Wednesday, 3 August 2016

Laghu katha


जज साहब

जज के कमरे से बाहर निकल कर जमुना प्रसाद, न्यायलय के प्रांगण में ही एक पेड़ के नीचे चबूतरे पर बैठ कर बड़बड़ाने लगे : 'बताओ कितने वर्ष हो चुके, इतने साक्ष्य भी प्रस्तुत कर दिया, मगर न्यायालय एक हत्यारे को सजा तक नहीं दे पा रही।'
बगल में बैठा एक व्यक्ति बोला, 'आप जिस अपराधी की बात कर रहे हैं वह बहुत प्रभावशाली है, मंत्रियों तक उसकी पहुँच है, राजनीति में भी दखल रखता है। जज साहब भी क्या करें, आखिर उन्हें भी तो इसी समाज में रहना है। कोई किसी प्रभावशाली व्यक्ति का रिश्तेदार तो कोई खुद का ही। अपराधी तत्व तो सरकार तक से जुड़े हुए हैं। जज साहब को भी अपनी बचानी है।'
जमना प्रसाद भड़क उठे।  'इस तरह का समाज बनने में क्या जज साहब का हाथ नहीं है? अगर निष्पक्ष और निर्भीक होकर अपराधियों को सजा देते होते तो ऐसा समाज पनपता ही कैसे। प्रभावशाली तो वे तब होते हैं जब गलत और अवैध तरीके से अपना प्रभाव दिखाते हैं, उनके विरुद्ध एक तो शासन कुछ नहीं करना चाहता और कोई शिकायत न्यायलय तक पहुँच भी जाय तो  न्याय में इतना बिलंब कि वह महत्वहीन हो जाय, ये समझौता है या न्याय ?'
वह व्यक्ति निःशब्द था।

   
झूठ का पाठ


साली की राखी

कमला, होली पर जीजा से खूब होली खेली। पिचकारी भर भर कर रंग डालने लगी। प्यारे लाल, आखिर ससुराल जो आये थे। जीजा जी भी साली की ठिठोली का भरपूर आनंद उठा रहे थे। एक बार रंग डाल कर कमला भागने लगी तो जीजा को भी अवसर मिला और हाथ में गुलाल लिए दौड़ पड़े। कमला को पकड़ कर उन्होंने बाँहों में भर लिया और धीरे धीरे मुंह पर गुलाल मलने लगे।
कमला चिल्लाती रही, 'जीजा जी! दूर से। इस तरह नहीं पकड़ो।'
पर, जीजा ने एक न सुनी, 'हे, हे; साली आधी घरवाली' कहते गुलाल मलते रहे।
गुलाल आंख में पड़ गया और कमला पीड़ा से व्यथित हो गयी। कमला की भाभी, उर्मिला सब देख रही थी। उसने तुरंत ही आंख साफ किया और कमला को कमरे में ले गयी। प्यारे लाल यूँ पश्चाताप तो कर रहे थे, फिर भी उर्मिला ने सुना दिया, 'नंदोई जी! आप कह रहे थे, साली आधी घरवाली होती है।  एक बात बताना - पति पत्नी के ससुराल के बाकी रिश्ते एक दूसरे के लिए समान्तर होते हैं, जैसे पिताजी, माताजी, भाई साहब आदि, तो बहन को बहन क्यों नहीं ? साली क्यों ?'
प्यारे लाल के पास कोई उत्तर तो था नहीं, और तो और ढिठाई से प्रश्न कर दिया,  'तो क्या साली से राखी बँधवाऊं ?'
'बंधवा लोगे तो बड़प्पन ही बढ़ेगा, छोटे थोड़े ही हो जाओगे, नंदोई जी !'


महंगा लहंगा

'इतना महंगा लहंगा और बस एक बार पहनना है। देखो मालती के लिए लहंगा बनवाया, बस एक बार शादी में पहनी और तबसे धरा ही रखा है। 'बहन जी! सुशीला की शादी में लहंगा चुन्नी मत बनवाना . मालती का संभाल कर रखा है, ले लेना। बिलकुल नया है, बस एक बार ही तो पहनी है। शादी के बाद, ड्राई क्लीनिंग करवाके रख लेंगे।  जो पैसे बचेंगे कहीं और काम आ जायेंगे। शादी व्याह में तो दुनिया भर के खर्चे होते हैं। ' मालती की माँ ने सुमित्रा से कहा।
सुमित्रा ने भी हां में हां मिला दिया।
बारात आ गयी थी, जयमाल की तैयारी चल रही थी। दूल्हे राजा मंच पर सजे बैठे थे। सुशीला को उसकी सहेलियां, सुन्दर सी चादर की छाँव में लेकर आ रही थीं। सभी की नजर दुल्हन की सुंदरता पर टिकी थी। सभी की सभी स्त्रियां सुशीला की सुंदरता की प्रशंसा कर रही थीं। कोई उसके मेक-अप की प्रशंसा करता तो  कोई कहता कितनी सुन्दर जोड़ी है।
स्त्रियों की भीड़ में मालती की दादी भी थीं। वे एक एक को खोद कर बता रही थी, 'देखो मालती के लहंगे में शुशीला कितनी सुन्दर लग रही है। बहुत मंहगा बनवाया था।'




पड़ोसी तो बस पड़ोसी है


सिंघवी जी को अपने प्रारम्भ से ही अपने पद  का बड़ा गरूर था। पदोन्नति के पश्चात वे उप आयुक्त बन चुके थे। उनके बगल वाला फ्लैट कामता का था।  कामता, एक सरकारी विभाग में चपरासी के पद पर कार्यरत था। सिंघवी जी के यहां  आने वाला उनका कोई मित्र या रिश्तेदार, जब पूछता बगल वाले फ्लैट में कौन रहता है? तो हेय भाव से बोलते, ' है, एक चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी।'
एक बार, उनका सहकर्मी सचदेवा आया तो उससे भी उन्होंने वही बात कही। सचदेवा को यह परिचय अच्छा नहीं लगा और बोल पड़ा, 'सिंघवी जी! पडोसी तो पडोसी होता है, चपरासी या आयुक्त नहीं। आप घर में भी निदेशक ही बने रहते हैं क्या? अरे, जहाँ हैं, वहां हैं।  हो सकता है, आपका कोई रिश्तेदार, किसी छोटे पद पर हो, इसका अर्थ यह तो नहीं वह आपके अधीनस्थ हो गया।' मगर सिंघवी जी को इन बातों का कोई अंतर नहीं पड़ता। वे अपनी प्रतिष्ठा के प्रति बड़े सजग रहते और पद का गर्व रखते। ये तो उनकी बदकिस्मती थी आबंटन में उनके पड़ोस वाला फ्लैट चपरासी का निकल गया। वे बहुत ईमानदार थे और उनके ऊपर अपने परिवार का दायित्व इतना था कि वे बड़ा घर नहीं ले सकते थे। उन्होंने एक बार प्राधिकरण में फॉर्म भर दिया और यह फ्लैट निकल आया। वे तो कामता को हेय की दृष्टि से देखते परन्तु कामता उनकी सदैव मदद करता रहता।  उनके बच्चों की शादी में उसने, व्यवस्था करवाने, मेहमानों के आवभगत करने में बहुत मदद की, यहाँ तक कि अपने फ्लैट का एक कमरा उनके मेहमानों के लिए खाली कर दिया।

उम्र के साथ सिंघवी जी सेवानिवृत्त हुए। अब विभाग की सभी सुविधाएँ बंद हो गयीं। सभी काम उन्हें स्वयं ही करना होता। बेटे को पढ़ा लिखा कर विवाह कर दिया और वह बहू को लेकर बंगलोर चला गया था।  दोनों बेटियां अपने अपने ससुराल चली गयीं। एक बार वे तेज बुखार और शरीर की अकड़न से बहुत पीड़ित हुए। घर पर उनकी पत्नी, रमा के अतिरिक्त कोई नहीं था। रमा को कुछ नहीं सूझ रहा था, वह क्या करे, कहाँ दिखाए। उसने बेटे श्रीकांत को फोन किया तो वह परसों तक आने को बोला। सिंघवी जी के पुराने कार्यालय में फ़ोन किया तो सचदेवा नहीं मिला और सैनी ने मीटिंग में व्यस्त होने की बात कही। रमा बहुत व्यग्र होने लगी। अभी एम्बुलेंस बुलाने के लिए टेलीफोन ही करने जा रही थी कि उनकी बीमारी के बारे में कामता की पत्नी को पता चला। कामता की पत्नी ने जैसे ही कामता को फ़ोन पर बताया, वह छुट्टी लेकर आ गया। कामता ने लक्षण से भांप लिया, वे डेंगू के शिकार हो गए थे। बिना देर किये सिंघवी जी को लेकर सरकारी अस्पताल गया। वहां एक डॉक्टर से उसका परिचय था, इस कारण बिना किसी परेशानी के उनकी अच्छी देख भाल हो गयी। उनका पलेटलेट बहुत गिर गया था और डॉक्टर ने तुरंत पलेटलेट का प्रबंध करने के लिए बोला।
अस्पताल से पलेटलेट लेने के लिए, खून देने की आवश्यकता पड़ गयी। कामता ने अपने बेटे से अनुरोध कर, रक्त दान करवाया। जब तक श्रीकांत बंगलोर से आया सिंघवी जी के स्वास्थ्य में काफी सुधार हो चुका था। श्रीकांत बस अस्पताल से घर लाने की औपचारिकता भर कर पाया। अब वे कामता के बड़े शुक्रगुजार थे। उसके कारण सही समय पर चिकित्सा के अतिरिक्त उनके काफी पैसे भी बच गए। निजी अस्पताल में तो लाख से ऊपर का बिल आता।

अब कामता कभी किसी से कहता, 'मैं सरकार में एक छोटा सा कर्मचारी हूँ '  तो सिंघवी जी तुरन्त टोक देते, 'कौन कहता है, आप छोटे हो। देखो, मैं तो वो भी नहीं हूँ।'

एस० डी० तिवारी


रैली ने रोका

बहुत बड़ी रैली थी। कहने वाले कह रहे थे, पार्टी वालों ने किराये पर भीड़ जुटाया है। दक्ष के पापा को दिल का दौरा पड़ा, एम्बुलेंस में लिये वह रास्ता मिलने की प्रतीक्षा कर रहा था। रैली थी कि ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रही थी। एम्बुलेंस का साईरन निरंतर बज रहा था। पर भीड़ के कहाँ कान और कहाँ मस्तिष्क। दक्ष समझ नहीं पा रहा था कि वह इंसानों कि बस्ती में है या किसी जंगल में। आखिर नेता लोग अपनी शक्ति प्रदर्शन के लिये लोगों को क्यों तंग करते हैं, वो भी लोगों के ही द्वारा।  दक्ष एम्बुलेंस से उतर कर अनुरोध करने लगा 'भाई एम्बुलेंस निकल जाने दो, पापा की जान खतरे में है, कहीं अनहोनी न हो जाय।'
रैली के बीच में से आवाज आई, 'शीशा तुड़वाना है क्या ?'              
अब उसके पास प्रतीक्षा और ईश्वर से प्रार्थना के अतिरिक्त कोई विकल्प नहीं था।


अंतिम अध्याय
मालिनी के घर सहेलियों का मजमा लग गया था। कोई किट्टी पार्टी नहीं थी, बस यूँ ही साथ की पढ़ी कमला और सोनम आ गयी थीं। पड़ोस की मनोरमा भी आ धमकी। मालिनी के पति शहर से कहीं बाहर गए हुए थे।  दिन भर बैठ कर चारों ने खूब बातें की, चाय समोसा हुआ। अब बच्चों के स्कूल से आने का समय हो चुका था।
'भाई वाह ! मजा आ गया।  बहुत दिनों के बाद, इतनी बात करने का अवसर  मिला, जी भर के बातें हो गयीं, फोन पर इतनी बात कहां हो पातीं। अब चलते हैं, तेरे बच्चों के आने का समय हो गया', कमला ने कहा।
'हां, हां' करते सब घर से निकल गयीं। यूँ लग रहा था की अब बातों का अंत हो  चुका था, पर जब वे घर की दहलीज पर खड़ी हुईं तो एक-एक करके और बहुत सी बातें याद आने लगीं। दरवाजे पर खड़े खड़े, आधा घंटा निकल गया, लग रहा था कि अभी कितनी सारी बातें बाकी रह गयीं। आज का दिन तो बातों के लिए बहुत कम था। इतने में मालिनी का बेटा स्कूल से आ गया।
'चलो, अब चलती हूँ, अप्पू आ गया। उसे कुछ खाने पीने को दूँ।'
तभी सोनम बोली, 'अरे कांता की बात तो बतानी ही भूल गयी।'
'आज नहीं, फिर कभी। '
'चल फ़ोन पर बात कर लेंगे।'


न्याय

कल्लू और जानी दोनों एक ही अपराध, मोबाइल चुराने में गिरफ्तार हुए थे। कल्लू की तो पहली पेशी में ही जमानत हो गयी, पर जानी अति निर्धन होने के कारण न तो वकील कर पाया, न ही, उसकी कोई जमानत देने वाला था। वह अपने अपराध के लिए नियत सजा का लगभग आधा समय जेल में बिता चुका था। इस बार न्यायलय में पेशी पर उसकी माँ भी आई थी। उसे जो भी वकील मिलता, 'मेरे बेटे को छुडवा दो साहब, पुलिस वालों ने उसे झूठा ही फंसाया है। '
वकील अनसुनी कर आगे बढ़ जाते।
इस बार उसने सोच लिया था, वह अपनी पैरबी खुद करेगी। वह जज के सामने जा धमकी और रोते हुए कहने लगी, 'जज साहब, जानी बेकसूर है। इसे फंसाया गया है। कैद में एक साल के करीब हो गए, अभी तक जमानत भी नहीं हुई। कल्लू के पास पैसा था, छूट गया। मैं वकील नहीं कर सकती, साहब! मेरी गरीबी के कारण, यह जेल में है।  '
न्यायलय के सामने समस्या थी बिना जमानत के छोड़ दिया तो वह पुनः अपराध कर सकता है, और पकड़ने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं होगा। फिर भी जज साहब ने कहा, 'मैं तुम्हें सरकारी वकील दिला देता हूँ, जमानती का इंतजाम कर लो। '
'मैं ही जमानत दूंगी साहब, जिनके यहाँ झाड़ू, पोछा, बर्तन करती हूँ, वो तो आने से रहे।'

