उम्मीद की किरण जग गयी। तुरंत ही उसने प्रह्लाद को बुलाया और उसके बारे में बताया। हां, यह तो कोई धातु लग रही है! प्रह्लाद और चन्द्रिका, ख़ुशी के मारे झूम उठे, उन्हें लगा, यह अवश्य ही सोने से भरा घड़ा होगा।

प्रह्लाद उस मजदूर को रोककर कसम दिलाने लगा, 'इसके बारे में और किसी को खबर न लगे।' उसने झट, दो सौ रुपये निकाले और उस मजदूर थमा दिया।
'ये लो इनाम, अब बाकी काम अँधेरा होने पर करेंगे। इसे दिन में निकालने पर कहीं कोई देख न ले। अगर हमारा लक्ष्य पूरा हुआ तो इनाम से तुम्हारी जेब भर देंगे।'
थोड़ी मिट्टी डालकर उसे फिर ढक दिया गया। अँधेरा होते ही सभी वहां पहुँच गए। जब ये वहां पहुंचे तो उस स्थान पर बैठी एक काली बिल्ली कूदकर भागी। अब तो प्रह्लाद के मन में फिर से डर समा गया। वो इतनी फुर्ती से गई कि उसे पता ही नहीं चला, कि वह क्या था। वो तो शुक्र था एक मजदूर ने उसे देख लिया, वरना वह शंका में ही मर जाता। पहुंचते ही उन्होंने मिट्टी हटाकर देखा कि वह धातु अपने स्थान पर है कि नहीं। जब वे टार्च जलाये तो जला ही नहीं। प्रह्लाद चक्कर में पड़ा, आखिर यह टार्च क्यों नहीं जल रहा! उसे लग रहा था कुछ भी ठीक नहीं हो रहा है। तभी उसे याद याया, टार्च की बैटरी काफी समय से बदली नहीं, हो सकता है खत्म हो चुकी हो। लाने से पहले उसने उसकी जाँच भी नहीं किया था। खैर, अब करते भी क्या! हाथ लगाकर, अनुभव किया गया, वह घड़ा उसी प्रकार से मिट्टी में ढका था। एक मजदूर के पास माचिस थी। उसने एक तीली जलाकर, सभी को इस बात  से आश्वस्त कर दिया। अब धीरे धीरे उस धातु के चारों ओर की मिट्टी हटाई जाने लगी। सभी ईश्वर से बार बार प्रार्थना लगे, डीह बाबा से मन्नत मांगते, 'हे डीह बाबा, अगर सोना वगैरह निकला तो तुम्हारे मंदिर का जीर्णोद्धार करवा देंगे।'
 जब थोड़ी और मिट्टी हटी तो पता लगा कि घड़ा उल्टा पड़ा है। पेंदी ऊपर की ओर है और मुंह नीचे। प्रह्लाद और चन्द्रिका सोचने लगे इसे गाड़ने वाला भी कितना समझदार रहा होगा, देखो घड़ा उलटा करके गाड़ा है, ताकि घड़े में मिट्टी और नमी एकत्र होकर, उसमें पड़े खजाने को अधिक हानि न पहुंचाए। मिट्टी हटाई गयी, फिर कुदाल फंसा कर उस धातु के बर्तन को बाहर निकाला गया। जब उन दोनों ने देखा तो मुंह लटक गया। वह तो लोहे की औंधी पड़ी एक कड़ाही थी, जो काफी गल भी गयी थी। यहाँ तक कि उसके कड़े भी नहीं थे। मजदूर अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे थे, 'वाह साहब! खोदा पहाड़, और निकली चुहिया।'

चलो अभी तो शुरुआत ही थी। अभी दस प्रतिशत खुदाई भी नहीं हो पायी थी। उसके अगले दिन भी काम चालू रहा। जाने कहाँ से गांव के प्रधान को इस बात की भनक लगी और वह आ धमका। प्रधान ने प्रह्लाद को बताया
कि जमीन के नीचे का खजाना सरकार का होता है, जो कुछ निकलेगा उसे सरकार जब्त कर लेगी। लेकिन गांव की बात है, उसमें से कुछ हिस्सा अगर प्रधान को भी मिल जाय तो वह इस बारे में चुप रहेगा। मरता क्या न करता। प्रह्लाद अपनी कड़ी सी शर्त रखकर मान गया। उसने प्रधान को साफ़ बता दिया दस तोले में से एक तोला प्रधान को दे देगा और कितना भी सोना निकला कुल मिलाकर दस तोले से अधिक नहीं देगा, सोने के अलावा और किसी सामान में उसका हिस्सा नहीं होगा। हाँ, थाने को भी प्रधान को ही सम्हालना होगा। प्रधान का इन सब में अपना क्या जा रहा था। वह इस शर्त को मान गया।
तीसरे दिन घर आने के बाद प्रह्लाद बीमार पड़ गया। अचानक ही एकदम तेज बुखार, प्रीति घबरा गयी। वह प्रह्लाद को कोसने लगी, 'बार बार मना कर रही थी, वह भुतहा जगह है, मत जाओ। पर आप अपने मन के हो। नहीं चाहिए हमें धन।'
आगे काम रोक दिया गया। उधर प्रधान ने समझा, उसे देने से बचने के लिए काम रोक दिया गया है और उसने  इस बात की खबर पुरातत्व विभाग को दे दी। निरिक्षण के लिए पुरातत्व विभाग की टीम आ धमकी। सर्वे से पता चला कि इस टीले के नीचे कोई न कोई पुराना निर्माण अवश्य है। प्रह्लाद को एक पुरानी कड़ाही मिल ही चुकी है, जो इस बात का संकेत देती है, यहाँ पहले कोई रहता होगा।  पुरातत्व विभाग ने भी उस टीले की खुदाई में दिलचस्पी दिखाई। खुदाई का काम अब पुरातत्व विभाग ने अपने हाथ में ले लिया।
खुदाई करने की टीम लगा दी गयी। खुदाई की कई प्रकार की मशीनें और औंजार आ गए। उस जगह को बाड़ लगाकर घेर दिया गया। खुदाई में मीडिया भी  बहुत बड़ी चुनौती थी। निकले सामान के बारे में मिडिया को पता न चले। कहीं ऐसा न हो खुदाई से निकली वस्तुओं के बारे में वो कुछ का कुछ फैला दे, और बात का बतंगड़ बन जाय। पूरी सावधानी के साथ पुरातत्व विभाग ने खुदाई आरम्भ किया।

प्रह्लाद का साला, प्रेम वकील था। जब उसे पता चला तो प्रह्लाद को सजग कर गया कि खुदाई के समय वह भी उपस्थित रहा करे। बेशक खजाना सरकार का होगा, कुछ न कुछ भाग अथवा मुआवजा के लिए सरकार पर दावा तो करेंगे ही।

दो दिन तक खुदाई होती रही, मिट्टी के अलावा कुछ नहीं निकला। पुरातत्व के एक वैज्ञानिक ने सुझाया खुदाई की गहराई को और बढ़ाया जाय, किन्तु और नीचे से कुछ निकलने की संभावना से विशेषज्ञ ने मना कर दिया।खुदाई की गहराई टीले के अतिरिक्त जमीन की सतह से छः फुट नीचे तक रखी गयी थी। इतनी सारी मिट्टी पलटने के बाद कुछ कंकड़ों के अलावा और कुछ भी नहीं मिला। एकाध मिट्टी के टूटे पुराने बर्तन अवश्य मिले जिससे वैज्ञानिकों ने वहां अतीत में मनुष्य के निवास होने का अनुमान लगाया। एक दिन सलेटी रंग की कोई गोलाकार चीज दिखी। उस वस्तु ने सबका ध्यान आकृष्ट किया। जीर्ण शीर्ण अवस्था में पड़ी अंडाकार पत्थर जैसी वह वस्तु लगभग ईंट जीतनी लम्बी और उससे थोड़ी मोटी थी। उसे देख वैज्ञानिक रोमांचित हो उठे। हो न हो यह डायनोसोर का अंडा हो। खुदाई रोककर विदेश से विशेषज्ञ बुलाने का निर्णय लिया गया। डायनासोर का अंडा, कितनी दुर्लभ चीज! अब विशेषज्ञों की सलाह से ही काम किया जायेगा। उस स्थान पर शेड दाल दिया गया और विशेषज्ञों को बुलाने प्रबंध किया गया।
सप्ताह भर बीता, विदेशी विशेषज्ञ भी आ गए। आगे की खुदाई उनके निर्देशानुसार होने लगी।
 बहुत सावधानी पूर्वक खुदाई करने का निर्देश दिया गया ताकि उस वस्तु को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचे। अब उस वस्तु के इर्द गिर्द छोटे उपकरणों से खुदाई की जाने लगी और ब्रश से साफ़ कर के अनुमान लगाया जाने लगा कि वह है क्या। कड़ापन देखकर, वह एक पत्थर जैसी चीज ही प्रतीत हो रही थी। अगर यह अंडा होता तो इतना कड़ा और इतना सुरक्षित नहीं होता। अब तक तो सड़ गल गया होता। जैसे जैसे उस वस्तु का और भाग उभर कर सामने आता, उसके अंडा होने की संभावना धूमिल होती जाती।  फिर भी वैज्ञानिकों को उसकी तह तक तो पहुंचना ही था। धीरे धीरे उस पूरी वस्तु को निकाला गया। उसे देखकर, वैज्ञानिक अपनी पूरी जिंदगी में जितना नहीं  हँसे थे, हँसे। पता चला कि वह सील का एक बड़ा सा बट्टा था।

प्रह्लाद के हाथ में तो अब कुछ नहीं था। बड़ी मिन्नत करके कभी कभी खुदाई के स्थल तक पहुँच पाता। और बड़ी निराशा लेकर वापस आता। घर आते ही उसकी पत्नी और बच्चे पूछते, 'आज क्या क्या निकला।' उसकी छोटी सी एक मुस्कान सारा उत्तर दे देती। उसे संतोष था चलो उसको नहीं कुछ मिल रहा तो सरकार के हाथ भी कुछ नहीं लग रहा। एक ओर तो प्रह्लाद को कुछ मिलने की उम्मीद धूमिल होती जा रही थी, दूसरी ओर आने जाने वालों से उसकी खड़ी फसल धांगी जा रही थी। ऊपर से खुदाई की मिट्टी भी उसके खेतों में फैला दी गयी थी।  इस साल की तो उसकी सारी फसल चौपट हो गयी।