एस० डी० तिवारी


वी. आई. पी. सीट
ट्रैन के प्रथम श्रेणी के वातानुकूल कोच में सांसद जी की शय्या आरक्षित थी।  वे अपने कुप्पे में प्रवेश करते ही   उन्हें छोड़ने आये सहायक को निर्देश दे दिए कि ऊपर वाली दोनों शैय्याओं को मोड़ दे और जाकर टिकट निरीक्षक को बुला लाये। टी.टी.इ. के आते ही सांसद ने कहा, 'देखो मैं सोने जा रहा हूँ, इस कुप्पे मे और कोई न आये। किसी का आरक्षण हो तो कहीं एडजस्ट कर देना।'
'एस सर '  कहकर टिकट निरीक्षक द्वितीय वातानुकूल कोच में एक सीट पर बैठ गया और बड़बड़ाने लगा, 'बताओ कितनों को सीट नहीं मिल पाती है और एक व्यक्ति चार सीट घेर कर बैठ गया। इन लोगों ने तो कानून को अपनी जेब में रखा है। संविधान में समानता बस नाम के लिए है?'
एक यात्री टीटीइ की हां में हां मिलाते हुये बोला, 'यह देश तो भाई, बस वीआईपी लोगों का है। सरकारी साधन इनसे बचे, तभी किसी को मिल पाता है। बड़े सरकारी अस्पताल इन्हीं लोगों के निमित्त, पुलिस का ही देखो, एक बड़ा भाग वीआईपी सुरक्षा में होता है और जनता की सुरक्षा  ... '
"क्या करें, सर ? हम लोग तो सरकारी नौकर हैं। "

एस० डी० तिवारी


नोट का क्या करें ?

नोट बंदी की घोषड़ा ने सबको परेशान कर रखा था।  जिसे देखो वही बैंकों की कतार में खड़ा।
एक बड़े नेता बहुत चिंता में डूबे थे। वे अपने संकट मोचक बाबा के पास पहुंचे। कभी भी कोई समस्या आती तो समाधान ढूंढने, नेता जी, बाबा के पास जाते।  बाबा से उन्होंने अपनी चिंता जताई, विस्तार से बताई।
'बाबा! सरकार ने पांच सौ और हजार का नोट बंद कर दिया, और मेरे पास तो हजार करोड़ से भी अधिक हैं जो मैंने चुनाव के लिए एकत्र कर रखा है। इसे बैंक में भी जमा नहीं कर सकता, क्योंकि यह सब काली कमाई है। और तो और इसमें से कुछ पैसा उम्मीदवारों को टिकेट देने के बदले लिया था। अब आप ही कोई समाधान बताईये, बाबा। मैंने कितना बुद्धि लगाकर और परिश्रम करके यह पैसा एकत्र किया है।  अगर आप कोई समाधान नहीं निकालेंगे तो यह कागज हो जायेगा।'
बाबा ने नेता जी से कहा 'वत्स, चिंता मत करो, आखिर तुम्हें यह पैसा चुनाव में ही तो खर्च करना है।उसे अभी खर्च कर दो और समझो कि चुनाव के लिए निवेश किया है। इन रुपयों को निर्धन मतदाताओं के खातों में दो-दो, चार-चार हजार करके जमा करा दो। वे तुम्हारे कृतज्ञ रहेंगे और तुम्हारे लिए मतदान करेंगे।'
'मगर यह मैं बाटूंगा तो मीडिया वालों को पता नहीं चल जायेगा। फिर वे बदनाम करेंगे, नेता जी के पास इतना पैसा कहाँ से आया।'
'हाँ, यह तो मैंने सोचा ही नहीं। कोई बात नहीं, यह काम अपने एजेंटों द्वारा कर लें।'

बाबा के पास पहले से ही उपस्थित एक उद्योगपति भी अपनी उसी तरह की समस्या लिए बैठा था। बाबा ने  उसे उपाय बता दिया, 'तुम अपने पैसे को बैंक में डाल दो और अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट से बात करके इस वर्ष अधिक व्यापार और लाभ दिखा देना। लाभ पर कर तो चुकाना पड़ेगा पर तुम्हारा वह पैसा कानूनी हो जायेगा।'

जब दोनों चलने लगे तो बाबा ने कहा 'सौ करोड़ के लगभग तो मेरे पास भी रखे हैं, थोड़ा थोड़ा करके इसे भी उसी में एडजस्ट कर देना। '



- एस० डी० तिवारी


घर का चोर

टेलीविज़न पर, प्रधान मंत्री का राष्ट्र को संबोधन समाप्त ही हुआ था, श्रीदेवी चाय लेकर आयी। चाय, मेज पर रखकर, सोफे पर बैठ गयी।
'ये पांच सौ और हजार का नोट बंद हो गया, अब इनका क्या होगा?'
'हमें क्या चिंता है, हमारे पास कोई काला धन थोड़े ही है कि चिंता करें। ये तो उनके लिये समस्या है जो दो नंबर से कमाई करते हैं और कर नहीं चुकाते। '
'अब वे क्या करेंगे ?' श्रीदेवी ने फिर पूछा।
'करेंगे क्या जो उनकी सही कमाई का होगा, बैंक के खाते में जमा करा देंगे नहीं तो रख के सड़ायेंगे। '
'सुनो जी, एक बात कहनी है। '
'हां, बोलो। '
 'बहुत दिनों से एक हार बनवाने की सोच रखी थी। सोची कि तुम्हारे ऊपर एकाएक अधिक भार न पड़े, इसलिए तुम्हारी जेब से चुरा चुरा कर पचास हजार रुपये इकठ्ठे कर रखे हैं। उसका क्या होगा ?'
श्रीकांत जी तिरछी आँखों से देखते हुए, 'हुँ ऊं.. तुमने कभी बताया नहीं, खैर बैंक खुलने दो। वाह प्रधानमंत्री जी, चोर पकड़ने की आपकी योजना की तो अच्छी शुरुआत हुई  .. '

- एस० डी० तिवारी

मिट्टी की मिट्टी

मदन पाल का महल जैसा घर था और वह अकूत संपत्ति का स्वामी बन बैठा था । एक कमरा तो समझो कि नोटों से भरा था।  नोट बंद होने का समाचार पाकर, पति  पत्नी चिंता में डूबे थे। समझ नहीं पा रहे थे कि वे क्या करें। जीजा जी से भी बात कर लिया, मगर कोई हल नहीं निकला। मदन पाल को पहली बार लगा कि उसके जीजा से भी ऊपर कोई हो सकता है। पहले उसकी बिल्डिंग मैटेरियल की  छोटी मोटी दुकान हुआ करती थी, जब जीजा जी मंत्री बन गए तो उसके पौ बारह थे। नदी की सारी रेत मदनपाल की मर्जी से ही निकलती और बिकती जिसे वह मनमाने दाम पर बिकवाता। उसके समक्ष प्रशासन भी पंगु था। वह दिन दूनी, रात चौगुनी उन्नति करने लगा और धन का अम्बार लगा लिया।
उसकी यह स्थिति से उस दूध वाले की कहानी याद आ गयी -
एक दूध वाला नदी पार करके दूध बेचने जाता। ग्राहकों को दूध देने से पहले नदी से उसमें पानी मिला लेता। एक दिन नाव से नदी पार कर रहा था कि उसका दूध का कंडाल पलट गया और सारा दूध पानी में बिखर गया। मल्लाह उसकी करतूत से अवगत था। हंसते हुए बोल पड़ा, 'ले भइया, दूध का दूध, पानी का पानी'।
अब मदन पाल का भी मिट्टी का पैसा मिट्टी हो चुका था। उसे एक ही विकल्प सूझ रहा था कि चुपके से नोटों को नदी में फेंक आये, कहीं ऐसा न हो नोटों के साथ पकड़ा जाये और परेशानी झेलनी पड़े।

एस० डी० तिवारी


पंडिताईन का आम

पंडिताईन को उन्हें विधवा हुए वर्षों बीत चुके थे। वे पचहत्तर पार कर चुकी थीं।  निःसंतान होने के कारण अकेले ही जीवन व्यतीत करना पड़ रहा था। उनके पास दो तीन बीघा खेत था और एक आम का पेड़, यही दोनों जीवन का सहारा थे। उस समय वृद्धा पेंशन जैसी कोई चीज नहीं होती थी। खेत को कभी वे बंटाई पर दे देतीं तो कभी गांव के लोग ही उनके खेत की जुताई, बुआई कर देते थे।
यूँ तो गांव में कई लोगों के आम आदि के बाग थे, पर बच्चों को पंडिताईन के पेड़ का ही आम पसंद आता। एक तो उसका सुन्दर स्वाद और ऊपर से छिड़का पंडिताईन के गालियों का मसाला। जब बच्चे ढेला लेकर उनके आम के पेड़ के नीचे एकत्र होते, कोई एक बालक फूटकर, जाके पंडिताईन को बोल आता। वे अपना सोटा लिये, गालियों की बौछार करती चली आतीं। सभी बच्चे खिलखिलाते भाग खड़े होते।
गालियों में ही उन्हें, उनके खानदान का इतिहास पढ़ा देतीं। 'फलां का नाती, फलां का पनाती, ... तुम्हें यही पेड़ मिला है, अपना सब क्या भाड़ में झोंकोगे, आदि, आदि?'
वहां तो वे खूब सुना लेती थीं, मगर किसी के घर कभी शिकायत लेकर नहीं जातीं। और तो और जब आम तुड्वातीं तो बच्चों को बुला बुला कर बाँटतीं। उनके मरने के बाद,घर और जायदाद पर मायके के लोगों का अधिकार हो गया। बच्चे भी बड़े और समझदार हो चुके थे।
और वह आम का पेड़, अनेकों वर्ष अकेले उदासी का जीवन बिताता रहा।




हैप्पी मैरिज एनिवर्सरी

आज विवाह की वर्षगांठ थी, कौतुकी प्रातः ही केशव को  समझा रही थी 'तुम बताना नहीं, देखें मम्मी जी और पापा जी को याद है कि नहीं। मम्मी, पापा तो रात बारह बजे ही फ़ोन पर 'हैप्पी मैरिज एनिवर्सरी' बोल दिए थे।'

कामता प्रसाद और कमला टहलने गए थे, इधर केशव काम पर चला गया। शाम हुई तो कौतुकी ने मम्मी को फ़ोन मिला दिया, 'मम्मी, कैसे हो ?'

'हम लोग ठीक हैं, बेटा! तुम लोग ठीक हो न! और, एनिवर्सरी पर कहीं जा रहे हो या घर पर ही रहना है?'

'अभी पता नहीं, केशव के आने पर देखेंगे .....  मम्मी! देखा, मम्मी जी और पापा जी ने अभी तक 'हैप्पी मैरिज एनिवर्सरी' तक विश नहीं किया, उन्हें हमारे विवाह की तिथि भी याद नहीं। आप लोग कितना ध्यान रखते हैं।'

तभी कमला ने पुकारा, 'बेटा कौतिकी! देखो, ये पाजेब तुम्हें कैसी लग रही है? और ये जैकेट केशव के लिए। हम प्रतीक्षा कर रहे थे, अपनी शादी की सालगिरह का जब आशीर्वाद लेने आओगी तो साथ ही यह भेंट दे देंगे।'

मन ही मन लजाई कौतुकी पांव छूते हुए, 'अरे! बहुत ही प्यारी है, मम्मी जी,  मैं तो समझ रही थी आपको याद नहीं होगा।'
केशव भी काम से लौट आया था। भूल सुधारते हुए मम्मी पापा के चरण स्पर्श किया।
कामता प्रसाद ने पूछा, 'कहीं बाहर चलें या घर पर ही कुछ  ...... '

- एस० डी० तिवारी


काले धन का हिसाब

मंगत राम ने हाल ही में एक फ्लैट ख़रीदा। फ्लैट के मालिक ने  पहले ही तय कर लिया था कि वह पच्चीस प्रतिशत यानि कि दस लाख रुपये, दो नंबर से लेगा और वो भी नगदी के रूप में, पहले ही। समझौते  के अन्तर्गत पच्चीस प्रतिशत की राशि वह नकद ले लिया। अभी वह इस पैसे को ठिकाने भी नहीं लगा पाया कि समाचार आ गया, पांच सौ और हजार के नोट बंद हो गए हैं। उसे तो मनो सांप सूंघ गया, लाखों रुपये का प्रश्न था। पैसा बैंक में जमा करने पर उसे आय का स्रोत बताना पड़ता और काफी राशि टैक्स के रूप में जमा करनी पड़ती। उसने मंगत से कहा कि इस राशि को एक नंबर मान ले और दो नंबर की राशि बाद में दे दे।
मंगत को यह स्वीकार नहीं था, बोला, 'मेरे पास तो यह गाढ़ी कमाई का पैसा है, बैंक से निकाल कर दिया है।
अब तो समझौता के अनुसार जो बकाया राशि है, वही दूंगा।'
'मगर जो नोट तुमने दिया है वो तो बंद हो गए।'
'तो उसमें मेरी क्या गलती है। मैंने तो सही नोट दिए थे, आपके पास आने के बाद ही तो बंद हुए, आप उसी दिन बैंक में डाल देते।'
'अरे, तुम्हें नहीं पता, इसे बाहर ही बाहर निबटाना था। अब तो मुश्किल  में फंसा दिया।'
'मेरे खाते में तो आठ लाख पड़े थे, दो लाख किसी से उधार लेना पड़ा, दो दिन बाद देने के लिए बोल रहा था तो आप ही जल्दी कर रहे थे, सौदा हाथ से निकल जायेगा।'
'फिर तो अच्छा ही है, इसे बैंक में वापस डाल दो, तुम्हें क्या परेशानी है। बैंक से ही तो निकाले हैं।'
मंगत ने सोचा, उसके पैसे तो निकल ही चुके हैं क्यों न समझौता कर ले और इसी बहाने कुछ फायदा उठा ले। उसने बोला, 'ठीक है अब दो नंबर वाली राशि में से पांच लाख कम करने होंगे।'
फ्लैट के मालिक ने सोचा, बाजार में अब पैसों की कमी रहेगी और उसका फ्लैट आसानी से इस कीमत पर नहीं बिक पायेगा। उसने मंगत राम से समझौता कर लिया।



खाता गुलजार

धन्ना सेठ ने बिरजू को बुलाया, 'ये लो ढाई लाख रूपया। ' कहते हुए एक एक हजार के नोटों की दो और पांच सौ की एक गड्डी थमा दिया।
'लेकिन सेठ साहब सुना है, ये नोट बंद हो गए हैं। क्या करना है इसका ? '
'हाँ, अपने खाते में जमा करा देना, बैंक में चल रहा है।'
बिरजू के आश्चर्य का ठिकाना नहीं था, सेठ ढाई लाख दे रहा है, आखिर किस बात के। सोचा सम्भवतः उसकी दस वर्ष की कर्मठ सेवा से वह प्रसन्न है और पुरस्कार स्वरुप यह राशि दे रहा है। मगर, अपने भाग्य पर उसे भरोसा नहीं हो रहा था। वह फिर से पूछा -
'किस बात के, साहब?'
'तुम्हारे खाते में कभी पैसा नहीं होता न, लो एक बार उसे गुलजार कर दो।'
बड़ी प्रसन्नता से थामते हुए बिरजू ने पूछा, 'कितने पर हस्ताक्षर करना है? सेठ जी!'
'नहीं, नहीं। कोई साइन वोइन नहीं करना है, ले जाओ, जब ये नोटों का भूचाल शांत हो जायेगा तो दो लाख लौटा देना, पचास हजार तुम्हारे। '
बिरजू आश्चर्य चकित था, पचास हजार भी कहाँ के कम। अब तक तो सेठ, दस हजार पर हस्ताक्षर करवा के, छः हजार पगार देता था। इस मंहगाई में वह किसी तरह पेट पालता था और सेठ उसके हक़ का भी पैसा मारकर अपनी तिजोरी में डाल लेता था।
बिरजू समझता तो सब था मगर मज़बूरी मुंह नहीं खोलने देती थी। आज हंसते हुए कह दिया, सेठ जी ! मैं तो दस वर्ष से भी अधिक समय से आपकी सेवा कर रहा हूँ। हर महीने जो अतिरिक्त चार हजार रुपये के लिए दस्तखत करवाते हैं, पांच लाख तो वैसे ही बनते हैं। अब तो आपके लिए यह सब कागज ही है।
धन्ना सेठ डर के मारे कि बिरजू कहीं फूट न पड़े, 'चलो एक लाख रख लेना। '

 - एस० डी० तिवारी


दिवाली की मिठाई

जुवैदा मिठाईयों को अपने तीनों बच्चों में बाँट रही थी। बच्चे खुश हो होकर, अपनी पसंद बता रहे थे।  तभी सलीम भी आ गया। जुवैदा डब्बा उठाते हुए बोली, 'लो एक उठा लो।' सलीम ने डब्बे से चमचम उठाया और दो बार में घोंट गया।
'मिठाई तो अच्छी है, एक और दिखा।'
'रूको, पहले बच्चों को ले लेने दो।'
'कितना मिला।'
'ये आधा आधा किलो के चार डिब्बे और श्रीवास्तव जी ने दो सौ नकद देकर बोला, इसकी मिठाई खरीद लेना। पांच घर में काम करती हूँ न।'
तभी छोटा बेटा, अख्तर ने एक सील किया हुआ डब्बा खोल दिया। सलीम इस पर गुस्सा खा गया, ये लोग कोई चीज थोड़ी देर के लिए भी नहीं रहने देते। जरूरी है एक ही दिन में सब खाओ। उसने उसे थप्पड़ मारने के लिए जैसे ही हाथ उठाया, जुवैदा ने हाथ पकड़, झटक दिया। 'ख़बरदार, खाने दो जी भर। तुम तो ईद पर भी चाहते हो कि बस घर पर बनी सेवई और गुलगुलों से ही काम चल जाय। दिवाली की मिठाई इनके भाग से मिली है तो ये जी भर खाएंगे। इन दो सौ का भी, मैं मिठाई ही लाऊंगी। '

एस० डी० तिवारी


पटाखे की चोरी

आशु के तो आज दोनों हाथ में लड्डू था। दिवाली पर पापा छुट्टी आये थे, ढेर सारे पटाखे लाये थे और नए कपड़े भी। वह सबसे बढ़िया वाला पटाखा, छुपा कर रख दिया कि सबसे बाद में, उसे छोड़ेगा और नए कपडे पहन कर, गांव में घूमने चला गया।
जो देखता ' अरे नए कपडे, बड़े अच्छे हैं। '
'पापा जयपुर से लाये हैं ' कहकर, आशु दो चार कदम मटक कर चल लेता।
वापस आने पर फूलझड़ी और पटाखे छोड़ने की बारी थी, वह एक एक कर छोड़ने लगा। शाम हो गयी तो उसे, उस प्रिय पटाखे की याद आयी। वह लेने गया तो पता लगा कि पटाखा वहां से गायब। अब तो रोना-धोना, चिल्लाना प्रारम्भ।
'मेरा पटाखा किसने लिया? भइया ही  चुराया होगा। '
आशु का संदेह सही था। उस पटाखे पर बड़े भाई, मनु की दृष्टि पड़ी और वह उसे लेकर अपने मित्रों के साथ छोड़ने कहीं बाहर चला गया। घर में तूफान मचा था। नामजद रिपोर्ट, पर नीलम कुछ नहीं कर पा रही थी।
अँधेरा हो चला था, नीलम फेर में पड़ गयी, आशु को कैसे चुप कराये! अब वह, वो वाला पटाखा कहाँ से लाये! आशु था कि जिद्द पे अड़ गया, मुझे पटाखा लाकर दो। 
नीलम का भाग्य अच्छा था, घर से जाते समय मनु का एक पटाखा गिर गया। नीलम ने उसे उठाकर ताक पर रख दिया। उसकी बुद्धि काम की, वहां से उठाकर आशु को देने लगी, 'ये ले।'
'नहीं, ये वो वाला नहीं है।'
अब तो संकट गहरा गया। 'अरे तुझे नहीं पता, पटाखे वाला आया था, कह रहा था वो वाला अच्छा नहीं था, ये वाला उससे अच्छा है और अधिक आवाज करेगा। वो वाला ले गया और उसके बदले ये दे गया। '
'सच मम्मी ? जयपुर से आया था ?'
'हाँ, हाँ '
बालक का भोला मन और छोटा सा झूठ, आंगन फिर चहक उठा।

 - एस० डी० तिवारी


धारावाहिक

जमुना प्रसाद और जान्हवी की अब तक की जिंदगी बड़े प्यार से बीती थी। जमुना प्रसाद सेवानिवृत्त होने के बाद अपना समय घर में ही कुछ लिखने पढ़ने में बिताते और जान्हवी का टेलीविज़न पर धारावाहिक देखने का चस्का था ही। टेलीविज़न धारावाहिक देखने में वह पहले कई बार सब्जी जला चुकी थी।
पहले जहाँ उसे हर व्यक्ति में कुछ न कुछ अच्छाई दिखती थी, अब दोष अधिक दिखते हैं। जान्हवी दोनों बहुओं में कई कमियां देखती और वह जमुना प्रसाद से लहराती रहती। जमुना प्रसाद कहते, वे बच्चियां हैं अभी दुनियादारी का अधिक ज्ञान नहीं है, समझा दिया करो। लेकिन जान्हवी धीरे धीरे चिड़चिड़ी होती जा रही थी, कई बार जमुना प्रसाद को भी अच्छी तरह धो देती।
जान्हवी का खाली समय व्यतीत करने का बस एक ही साधन था, टेलीविज़न। अब जमुना प्रसाद कभी बीच में कोई काम कहते तो वह झल्ला सी जाती। उन्होंने उसे समझाया, 'देखो! हम लोग तो टेलीविज़न देखने पर बच्चों को डाँटते थे, टेलीविज़न बंद कर देते थे, परीक्षा के समय केबल कटवा देते थे और अब तुम इतना समय इसी में लगाती हो। एक तो कितना शोर होता है और कई बार काल्पनिक कूटनीति की बातें मन में घर कर जाती हैं।'
'अरे ..  इससे पता चलता है, दुनिया में कैसे कैसे लोग हैं, क्या क्या खेल खेलते हैं। ये धारावाहिक देखकर पता चलता है, क्या अच्छा है, क्या बुरा। '
'अरे भाग्यवान! वो तो सही है, पर वर्षों तक के लम्बे धारावाहिकों में बुराइयों की लम्बी कहानी में अच्छाई वाली बात तो बस फ्लैश मात्र बनकर रह जाएगी न। तब तक तो व्यक्ति बुराईओं के विचार में रंग भी जायेगा। वहम उत्पन्न करने वाले बीज मन में पेड़ बन जायेंगे,  सास बहू का कूटनीतिक खेल वर्षों तक देखने पर, कभी न कभी मन में बहादुर होने की भावना भी जागृत होगी ..... ।

एस० डी० तिवारी

प्यारी सी बहू

विवाह के छः महीने बीत चुके थे। सोनम के मम्मी पापा उसके ससुराल आये थे। पूरा परिवार साथ घूमने के लिए निकला और ये हुआ की रात का भोजन बाहर ही किसी रेस्तरां में  कर के चलते हैं। घूमने के पश्चात्, सभी लोग यानि की सोनम और उसके मम्मी पापा तथा मानस और उसके मम्मी पापा एक अच्छे रेस्तरां में भोजन करने चले गए। मानस और सोनम ने अपने लिए पिज्जा और कोक मंगाया बाकी लोगों ने रोटी, दाल और सब्जी ही पसंद किया।  भोजन परोसने के बाद सोनम ने अपनी सास से पूछा, 'मम्मी जी थोड़ा पिज्जा चखेंगी?'
'नहीं मैं तो रोटी ही खाऊँगी। '
दो तीन कौर खा लेने के बाद सोनम की सास ने रोटी का एक कौर तोडा और सब्जी लगाकर अपना हाथ सोनम की ओर बढ़ाया, 'देख सोनम कितनी स्वादिष्ट सब्जी बनी है। '
सोनम मुंह में कौर दबाकर सिर हिलाई 'हूँउउऊँ'।
'बता तेरा पिज्जा अधिक स्वादिष्ट है या ये रोटी सब्जी।'
सास का प्यार देख, सोनम की मम्मी की आँखों में आंसू छलक आये।






एक दिन की हिंदी
१४ सितंबर

सरकारी कार्यालय के सभी कार्य अंग्रेजी में ही थे। १४ सितंबर को हिंदी दिवस मनाने के लिए, हिंदी के शब्द ढूंढे  जा रहे थे, किस किस ने हिंदी में क्या काम किया, क्या कुछ टिपण्णी की है, आदि। हिंदी प्रखंड पिछले एक माह से इसी कार्य में लगा था। निरंतर प्रयास के पश्चात् भी एक भी अधिकारी हिंदी लिखने को तत्पर नहीं होता। होता भी कैसे! अंग्रेजी माध्यम से पढ़ने वाले ही तो अधिकारी बनते हैं। एक तो उन्हें हिंदी आती ही कम है, दूसरे हिंदी लिखने में, लघुता का अनुभव होता है। वे सोचते हैं कि लोग समझेंगे, इसे अंग्रेजी कम आती है। जो भी आदेश, परिपत्र आदि निकाला जाता, उसका हिंदी अनुवाद बाद में परिचालित किया जाता, जिसका तब तक कोई महत्त्व नहीं रह जाता। या तो कूड़े की टोकरी या किसी फाइल में नत्थी कर दिया जाता।  

विद्यापति ने हिंदी माध्यम से पढ़ाई की थी और अपना काम हिंदी में ही करते थे। इसके कारण उन्हें पूरे साल तिरस्कार का भी सामना करना पड़ता। वरिष्ठ अधिकारियों से यहाँ तक सुनना पड़ जाता : ठीक से इंग्लिश नहीं आती, किसने तुम्हें सेलेक्ट कर लिया?' विद्यापति अपमान का घूंट पीकर रह जाते। हिंदी माध्यम से पढ़ाई के कारण उन्हें किसी अच्छे विषय में प्रवेश नहीं मिला, इस कारण  हिंदी में एम. ए. कर लिया। उन्हें नौकरी तो मिल गयी पर यह नहीं पता था कि इस देश में अंग्रेजी ही शासन करती रहेगी और हिंदी के कारण सदैव तिरस्कृत रहना पड़ेगा। ग्रेजुएशन करते उनको इसका बोध तो हो चुका था कि देश का संविधान इंग्लैंड से अंग्रेजी पढ़ के आये विद्वानों ने अंग्रेजी में ही लिखा था और इसके कारण हिंदी कभी अपना सिर नहीं उठा पायेगी, परन्तु अब तक देर हो चुकी थी। अब तो उनके पास जो था उसी के आधार पर अपना स्थान बनाना था। 