खुदाई का काम आगे चलता रहा। आधे से भी अधिक टीला खोदा जा चुका था। अब वैज्ञानिकों को वैसा कुछ दिखने लगा जिसकी उन्हें तलाश थी। उन्हें एक टूटी फूटी दीवार की रेखा दिखाई दी तो उनकी जान में जान आयी। दीवार पूरी तरह से जर्जर हो चुकी थी, नींव से मात्र डेढ़ दो फुट की ही ऊंचाई रह गयी थी। बाकी की दीवार ढह गयी थी, ढही ईंटों का भी कहीं अता पता नहीं था। सैकड़ों साल पुरानी होने के कारण वे गाल गयी थीं।अब उन्हें लगने लगा कि उनका यह अभियान निरर्थक नहीं जायेगा। दीवार के समीप ही कुछ हड्डियां नजर आईं। हड्डियां काफी सड़ी गली अवस्था में थीं। हड्डियों के टुकड़ों को देख कर टीम को नर कंकाल की आशंका हुई। वैसे हड्डियां मनुष्य की अस्थि से कुछ मोटी थीं। हड्डियों का अंश कई फ़ीट की लम्बाई में फैला हुआ था। टीम ने अनुमान लगाया कि बहुत पुराने समय का व्यक्ति रहा होगा जिसकी लम्बाई, कम से कम सात फुट रही होगी। मिली हड्डियों के टुकड़ों को सरंक्षित कर लिया गया। वह किस प्रजाति का कंकाल है, उसकी सही उम्र, लिंग आदि का पता लगाने के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया। नर कंकाल मिलने की बात, पूरे क्षेत्र में आग की तरह फ़ैल गयी। क्षेत्र के मुसलमान एकत्र हो गए उन्होंने वहां पर नर कंकाल और दीवार पाए जाने के फल स्वरुप, किसी पीर की मजार होने का दावा कर दिया। वैज्ञानिकों ने बताया कि हड्डियों का परीक्षण किये बिना स्पष्ट तौर से नहीं कहा जा सकता कि वह मानव अस्थियां ही हैं, मगर नेता लोग कहाँ मानने वाले। बड़े बड़े नेता आने लगे और मजार होने का प्रचार करने लगे।

दीवार के आगे की खुदाई हुई तो हनुमान जी की एक छोटी मूर्ति निकली। अब हिन्दुओं का जमावड़ा शुरू हो गया। हनुमान जी भूमि के अंदर से और स्वतः प्रकट हुए हैं। उनके दर्शन के लिए दूर-दूर से लोग आने लगे। वैज्ञानिकों को लगा इन सब से आगे की खुदाई में व्यवधान उत्पन्न होगा तो मूर्ति को टीले के एक ओर स्थापित करवा दिया। लोग आकर, धूप-अगर बत्ती जलाने लगे और हनुमान चालीसा का पाठ होने लगा। अब हिन्दू और मुसलमानों में ठन गयी।  हिन्दू कहने लगे यहाँ मंदिर बनेगा और मुसलमान कहने लगे यहाँ मजार बनेगी। उनकी इन मांगों ने आंदोलन का रूप ले लिया। दोनों समूहों के बड़े बड़े नेता आने लगे। बात विधानसभा तक पहुँच गयी।  उस जगह को देखने कई नेता और अधिकारी आये। बड़ी बड़ी गाड़ियों आयीं। प्रह्लाद की खड़ी फसल को धांग डाला। बड़ी मुश्किल से पुरातत्व के कर्मियों ने समझाया कि पहले खुदाई पूरा हो जाने दो, देख लें और क्या रहस्य छुपा है, तब तुम लोग मंदिर या मजार आपस में फैसला करके बना लेना। आगे की खुदाई में किसी गाय की गर्दन का अस्थि-कंकाल मिला। अब समझ में आ गया कि वह नर कंकाल नहीं था, अपितु वहां किसी मरी गाय को दफनाया गया होगा। उधर परिक्षण हेतु जो अस्थियां भेजी गयी थीं उसकी भी किसी पशु की हड्डी होने की पुष्टि हुई। अब पुरातत्व विभाग के सामने यह रहस्य था आखिर यह मिट्टी का पहाड़ कहाँ से आया होगा। दूर दूर तक की शेष सभी जमीन तो समतल है, बस यहीं पर यह मिट्टी का पहाड़। वे आपस में विचार विमर्श कर ही रहे थे कि एक मजदूर बोल बैठा, 'वो देखिये साहब! वो पोखरा कितना बड़ा और पुराना है। यहाँ से मुश्किल से दो फर्लांग पर होगा। हमें तो लगता है, जो भी वो पोखरा खुदवाया होगा, बंजर देखकर मिट्टी को यहाँ फिकवा दिया होगा ताकि उसके आस पास की खेती लायक जमीन बेकार न हो। वैज्ञानिकों को भी ऐसा ही लगा।

प्रह्लाद बड़े असमंजस में था, जमीन उसकी, उससे कोई नहीं पूछ रहा इस जमीन पर क्या होगा। ये लोग अपने आप ही फैसला कर रहे हैं कि मंदिर बनेगा और मजार बनेगी। पैसे तो पहले ही ठिकाने लग चुके थे, अब इस साल की फसल से भी वह हाथ धोया। वो बेचारा किसकी माँ को माँ कहे। घर में दाम न कौड़ी, अब वह मदद भी मांगे तो किससे। यह मेला महीनों तक चलता रहा। धीरे धीरे लोगों का जोश ठंडा पड़ गया। पुरातत्व विभाग का अभियान असफल बताकर बंद कर दिया गया। अब तो हनुमान जी के यहाँ अगरबत्ती जलाने वाले भी इक्का दुक्का ही रह गए। प्रह्लाद, अपने हाल पर अकेला पड़ गया था। अब उस टीले से, उसके मन का भय निकल चुका था। भूत तो पहले ही ओझा ने भगा दिया था, और हनुमान जी भी जो दबे पड़े थे, प्रकट हो गए। अब भूत की क्या मजाल, वहां ठहरे। प्रह्लाद, आखिरकार थक हार कर, हनुमान जी से मदद माँगा। एक दिन वह टीले वाले हनुमान जी की पूजा कर रहा था, तभी उधर से ठाकुर सूरजमल गुजर रहे थे। वे प्रह्लाद को पूजा करते देख वहां रुक गए। प्रह्लाद की पूजा समाप्त होते ही उन्होंने पूछा, 'हमें भट्ठे की ईंट के लिए मिट्टी चाहिए, कोई अपने खेत की मिट्टी देना चाहे तो बताना।'
'कौन देगा ठाकुर साहब ! ऊपर की मिट्टी निकल जाने से पैदावार एकदम से घट जाती है। किसान लोगों का खेत ही तो सहारा होता है। अपने खेत की मिट्टी तो शायद ही कोई बेचना चाहे। फिर भी कोई मजबूरी में बेचना चाहेगा तो बता दूंगा।'
तभी ठाकुर साहब की नजर टीले की खुदी मिट्टी पर पड़ी। वे उसमें से एक मुट्ठी उठाकर देखने लगे। 'अरे यह मिट्टी तो ठीक ही लग रही है। बेचोगे ?'
यह बात तो प्रह्लाद को मुंह मांगी मुराद सी लगी। कहाँ उसकी इतनी जमीन फंसी हुई है, उसे जोत बो नहीं पा रहा है। अगर सारी मिट्टी हटवाए तो काफी खर्च भी करना पड़ेगा, यहाँ तो मिट्टी का कुछ मिल भी जाएगा।
'अगर आपके काम आएगा तो क्यों नहीं ठाकुर साहब! क्या देंगे ?'
'भाई आजकल तो कुछ मंदा ही चल रहा है, पचास हजार ले लेना।'
यह तो प्रह्लाद कभी सोचा भी न था। उसे तो खजाना मिल गया। इतना खेत अब उसके जोतने बोने के काम आएगा। नकद मिल रहा है वो अलग। 'जय हनुमान जी! तुमने सुन लिया।'