उनका हिंदी का ज्ञान और हिंदी से प्रेम, उत्कृष्ट हिंदी लेखन हेतु सदैव प्रेरित करता रहता। हिंदी साहित्य विशेषतः कवितओं ने उन्हें जीवन में जो रसास्वादन कराया था, उसके कारण यह भाषा उनके मन की गहराईयों तक बसी थी। वैसे वे काम भर अंग्रेजी जानते थे।

सितंबर आते ही सबकी दृष्टि विद्यापति की और घूमी। उनके सहकर्मी टिप्पणी कर जाते: हिंदी दिवस पर तो पुरस्कार विद्यापति को ही मिलना है। कम से कम इस समय उन्हें, स्वयं को गौरवान्वित अनुभव करना स्वाभाविक ही था। तैयारियां जोरों पर थी। पूरे पखवाड़ा ही हिंदी के प्रचार प्रसार में उत्सव का सा परिवेश था। कार्यालय में हिंदी पखवाड़ा के बैनर और पोस्टर लगा दिए गये थे। कर्मचारी कई बार हिंदी के क्लिष्ट शब्द चुन कर लाते, और अन्य लोगों के उनसे अनभिज्ञ होने पर विनोद करते। १४ सितंबर को तो विद्यापति, बड़े ठाट बाट से कार्यालय आये। उन्हें पूर्ण विश्वास था हिंदी का सर्वोच्च पुरस्कार उन्हें ही मिलेगा। सुबह से ही उन्हें सहकर्मियों से अग्रिम बधाई मिलना आरम्भ हो चुका था। हिंदी दिवस के समारोह के समय आ गया, सब लोग सभागार में एकत्र हुए, अध्यक्ष महोदय ने अंग्रेजी का सहारा लेकर, अपने वाक्य पूरे करते हुए उद्घाटन भाषण दिया और पुरस्कारों की घोषणा हुई। मगर यह क्या! हिंदी प्रेम के कारण एक बार पुनः विद्यापति को निराशा का मुंह देखना पड़ा। इस बार आयोजन समिति ने निर्णय लिया था कि जो लोग हिंदी माध्यम से पढ़े हैं, वे प्रतियोगिताओं से बाहर रहेंगे और पुरस्कार अहिन्दी भाषियों को दिए जायेंगे।

एस० डी० तिवारी



बाबा का प्रवचन

टेलीविजन पर आ रहे, एक कार्यक्रम पर ध्यान गया, जिसमें एक बाबा गेरुआ वस्त्र में, भारी भीड़ के समक्ष प्रवचन कर रहे थे। वे बता रहे थे कि किसी को अपने ऊपर गर्व नहीं करना चाहिए। मनुष्य जो कुछ भी है, वह सब ईश्वर की इच्छा है, और उसी की कृपा से है, अन्यथा सभी मनुष्य एक जैसे ही हैं। कोई छोटा बड़ा नहीं होता, सभी एक ही ईश्वर की संतान हैं। मैं भी एक साधारण मानव हूँ, मुझे गुरु तो तुम लोग मानते हो।

अगले ही क्षण बोले, मैं कहीं गया और एक बड़े अधिकारी के यहाँ रुका। लोगों को उस अधिकारी से मिलने के लिए, पहले से समय लेना पड़ता है, घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ती है। और देखो, मैं उसके घर में रुका हूँ और वह मुझसे नहीं मिल पा रहा है। मुझसे मिलने के लिए वहां भी मेरे भक्त आ गए, और मेरे पूजा पाठ में व्यस्त रहने के कारण, वह अधिकारी तीन घंटे प्रतीक्षा करने के पश्चात् ही मुझसे मिल पाया।

तत्पश्चात मंच पर एक भक्त को खड़ा कर दिया गया जो बाबा की महिमा और उनके चमत्कारों का गुणगान करने लगा।

एस० डी० तिवारी


स्वामीजी के दर्शन

एक बार ट्रैन में यात्रा कर रहा था। सामने वाली बर्थ पर, मेरे एक पुराने परिचित सज्जन विराजमान हुए। एक दूसरे को देख हम दोनों ने आश्चर्य व्यक्त किया। बातचीत आरम्भ हुई तो उन्होंने एक बहुत बड़े स्वामी का नाम लेकर, मुझसे पूछ दिया, आप उनसे मिले हैं।  मैंने ना में  उत्तर दिया तो वो बोले 'पीछे वाली बर्थ पर ही हैं, चलिए मिलवा देता हूँ। '

वैसे तो मैंने उनसे कह दिया, 'मैं बाबा लोगों और डॉक्टरों से कम ही मिलना पसंद करता हूँ, जाने मन में क्या वहम डाल दें।' चूकि उनका देश भर में नाम था, बड़े बड़े मंत्री उनके शिष्य थे, लोग बहुत प्रयास करके भी उनसे नहीं मिल पाते थे और मुझे इतनी सरलता से यह अवसर मिला है, मिलने की उत्सुकता मन में उठी। कम से कम दोस्त मित्रों से तो कहूंगा कि उन स्वामी से मैं भी मिला हूँ। यह सब विचार करते उनसे कह दिया, 'चलो मिल लेते हैं।' जाकर प्रणाम करते हुए, उनके सामने वाली बर्थ पर बैठ गया । मेरे परिचित ने उन्हें मेरा परिचय बताया, तत्पश्चात स्वामी जी ने मुझसे पूछा :
'कहाँ काम करते हैं?'
मैंने बताया।
'आपके संगठन का चेयरमैन कौन है?'
उन्हें बताया।
'उनसे कहना, वे मुझसे मेरे आश्रम में मिलेंगे। उनकी कोई समस्या होगी तो उसका समाधान हो जायेगा। उनके काम काज में या सरकार की ओर से कोई समस्या होगी तो मैं देख लूंगा। आपकी पदोन्नति कब होनी है?'
'पता नहीं।'
'कोई बात नहीं, वे मिलेंगे तो मैं बोल दूंगा। मेरा आश्रम महरौली में है, अपना विवरण लेकर आ जाना।'
मैंने उनका धन्यवाद किया और अपने स्थान पर लौट आया।


खिलौना

शारदा के दिमाग में पैसे का बड़ा गरूर था, वह समझती थी पैसे से कुछ भी कर सकती है। और हो भी क्यों न, उसके पति की लाखों की मासिक आय थी। घर में महंगे से महंगा सामान था, उसे बस इस बात का शौक था उसके घर में जो कुछ हो, सबसे ऊपर हो। एक दिन शारदा की कामवाली अपने दो साल के नन्हें से बेटे को साथ लेकर आ गयी -
'मेम साहब! आज मेरे घर पर कोई नहीं है, मैं इसे साथ लेकर आ गयी।  थोड़ी देर यहीं बैठकर खेलेगा, तब तक मैं काम निबटा लूंगी।'
शारदा का भी तीन साल का बेटा था, वह कामवाली के बेटे के हाथ में खिलौना देखकर, उसे लेने के लिए रोने लगा। कामवाली ने अपने बेटे से लेकर, वह खिलौना उसे देना चाहा तो वह रोने लगा।  अब वह बड़े असमंजस में पड़ गयी, आखिर किसे रुलाये। शारदा यह देख कर बोल पड़ी, 'देख! इसके पास लाखों के खिलौने हैं, एक से एक महंगे और स्वचालित। तू ही जाकर देख ले खिलौनों वाला कमरा, पता नहीं दक्ष को इस फोकट के खिलौने में क्या नजर आ रहा है! कितने तो इससे अच्छे खिलौने कूड़े में फेंक दिए।'
काम वाली अपने बेटे का खिलौना पकड़ाते हुए बोली, 'मेम साहब! अभी बच्चा है, इसे पैसे से खेलना नहीं आता। '

- एस० डी० तिवारी


क्लब का चस्का

गुप्ता जी को मेलबर्न आये एक महीने हो चुके थे। वे अपने बेटे के साथ, उसके एक मित्र के यहाँ गए तो, उसके पिता, मलिक साहब से मुलाकात हुई। परस्पर बातचीत में मलिक जी ने गुप्ता जी से पूछा, 'बच्चे तो काम पर चले जाते होंगे, आप क्या करते हैं ?'
'बस थोड़ा बहुत टहल लेता हूँ, बाकी घर पर ही टी.वी. वगैरह देख लिया या सो गए। '
अरे, आप क्लब क्यों नहीं ज्वाइन कर लेते! आपके घर से बस एक किलोमीटर है और नाम मात्र का शुल्क, मुफ्त हौजी होती है, और तो और निशुल्क चाय काफी भी। मैं तो वहीँ चला जाता हूँ, अपने भारत के कई लोग मिल जाते हैं, समय अच्छा कट जाता है।
गुप्ता जी क्लब के सदस्य बन गए। तंबोला में जीतने पर उन्हें कूपन मिल जाता तो क्लब के रेस्तरां में खाने पीने का जुगाड़ हो जाता।  उन्हें यहाँ आनंद आने लगा। क्लब में गेमिंग मशीन भी लगी थीं।  गुप्ता जी ने सोचा, यहाँ भी भाग्य आजमाएं। उन्होंने मशीन में पैसे डाल बटन दबाना प्रारम्भ किया। आरम्भ में तो कुछ पैसे भी मिल गए, और समय समय पर 'लकी ड्रा'।  उन्होंने सोचा कि अच्छा है, यहीं से पैसे मिल जायँ तो छोटे मोटे खर्च के लिए, बेटे से मांगने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। लेकिन बाद में धीरे धीरे, मशीन पैसा खाने लगी।

एक दिन गुप्ता जी ने थोड़ा अधिक साहस दिखा दिया, स्पष्ट है कि हानि भी अधिक होनी थी। आकर जब बेटे से बताया तो वह अबिलम्ब सौ डॉलर का नोट उन्हें पकड़ाने लगा। गुप्ता जी परिपक्व व्यक्ति थे। उन्होंने पहले ही आत्म मंथन कर लिया था, 'कभी मैं बेटे को ऐसी जगहों पर जाने से रोकता था, उसे पैसे देने से मना करता था और आज मैं अपने बेटे के पैसे लेकर जुआ खेलूंगा! मुझ पर धिक्कार है। '
बोले - 'इसकी आवश्यकता नहीं।'


सोच का बोझ

दोनों की एक ही मंजिल थी और एक ही राह से गुजरना था। एक, लोगों को जब मार्ग में देखता तो सशंक हो जाता, बार बार सोचता, न जाने इनमें से कौन क्या समस्या खड़ी कर दे। जो भी मिलता, राह में वाधा उत्पन्न न कर दें, यह सोचकर बचने का प्रयत्न करता।
दूसरा जब लोगों को देखता तो मन में संतोष व्यक्त करता। चलो मैं अकेला नहीं, यदि कोई समस्या हुई तो कोई न कोई आकर मदद कर ही देगा।
दोनों ही बारी बारी से बिना किसी झंझट के गंतव्य तक पहुँच गए।
पहला तो अपनी सोच का बोझ ढोते थक गया था और विश्राम के उपाय ढूंढने लगा। दूसरा स्वयं को हल्का अनुभव करते अपने आगे के काम में जुट गया।


स्पीड लिमिट

सोचते सोचते पियूष की नयी कार आ ही गयी। उसने निश्चय किया था कि कार में सबसे पहले पापा को बिठाकर मंदिर घुमायेगा। वैसे तो एक मंदिर घर के पास भी था परन्तु सोचा जब कार से जाना है तो किसी बड़े मंदिर चलते हैं। पापा भी वहां तक हो आएंगे और वह कार भी कुछ दूर तक चला लेगा।

पापा से जाकर बोला, ' पापा! कार आ गयी, 'चलिये मंदिर होकर आते हैं। '

पियूष पापा को कार की खूबियां बताने लगा। पापा भी उसकी प्रशंसा कर रहे थे।  देखते ही देखते, कार हवा से बातें करने लगी।

'देखिये पापा! अस्सी के ऊपर जा रही है।  मैं सौ से भी ऊपर की स्पीड में चला लेता हूँ। '

'नहीं बेटा! मुझे तेरी स्पीड नहीं देखनी, तेरी सुरक्षा देखनी है। स्पीड नहीं, स्पीड लिमिट का ध्यान दे।'



काला कौवा - १

इतना बड़ा कौआ और एक नन्हीं सी चिड़िया शोर मचाती उसका पीछा कर रही थी। देखते ही देखते तीन चार चिड़ियाँ और जुट गयीं। कौआ आकर एक मुड़ेर पर बैठा। पीछा करतीं चिड़ियाँ, उस कौए को घात लगाकर चोंच मार रही थीं। कौआ, चुप चाप सब सह रहा था। मैं देख कर चकित था, आखिर कौआ इतना बड़ा होकर भी कुछ नहीं कर पा रहा है और मार खा रहा है।  संभवतः उसके मन का चोर उसे निर्बल बना रहा था। बेचारी चिड़ियाँ थोड़ी देर चिल्लाकर फिर थक हार कर चली गयीं। कौआ निर्लज्ज की भांति वहीँ बैठा रहा।
उनकी भाषा तो समझ नहीं आ रही थी पर दृश्य देख कर मैं यही समझ पा रहा था कि वे चिल्ला रही थीं  -       'अंडा चोर! अंडा चोर!'
और उससे निष्प्रभावित् कौआ अपनी अगली योजना में तल्लीन था।


काला कौआ - २

एक कौआ जैसे ही आकर डाल पर बैठा, उस वृक्ष की सभी नन्हीं पक्षियों ने उसे घेर कर शोर मचाना प्रारम्भ कर दिया। पहले तो लगा कि जैसे कोई बड़ा नेता आ गया हो और जनता जनार्दन उसे घेरकर जय जय कर रही हो।पर यह क्या! कई तो उसे चोंच भी मार देती थीं।  व्याकुल होकर कौवे को वहां से जाना पड़ा। मेरा तीन वर्ष का नन्हां पौत्र तनय भी यह दृश्य देख रहा था, उसने मुझसे प्रश्न कर दिया, 'दादा जी ! वे चिड़ियाँ कौवे को क्यों भगा दीं ? क्या कौवा काला है, इसलिये ?'
मैं उसका उत्तर देता इससे पहले ही उसकी माँ बोल पड़ी, 'नहीं, उसका काला होना नहीं, उसके मन का काला होना उनमें भय उत्पन्न कर रहा है। वे डर रही हैं, कहीं वह उनके अंडे न चुरा ले।' तनय सोच में पड़ गया।


काला कौवा - ३

एक पेड़ पर, एक कौवा और कुछ चिड़ियां बैठी थीं।  कौवे ने देखा, चिड़ियाँ पेड़ से जातीं और एक एक दाना चुन कर लातीं। उसी में से कुछ अपने खातीं, कुछ बच्चों को खिलातीं। कौवा उन्हें देख हंस रहा था, 'तुम लोग एक एक दाना के लिये कितनी मेहनत करती हो। मेरा देखो, एक ही झपट्टे में पूरी रोटी लाता हूं जिसमें से मेरे खाने के बाद भी बच जाता है और नीचे गिरे हुए टुकड़ों में एकाध चिड़ियों का पेट भी भर जाता है। '
यह कहते कौवा अपने भोजन का प्रबंध करने के लिए उड़ चला।
थोड़ी ही दूर पर उसे एक ढाबा दिखा, जहाँ  खाना खाकर, एक ग्राहक ढाबेवाले को एक हजार का नोट दे रहा था। दुकानदार छुट्टा न होने की बात कहकर उसे लेने से मना कर रहा था। ग्राहक नोट को उसके ठीहे पर रख, दुकानदार से ले लेने का अनुरोध कर रहा था कि इतने में कौवे ने झपट्टा मारा, और नोट लेकर भाग गया। नोट के लाल रंग से उसे खाने के सामग्री का भ्रम हुआ। जाकर, वह वृक्ष की डाल पर बैठ गया।  इस बार चिड़ियों के हंसने की बारी थी -
 'देखो, ये कैसा मूर्ख है, रोटी ले आता तो बैठ कर खाता; कागज ले आया। मेहनत करके भी भूखा रहेगा।'
इतने में कौवे के सर पर एक ढेला लगा और नोट मुंह से छूटकर नीचे गिर गया। ढाबे पर काम कर रहा एक लड़का उसे देखते ही ढेला लेकर पीछे दौड़ा था, नोट वापस ले गया।

- एस० डी० तिवारी

बिजूका

पक्षियों ने तंग कर रखा था, वे सूर्योदय होते ही फसल पर आ जाते और दाने चुगने लगते। वे फसल को सुबह ही अधिक क्षति पहुंचाते थे। बिरजू ने छोटू की ड्यूटी लगा दी कि पाठशाला जाने से पहले, वह एक घंटे खेतों में जाकर पक्षी उड़ाएगा। उसके पास ही बुद्धन का भी खेत था। छोटू, बुद्धन को साथ ले लेता और खेत पर पहुंचकर दोनों 'ह्वा रे ह्वा' चिल्लाने लगते। 'ह्वा रे ह्वा' की आवाज सुनकर पक्षी भाग जाते।  दूर के पक्षियों को भगाने के लिए उन्होंने ढेलवांस बना लिया। ढेलवांस तो उनके लिए आम का आम, गुठलियों के दाम जैसा सिद्ध हुआ। पक्षी भगाने के अतिरिक्त वे इससे खेल भी लेते और निशाना साधने का अभ्यास करते। यह उनके लिए बड़ा आनंदित करने वाला यन्त्र था और स्वयं का निर्मित। फिर भी जब वे पाठशाला चले जाते तो पक्षी थोड़ा बहुत नुकसान कर ही देते।

तभी छोटू को सूझा कि क्यों न बिजूका या डरावन (पक्षियों को डराने वाला पुतला ) बनाकर खेत में गाड़ दें। इससे रात को सियार आदि भी डरेंगे।  यह काम वह अकेले नहीं कर सकता था, अतः बिरजू की मदद लेनी आवश्यक थी। उन्होंने बांस का बिजूका बनाया और खेत में गाड़ दिया। मानव का आकार देने के लिए उसपर एक पुराना कम्बल लपेट दिया गया और एक कमीज पहना दी गयी। बिजूका ने तो बस एक ही दिन अपना कार्य भार निभाया। अगली सुबह जब छोटू खेत में गया तो केवल बांस का डंडा गड़ा था। छोटू घर आकर, दुखी मन से बिरजू को बताया। बिरजू सुनते ही बरस पड़ा, धिक्कार है ऐसे चोरों को, बताओ पुराने वस्त्र तक नहीं छोड़ते। ससुरे डंडा भी क्यों छोड़े !
तभी छोटू ने बिरजू से एक प्रश्न कर दिया, 'पापा! वह चोर कितना गरीब होगा? इस कड़ाके की सर्दी में बिजूका के पुराने वस्त्र चुराने के लिए मजबूर हुआ।' अब बिरजू इसका उत्तर तो क्या, आगे एक शब्द भी नहीं बोल पाया। आगे का जिम्मा भी छोटू को ही निभाना पड़ा।

 
मच्छरों से रोजी रोटी

मोहल्ला समिति के कुछ लोग, शिकायत लेकर, नगर निगम के कार्यालय पहुंचे। तीन चार बाबू चाय की चुस्की लेते गपशप कर रहे थे। केलकर जी ने उन्हें बताया 'महोदय! बहुत मच्छर हो गए हैं, नाली खुली रहती है, उसमे कभी कोई छिड़काव तक नहीं होता, जिस कारण और मच्छर पनप रहे हैं।'
उनमें से एक बाबू ने, मुंह में पान दबाये, तबाक से उत्तर दिया, 'अरे ये तो हमारी रोजी रोटी हैं, मच्छर हैं तभी तो हमारी नौकरी है। ये समाप्त हो गए तो हमें कौन पूछेगा?'
केलकर जी बोले, 'श्रीमान जी! आपकी नौकरी मच्छरों की रोकथाम के लिए है या पालने के लिए? मेरी समझ से तो मच्छरों और आप में से एक को ही रहना चाहिए। यदि इन्हें ही रहना है तो आपको नौकरी से हटा देना चाहिए। वैसे कुछ शर्म है तो स्वयं ही छोड़ देनी चाहिए।'
'अरे, मजाक कर रहा था। जाईये, ठेकेदार को छिड़काव के लिए बोल देंगे। '
'रोजी रोटी से मजाक! जनाब मजाक से नहीं, काम से रोटी मिलती है।' कहकर वे चले गए।


राम की शोभा यात्रा

विजयदशमी के दिन, दिल्ली की एक सड़क से गुजर रहा था।  रास्ता जाम होने के कारण एक ही स्थान पर आधे घंटे तक रुकना पड़ा, कारण रामलीला की शोभा यात्रा। दशहरा देखने गए बिना ही मुझे श्रीराम की शोभा यात्रा देखने को मिल गयी।  जुलुस में सबसे आगे ढोल ताशे वाले, उनके साथ बारात के जैसे नाचते युवक, पीछे ट्रेक्टर ट्राली और टेम्पो का रेला।  बीच में दो तीन बैंड बाजा वाले।  सबसे आगे वाली ट्राली पर डीजे लगा था जिस पर बहुत ऊँची आवाज में गाना बज रहा था 'बेबी को बेस पसंद है।' उसी पर श्रीराम का परिवार बैठा था।
बेस वाली बात का अपने कॉलेज के समय में एक जोक सुन रखा था, जिसे उस समय अश्लील माना जाता था। अब यह गाना बनकर चौराहों पर बजता है और विजयादशमी की शोभा यात्रा में सुनकर तो आश्चर्य का ठिकाना न रहा।
आवाज की तीव्रता से कलेजा तक हिल रहा था। श्रीराम और लक्ष्मण जो डीजे के साथ ही चल रहे थे, सम्भवतः किसी दैविक शक्ति से ही उसे सह रहे थे। मैं तो उनकी इस शक्ति से आश्चर्य चकित था। पीछे वाली ट्रालियों पर; किसी पर रावण का परिवार, किसी पर वानरी सेना, किसी पर राक्षसी सेना, किसी पर रामलीला के आयोजक आदि सवार थे।  जुलुस के सबसे पीछे वाले टेम्पो पर लग रहा था, कोई बहुत बड़ा जिम्मेदार समूह बैठा हो क्योंकि कुछ के हाथ में बियर की बोतल भी थी। अपनी जिम्मेदारी के अंतिम छोर पर आकर थकान मिटा रही थी।

शोभा यात्रा के समाप्त होने से पहले गाड़ी आगे बढ़ा पाना असंभव था। कोई और चारा नहीं होने के कारण, गाड़ी में बैठा शोभा यात्रा का आनंद ले रहा था और सोच रहा था कि शायद यही राम राज्य का है।

एस० डी० तिवारी






उसकी कही बात आज तक याद है

दिल की  रजिस्ट्री


प्रोड्यूसर साहेब.


१ जन्म कुंडली
2.आनंद-पथ
3.अवतार
4.रीढ़ की हड्डी
5. पैबन्द
6.ताबीज
7.अनुकरण
8.जीवहत्या
9.तीसरा चित्र
10.पीड़ा


1.बीज का अंकुर
2.सोई आत्मा
3.युग का दास
4.बेपेंदी का लोटा
5.शर-संधान
6.निज स्वामित्व
7.दूषित वातावरण
8.ठोस रिश्ता
9.मौन बर्फ
10.पेट का रिश्ता
सार्थक लघुकथा के प्रमुख मानक - तत्व इस प्रकार है :--
१ - कथानक- प्लॉट , कथ्य को कहने के लिये निर्मित पृष्ठभूमि ।
२- शिल्प - क्षण विशेष को कहने के लिये भावों की संरचना ।
३- पंच - कथा का अंत ।
४- कथ्य - पंच में से निकला वह संदेश जो चिंतन को जन्म लें ।
५- लघुकथा भूमिका विहीन विधा है।
६- लघुकथा का अंत ऐसा हो जहाँ से एक नई लघुकथा जन्म लें अर्थात पाठकों को चिंतन के लिये उद्वेलित करें।
७- लघुकथा एक विसंगति पूर्ण क्षण विशेष को संदर्भित करें ।
८- लघुकथा कालखंड दोष से मुक्त हो ।
९- लघुकथा बोधकथा ,नीतिकथा ,प्रेरणात्मक शिक्षाप्रद कथा ना हो ।
१०- लघुकथा के आकार -प्रकार पर पैनी नजर ,क्योंकि शब्दों की मितव्ययिता इस विधा की पहली शर्त है ।
११- लघुकथा एकहरी विधा है ।अतः कई भावों व अनेक पात्रों का उलझाव का बोझ नहीं उठा सकती है।
१२- लघुकथा में कथ्य यानि संदेश का होना अत्यंत आवश्यक है।
१३- लघुकथा महज चुटकुला ना हो ।
१४- लेखन शैली
१५- लेखन का सामाजिक महत्व

Sunday, 26 June 2016

Videsh me laghu



इतनी अक्ल कहाँ

मोहंती जी, अविनाश के साथ उसके मित्रों के घर जाते तो देखते, सभी के यहाँ बार अवश्य था, जिसमे महँगी स्कॉच और वाइन की बोतलें सजीं होती। मोहंती जी को पीने का शौक नहीं था, मगर लोगों को पीते देख उन्हें कोई चिढ भी नहीं होती। कोई जूस लेकर वे भी साथ बैठ जाते। पार्टी और पीने का क्रम कुछ ज्यादा देखकर, एक दिन वे अविनाश को टोक दिए, 'बेटा थोड़ा कम पिया करो।' अविनाश के एक मित्र ने झट उत्तर दिया, 'अंकल इसी लिए तो यहाँ आये हैं, यहाँ मौका भी है, पैसा भी है, इच्छा अनुसार जिंदगी जिओ। आखिर समय बिताने के लिए और करें भी क्या ? '
'अरे भाई थोड़ा थोड़ा पियोगे तो अधिक समय तक पी सकोगे। जिंदगी में कुल मिलाकर, एक निश्चित मात्रा से अधिक नहीं पी पाओगे। अभी अधिक पिओगे तो जल्दी छोड़ना पड़ेगा। इसके हानिकारक प्रभाव, स्वास्थ्य पर असर डालेगा तो डॉक्टर कम करने को बोलेगा। थोड़ा थोड़ा पिओगे तो ज्यादा दिन तक पी सकोगे। पैसा है तो, इसका अर्थ यह तो नहीं कि विष पीओ ! '
अविनाश का एक अन्य मित्र ने तंज कसा, 'अंकल! इसको अभी इतनी अक्ल कहाँ !'