Saturday, 27 January 2018

Bhandara

सुबह ८ बजे ही हलवाई अपनी कड़ाही, पौना और भगौना लेकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ आ चुका है। टेंट और भंडारा का सारा सामान भी आ चुका है। देखते ही देखते वहां छोटा सा टेंट तन जाता है। सड़क का कुछ भाग सम्मिलित करते हुए, पटरी पर टेंट को इस तरह से लगाया जाता है कि वहां दुकानों में आने जाने में कोई रूकावट न हो। वैसे वहां के दुकानदारों से इस काम में सहयोग देने और भंडारा ग्रहण करने के लिए पहले ही कहा जा चुका था। हलवाई को सहेज दिया जाता है कि एक डेढ़ बजे तक माल तैयार हो जाना चाहिए, ताकि दोपहर के खाने के समय तक, कार्यक्रम आरम्भ किया जा सके।
धीरे धीरे दोपहर का समय आ चला है, भंडारा परोसने के लिए टेंट में चार पांच मेज लगवा दी गयी हैं। वहीँ बगल में एक बड़े भगौने में तैयार सब्जी रखी है और हलवाई पूड़ी छान छान कर एक ड्रम भर रहा है।  मेजों पर सब्जी की बाल्टियां और पूड़ियों की टोकरियां सज चुकी हैं। भंडारा परोसने के लिए टीम तैयार है। कुछ बच्चे आसपास मंडराने शुरू हो चुके हैं। जैसे ही उन्हें संकेत मिले भंडारा पाने के लिए टूट पड़ें। हलवाई ने टीम को पहले ही चेतावनी दे दी है, 'अभी थोड़ा रूक जाना, पूड़ी का ड्रम भर जाए तभी शुरू करना।  माल उठने में अधिक देर नहीं लगती। थोड़ी ही देर में भीड़ लग जाती है। फिर इतनी जल्दी जल्दी पूड़ी नहीं दे पाउँगा।'
भीड़ का अनुमान लगाते हुए, परोसने वालों की दो टीम बन जाती है। वे हलवाई की बात का संज्ञान लेते हुए, थोड़ी और पूड़ियाँ निकलने की प्रतीक्षा करते हैं। बस पन्द्रह मिनट की और देर थी, ड्रम लगभग भर गया। टीम ने मेज पर पूड़ी, सब्जी और दोने लगाना प्रारम्भ कर दिया। बच्चे तो प्रतीक्षा कर ही रहे थे, उन्हें बस इशारा का इंतजार था। लपक कर वहां पहुंचे, सब्जी का पहला दोना जिस बच्चे के हाथ में मिला वह मुड़ कर मुस्कराते हुये अपने साथियों की ओर देखा। उत्तर में उसे भी साथियों की मुस्कराहट मिली। अबिलम्ब भंडारा खाने वालों की भीड़ जुट गयी।  देखते ही देखते दो लम्बी कतारें लग गयीं। मेज के दायीं और बायीं दोनों ओर से पूड़ी सब्जी परोसा जाने लगा। बच्चों की संख्या अधिक होना स्वाभाविक था। 
चार चार पूड़ियों पर, दोने में सब्जी रख कर परोसी जा रही थी।
भंडारा खाने वाले, अपना-अपना दोना लेकर, कोई सड़क की पटरी पर बैठ तो कोई खड़े ही खाने लगा। बांटने वाली टीम बड़ी तन्मयता से काम कर रही थी। उनका पूरा प्रयास था कि लोगों को जल्दी से जल्दी भंडारा परोसा जाय, कहीं ऐसा न हो कि कोई प्रतीक्षा करके, अधिक समय लगने के कारण कोई खाली ही चला जाय।  भंडारा तो वैसे पटरी  पर ही चल रहा था परन्तु लेने और खाने वाले सड़क पर फैले हुए थे। अभी आधे घंटे भी नहीं हुए थे, सड़क पर यातायात बाधित होने लगा, गाड़ियों के भोंपू बजने आरम्भ हो गए। शीघ्र ही किसी आपात काल जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया। मगर भैंस के आगे बिन बजाये और भैंस बैठी पगुराए, वाला हाल। लोग टस से मस नहीं हो रहे थे। किसी तरह, बीच बीच में गाड़ियों के निकलने की जगह दे दी जा रही थी।  
दोने फेंकने के लिए, अलग एक ड्रम रखा हुआ था, किन्तु यह बात सभी को समझ नहीं आ पायी थी। दोने सड़क पर दूर तक बिखरे हुए दिख रहे थे। स्वच्छ भारत अभियान का उन पर कोई प्रभाव नहीं था। क्षेत्र के सफाई कर्मचारी ने आकर अपना रौब दिखाया, 'भंडारा समाप्त होने पर, सब साफ़ करवा देना, अन्यथा हमें साफ़ करना हो तो बता देना।'
'ठीक है तुम्हीं साफ़ करवा देना, पैसे बता दो।'
भंडारा अपने पूरे शबाब पर था। बच्चों में रौनक देखते ही बनती थी। जिनके हाथ दोना लग जाता, वह मचलते हुए जाकर, पटरी पर कहीं बैठ जाता। कभी कभी कुछ मक्खियां भी साफ़ दोने से खाने के चक्कर में, इधर उधर बिखरे दोनों  से खाने के बजाय इन बच्चों के दोनों में हिस्सा लेने आ जातीं। पर ये बच्चे भी कौन से कि समझदार नहीं थे, इतनी मेहनत से लाइन में लग कर दोना पाये और इतनी आसानी से इनको उसमें हिस्सा दे देते, यह कैसे हो सकता था ! बेचारी उड़कर, फिर वहीं उनके लिए नियत स्थान पर पहुँच जातीं।
कुछ ही समय पश्चात्, जैसे ही दो  नन्हें हाथ, दोना लेने के लिए लपके, परोसने वाले ने बोला 'तू तो थोड़ी देर पहले भी ले गया था।'
'वो तो मैंने अपनी छोटी बहन को दे दिया, उधर बैठ के खा रही है।'
'चल ये ले, अब किसी  को मत देना, तुम्हीं खाना। जिसको खाना होगा, यहाँ से ले जायेगा।'
'हाँ अंकल, कहते, विजय की नन्हीं सी मुस्कान लिए, वह एक ओर हो गया।'
तभी साथ वाली पंक्ति में बिट्टू अपने पीछे खड़े सोनू की ओर संकेत करके बोला, 'अंकल ये पहले भी ले जा चुका है।'
'तू भी तो ले गया है', पीछे से सोनू बोल बैठा।'
'वो तो, मैंने अपने भाई को दे दिया।'
'नहीं अंकल ! घर ले जाने को उधर डब्बे में रखा है।'
तभी परोसने वाला,  बिट्टू और सोनू, दोनों को पंक्ति से हटाने लगा, ' चलो हटो। घर ले जाने के लिए नहीं है, यहीं खाओ। खा लेना तो और ले लेना।'
'लेकिन अंकल वो तो भाई खा गया, मैं कैसे खाऊंगा ?'
'अच्छा ये लो, फिर नहीं आना।'
 'हाँ, ठीक है। '
उन दोनों को देने के बाद परोसने वाले को उसका सहयोगी बताने लगा, 'इनमें से कई बच्चे यहाँ से ले जाकर, उधर  कोने में इकठ्ठा कर रहे हैं। ये अपना ही नहीं बल्कि पूरे परिवार का प्रबंध कर रहे हैं।'
'चलो कोई बात नहीं, कोई भी खाये, किसी के पेट में ही तो जायेगा। हमें तो खिलाने से मतलब है। बस नुकसान नहीं होना चाहिए।'
थोड़ी ही देर हुई थी कि बिट्टू फिर से लाइन में आ गया। परोसने वाले कार्यकर्ता ने उसे पहचान लिया, 'तुझे तो मैं दो बार दे चूका हूँ, फिर आ गया। कितना खायेगा!'
'अंकल वो मैंने अपनी बहन के लिए रखा था, कुत्ता ले गया।'
सोनू भी उसके पीछे पीछे लगा ही था, 'हां अंकल! कुत्ता, इसका डब्बा ही उठा ले गया।'
परोसने वाला भी क्या करता, दोने की सब्जी, चार पूड़ी के साथ थमा दिया।
भंडारा खाने के लिए अकरम और कल्लू भी पहुँच चुके थे। अकरम तो कतार में पीछे लग गया, लेकिन कल्लू को इतना सब्र कहाँ था। वह आगे लाइन के आस पास थोड़ी देर मंडराया और फिर उसमें घुस गया। पीछे से  किसी बालक की आवाज आयी, 'वो देखो लाइन में घुस रहा है।' पर कल्लू ढीठ होकर बोला, 'मैं तो कबसे खड़ा हूँ!'
कल्लू अपना दोना लेकर चला। अकरम के पास पहुंचा तो उसकी ओर देखता हुआ मुस्करा कर अपनी जीत दर्ज करा रहा था, तभी उधर से बबलू भी लपका चला आ रहा था। कल्लू उसे देख न पाया और टकरा गया, पूड़ियाँ सड़क पर फैलीं और सब्जी उसके कपड़ों पर। अब तो कल्लू पर भारी संकट मंडराने लगा। इन कपड़ों में फिर से लेने जाएगा तो पकड़ा जायेगा और उसे दोना  नहीं मिलेगा। अगर घर गया तो डांट पड़ेगी। अकरम ने  वस्तु स्थिति को भांप लिया। कल्लू से बोला, 'उधर जाकर तू कपड़े साफ़ कर, मैं तेरे लिए भी लेकर आता हूँ।' 

भंडारा चलते, अब तक डेढ़ दो घंटे हो चुके थे। भंडार की हुई पूड़ी समाप्त हो चुकी थीं। ताज़ी पूड़ी आने का क्रम धीमा पड़ गया था। पंक्ति में खड़े सबको अंटाने के ध्येय से अब चार के स्थान पर दो दो पूड़ियाँ दी जाने लगी थीं। सब्जी का भंडार भी थोड़ा ही दिख रहा था। वैसे अब तक काफी भीड़ निबट चुकी थी। टोकरी की पूड़ी समाप्त होने पर, पंक्ति में खड़े लोगों को कुछ देर प्रतीक्षा करनी पड़ रही थी। नयी घान आते ही समाप्त हो जा रही थी। आयोजकों द्वारा भरोसा दिलाया जा रहा था, 'सब्र करो सबको मिलेगा, पूड़ी छनने में थोड़ा समय लग रहा है।'
कुछ लोगों के मन में तो पूरी निष्ठा थी और वे भंडारे के प्रसाद के दीवाने थे, उनके मन में था कि वे प्रसाद का स्वाद लेकर  ही रहेंगे, चाहे थोड़ी प्रतीक्षा ही क्यों न करनी पड़े। परन्तु कई लोग ऐसे भी थे कि यह सोच कर जाने लगे, दो पूड़ी के लिए इतना समय कौन नष्ट करे।
धीरे धीरे बड़ों की भीड़ लुप्त होने लगी थी। अब बच्चे ही अधिक थे, वे अभी भी पूरी तरह तटस्त थे। भाग्य वश छुट्टी का दिन था, उन्हें समय का कोई आभाव नहीं  था। बीस पच्चीस मिनट प्रतीक्षा से क्या अंतर पड़ता है; मन पसंद का और वो भी मुफ्त, कुछ खाने को मिल रहा था। पूड़ी की अगली घान आ गयी, वो भी दस बारह लोगों को ही अंट पायी; पूड़ी समाप्त हो गयी। भंडारा लेने वालों का ताँता समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा था।
बनवारी आज घर से देर से निकला था। अपने अड्डे पर जा ही रहा था कि उसे भंडारे की भनक लग गयी। वह जाकर कतार में खड़ा हो गया। उसका नंबर अभी बहुत पीछे था। वह पंक्ति छोड़ कर आगे मेज की ओर बढ़ गया, 'सेठ जी! मैंने सुबह से कुछ नहीं खाया, भूख लगी है। अल्ला की मेहरबानी से, इस बार मुझे मिल जायेगा क्या ?'
पंक्ति में खड़े लोग चिल्लाने लगे, 'अरे ये तो उस चौराहे वाला भिखारी है, लाइन में आ जा, बाबा!'
भंडारा परोसने वाला उनकी बात सुनकर, बनवारी को लौटा दिया, 'बाबा लाइन में आ जाओ। ये सब लाइन में खड़े हैं, बेवकूफ थोड़े ही हैं। जब नंबर आएगा, तुम्हें भी मिल जायेगा।'
'या अल्ला! लगता है, आज भूखे ही रहना पड़ेगा या किसी गुरूद्वारे में जाना पड़ेगा।' कहते हुआ वहाँ से चल दिया। बनवारी ने भांप लिया था, सब्जी भी थोड़ी ही है। पता नहीं पूरी पड़ेगी या नहीं, उसका वहाँ खड़ा होना भी व्यर्थ ही होगा। आज घर से देर से निकलने के कारण, अभी तक कोई कमाई भी नहीं हो पायी थी।
उसके जाने के बस पांच मिनट में ही पूड़ी की नई घान आ गयी। कुछ लोगों को देने के बाद भंडारा परोसने वाले ने चार पूड़ी अलग कर दी और बच्चों पूछने लगा अरे वो भिखारी कहाँ गया ?
बच्चे चिल्लाने लगे, 'वो तो चला गया।'
एक बच्चे की और इशारा करते हुए, 'जाओ देखो यहीं कहीं होगा, बुला लाओ। तुम्हें मैं लाइन से अलग दे दूंगा।'
वह बच्चा आस पास देखा मगर बनवारी नहीं मिला, तब तक पता  नहीं कहाँ अंतर्ध्यान हो गया था। तभी भंडारा करवा रहे, सेठ जी आ गए। परोसने वाले ने उन्हें बता दिया, 'एक भिखारी आया था, पूड़ी तैयार नहीं थी, पता नहीं कहाँ चला गया? एक बच्चे को भेजा था पर वो दिखा नहीं।'
सेठ जी के दिल में करुणा जागी, बोले, 'तुम खुद जाकर देख लो, कहीं आस पास ही होगा।  बुला कर खिला दो। '
'बच्चों में से आवाज आई, 'वो आगे वाले चौराहे पर बैठता है। वहीँ गया होगा।'
सेठ जी ने उस कार्यकर्ता को थोड़ी सब्जी और कुछ पूड़ियाँ एक पन्नी में डाल कर वहीं ले जाने को कहा। वह कार्यकर्ता अविलम्ब अपना स्कूटर उठाया और उधर गया, मगर थोड़ी ही देर में, वह सब लेकर वापस आ गया, 'सेठ जी वो तो वहां भी नहीं मिला।'
अब सेठ जी भंडारे का विश्लेषण करने लगे, 'वैसे काफी लोग निबट गये। तुम लोगों ने बड़ा सहयोग दिया। देखो! दो बोरा आटा खप गया! चलो, अब हो गया, सब समेटो।'
सेठ जी की बात सुनकर, एक सहयोगी बोल पड़ा, 'हां, लाला जी ! खाने की भी सभी लोग बहुत तारीफ कर रहे थे। एक हजार से भी ऊपर, लोग खा चुके होंगे। बस वही, एक भिखारी भूखा चला गया। वह बेचारा तो कह भी रहा था कि बहुत भूखा है।'
घर जाकर सेठ जी ने भिखारी वाली बात अपनी पत्नी को बताई तो वह सोच में पड़ गयी, 'बताओ हजारों को तो खिला दिया और एक भूखे को नहीं खिला पाए। अब तो मुझे पश्चाताप करना पड़ेगा। आज शाम का भोजन मैं नहीं करुँगी।'
उसके अनशन की बात सुन सेठ जी भी चिंता में पड़ गए, अब पत्नी नहीं खायेगी तो वे भी कैसे खाएंगे! और खाये बिना सेठ जी को नींद कैसे आएगी ! उन्होंने उसका निराकरण सोचा।  पत्नी से बोले, 'क्यों परेशान हो रही हो? वह भिखारी था कहीं मांग  कर खा लिया होगा। फिर भी, आज का दिन तो गया; तुम ऐसा करना कल सुबह उसका भोजन बनाकर पैक कर देना। अब मैं काम पर जाऊंगा तो उसे देते हुए चला जाऊंगा।'
पत्नी को यह बात उचित नहीं लगी कि वह कहीं मांग कर खा लिया होगा, आखिर हम तो पाप के भागी बने। मगर, उसे भोजन भेजने के प्रस्ताव पर, अनशन तोड़ दिया। अगले दिन प्रातः उठकर उसने खाना बनाकर पैक कर दिया और सेठ जी से बोली, 'ये लो, उस भिखारी का पता करके खिला देना, यह नहीं करना कि वापस लिए चले आओ ।'
सेठ जी को भिखारी का ठिकाना तो पता लग ही चुका था, वे डिब्बे में बंद भोजन ले गए। भाग्य वश बनवारी उसी चौराहे पर बैठा मिल गया। उसकी ओर खाने का डब्बा बढ़ाते हुए सेठ जी ने कहा, 'ये लो बाबा! भोजन कर लो।'
बनवारी इस प्रकार से अचानक उसके पास भोजन आने पर चौंक गया, 'लेकिन, मैं तो आज खा पीकर आया हूँ। मुझे तनिक भी भूख नहीं है।'
'ठीक है, रख लो, किसी और को दे देना।'
'वाह साहब ! जो चीज मेरी नहीं है, मैं क्यों रख लूँ ? और मैं किसको दूंगा, चले जाओ पास में ही मंदिर है, कोई न कोई भिखारी मिल जायेगा, खिला देना। बाकी आपकी किस्मत। आपने मेरे बारे में सोचा, मैं आपके लिए दुआ करता हू, अल्ला आपकी खैर करे।'





Naro ya kunjaro


नरो या कुंजरो

रामकरण बनारस से जब भी आता पूजन का हाल बिना पूछे ही बताता। 'बाबा!  पूजन बाबा का हाल तो बहुत दयनीय है। रीना और उसके पति उनका ध्यान बिलकुल भी नहीं करते।  न तो उन्हें समय से खाने पीने को देते न ही दवाई। बदन में दर्द से कराहते रहते हैं। बताईये यहाँ का सब बेच कर बेटी के यहाँ रह रहे हैं।'
तभी विन्देश टपक पड़ता - 
 'मुझे तो पहले ही पता था उनका यही हाल होना था। अरे बेटी-दामाद के यहाँ किसको सुख मिला है! '
यह सुनकर विनोद के मन में और डर समा जाता। वे तो पहले ही निर्णय ले चुके थे - चाहे कुछ भी हो वे अपना गांव नहीं छोड़ेंगे और गांव में रहना है तो रामकरण पर ही निर्भर रहना था। पूजन का समाचार विनोद को सीधे नहीं मिल पाता था। कंचन ने विनोद को मोबाइल फ़ोन दे रखा था लेकिन विन्देश उसे अपने पास ही रखता कि किसी से वे बात न कर पाएं। अपने मन की बात वे किसी से साँझा  नहीं कर पाते थे। कंचन जब भी फोन करती सदाशिव यही कहता,  'मैं तो बाजार आया हूँ, बाबा घर पर हैं।'  उन्हें तो कंचन के फ़ोन के बारे में बताता भी नहीं था। यहाँ तक कि उनसे कोई मिलने भी आता तो रामकरण के परिवार का कोई न कोई उन्हें घेरे रहता। 
विनोद को अपने मन के कष्ट को दबा के ही रखना पड़ता।  वे डरते थे यदि किसी से रामकरण के परिवार की बुराई किया तो बाद में उन्हें ही उनके दुर्व्यवहार का भाजन बनना पड़ेगा।    
 

कंचन आज चार वर्ष के बाद अमेरिका से बनारस आयी है। वैसे मुकदमे की पैरवी तो वकील कर ही रहा था, मगर इस बार उसे पेश होने का समन जारी हो गया था। वकील ने बता दिया था, केस लगभग निर्णायक दौर में पहुँच चुका है एक बार बनारस आ जाओ। कंचन को बच्चों से फुर्सत नहीं थी, परन्तु किसी तरह समय निकाल कर आ ही गयी। तारीख पर वह कोर्ट में पेश हुई।
पेश होने पर कंचन से जज साहब ने पूछा, 'जब तुम्हारे पिता जी ने जमीन रामकरन के नाम लिखी तो विरोध क्यों नहीं किया ?'
'सर, मैं अमेरिका में थी, मुझे पता नहीं चला। मैं तो उनके मरने में आयी थी, तब गांव के एक व्यक्ति ने बताया।'
'मगर इस वारीसनामा में तो लिखा है, विनोद के कोई औलाद नहीं है।'
'सर मैं तो इल्लाहाबाद बोर्ड से माध्यमिक पास हूँ। यह मेरे प्रमाणपत्र की प्रति है, इसमें मेरे पिता का नाम पढ़ लीजिये और गांव के लोग भी तो जानते हैं।'
वकील की ओर देखते हुए, 'फिर तो यह धोखाधड़ी का मामला बनता है, वकील साहब! क्यों न प्रतिवादी के खिलाफ धोखाधड़ी का आपराधिक मामला चलाया जाय?'
यह सुनते ही कंचन घबरा गयी, कहीं ऐसा न हो रामकरन को सजा हो जाय। ऐसा हुआ तो अनर्थ हो जायेगा। उसका तो बस यही ध्येय था कि वे लोग इस बात का एहसान मानें कि कंचन की संपत्ति उनके पास है। इसके अलावा उसे कुछ नहीं चाहिए था। उसने पहले भी रामकरन को बोल रखा था, पिताजी की ठीक प्रकार से देखभाल करना। उनकी जमीन-जायदाद में से वह कुछ नहीं लेगी। वह अमेरिका खाली हाथ गयी थी और ईश्वर की कृपा से, अमेरिका में  उसका बहुत कुछ बन गया था। उसके बच्चे भी, अब इंडिया कहाँ वापिस आने वाले!
कंचन ने वकील से कान में कहा, 'आपराधिक मामला नहीं चलाना है। मुझे तो यह जमीन भी अपने नाम करवा के फिर इन्हीं लोगों को देना था। बस इन्हें इनके किये का सबक सिखाना था। चाहे जैसे भी हो, इन लोगों ने पिताजी की जिंदगी तो पार लगा ही दी। हमें तो बस इस बात का क्षोभ है कि आखिर इन्होंने कैसे कह दिया, विनोद गुप्ता के कोई औलाद नहीं, यह तो हमारे लिए सरासर गाली है। मुझे तो बस इतना था, कि मैं पिता जी की संपत्ति इन लोगों को दे दूंगी, तो मेरा भी कभी मायके आने का मन करेगा, और मैं शान से आउंगी। पर इन लोगों ने तो  . . . .  '
वकील ने कंचन को कोर्ट रूम से बाहर ले जाकर समझाया, 'अब तो कोई चारा नहीं, जज ने बोल दिया तो यह केस अब पुलिस के पास जायेगा। हो सकता है धोखाधड़ी के मामले में, पुलिस जाँच के दौरान रामकरन, गवाह और उसके परिवार के एकाध लोगों को गिरफ्तार भी कर ले। बस अब एक ही विकल्प है कि मुक़दमा वापस लेने के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया जाय।'
इस बात पर कंचन तैयार हो गयी। मुक़दमा वापस करने का प्रार्थना पत्र दाखिल कर दिया गया। इस पर जज ने मुकदमा वापस लेने की अनुमति दे तो दिया, किन्तु कोर्ट का इतना समय बर्बाद करने के लिए कंचन पर पचास हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। रामकरन स्थिति को समझ रहा था और वह इस बात पर कंचन का कृतज्ञ भी था, पर उसकी फटेहाली विनोद की जमीन लेने के बाद भी वैसी की वैसी थी। यह पचास हजार भी कंचन को ही भरना पड़ा। कंचन बड़बड़ाती रही, ' देखो इन लोगों ने मुझ पर तनिक भी भरोसा नहीं किया। मैं बार बार कहती रही, कि खेत लेकर मुझे क्या करना है ! मैं तुम्हीं लोगों को दूंगी, पर  इन्होंने  धोखे और कपट से लिखवा लिया। यह तो पूर्वजों की जमीन थी, पिता जी मेरे हिस्से का लिख नहीं सकते थे, इसलिए इन्होंने झूठ का सहारा लिया कि विनोद का कोई नहीं है। बताओ, ये हमारे खेत का भी खा रहे थे, और पापा की पेंशन भी इन्हीं लोगों के हक़ में जाती थी, जिस थाली में खाये उसी में  छेद कर दिया। मैं तो इन लोगों को अपने सगे से भी अधिक समझती थी। क्या रामकरन अपनी सगी बहनों के हिस्से  की जमीन भी उनकी सहमति के बिना लिखवा सकता है?' रामकरन मुंह लटकाये चुप सब सुनता रहा। उसकी आँखों में आंसू की धार थी।  वह मन ही मन सोच रहा था, उसने अपने पुत्र और बीबी के कहने पर एक देवी के साथ छल किया। इतना बड़ा पाप किया, जिसका कोई लाभ नहीं। वह कंचन को मनाने लगा, 'जो हो गया सो गया, यह सब हमारी मूर्खता भर थी, इन बातों को भुला दो, तुम अब भी अधिकार के साथ रहो, अभी भी सब तुम्हारा ही है।'
पर अब इन बातों का कंचन पर कोई प्रभाव पड़ने वाला नहीं था। उसने बस इतना कहा, 'तुम लोगों ने मुझे इस गांव से बेदखल तो किया ही, हराम की औलाद भी बना दिया, अब किस मुंह से तुम्हारे यहाँ जाऊं !'  कहकर, उसने गाँव तो क्या इंडिया से ही अलविदा कर लिया।
   