पूजा का सामान

पंडित जी आसान पर बैठते ही पूछे, 'पूजा का सामान रखने के लिए कोई नया बर्तन?'
ईशा बोली 'नया तो कोई नहीं है, सभी जूठे हैं। नयी थाली इतनी जल्दी कहाँ से आएगी, वह इंडियन शॉप पर ही मिलेगी, और इंडियन शॉप तो यहां से दूर है। आने जाने में काफी समय लग जायेगा।'
योगेश ने पूछा, 'पंडित जी पुराने बर्तन से काम नहीं चलेगा ? अभी कल ही तो पूजा का पूरा किट लाया हूँ। ध्यान रहा होता तो एक थाली भी ले लिया होता।'
'चलो कोई बात नहीं, कोई भी थाली साफ करके दे दो। उसमें थोड़ा गंगा जल छिड़क देंगे, शुद्ध हो जाएगी।'
सोनिया की मम्मी बोल पड़ीं, 'मेरे यहाँ तो कल ही नयी थाली आई है, पहले पता होता तो साथ ले आती।'
सभी लोग युक्ति ढूंढने में लगे हुए थे। क्या करें, कैसे करें। ईशा का चार पांच का बेटा, सबको परेशान देख रहा था। बोला; 'मम्मी! याद है,  मनु के यहाँ हम पूजा पर गए थे तो वे लोग थाली में नया कपड़ा रखकर, उसपर पूजा का सामान रखे थे।'
मनु की इस बात ने उनकी आँखें खोल दी।  




बच्चों की जिंदगी

सलीम की माँ, आबिदा को दूसरी बार भी ओमान आये छः माह बीत चुके थे। वह एक बार पहले भी आयी थी, मगर बीच में एक महीने के लिए वापस इंडिया चली गयी थी। तब तक रुबाना मैटरनिटी छुट्टी पर चल रही थी। अब तो आदिल को शिशु सदन भेजने के अतिरिक्त कोई उपाय नहीं था। सलीम ने कहा, 'माँ इंडिया में भी क्या करना है। यहीं रूक जा, वीसा बढ़वा देता हूँ। आदिल थोड़ा और बड़ा हो जाय तो उसे चाइल्ड केयर सेंटर (शिशु सदन) में  डाल देंगे, फिर चली जाना। '

आबिदा ने कहा, 'अरे कब तक यहाँ रुकूंगी। वहां भी तो देखना है। इसे भी मेरे साथ इंडिया भेज दो, मैं वहीँ पाल लूंगी। अब साल का हो गया है, ऊपर का दूध पी ही रहा है, कोई समस्या नहीं होगी।'
  वह जल्दी से जल्दी इंडिया वापस आना चाहती थी। वैसे वहां अपने बच्चों के साथ अच्छा लग रहा था लेकिन इंडिया में भी तो सारा कुछ उसे ही देखना था। अपने दोस्त मित्र और रिश्तेदारों से बिछुड़े एक साल हो गया था। बीच में आयी भी तो सबसे नहीं मिल पायी। सलीम के पापा तो तीन महीने में ही वापस चले गए थे।
आदिल को इंडिया ले जाने के नाम पर, रुबाना को लगा कि सांप सूंघ गया। 'नहीं अम्मा वहां घर में रहकर, इसका विकास नहीं हो पायेगा। अब तो चलने लगा है, इसे शिशु सदन भेजेंगे।  वहां बच्चों के साथ कुछ सीखेगा।'

'अभी से क्या सीखेगा, सदन में माँ बाप के प्यार से महरूम भी तो रहेगा। अभी तो इसे माँ बाप का प्यार चाहिए। कम से कम ढाई तीन साल तक बच्चे माँ बाप को छोड़ने लायक कहाँ होते हैं।'
'लेकिन मैंने अंजू को देखा, उसके दोनों बच्चे एक साल से चाइल्ड केयर जाना शुरू कर दिए थे, दोनों बड़े स्मार्ट हो गए। वहां बच्चों का साथ पाकर, बच्चे कुछ सीखते हैं और स्मार्ट हो जाते हैं। उल्टा महसूस तो माँ बाप को ही अधिक होता है।'

'ऐसे ही है बेटा, मज़बूरी के आगे कर भी क्या सकते हैं। सलीम तो जन्म के बाद, तीन साल से भी ज्यादा मेरे पास ही रहा, किसी सदन नहीं गया, कौन सा की स्मार्ट नहीं है !'




पार्सल

घंटी बजी, सोनम ने दौड़कर दरवाजा खोला।
'आपका अमेरिका से कूरियर आया है। ये लो यहाँ साइन कर दो। '
 सोनम का पार्सल पाकर खुशी का ठिकाना न रहा। वह उसे लेकर अंदर दौड़ी, 'मम्मी! मम्मी! भईया का पार्सल आया है।'
मम्मी ने टॉयलेट से ही बोल दिया, 'वहीँ रैक पर रख दे।'
सोनम बोली, 'मैं खोलने जा रही हूँ, मेरे लिए कुछ भेजा होगा।'
कहते हुए वह पार्सल खोलने लगी। पार्सल खोलते ही सोनम की खुशी फुस्स हो गयी। तब तक उसकी माँ भी आ गयी। बोली; मुझे अनुमान था, यही होगा।'
उसमें निकला बाल देखकर, सोनम पूछी: भईया ने ये बाल क्यों भेजा है? मम्मी !'

'हाँ रख दे। वह कह रहा था, अभी उसके पास छुट्टी नहीं है, फिर दूसरा साल लग जायेगा। चिंटू का बाल है, पूजा करनी है। जब तक वो आएंगे, दूसरा साल लग जायेगा न; फिर एक साल और प्रतीक्षा करनी पड़ जाएगी। अब बाल आ गया, हम पूजा करवा देंगे। '



कूड़ेदान

रूपचंद और चंपा, कल काम से सीधे पार्टी में चले गए थे,  और घर देर से आये। इस कारण कूड़ेदान को सड़क की पटरी पर रखना भूल गये। वैसे तो पटरी पर और लोगों का कूड़ेदान रखा होता है, जिसे देखकर याद आ जाता है। पर पता नहीं, वे किस धुन में थे, कूड़ादान रखने का ध्यान नहीं आया। कूड़ा उठाने की गाडी तड़के ही आयी और कूड़ा उठा ले गयी, मगर रूपचंद का कूड़ेदान अपनी जगह ही रखा रह गया।
कूड़ेदान में पड़ा कूड़ा, पहले ही बदबू कर रहा था, अब एक सप्ताह और सहन करना पड़ेगा। और तो और, अब तो कूड़ेदान में इतनी जगह भी नहीं कि पूरे सप्ताह भर का कूड़ा समा सके। अब कर भी क्या सकते थे, गलती का परिणाम तो भुगतना ही पड़ेगा। एक सप्ताह तक और, कूड़ा वैसे ही कूड़ेदान में पड़ा रहा।

पुरे सप्ताह, जैसे ही वे घर से निकलते, बाहर पड़ा कूड़ेदान उन्हें डंसता रहता। वे अतिरिक्त कूड़ा पॉलिथीन के बैग में इकठ्ठा कर के रखते रहे। अगले सप्ताह जिस दिन सुबह कूड़े की गाड़ी आनी थी, पहले वाली रात को अपनी कूड़े की पॉलिथीन को पड़ोसियों के कूड़ेदान में समायोजित किया।  


मशीन सी जिंदगी

चाय का कप रखते ही, शालिनी बड़बड़ाने लगी, 'यहाँ क्या जिंदगी है यार। सुबह उठते ही मशीन की तरह लग जाओ। नाश्ता तैयार करो, चिंटू को तैयार करो, फिर खुद तैयार होवो। अपना, रोहन का और चिंटू का टिफ़िन पैक करो। फिर ऑफिस जाते समय चिंटू को  शिशु सदन छोडो, शाम को आते हुए ले के आओ। फिर डिनर तैयार करो। फिर अगले  दिन की तैयारी शुरू,  रोज रोज पिज्जा तो  खाया नहीं जाता। वीक एन्ड पर दो दिन मिलते हैं, उसमें भी एक दिन घर और कपड़ों की सफाई में निकल जाता है। फिर घर के घटे बढ़े सामान लाकर रखो।  कई बार तो सोचकर परेशान हो जाती हूँ, आखिर हम मशीन हैं या इंसान। '
'क्यों? रोहन मदद नहीं करता ?' मृदुला ने पूछा।
'रोहन हाथ तो बंटाता है, मैं अकेले कहाँ से कर पाती। मगर सब काम जंजीर की कड़ियों की भांति, एक दूसरे से लगे होते  हैं; कोई भी काम स्वतंत्र तरीके से नहीं कर सकते। और हर बात का ध्यान  तो मुझे ही रखना पड़ता है। मर्दों का तो तुझे पता ही है। अपना इंडिया कितना अच्छा है यार! हर काम के लिए अलग बाई मिल जाती हैं, झाड़ू पोंछा वाली अलग, खाना बनाने के लिए अलग, कपड़े धोने के लिए अलग।"

ये भी तो देखो, हमने क्या प्रणाली बनायीं है; आधे लोग मजे करते हैं, और आधे उनकी सेवा। यहाँ सभी अपना काम करते हैं, कोई किसी का नौकर नहीं। यहाँ सभी अपने काम का उचित पारिश्रमिक पाते हैं, और वहां कामवाली बाई को अपनी मेहनत का पूरा मिलता है क्या?



रद्दी भी नहीं बिकती

चंद्राकर जी को देखकर बड़ा आश्चर्य होता कि सबके गेट पर समाचार पत्र और पत्रिकाएं फेंकी हुई हैं, बहुत से लोग कई दिनों तक उठाते तक नहीं। उठाते भी हैं तो सीधे कूड़ेदान में, पढने का बोझ नहीं लेते । चंद्राकर जी तो अपने घर के आगे जब भी पत्र पत्रिका देखते, उठाकर ले आते और नियमित पढ़ते। उनमें प्रमुख समाचारों के अतिरिक्त,  विज्ञापन के द्वारा कई आवश्यक जानकारी भी मिल जाती। मेलबर्न के बाजार में क्या कुछ है, यहाँ तक कि उनकी कीमतें भी, घर बैठे पता लग जाती।
एक बार बेटी दामाद ने कहा, 'क्या कूड़ा उठा ले आते है?'
चंद्राकर जी बोल पड़े, 'यहाँ सब मुफ्त में मिल रहा है, इसलिए कोई मोल नहीं समझता। यही हम लोग इंडिया में पैसे देकर खरीदते हैं।  और तो और रद्दी  के लिए संभाल कर रख भी लेते हैं। पढ़कर तो देखो इनमें कितनी जानकारी भरी पड़ी है। जब बेटी ने एक पत्रिका उठाई तो चकित रह गयी 'अरे 'मास्टर्स'  पर तो कई सामान पर छूट पर मिल रही है। हम अभी कल ही ये सब, कोल्स से महंगा खरीद कर लाये। पहले पता होता तो पचास डॉलर बच जाते। '



व्हिस्की की बोतल

मल्होत्रा जी, बेटे सूरज के यहाँ जब जर्मन गए तो देखा, बैठक में छोटा सा बार बना रखा था। कई ब्रांड के स्कॉच और व्हिस्की खुले शेल्फ में रखे थे। उसके अलावा बियर और कोक के क्रैट अलग।
उन्हें अपना इंडिया का समय याद आ गया, वे घर में  व्हिस्की की बोतल छुपा के रखते थे। कभी कभार छुप छुपाकर एकाध पेग ले लेते। यहाँ खुलेआम देखकर भी खोलने की हिम्मत नहीं होती। क्योंकि उन्होंने कभी सूरज के सामने व्हिस्की नहीं लिया था।
एक दिन वे सूरज के दोस्त, राजन के यहां गए।  राजन ने गिलास में स्कॉच डालकर बोला, 'अंकल ! पानी या सोडा ?'
मल्होत्रा जी थोड़ा संकुचाये, मगर ध्यान आ  गया वे जर्मन में बैठे हैं। बोल दिए, दोनों।

वैसे तो मल्होत्रा जी कम ही लेते थे, मगर उसके बाद, जब भी उनका मन होता, निःसंकोच बोतल खोल लेते।



बच्चा खिलाने गए थे

'और मल्होत्रा जी काफी समय से नजर नहीं आ रहे थे।'
'हां लन्दन चला गया था बेटे बहु के पास। उसके बेटा हुआ है न।'
"अच्छा तो बच्चा खिलाने गए थे। गौड़ जी ने तंज कसते हुए कहा। हां, वैसे कौन पूछता है।"
' कैसे भी पूछें मल्होत्रा जी, पूछते तो हैं। अपने नाती पोतों को खिलाना तो भाग्यशाली लोगों को ही मिल पाता है। और वो तो नाती पोते हैं फ्रांस लन्दन घुमा दिए, वैसे अपने आप विदेश कौन घूम पाता है।"
'कुछ भी हो, हमें तो अपनी जगह ही अच्छी लगती है।"
'मातृभूमि किसे नहीं अच्छी लगती। अब पोता वहां हुआ तो उसकी मातृभूमि वहीँ है। वह भी कभी अपनी मातृभूमि के बारे में यही कहेगा।'
'कुछ  भी हो देश के बाहर अनिश्चितता तो बानी रहती है। पता नहीं वो कब क्या कर बैठें।'
'अपने देश में भी कहाँ सुरक्षित हैं, अधिकतर लोगों को काम के चक्कर में दूसरी जगह जाना ही पड़ता है।'
'देखो कभी मराठी गैर मराठियों को भगाते हैं तो कभी असामी। कश्मीर का ही देखो। वहां कम से कम सरकार अपनी जिम्मेदारी समझती तो है।'
गौड़ जी फिर तो चुप ही हो गए। जब वे पढ़ते थे, एक कश्मीरी लड़की से उन्हें प्यार हो गया और वे उसी से विवाह कर लिए। गौड़ जी के सास ससुर श्रीनगर से विस्थापित होकर इन्हीं के यहाँ शरण लिए।