बचपन में, कंचन को कभी लगा ही नहीं कि वह माँ बाप की इकलौती संतान है। उसका अधिकतर समय अपने चाचा के यहाँ ही बीतता था। चाचा शम्भू के दो पुत्र और दो ही पुत्रियां भी थीं। कंचन अपने को पांच भाई बहनों में से एक समझती थी । शम्भू की पत्नी भी उसे अपनी बेटी सा प्यार देती थी। कंचन का खाना, खेलना, स्कूल जाना आदि  सब कुछ उसके बच्चों के ही साथ होता था। वह अपनी माँ से अधिक, चाची को जानती थी।
विनोद गोयल और शम्भू चचेरे भाई थे, मगर दोनों में प्यार और मान-सम्मान सगे से भी बढ़कर। बनारस से कोई पंद्रह किलोमीटर की दूरी पर ही गांव था, विनोद के बगल में भाई शंभू का घर। कहने को ही उनके दो अलग मकान थे। विनोद का घर शम्भू के परिवार के लिए और शम्भू का विनोद के लिए हमेशा खुला रहता था। वैसे भी विनोद नौकरी में होने के कारण, घर पर कम ही रह पाता था । शंभू की अपने सगे भाई आदर्श से उतनी नहीं पटती थी, जितना प्यार विनोद से था।
विनोद का घर शम्भू से काफी बड़ा था, जिसमें अलग से एक बैठक भी थी। शम्भू के बच्चे तो एक तरह से उसी के घर में रहते  थे, अपने घर बस खाना खाने जाते थे । उसका एक कारण, बड़ी मम्मी से लगाव भी था। शम्भू के मेहमान भी आते तो सोने बैठने, विनोद के बैठक में ही जाते। विनोद को भी इस बात का एहसास था, कल को कंचन अपने ससुराल चली जाएगी तो उसका और उसकी बुढ़िया का गुजर, शम्भू के परिवार के साथ ही भली से हो पायेगा।
विनोद की पत्नी अधिकतर बीमार रहती थी। उसने सोच रखा था कि कंचन की माँ के रहते, उसका विवाह आस पास के ही क्षेत्र में किसी योग्य वर से हो जाय ताकि बुढ़ापे में उसकी देख भाल भी हो सके। वैसे वह पुराने विचार का व्यक्ति था, बेटी दामाद के यहाँ रहना उसे परंपरा के प्रतिकूल लगता था। हाँ, बेटी दामाद उसके यहाँ आकर रहें तो कोई बात नहीं। वह कंचन का विवाह  बड़े धूम धाम से करना चाहता था। विनोद तो घर कभी कभी ही आता था, इसलिए रिश्तेदारियों में आने जाने का काम कम ही कर पाता था। रिश्तेदारियों में नहीं आने जाने से, कंचन के लिए वर के लिए भी, किसी से बात नहीं चला पाता था। उसके लिए वर ढूंढने का काम, विनोद ने शम्भू पर ही छोड़ रखा था।
एक बार विनोद छुट्टी पर आया तो शम्भू ने बताया, 'मुकेश शाह मेरे साथ काम करता है, उसका भी एक लड़का है।  वैसे, रहने वाला तो वह भोपाल का है, पर नौकरी बनारस में कर रहा है। उसका लड़का अम्बर, इंजीनियरिंग कर चुका है, और उसे एक कम्पनी से नियुक्ति का प्रस्ताव भी मिल चुका है। कहो तो बात चलाऊं। वह बहुत आगे निकलेगा। मुकेश मुझसे सीनियर है, मगर उससे अच्छी दोस्ती है, काफी उम्मीद है कि बात बन जाय।'

'है तो अच्छा, लड़का इंजीनियर है, वे बनारस में रह भी रहे हैं; अच्छा रहेगा। बस यही डर है वह इंजीनियर है, नौकरी के चलते कहीं दूर न चला जाय। वे दूर चले गए तो, मुझे बेटी दामाद से मिलने के लिए प्रतीक्षा करती रहनी पड़ेगी।'
'अरे वो तो बाद की बात है। कल को भाग्य में क्या लिखा है, किसने देखा ! आप, अपनी सोचते रहो, अच्छे घर में चली जाएगी, बिटिया की जिंदगी संवर जाएगी। तुम हाँ करो या ना..., अगर मुकेश मान जाता है तो मैं कंचन का विवाह तय कर दूंगा। अभी दो भवानी और हैं, एक एक करके निबटाएंगे तभी तो।'
विनोद चुप रह गया। मुकेश ने उसकी मौन स्वीकृति को भांप लिया।

बस फिर क्या था, विनोद छुट्टी पर आया ही था; शम्भू उसे लेकर मुकेश के यहाँ गया। मुकेश को भी शम्भू के परिवार के बारे में मालूम था, सार्थक बातचीत हुई, मुकेश सैद्धांतिक रूप से अम्बर के कंचन से विवाह के लिए तैयार हो गया। औपचारिकता के लिए, अपनी पत्नी और अम्बर से बात करके उत्तर देने के लिए बोल दिया। इसमें मुकेश को अधिक समय नहीं लगा, दो तीन दिन में ही विवाह की सहमति दे दिया। विवाह की औपचारिकताएं पूरी हुईं तथा अम्बर और कंचन का विवाह संपन्न हो गया।

विनोद जैसा चाहता था कंचन के लिए वैसा ही घर और वर दोनों मिल गया। वह इस विवाह से बहुत प्रसन्न था। अम्बर की बहुत अच्छी नौकरी लग गयी थी। मगर उसकी पोस्टिंग नोएडा में हुई। नोएडा में होने के बावजूद, कंचन और अम्बर का आना जल्दी जल्दी होता, वे जब भी आते सबके लिए कुछ न कुछ ले आते।
अम्बर को विनोद क्या शम्भू के भी पूरे परिवार से प्यार और सत्कार मिलता। और वह भी अपनी ससुराल के सभी लोगों का बहुत सम्मान करता।
विवाह के चार वर्ष बीत चुके थे। अम्बर जिस कंपनी में काम कर रहा था, उसका एक प्रोजेक्ट अमेरिका में चल रहा था। उस प्रोजेक्ट को सम्हालने के लिए, अम्बर को अमेरिका जाने के लिए कहा गया। विदेश जाने के नाम पर अम्बर के मम्मी पापा अति उत्साहित हो उठे। उसके अमेरिका जाने का समाचार, सभी रिश्तेदारियों में चिंगारी की भांति फ़ैल गया। मुकेश और विनोद दोनों की रिश्तेदारियों में अम्बर पहला व्यक्ति था, जिसे विदेश जाने का अवसर मिल रहा था। इस बात से अम्बर के घर और ससुराल दोनों जगह ख़ुशी की लहर दौड़ गयी। एक दिन अम्बर छः महीने के लिए, अमेरिका उड़ गया। अब कंचन बनारस अपने सास-ससुर के पास आ गयी तो माता पिता से जल्दी जल्दी मिलना हो जाता।
अम्बर के इस दौरे के बाद, उसे अक्सर ही अमेरिका आना जाना पड़ता। अब तो वह अपने साले, सालियों के लिए अमेरिका वाला जीजा था। फिर वही हुआ जिसका विनोद को डर था, बार बार जाने से, अम्बर को अमेरिका इतना भा गया कि उसने अपना और कंचन के लिए वहां का ग्रीन कार्ड बनवा लिया। वहां के लाभ और सुविधाओं को देखते हुए वह वहीँ रहने का मन बना चुका था। कुछ ही समय पश्चात् दोनों अमेरिका चले गए।  धीरे धीरे समय बीता, दोनों ने वहां पर घर खरीद लिया और अपने पुत्र के मम्मी, पापा भी बन गए।

इधर विनोद सेवानिवृत्त होकर घर आ गया। इसी बीच, कंचन की माँ का देहावसान हो गया। अब विनोद पूरी तरह शम्भू के परिवार पर निर्भर हो गया था। शम्भू के भी सभी बच्चों का विवाह हो चुका था। उसकी बेटियां अपने ससुराल जा चुकी थीं। दोनों बेटों रामकरन और जवाहर को भी दो दो पुत्र रत्न प्राप्त हो चुके थे।
जवाहर तो नौकरी करने अपने परिवार के साथ शहर चला गया, परन्तु रामकरन और उसके बच्चे घर पर रह गए। रामकरन ही खेती का सारा काम देखता था। कंचन अमेरिका से जब भी आती तो रामकरन और उसके बेटों के लिए कुछ न कुछ अवश्य ले आती। विनोद को किसी चीज की आवश्यकता नहीं थी, उसका जीवन बहुत ही साधारण था और पेंशन से बड़े मजे से काम चल रहा था। वह अपने पेंशन में से ही शम्भू के परिवार के लिए भी कुछ न कुछ करता रहता। कंचन अपने पिता को बार बार कहती कि उसके साथ अमेरिका चलें, पर विनोद को अपना गांव छोड़ कर जाना कत्तई गवारा न था। यहाँ तक कि कंचन के बार बार कहने पर भी, विनोद ने पासपोर्ट तक नहीं बनवाया। वह कहता, मोक्ष की प्राप्ति के लिए लोग बनारस आते हैं, और मैं बुढ़ापे में ऐसी पावन भूमि छोड़कर दूसरे देश जाऊं! मुझे नरक नहीं जाना।
अमेरिका से तो कंचन का दो तीन साल से पहले, आना कहाँ हो पाता। वह जब भी आती अपने चाचा के परिवार के लिए काफी कुछ सामान ले आती। इस बार वह रामकरन के लिए अमेरिका से बहुत ही सुन्दर जैकेट लाई थी और  बेटे चिंटू के लिए यहीं मोटर साइकिल खरीद दिया। विनोद ने कंचन की शादी में जितना खर्च किया होगा, उससे कहीं अधिक का सामान तो वह अपने मायके दे चुकी होगी।
विनोद, अब काफी बूढ़ा और अस्वस्थ हो चुका था। कंचन जब कभी स्वदेश आती तो वह अपने को अच्छा महसूस करने लगता। वह चाहता था कि कंचन लम्बे समय तक उसके पास रहे, किन्तु कंचन के लिए यह संभव नहीं था। उसके ऊपर अपने बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी इतनी थी कि उनकी सेवा करने के लिए समय निकाल कर यहाँ रहना कठिन था। वह रामकरन को ही उनकी सम्पत्ति का लोभ देकर अपने पापा की ठीक से देख भाल करने को प्रेरित करती। रामकरन का परिवार विनोद की सेवा में तन्मयता से जुटा रहता। वैसे रामकरन और उसकी पत्नी, माया सबसे यही कहते, कि वे मानवता और अपना कर्तव्य समझ कर, विनोद की सेवा कर रहे हैं; परन्तु लक्ष्य तो उसकी संपत्ति ही थी। माया उसे बार बार समझाती कि विनोद के जीते जी उसकी संपत्ति लिखवा ले। मर जाने के बाद, क्या पता अम्बर और कंचन के क्या विचार बने।  कहीं वे यहाँ की संपत्ति बेच कर किसी और जगह कुछ खरीद लें या पैसा साथ ले जायँ। आदर्श वैसे तो शंभू से ईर्ष्या रखता था, पर वह भी यही चाहता था की विनोद अपना खेत आदि शंभू को दे दे। कम से कम संपत्ति परिवार से बाहर न जाय और शंभू सगा भाई भी तो है।
जब शंभू और आदर्श, सम्पत्ति शम्भू के नाम लिखने को कहते तो विनोद साफ मना कर देता,  'जीते जीते नहीं लिखूंगा, मर जाने पर जो मर्जी करना। वैसे भी मर जाने पर सब तुम्हारा ही है, कंचन थोड़े ही लेने आएगी।'
इस बात पर, रामकरन की पत्नी और उनके बेटे चिंटू को भरोसा नहीं होता। वे दोनों मिलकर, विनोद पर, संपत्ति को उनके नाम लिखने का दबाव बनाने लगे। इस दबाव के कारण, विनोद दिमागी रूप से परेशान रहने लगा, परन्तु कंचन को यह बात नहीं बताता था।  उसे  डर था कि उसको बताने पर, कहीं वो इन्हें कुछ सुना देगी और ये लोग मेरी फजीहत करेंगे। लोभ वश ही सही, कम से कम, ये लोग देख रेख तो कर रहे हैं। कंचन बेटी ही है तो क्या! कोई मुसीबत आई तो वह अमेरिका से तुरंत कहाँ आ पायेगी ! ये ही लोग तो साथ रहेंगे।

माया, अपने कार्य को सफल न होते देख, एक कुटिल योजना सोची। उसे लगा कि सीधी उंगली से घी नहीं निकलने वाला। एक दिन उसने पकौड़े बनाये और चिंटू से विनोद को खाने के लिए भिजवा दिया। विनोद को प्याज के पकौड़े बहुत पसंद थे। पकौड़े देख कर वह बहुत प्रसन्न हुआ। माया ने पहले थोड़े पकौड़े भेजे तथा फिर आकर, दुबारा और ले जाने के लिए बोल दिया। साथ ही वह यह भी बोली कि 'जब बाबा अकेले हों तभी देना, ये उनकी खास पसंद के हैं। तब तक मैं और तल रही हूँ।'
चिंटू कुछ समझा नहीं बल्कि माँ के निर्देश का पालन किया। पकौड़े खाने के कुछ देर बाद विनोद का मानसिक तनाव इतना बढ़ गया कि वह मूर्छित होकर गिर पड़ा। रामकरन ने अस्पताल ले जाकर भर्ती करवा दिया, लेकिन इसकी सूचना कंचन को नहीं दिया गया। अस्पताल में जाँच से पता चला कि तनाव के कारण मस्तिष्क में मामूली रक्त स्राव हो गया है। डॉक्टर ने बताया कि विनोद कोमा में जा चुका है। कोशिश तो कर रहे हैं, परन्तु अब उसका पूरी तरह से स्वस्थ होना मुश्किल है। अब तो रामकरन के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गयी। वह डॉक्टर से बोला, 'डॉक्टर साहब, कैसे भी इनको ठीक कर दो, बस एक बार होश में आ जायँ।' वह डर गया था, काम भी नहीं बना और बाद में कभी इसका भेद खुल गया तो वह कहीं का नहीं रहेगा।
'होश में तो आ जायेंगे, मगर फिर कब कोमा में चले जायेंगे, कहना मुश्किल है। इसका एक मात्र उपाय ऑपरेशन है। और इस उम्र में ऑपरेशन भी सफल होगा या नहीं, कह नहीं सकते।'
इधर घर पर हाल चाल पूछने वालों की भीड़ जुट गयी। रामकरन सबको यही सफाई देता, 'पता नहीं क्या हो गया, अचानक ही मूर्छित होकर गिर गए। इससे पहले तो वे चेंज भले थे। बैठे सबसे बातें कर रहे थे।'
बीच में रामकरन की माँ टपक पड़ी, 'क्या पता पकौड़े नुकसान कर दिए हों।'
'हं, सबने तो वही पकौड़े खाये और वो खाये भी कितना बस तीन चार ही तो।'
यह तो रामकरन को भी पता नहीं था कि माया ने पकोड़ों में नशे की बूटी मिला दी थी।
चार पांच दिन के बाद विनोद के स्वास्थ में कुछ सुधार हुआ। उसे बीच-बीच में होश आ जाता फिर मूर्छित हो जाता। अब रामकरन ने कंचन को भी बता दिया। कंचन आने के लिए व्याकुल होने लगी, पर उसे तुरंत आना संभव नहीं था। उसने आठ दस दिन के बाद, आने के लिए बोल दिया।
अब रामकरन और चिंटू ने सोचा कि यह सही समय है, विनोद की संपत्ति को लिखवा ले। कंचन के आने के पश्चात्, पता नहीं फिर अवसर मिले या न मिले। उन्होंने चिंटू के एक परम मित्र को गवाह के लिए तैयार किया, और रजिस्ट्रार कार्यालय में रिश्वत देकर, इस काम को करने की पृष्ठभूमि तैयार कर ली। अब समस्या थी कि विनोद से सम्पत्ति के हस्तांतरण के लिए 'हां' कैसे बुलवाया जाय। इस हालत में वह, दस्तखत तो कर नहीं सकता था, बस अंगूठा लगेगा और उसे जायदाद के रामकरन के नाम करने की हामी भरनी होगी। चिंटू तिकड़मी और खुराफाती लड़का था ही, उसने एक तरकीब निकाली। उसे मदारी के बन्दर का खेल याद आया। विनोद की सोचने समझने की शक्ति तो अब थी नहीं। उसने एक पांच सौ का नोट दिखाकर बोला, 'बाबा ये पांच सौ का नोट, मैं अलमारी में रख देता हूँ, इसे रामकरन को देना है।'
'अच्छा।'
'किसको देना है ?'
'रामकरन को।'
'किसको देना है ?'
'रामकरन को।'
अब चिंटू और उसकी मम्मी, दिन भर में कई बार विनोद से इसका अभ्यास कराते और पूछते, किसको देना है ? जबाब में विनोद बोलता -
'रामकरन को।'
बस अब तो काम बन गया था। हस्तांतरण के दस्तावेज तैयार कराये गए। इस कार्य की श्रृंखला में जो लोग शामिल थे, सबको पैसा देकर पटाया गया। गांव में यह बोलकर की विनोद की फिर से सी-टी स्कैन के लिए ले जाना है, रजिस्ट्रार के कार्यालय ले जाया गया।
वहां अधिकारी ने पूछा, क्या आप अपनी जायदाद रामकरन के नाम करना चाहते हैं ?
विनोद कुछ नहीं बोला।
अधिकारी ने दूसरी बार पूछा तो भी वह मौन ही रहा। ऐसा लग रहा था, विनोद कुछ सुन ही नहीं रहा हो।
अब तो रामकरन और उसके साथ गए सभी परेशान होने लगे। लग रहा है सारे किये कराये पर पानी फिर जायेगा। रामकरन जाकर रजिस्ट्रार के कान में बोला, ठीक है साहब, कर दीजिये। देखिये, आपकी बात को मना नहीं  कर रहे हैं, इस समय वो बोलने के अवस्था में भी नहीं हैं।  '
'अरे भाई ! हमें भी नौकरी करनी है।  एक बार हाँ तो बोलें, उनकी फोटो भी खींचनी है। इनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। किसी ने शिकायत कर दी और मेडिकल जाँच हो गयी तो, तुम लोग भी फंसोगे, मेरी नौकरी भी जाएगी।'
रामकरन का साला भी गवाही के लिए गया था। वह बोला, 'चिंटू को बुलवा लो वही कोई तिकड़म लगाएगा। अगर यह काम अभी नहीं हुआ तो आगे मुश्किल हो जाएगी। कंचन भी आने वाली है और पता नहीं ये अंकल कब तक जीवित रहें।'
चिंटू को बुलवाया गया। रजिस्ट्रार के सामने जब चिंटू ने पूछा, 'बाबा किसको देना है ?'
विनोद अपने अभ्यास के अनुसार लड़खड़ाती जुबान से बोल दिया, 'रा... म... करन को।'
बस फिर क्या था, कृष्ण की तरह शंखनाद हो गया, सब एक स्वर में बोल उठे, 'हो गया, हो गया। चलो।'
विनोद और रामकरन की फोटो खिंच गयी।
कंचन के आने से पहले, जायदाद के हस्तांतरण का कार्य पूरा हो चुका था। इस बात को अत्यंत गुप्त रखा गया क्योंकि दाखिल ख़ारिज होने में दो महीने का समय लगना था। तब तक इस बात की कानों कान भनक नहीं लगने देनी थी।
ईश्वर की विडम्बना, जिस दिन कंचन पहुंची, उसी दिन विनोद चल बसा। वह, अपने पिता के शव का ही दर्शन कर पायी। दस दिन के लिए आई थी, पर अब तो तेरहवीं बिता के ही जाना पड़ेगा। लगभग पंद्रह दिन वहां रहने के बाद भी उसे किसी बात की भनक नहीं लगी।
तेरहवीं बीतने के बाद, कंचन रामकरन से बोली, 'पिता जी की जमीन जायदाद काका के नाम करवा लेना। मुझे छः महीने बाद फिर आना है, जहाँ हस्ताक्षर करने होंगे, कर दूंगी।'
इस बात पर, रामकरन मौन धारण किये रहा । तेरहवीं बीतते ही कंचन अमेरीका चली गयी।