रुपये में बदल के नहीं खरीद पाओगे

रवि प्रकाश अमेरिका घूमने गए थे। जब उनका बेटा, अनंत घर के सामान खरीदने जाता तो उन्हें भी साथ ले जाता। इसी बहाने अनंत की शॉपिंग हो जाती और अपने पिता को घुमाने का भी काम हो जाता। जब भी अनंत कुछ खरीदता, रवि प्रकाश उसे रुपयों में गणना करके बहुत आश्चर्य करते। आलू यहाँ पर डेढ़ डॉलर प्रति किलो यानि लगभग सौ रुपये। सेव पांच डॉलर यानि सवा तीन सौ रुपये प्रति किलो।  हम लोग इंडिया में, इस कीमत पर तो बिलकुल भी नहीं खरीदें। बताओ, कितनी मंहगी चीजें हैं।
'परन्तु पापा, नहीं खरीदेंगे तो भूखे भी तो रहेंगे। हर चीज को पैसे में बदल कर देखेंगे तो कुछ भी नहीं खरीद पाएंगे। यहाँ मंहगाई है, तो कमाई भी है।'
'हाँ, कमाई और खर्च दोनों को देख कर, कोई बात नहीं। मैं तो यही सोच रहा था, यदि यहाँ से पैसे बचाकर इंडिया ले जाया जाय तो वहां बहुत कीमत है।'
'लेकिन पापा, जब रहना यहाँ है तो पहले यहाँ की जरूरत पूरी करनी है। फिर भी, इंडिया के लिए भी कुछ न कुछ  बच ही जाता है। वहां तो एक हजार डॉलर भी भेज दें तो साठ हजार रुपये हो जायेंगे।'
'हाँ, यही मैं भी सोच रहा था।'



डॉलर भी रूपया ही है

गौड़ जी अमेरिका से लौटकर आये थे। वे गुप्ता जी से सब वृतांत बता  रहे थे।
'वहां की मंहगाई देख कर तो मेरे होश उड़ जाते थे। बताओ मकान का किराया चार सौ डॉलर प्रति सप्ताह यानि लगभग पच्चीस हजार रुपये, पुरे महीने का जोड़ें तो एक लाख रुपये। टमाटर चार डॉलर यानि ढाई सौ रुपये प्रति किलो  ... '
गुप्ता जी बीच में ही बात काटते हुए बोले, 'अरे, वहां के लिए तो वो रुपया ही है।'

गौड़ जी समझ नहीं पाये, फिर से पूछ बैठे, 'रूपया कैसे ?'
'अरे वहां डॉलर में कमाई है तो डॉलर में खर्च कर रहे हैं। उन लोगों के लिए तो वो रुपये जैसा ही है।'
'हाँ खर्च करने के लिए माध्यम के हिसाब से रूपया के जैसा ही है। किन्तु मूल्य के हिसाब से तो रुपये का साथ गुना है। यदि थोड़ा कम खर्च कर के वहां से कोई बचा लाये तो उसी पैसे से इंडिया में ज्यादा कुछ नहीं खरीद लेंगे ! और पैसे के मोल का आंकलन तो उन पैसों से कितना सोना खरीदा जा सकता है, इससे किया जाता है।  अगर वहां से कोई सौ डॉलर बचा के लाये, तो इन्डिया में छः हजार रुपये के मूल्य का सामान खरीद सकता है।'
गुप्ता जी की समझ में अब आया।



चालान
राजकुमार, मोहित के घर बिजली का काम करने आया था। काम करते-करते वह बड़बड़ाता रहा। अपनी मुम्बई की तारीफ के पुल बांधे जा रहा था। 'इंडिया में कितनी आजादी है, थोड़ी बहुत गलतियों को तो नजरअंदाज कर दिया जाता है।  ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन हो जाय तो रिक्वेस्ट करने पर कई बार पुलिस वाला चालान नहीं करता है। यहाँ तो इतने कड़े अनुशासन में रहना पड़ता है कि क्या बतायें, ड्राइविंग में थोड़ी सी गलती पर इतनी भारी पेनाल्टी। एक बार तो तीन महीने के लिए मेरा ड्राइविंग लाइसेंस ही सस्पेंड हो गया। बिना गाड़ी के काम करना कितना मुश्किल हो गया था, औंजार वगैरह लेकर जाना असंभव ही था। बड़ा कष्ट उठाना पड़ा। लाल बत्ती या लेन क्रॉस किया कि दो सौ डॉलर फाइन। अब तक इतना फाइन भर चुका हूँ, इतने में एक नयी कार आ जाती।
इस बार फिर लाइसेंस सस्पेंड हुआ तो मैं तो इंडिया ही चला जाऊंगा। इतने पैसे कमा लिए हैं कि अब वहां आसानी से रह सकता हूँ।'




पड़ोसी की चीनी

'चीनी समाप्त हो गयी है। कल सुबह चाय कैसे बनेगी ?' कोमल बोली।
'अरे, लाना ध्यान नहीं रहा। चलो एक दिन बिना चीनी की पी लेंगे।' रजनीश ने कहा।
 'मधुर के यहाँ से थोड़ी सी मांग लाती हूँ। पास में ही तो है। '
 मधुर का घर बस कोई पचास मीटर की दूरी पर था, पर, राजनीश को चीनी मांगना शान के खिलाफ लग रहा था।  मिलियन डॉलर का मकान और चीनी मांगने दूसरे के घर! कुसुम समझाई, 'एक दूसरे से चीज मांगने पर प्यार बढ़ता है, पड़ोस से प्रेम बना कर रखना चाहिए, विदेश में हम्हीं तो एक दूसरे के काम आएंगे। वो भी तो कितनी बार हमसे चीज मांग कर ले जाते हैं। इसमें शर्म की क्या बात! यहाँ किसको किसकी स्थिति का पता नहीं है।  कभी इस तरह की मजबूरी आ ही जाती है।'
अगले दिन सुबह ही मधुर आ धमका। मजाक में बोला, 'घर में सामान खत्म हो जाता है, तब तुम्हे याद आता है, आज चीनी लाकर रख देना। '
'चीनी तो मैं रात को ही ले आता, असल बात तो ये थी कि पडोसी के चीनी से चाय की मिठास बढ़ जाती है।'
दोनों ठहाका लगाने लगे।



पड़ोसी चीनी

शम्भू के पड़ोस में एक चीनी परिवार रहता था। मियां बीबी और एक छोटा सा सुंदर सा बच्चा। वे दोनों मियां बीबी, चीनी भाषा के अतिरिक्त, कोई अन्य भाषा नहीं जानते थे। सबसे समीप का पडोसी वही परिवार था।  सिडनी जैसे विदेश के शहर किस प्रकार अपना काम चलाते थे कौतुहल का विषय था। वैसे शहर चीनियों की संख्या बहुत थी।  संभवतः उन्हें भाषा की जो समस्या थी घर पर ही थी। जहाँ वे काम पर जाते होंगे, वहां उनके सम्प्रदाय के लोग मिल जाते होंगे।  वैसे इंसान जहाँ रहता है और वहां की भाषा नहीं जनता तो कम से कम अंग्रेजी तो आनी ही चाहिए वरना वह मूक के सामान है। उन्हें रहते चार वर्ष हो चुके थे मगर उनकी कभी बात नहीं हुई थी।  न तो कभी कुछ कह पाते न ही किसी उत्सव में शामिल हो पाते ।  जन्म दिन पर वहां चीनी ही चीनी दिखते इधर केवल भारतीय। हेलो हाय बस कभी हाथ हिलाकर हो जाता।
एक बार अलमारी का दराज नहीं खुल रहा था, बिली कहीं गया हुआ था, चुन शंभू के यहाँ पेंचकस मांगने आयी। वह इशारे करके समझाने लगी, मगर शम्भू को कुछ समझ, नहीं आ रहा था। फिर इशारे से बुलाकर ले गयी और दराज दिखाई, फिर खोलने का अभिनय करके उसे समझायी। शंभू वापस घर आकर, पिलास और पेंचकस ले गया।  फिर दोनों  ने मिलकर किसी तरह दर्ज खोला।
शम्भू वापस आकर, कुछ देर तक सोचता रहा, ऐसे पड़ोसी से क्या लाभा कभी जरूरत पड़ी तो संवादहीन, एक दूसरे की मदद भी नहीं कर सकते।




गांव की तरह रहूं

कल्ला जी सपत्नी, पेरिस बेटे के पास गए।
बेटा कहता, 'जरा भी खराब चीज हो फेंक दो।  फ्रेश और अच्छा खाओ, सस्ता महंगा मत देखो। आखिर कमा किस लिए रहा हूँ?'
पर उनकी पत्नी कहतीं 'बासी रोटी पड़ी है, सेंक देती हूँ। फेंकी जाएगी, यहाँ सब कुछ कितना महंगा है।'
कल्ला जी, एक से दूसरा टिश्यू पेपर उठाते तो उनकी पत्नी तुरंत टोक देतीं 'क्यों बर्बाद कर  रहे हो ? कोई मुफ्त में थोड़े ही आया है !'
कभी कहती, 'वहां तो बस चाय पीते थे, यहाँ रोज रोज जूस चाहिए।'

इस तरह की बातें बेचारे कल्ला साहब को अपनी पत्नी से निरंतर सुननी पड़ती। 
और तो और कोई महिला अगर स्कर्ट पहने गुजरती, कल्ला जी की नजर उधर मुड़ने से पहले ही जानकी बोल उठती 'इस उम्र में भी तुम्हारी नजर कहाँ कहाँ पहुँच जाती है। '
अंत में कल्ला जी परेशान होकर बोल पड़े, 'बताओ हम घूम रहे हैं लन्दन में और तुम हो कि चाहती हो, अपने गांव की तरह रहूँ। अरे फिर वापस तो जाना ही है।'




'और कुशवाहा जी! सब ठीक? बेटा बहू तो ऑस्ट्रेलिया में ही हैं न? वे कैसे है ?' मिश्रा जी ने पूछा।
'हाँ सब ठीक है। वे वहीँ हैं, अगले महीने आने वाले हैं। '
'मगर  एक बात तो है, वहां कमा लो कितना भी, लेकिन काम सब अपने आप करना पड़ता है। अपने बनारस में देखो, घर के सब काम, कामवाली सब कर जाती है। हमारे यहाँ ही देखो, बहू घर पर ही रहती है, फिर भी झाड़ू पोंछा के लिए अलग और कपड़े धोने के लिए अलग कामवाली आती है।'
'तो बहू का समय कैसे बीतता होगा?'
'कुछ अपने बच्चे में, बाकी सास बहू किट्टी पार्टी में चली जाती हैं।'
 'इसका अर्थ हुआ कि वे अनुत्पादक काम में लगी रहती हैं। वहां तो बच्चों को इतना समय नहीं मिल पाता।
बेटे बहू दोनों काम पर चले जाते हैं, बस वीकएंड पर ही समय मिल पाता है।'
'वही तो कह रहा हूँ, वहां वे कोल्हू के बैल जैसा पिसते रहो, न कोई जानता न सुनता और यहाँ देखो, रिक्शे पर पैर धरे बैठकर, पान चबाते, बनारस की गलियों में चले जाओ, कहीं भी थूक लो; और तो और, रस्ते में दो चार लोग सलाम भी ठोक देते हैं।'
'मगर मिश्रा जी! अपना काम करने में क्या झिझक? क्या क्या काम नौकर चाकर करेंगे? अब कामवाली कहाँ से कामवाली ढूंढेगी। और एक बात पूछूँ, जो रिक्शा खींचने वाला है, वह भारत का नागरिक है या नहीं?'
मिश्रा जी उत्तर दें उससे पहले ही कुशवाहा जी बोल पड़े: 'यही अंतर है, इस देश में और उस देश में, जो रिक्शा खींच रहा है और जो रिक्शे में बैठा है दोनों के अधिकारों और जीवन स्तर में कोई अंतर नहीं होता, और न ही वहां काम से कोई छोटा बड़ा होता है।'


कबूतरबाज

चार साल जर्मनी के जेल में बिताने के बाद भोला छूट तो गया, मगर उसकी मुसीबत ने साथ नहीं छोड़ा। उसके पास न तो पासपोर्ट था न ही उसका नंबर। अब वापस भी जाय तो कहाँ जाय।
उस समय विदेश में नौकरी का झांसा देकर, एक एजेंट बिना वीसा के ले आया था। पहले वह एक ऐसे देश माल्टा ले गया, जहाँ वीसा की जरुरत नहीं थी, फिर इटली के रास्ते जर्मनी जाना था। किसी तरह सड़क के रास्ते इटली तो पार हो गया, पर जर्मनी में घुसते ही पकड़ा गया और जेल भेज दिया गया। उसके पास बचाव के कोई उपाय नहीं थे। उसके पास पासपोर्ट नहीं होने के कारण उसकी सही पहचान भी नहीं हो पा रही थी। उसे अपने को भारतीय कहने के कारण, जर्मनी सरकार ने भारतीय दूतावास को सूचित तो कर दिया था और दूतावास ने उसकी सूचना विदेश मंत्रालय, दिल्ली को भेज दिया। जब विदेश मंत्रालय ने जाँच शुरू किया तो उसके द्वारा बताये पते पार कोई एजेंट नहीं था। उसने फर्जी पते पर, अपना कार्यालय बनाया था, बंद कर के भाग गया।