छः मास पश्चात् वह अपने ससुराल एक उत्सव में आयी तो वहीँ उसे सुदेश मिल गया। कंचन को सुदेश से पता चला कि रामकरन ने तो विनोद की जमीन अपने नाम करवा ली है। कंचन को किसी के कहने सुनने पर विश्वास नहीं हुआ। उसने तुरंत ही रामकरन को फ़ोन कर दिया, 'भइया मैं बनारस आ चुकी हूँ। जमीन कब लिखवाना है, बता देना।'
'सब हो चुका है!' उधर से उत्तर मिला।
'पर कैसे ? मैंने तो कहीं दस्तखत नहीं किये, न ही कोई सहमति दी है। क्या सब हो गया? किसके नाम हो गयी, जमीन ?'
रामकरन के समीप ही, चिंटू भी खड़ा था।  उसने रामकरन से फ़ोन लेकर बताया, 'बाबा ने सब पापा के नाम कर दिया है।'
कंचन चौंकी, 'उनकी संपत्ति रामकरन के नाम कैसे हो गयी। पिता जी की जमीन जायदाद तो पूर्वजों की थी, कोई उनकी खरीदी थोड़े ही थी कि अपनी मर्जी से सारी जमीन लिख देते। वे हमेशा यही कहते थे, जीते जी मैं किसी को नहीं लिखूंगा। इसीलिए मैं भी निश्चिन्त थी, वरना आधे पर तो मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है। उनके मरने के बाद तो पूरी संपत्ति पर मेरा ही हक़ है। वे किसी और को कैसे लिख सकते थे।'
'नहीं, कचहरी में उन्होंने कह दिया कि उनकी बेटी बहुत संपन्न परिवार में है, इसलिए इस जायदाद में से उसे कुछ नहीं चाहिए।  चूकि रामकरन और उसके परिवार ने मेरी सेवा की है यह सब उसी को दे दिया जाय।'
'मगर रामकरन को ही क्यों, जवाहर को क्यों नहीं? वैसे भी वो काका के साथ रहते थे, रामकरन के साथ थोड़े ही थे। सेवा के बदले तुम लोग उनकी जमीन का खाते भी तो थे, साथ ही पेंशन भी।'
'वो तो जैसी उनकी इच्छा, हम्हीं उनका ख्याल अधिक करते थे। उन्हें मुझसे बहुत लगाव था, अपने आप सब लिख दिए। हमने लोचन के जैसे थोड़े ही किया है कि अपने मरे हुए चाचा का सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिया और पुरानी तिथि में वसीहत लिख ली।' रामकरन बोला।
रामकरन और कंचन की फोन पर बात समाप्त होने के बाद, सुदेश ने और खुलासा कर दिया, 'पता है बहन! विनोद जी, जब पिछली बार बीमार पड़े थे, तो इन लोगों ने धोखे से स्टाम्प पेपर पर इनके दस्तखत करवा लिए थे। उसमें इन लोगों ने लिख लिया था कि विनोद के कोई नहीं है, इसलिए रामकरन को अपना वारिस बनाना चाहते हैं, क्योंकि वही उनकी देखरेख कर रहा है।'
जब यह बात कंचन के कानों तक गयी तो वह आग बबूला हो गयी, 'इसका मतलब हम विनोद की संतान न होकर हराम की संतान हैं। यह तो सरासर मुझे और मेरी माँ को गाली है। अब तो कोर्ट में मुक़दमा करके इसकी जाँच करवाएंगे। इन्होंने उनकी देख रेख की तो क्या उनके खेत की उपज नहीं खाये! और तो और उनके पेंशन का भी सारा कुछ, इन्हीं लोगों पर ही खर्च होता था। पिता जी अपने और हमारे पर क्या खर्च करते थे।'
'लेकिन इसके लिए तो पहले सभी कागज निकलवाने पड़ेंगे। फिर केस दाखिल करने पर सालों बाद तो कहीं सुनवाई होगी।'
'जो भी हो, कागज निकलवाना मेरा अधिकार है, सूचना अधिकार का भी तो कानून है। कोई अच्छा सा वकील करके, इन बेईमानों को सबक तो सिखाना ही पड़ेगा। मैंने तो इनको पहले ही बोल रखा था, यहाँ जो कुछ है हम लेने नहीं आएंगे, सब तुम लोगों का ही है, फिर भी इन्होंने ऐसा किया। मुझ पर तनिक भी भरोसा नहीं किया। सारी जमीन रामकरन ने अपने नाम करा ली, जवाहर भी तो शंभू काका का बेटा है। यह जरूर बड़ी भाभी और चिंटू की कुटिल बुद्धि का परिणाम होगा। उन्हें लगा होगा कि इसमें से आधा, जवाहर भी न ले ले, या कंचन आकर बेच न दे। बताओ जो चीज वैसे ही उनकी होनी थी वह उन्होंने चुराकर ली। जिनका मैं हमेशा सम्मान करती थी, मेरी नजर में जिंदगी भर के लिए चोर और बेईमान बन गए। अब इनको इसका परिणाम भी भुगतना पड़ेगा।'

एस० डी० तिवारी 

Friday, 22 December 2017

Neev ki int

नींव की ईंट

 'ये लो साहब! नींव खुदकर बिल्कुल तैयार है, लेकिन पंडित जी तो अभी तक नहीं आये,' बिरजू बोला।
'बस आते ही होंगे, ग्यारह बजे का समय दिया था, अभी पांच मिनट ही ऊपर हुए हैं। दस पांच मिनट इधर उधर तो हो ही जाते हैं। जा, चट्टे से पांच नयी इंटें उठाकर यहाँ ले आ। नींव की पूजा हो जाने के बाद मेरे हिस्से में आई  पुरानी ईंटों से नींव भर देंगे।' झबरू पांडेय बोले।
'पुरानी ईंट क्यों साहब? नया मकान बन रहा है तो ईंट भी नयी लगाइये।'
'अरे नया कहाँ, पुराना मकान ही तो गिरवाकर दुबारा बना रहे हैं। जा जल्दी ले आ।'
बगल में खड़ा राज मिस्त्री बोल पड़ा, 'पांड़े बाबा ठीक ही तो कह रहे हैं, वैसी ईंट अब कहां बन रही हैं।  देख कितनी लाल हैं और अभी तक कहीं से एक झिर्री तक नहीं निकली, और वो तो नींव में लगनी हैं।'

'अरे, पंडित जी आ गए। मोहन बेटा, जरा जाओ चाची से पूजा का सब सामान मांग के ले आओ।  उनको बता देना चांदी का नाग अलमारी में रखा है। ...
और विवेक तू जरा आम का पल्लव तोड़ ला ...
आईये पंडित जी, यहाँ सब तैयार है, बस आपकी ही प्रतीक्षा थी।'
'हां, एक और जगह पूजा करनी थी, थोड़ी देर हो गयी।  सब सामान मंगाइये, पूजा आरम्भ करें। '
'बस पंडित जी मोहन लेकर आ ही रहा है।  तब तक आप आसन वगैरह बनाइये।'

'आज से लगभग पच्चीस वर्ष पहले भी मैंने ही यहाँ नींव की स्थापना कराई थी। तब आपके बाबा भी जीवित थे।'
वहीँ खड़े ठाकुर देवनाथ बीच में ही बोल पड़े, 'पंडित जी इस बार जरा ठीक से नींव की स्थापना करना। फिर से न उजड़े।'
पंडित जी भौचक्के ठाकुर देवनाथ का मुंह ताकने लगे, 'हां, मगर यह सब हुआ कैसे ? इतना मजबूत और सुन्दर मकान बना था, कैसे उजाड़ गया ?'
'बस पूछिए मत। कहते हैं न, भाईयों के झगड़े में नींव की ईंट भी फोड़ कर बंटती है। समझिये, ऐसा कुछ यहाँ भी हुआ है।'
'तो बताईये! भला, नींव की पूजा से भाइयों के कुविचार कैसे बदल देंगे।  इसके लिए तो, उन्हें भी मन को शुद्ध और साफ़ रखना होगा, न।'

पंडित जी की और जानने की जिज्ञासा ने, देवनाथ से पूरी कहानी कहलवा दिया ....

'पांड़े बाबा तो सरकारी नौकरी में रहने के कारण, घर कम ही आ पाते थे। उनके सगे भाई, सदानन्द ने विवाह नहीं किया और साधु के जैसा जिंदगी बिताया। वह साधुओं की टोली में इधर उधर घूमता रहता था। झबरू पांडेय जी की पत्नी व  तीनों बेटियां गांव में उनके चचेरे भाइयों गोकुल और मुकुल के परिवार के साथ ही रहती थीं।
पूरे परिवार में, केवल वे ही पढ़े लिखे थे, उस ज़माने में उन्होंने मैट्रिक पास कर लिया था। मैट्रिक होने के कारण उन्हें आसानी से सरकारी नौकरी मिल गयी। दोनों चचेरे भाइयों में से गोकुल पांचवीं तक पढ़ पाया और मुकुल तो दूसरी भी पास नहीं किया। हाँ, कूटनीति की विद्या में दोनों ही झबरू से कहीं बहुत आगे थे। झबरू, परिवार में सबसे बड़े होने और नौकरी करने के कारण, परिवार का पूरा बोझ उठाये रखते थे। नौकरी में होने से, परिवार को उनसे रुपये-पैसों की भी बहुत अधिक अपेक्षा रहती। जब उनके पिता जी जीवित थे, तभी से उनका घर पर नियमित पैसे भेजने का क्रम चला आ रहा था। गोकुल और मुकुल खेती में मंजे हुए थे। उस समय खाद पानी की समस्या तो थी ही, खाने भर अनाज तो पैदा तो हो जाता पर उसमें से बेच भी लें, इतना नहीं होता। घर में नकदी की सभी आवश्यकताएं झबरू ही पूरी करते। झबरू के भेजे पैसे के कारण पुरे परिवार का जीवन स्तर गांव के अन्य लोगों से बढ़िया था। उनके कारण, उस ज़माने में भी इन लोगों का अपना नलकूप और घर पर ट्रैक्टर था।
झबरू, पढाई का महत्त्व समझते थे, इसलिए लड़कियों और भाइयों के बच्चों की पढ़ाई पर जोर देते। वे बेटियों को खूब पढ़ाना लिखाना चाहते थे। मगर, उनके वे चचेरे भाई अपने पुत्रों को तो पढ़ाना चाहते थे, पर यह नहीं चाहते कि लड़कियां पढ़ें लिखें। झबरू के भेजे हुए पैसे, वे घर बनाने और उसके रख रखाव में खर्च कर देते। गोकुल और मुकुल के पुत्र भी पढ़ने में अधिक रूचि नहीं रखते। दोनों के दो दो पुत्र थे। कई प्रयासों के पश्चात्, गोकुल का बड़ा बेटा माध्यमिक परीक्षा पास कर पाया। बाकी सभी तो मैट्रिक भी पास नहीं कर पाए और सभी के सभी बच्चे खेती में ही रह गए।
झबरू ने बड़ी बेटी का विवाह अल्पावस्था में ही कर दिया, किन्तु दोनों छोटी बेटियों को पढ़ाने के लिए साथ शहर ले गए। वे चाहते थे कि उनकी बेटियां आत्मनिर्भर हो जायं। पढ़ लिख लेने से, विवाह के बाद भी ससुराल में उन्हें मान मर्यादा मिलती रहेगी। और हुआ भी वही, बेटियों का विवाह संपन्न परिवार में कर दिया और वे अपने अपने ससुराल में सुखपूर्वक रह रही थीं। इधर बच्चों के बड़े होने के साथ, गोकुल और मुकुल की आवश्यकताएं बढ़ती गयीं, और बात बात पर तकरार होने लगी। दोनों में मनमुटाव निरंतर बढ़ता गया। हमेशा किसी न किसी बात पर खट-पट होती रहती थी, और कई बार तो झगड़े का रूप ले लेती। झगड़े में उनकी पत्नियों की भूमिका भी कम न थी। दोनों खूब बढ़ चढ़ के लड़ लेतीं। उनके बीच झगड़ा होने पर, बड़ी पडाईन तटस्थ रहती थीं। उन्हें दोनों देवरानियों का सम्मान समान रूप से मिलता रहता।'
'लेकिन घर कैसे उजड़ा ?' पंडित जी ने फिर पूछा।
'वही,  चचेरे भाइयों के झगड़ों ने बंटवारा करा दिया। एक दिन दोनों में खूब झगड़ा हुआ और झबरू को खबर भिजवा दिया गया, जल्दी से जल्दी आ जाओ, घर का बंटवारा होना है। झबरू तो संतोषी व्यक्ति थे और उन्हें अधिक की आवश्यकता भी नहीं थी। तब तक बेटियों का विवाह  कर चुके थे, खुद का क्या? मियां-बीबी कहीं भी रह लेंगे। सरकारी नौकरी में थे ही, बुढ़ापे में पेंशन मिलेगी, जिसके साथ रहेंगे, वही सिर पर उठाये रखेगा। उन्होंने वहीँ से सन्देश भिजवा दिया कि गोकुल और मुकुल खेत और घर बांट लें तथा उनका हिस्सा छोड़ दें, जब आएंगे तो देखेंगे।

बंटवारे में गोकुल और मुकुल की बुद्धि समान स्तर पर कार्य करने लगी। अच्छी जमीन तथा नया वाला घर वे अपने हिस्से में ले लिए और दूर के खेत तथा संकरी गली में स्थित पुराना मकान झबरू के हिस्से में आया। नया घर बहुत छोटा था, पर खुल्ले में था और यहाँ बहुत सी जमीन थी। पांड़े बाबा को गली के अंदर वाला मकान यह कहकर दिया कि तुम्हारे पैसे से बना है। यह सुनकर बाबा को इस बात से संतोष हुआ, चलो मेरे दिए पैसे को तो इन्होने महत्त्व तो दिया।
तीनों बेटियां अपने-अपने घर में सुखी थीं। न तो पांड़े बाबा को न ही उनकी पत्नी को अपने हिस्से को लेकर कोई खास दिलचस्पी थी। उन्हें पता था, सेवानिवृत्ति के पश्चात्, गोकुल या मुकुल में से ही किसी के साथ रहना है। जो कुछ हिस्से में आएगा वह सब जिसके साथ रहेंगे, उसे ही सौंप देंगे। वैसे तो सरकारी नौकरी है, पेंशन मिलेगी; उसी से उनका सब काम चल जायेगा। बस ये है, जन्मभूमि छोड़कर, बेटियों के यहां रहने नहीं जायेंगे।'

'लेकिन यह तो सरासर अन्याय है। जो गांव में घर पर नहीं रहता, उसके साथ घर वाले भी बेईमानी करने से नहीं चूकते। जमीन जायदाद का मामला ही ऐसा है। वैसे तो पुस्तैनी जमीन में बेटियों का भी हक़ होता है। उनमें से किसी ने आपत्ति नहीं जताई।' पंडित जी ने पूछा।
'हाँ, बेटियां अपने ससुराल में ही व्यस्त थीं। उन्हें इधर ये सब देखने की फुरसत कहाँ थी। और तब भी इन्हें कहाँ संतोष हुआ। नये मकान में केवल दो ही कमरे बने थे और पुराने दो मंजिले मकान में सात-आठ कमरे थे। गोकुल और मुकुल ने यह कहकर की बहुओं के लिए, अंदर वाला मकान अधिक उचित है; एक-एक कमरा उसमें भी कब्जिया लिया। झबरू को इसमें भी कोई आपत्ति नहीं हुई। वैसे भी मकान में कोई नहीं रहेगा तो भूत का डेरा हो जायेगा। अच्छा ही है, ये लोग रहेंगे तो कम से कम चहल-पहल रहेगी और साफ़ सफाई होती रहेगी। बेटियों में से भी कोई आयेगा तो घर में चहल पहल रहेगी।'
'अच्छा! भला बताओ!'
'अब झबरू के सेवानिवृत्ति का समय समीप आ गया। गोकुल और मुकुल को चिंता सताने लगी कि कहीं झबरू घर वापस आयें तो पुराना घर छोड़ने को कह दें।  और तो और, उन्हें यह भी डर था कि कहीं आगे चलकर, झबरू अपना मकान बेटियों को न दे दें। गोकुल ने चाल चली और बोला, पुराने मकान में बहुत अधिक ईंटें लगी हैं।  नए वाले मकान से लगभग छः-सात गुना, इसलिए आधे मकान की ईंट उखाड़ ली जायें और उन्हीं ईंटों से अपने हिस्से के मकान में कुछ और निर्माण कार्य करवा लें। गोकुल और मुकुल ने मिलकर, यह प्रस्ताव झबरू के समक्ष रखा। झबरू इस प्रस्ताव से बहुत खिन्न हुए। उन्होंने कहा, यही करना था तो तुम लोग वो पुराना मकान भी अपने पास ही रखते। मैं बाहर सहन में अपने लिए एक कमरा बनवा लेता। हमें तो बस दो मुर्गी को रहना था, इतना बड़ा मकान क्या करना था। खैर, वो दो भाई और भरा पूरा परिवार और इधर पांड़े बाबा अकेले, उनको साथ रखे बिना इनका काम कैसे चलता। वो जो कहते गए, ये हाँ करते गए।

अंततः, इन सब बातों से क्षुब्ध, झबरू ने कह दिया पूरा मकान ही उजाड़ दो, वे अपने रहने के लिए गांव से सटे अपने खेत में मकान बनवा लेंगे। फिर क्या था शेर और ऊंट वाली कहानी हो गयी। वे दोनों भाई घर उजाड़ने के लिए टूट पड़े। देखते ही देखते वह आलीशान मकान खंडहर में बदल गया। घर में लगी आधी से भी अधिक ईंटे उखड़ कर बाहर आ गयीं। सारा गांव तमाशा देख रहा था। घर को उजड़ते दुःख तो सभी को हो रहा था पर किसी को समझाने बुझाने, आगे कोई नहीं आया। गोकुल और मुकुल के ससुराल वालों को पता चला तो वो भी बड़े दुखी हुए। वे लोग रिश्तेदारी करने आते थे तो उन्हें इतना बड़ा मकान देखकर बड़ा गुमान होता था और इसमें उठ बैठ कर बहुत आनंद आता था। वे अपने-अपने गांव में भी अपनी बहनों के घर की प्रशंसा करते नहीं अघाते थे कि उनकी बहन का विवाह कितने बड़े घर में हुआ है। वे चाह कर भी कुछ नहीं बोल पा रहे थे, क्योंकि यह उनके ही बहन के हित की बात थी; उन्हें अपना मकान बनाने के लिए ईंट जो मिल रही थी।
पांड़े बाबा सेवानिवृत्त होकर, गांव से सटे खेत में, अलग घर बनवा कर रहने लगे। भीतर वाले खंडहर में तो वे झांकने भी नहीं जाते। बची खुची ईंटे वहीं रखवा दिए थे। अपने नए मकान में उसमें से एक ईंट भी नहीं लगवाए। इनका खाना पीना गोकुल के ही साथ होने लगा। इनके लिए गोकुल के यहाँ से भोजन बनकर आ जाता। अब गोकुल के परिवार से पांड़े बाबा का प्रेम बढ़ गया था। धीरे-धीरे अंदर वाले मकान पर गोकुल के परिवार का पूरा अधिपत्य हो चुका था।
अब गोकुल के दूसरे बेटे का विवाह होने वाला है। नए घर में स्थान कम होने के कारण, बड़ी वाली बहू पहले ही त्रासदी सह रही है। गोकुल ने सोचा कि अंदर वाले मकान को थोड़ा ठीक करा लिया जाय और चारों ओर  चारदीवारी खड़ी कर दी जाय तो कम से कम, बहुएं वहीँ रह लेंगी। अब गोकुल बहुत पछता रहा था, काश! वो घर उजड़ा नहीं होता तो बहुएं कितने सुख से रह रही होतीं। यह सब उसी के कारण हुआ। उसे क्या पता था, बड़े भइया उसी के साथ रहेंगे और यह सब उसे ही मिल जायेगा।

पांड़े बाबा, गोकुल के छोटे बेटे सोनू को बहुत प्यार करते हैं। सोनू भी इनकी बहुत सेवा करता है। उनके चारपाई, विस्तर से लेकर, पैर दबाने तक का काम भी नियमित रूप से करता है। इसकी शादी को लेकर, झबरू जी बहुत उत्साहित हैं। उनकी प्रबल इच्छा है कि शादी से पहले यह मकान नए सिरे से बन जाय। नये सम्बन्धी देखें तो कहें कि किस घर में हमने बेटी दी है और नई दुल्हन की डोली भी इसी घर में उतरेगी। उन्होंने देर किये बिना ईंटे गिरवा दी हैं। पांड़े बाबा की छोटी बेटी ने कहा भी, जब वहां रहना ही नहीं तो पापा नए सिरे मकान क्यों बनवाने जा रहे हैं। पांड़े बाबा ने उसे समझा लिया, बेटा! हमें रहना इनके ही साथ है, ये सुख से रहेंगे तो हमें भी सुख मिलेगा। गोकुल सोचता अवश्य है, पर वश की कहाँ  कि वह मकान बनवा ले। अब तो वह मन ही मन बहुत पछताता है, कि उसी के कारण इतना बड़ा और सुंदर मकान उजाड़ दिया गया।  उसे पता होता कि यह उसी के काम आना है तो एक ईंट भी टस से मस नहीं होने देता।
अब तो यही देखना है की यह नींव की ईंट कितनी मजबूत है और इस पर खड़ी ईमारत कितना आलीशान होगी।'
'हाँ, सही कह रहे हैं ठाकुर साहब ! भाई तो अगली पीढ़ी में भी होंगे। उनकी कैसी बुद्धि होगी, यह तो इसी पर निर्भर करेगा न।'