जेल से छूटने के बाद भोला भारतीय दूतावास गया। दूतावास ने बिना किसी प्रमाण के उसे भारतीय होने और उसकी मदद करने से मना कर दिया। दूतावास ने कहा, कम से कम पासपोर्ट का नंबर तो बता दे, ताकि वे विदेश मंत्रालय से जाँच कर लें। उसके हिंदी बोलने से दूतावास को विस्वास तो हो रहा था कि वह भारतीय होगा, पर दूतावास कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था। क्या पता वो पाकिस्तानी हो और आतंकवादियों से कोई सम्बन्ध हो। जब कोई हल नहीं निकला तो भोला पता कर के एक गुरूद्वारे में शरण लिया। गुरूद्वारे की मदद से उसने अपने घर इंडिया में खबर भिजवाया। घर पर उसके जेल से छूटने का समाचार मिला, ख़ुशी की लहर दौड़ गयी। लेकिन पासपोर्ट नंबर मिलने की समस्या ज्यों की त्यों थी। तभी भोला के पिता को याद आया, भोला और सूरज ने पासपोर्ट के लिए एक साथ ही अप्लाई किया था। सूरज से उसके जारी होने की तिथि मिल जाएगी और फिर वो उसकी नक़ल निकलवा लेगा। जब पासपोर्ट की नकल निकल गयी तो सरकार ने भोला के वापस भारत आने का प्रबंध कर दिया। इन चक्करों में उसे दो महीने और देश से बाहर रहना पड़ा।



मकान बिकाऊ है

महेंद्र चौहान का इलाहाबाद में आलीशान मकान था। उनका एक ही बेटा था, सूरज। पढ़ लिखकर इंजीनियर बन गया और अमेरिका चला गया। अमेरिका गया तो वहीँ का होकर रह गया।  माँ बाप के कहने से शादी तो आकर इलाहाबाद ही किया, पर बहु को भी अमेरिका ले गया। मम्मी पापा को बुलाता रहा मगर उन्होंने अमेरिका जाने का नाम ही नहीं लिया । उनको यही चिंता सताती थी, चले जायेंगे तो यहाँ घर की देखभाल कौन करेगा।
एक दिन सुदेश जी पधारे, 'कैसे हैं महेंद्र जी? और सूरज ठीक है न?'
'हाँ मैं भी ठीक हूँ और सूरज भी, अभी कल ही फ़ोन आया था। रोज रोज कहता है, पापा आओ घूम जाओ। '
'अरे, तुम्हारे अच्छे नसीब हैं, लायक बेटा मिला है; जाओ घूम आओ। सबके नसीब में अमेरिका घूमना कहाँ है !'
'ठीक कह रहे हो सुदेश! पर घर पर कौन रहेगा? देखते हो न आजकल दिन में ही ताला टूट जाता है। '
'अरे महेंद्र भाई इतनी क्यों चिंता करते हो? अब तुम्हारी अवस्था हो चली है, फिर भला कब घूम फिर पाओगे! किसी दोस्त रिश्तेदार को कुछ दिन के लिए घर पर रख लेना। '
'सो तो ठीक है, आज कल किसके पास समय है, और जो एक बार घर में घुस गया निकालना भी कौन सा आसान है ?'
'भाई वो तो तुम समझो, मैं होता तो चूकता नहीं। '
अभी थोड़ा ही समय गुजरा था कि सुदेश को खबर मिली, महेंद्र जी  चलते बने। सूरज अमेरिका से सपत्नी आ चुका था। सुदेश जी भी शोक प्रकट करने महेंद्र भाई के घर पहुंचे। किसी से अभी पूछ ही रहे थे कि सूरज कहाँ है, उनकी नजर घर के बाहर टंगी तख्ती पर पड़ी -
'घर बिकाऊ है '






रद्दी

गोयल जी लान में फेंके सभी पम्पलेट और पत्रिकाएं उठा लाते।  अधिकतर में सामग्री की दर उनके सेल से सम्बंधित विज्ञापन होते। उनमें एक दो साप्ताहिक पत्रिकाएं भी होतीं, जिनमें क्षेत्रीय समाचार छपे होते। हाथ में लिए वे पत्रिका के पन्ने पलट रहे थे, तभी हर्ष काम से लौटा था। उन्हें मेज पर ढेर सारे कागज़ बटोरे देखा तो बोला, 'पापा ! ये सब रद्दी क्यों बटोर लाते हैं, यहां तो ऐसे ही फेंक जाते हैं और सभी उठाकर सीधे रद्दी की टोकरी में डाल देते हैं।'
'बेटा, इतनी मेहनत से वे लोग, ये कागज एक एक घर में  डाल जाते हैं। इनमें कितनी काम की सूचनाएं होती हैं, सामान के मूल्य घर बैठे पता लग जाता है, जो कुछ खरीदना है पहले ही बजट बना सकते हो। वैसे यहाँ तो रद्दी की कोई कीमत नहीं वरना हम लोग भारत में तो अख़बार की रद्दी भी बेचने के लिए कब तक सम्हाल कर रखते हैं। खैर मुझे इन से काफी जानकारी मिलती है।  पढ़कर रद्दी में डाल दूंगा, वैसे तुम लोग भी इन्हें देखा करो तो कोई बुराई नहीं। '
तभी हर्ष की नजर एक विज्ञापन पड़ी 'रेफिजरेटर पर भारी छूट'
उसे उठाकर वह विस्तार से पढ़ने लगा क्योंकि उसे नया फ्रिज खरीदना था।


मुफ्त ले जा

मोनू को डेस्कटॉप कंप्यूटर खरीदे अभी एक वर्ष ही हुआ था और वह लैपटॉप ले आया। अब तो मोर के आगे कौवे की कदर कम होनी ही थी। धीरे धीरे दो वर्ष हो गए और डेस्कटॉप की आवश्यकता एक बार भी नहीं पड़ी।
मोनू सोचने लगा, इस निकाल दें, आखिरकार जगह ही घेरे है। पहले तो यही योजना बनाई कि किसी दोस्त मित्र को दे दिया जाय, कम कम वह नाम लेगा; पर किसी भी मित्र ने कोई रूचि नहीं दिखाई।
उसने हजार डॉलर का खरीदा था इसलिए बाहर सड़क पर रखने में भी दुःख हो रहा था। अब उसने मात्र सौ डॉलर में बेचने के लिए एक डॉट कॉम पर डाल दिया पर महीने भर तक कोई प्रस्ताव नहीं आया।
अब मोनू के पास, पटरी पर रखने के अतिरिक्त कोई विकल्प नहीं था।
म्युनिसिपल्टी की गाड़ी आई और कूड़ा ले गयी पर वह डेस्कटॉप वहीँ पड़ा रहा। दरअसल ड्राइवर ने देखा कि ठीक ठाक कंप्यूटर लग रहा है, और उसे एक कंप्यूटर की जरूरत थी, सोचा वह अपनी गाड़ी लाएगा और उसे ले जायेगा।
कूड़े वाली गाड़ी जाने के बाद, मोनू जब कंप्यूटर वहीँ पड़ा देखा तो वापस उठा लाया। अब इस पर बच्चे गेम खेलेंगे। शाम को ड्राइवर फिर से अपनी गाड़ी लेकर उधर आया तो कम्प्यूटर वहां नहीं पाकर निराश लौट गया।


धुआं

रंगास्वामी पर्थ बेटी के यहाँ गया थे। घर के आगे पीछे लगे पेड़ पौधों की सफाई हुई थी।
कम से कम, तीन चार बोरा पत्तियां निकल आई थीं।
इतना कूड़ा देखकर रंगास्वामी ने सोचा इन्हें जला दें, और राख को लान में फैला दें ताकि खाद बन जाय।
माचिस लेकर जलाने जा ही रहे थे कि मंजुला की नजर उन पर पड़ गयी।
'पापा माचिस क्या करेंगे ?'
'वो पत्तियां पड़ी हैं,जला दें।'
'पापा! ये पंजाब थोड़े ही है कि खेत में डण्ठल जलाकर पूरे देश में धुंआ फैला दो। जरा भी धुआं उठेगा
फायर वाले आ जायेंगे और पेनल्टी देनी पड़ जाएगी। छोड़ दीजिये कूड़े में चला जायेगा। '


चंद्रकांत और उनकी पत्नी को  केपटाउन आये एक सप्ताह हो चुका था। अर्श, दादा-दादी से अब तक घुल मिल चुका था। यह देखने के लिए कि अर्श अकेले दादा दादी के साथ घर रह पाता है कि नहीं , एक दिन उसे  शिशु सदन (चाइल्ड केयर) नहीं भेजा। शाम को पता चला कि अर्श दादा दादी के साथ बड़ा खुश था तो सोम और मालती बड़े प्रसन्न हुए। अब वह घर पर रहेगा तो शिशु सदन का काफी खर्च बच जायेगा।

दो दिन की छुट्टी के बाद, सोमवार को  मालती ने अर्श को शिशु सदन (चाइल्ड केयर) जाने के लिए तैयार करने लगी और वह रोना शुरू कर दिया। उसे घर पर ही दादा-दादी के साथ अच्छा लग रहा था। उसका शिशु सदन जाने का बिलकुल भी मन नहीं था। चंद्रकांत और उनकी पत्नी का भी मन अर्श के साथ खूब लग रहा था। वे भी चाह रहे थे अर्श घर  पर ही रहे तो उसके साथ उनका मन लगा रहेगा, परन्तु डर के मारे सोम मालती से नहीं कह पा रहे थे, कि वे कहीं यह कह बैठें कि शिशु सदन में वह कुछ सीखेगा और घर पर रह कर बिगड़ जायेगा।

जब मालती उसे लेकर चलने को हुई तो अर्श दौड़कर, सोफे पर बैठे दादा की गोदी में आकर बैठ गया।
'नो, आई विल बी विद बाबा' (मैं बाबा के साथ रहूँगा)। मालती उसे खींच कर ले जाना चाही तो वह रोने चिल्लाने लगा। फिर मालती ने सोचा कि अर्श के दादा, दादी को भी गाड़ी में बिठा ले और उसे शिशु सदन छोड़ने के पश्चात् वापस घर छोड़ देगी। सबके साथ चलने को अर्श तैयार हो गया। उसने सोचा शायद कहीं घूमने जा रहे हैं। पर
जब मालती की गाड़ी शिशु सदन के गेट पर रुकी तो वह फिर चिल्लाने लगा -
'नो, नो! नो चाइल्ड केयर!'
पर उसे जबरदस्ती गाड़ी से उतारी और शिशु सदन के वार्डन के सुपुर्द  कर दी। ऐसा लग रहा था उसे किसी कैदखाना में छोड़ दिया गया हो।  वह चिल्लाते हुए वार्डन से हाथ छुड़ाकर दादा दादी के पास आना चाहता था, पर वार्डन उसे एक चॉकलेट थमाकर खिलौनों की ओर ले गयी।
दृश्य देखकर चंद्रकांत और उनकी पत्नी दोनों की ऑंखें डबडबा आईं।


माल की पार्किंग

भूपेंद्र को मॉल में शॉपिंग करते डेढ़ घंटे से ऊपर हो चुके थे। उसने अपने मम्मी पापा को आइसक्रीम पकड़ाकर, आइसक्रीम पार्लर में कुर्सी पर बैठा दिया और बोला, 'आप लोग तब तक आइसक्रीम  खाइये, मैं गाड़ी लगा कर आता हूँ।'
लेकिंग गाड़ी तो ठीक ही स्थान पर लगाया था, फिर लगाने क्यों चला गया। यह प्रश्न शर्मा जी के मन में उठ रहा था। लेकिन जिस बात का पता नहीं, क्यों माथा पच्ची करें। वे चुपचाप अपने आइसक्रीम का आनंद लेने लगे।
थोड़ी ही देर बाद भूपेंद्र आ गया, 'और आइसक्रीम लेंगे पापा ?"
'नहीं"
'और क्या खाएंगे ?'
'कुछ नहीं। गाड़ी तो ठीक ही लगी थी, फिर दुबारा लगाने क्यों गया था?'
भूपेंद्र ने उन्हें बताया, 'यहाँ दो घंटे तक की पार्किंग निःशुल्क है। उसके बाद, हर दो घंटे का दस डॉलर चुकाना पड़ता है। मैंने एक बार पार्किंग से निकाल कर फिर से लगा दिया। अब दो घंटे और बिना पैसे दिए गाड़ी खड़ी रहेगी, तब तक तो हमारा काम हो ही जायेगा।'
'वाह भई यहाँ भी अपना देशी तिकड़म चलता है। वहां तो लोग हवाई अड्डे किसी को लेने जाते  हैं तो पार्किंग के पैसे बचाने के लिए पहले ही सड़क पर गाड़ी खड़ी करके यातायात बाधित करते हैं।'






चाइल्ड केयर देर से

आज एक तो प्रिया ऑफिस से ही देर से निकली, दूसरे ट्रफिक में फंस गयी। बड़ी कोशिश के बाद भी वह छः बजे तक चाइल्ड केयर नहीं पहुँच पायी। जब चाइल्ड केयर पहुंची तो वहां एकदम सन्नाटा पसरा था, न तो कोई स्टाफ न ही कोई बच्चा। जब अंदर घुसी तो देखी, मात्र एक ही कमरे की बत्ती जल रही थी। उस कमरे में ढाई वर्ष की डॉली, नीचे फर्श पर बैठी सिसकियाँ भर रही थी।
'माय मॉम (मेरी माँ)।'
कमरे में एक सुपरवाइजर थी जो कुछ खिलौने लेकर फुसलाने की कोशिश कर रही थी। डॉली को कोई भी खिलौना अच्छा नहीं लग रहा था। उसे तो था कि सभी बच्चों के मम्मी आकर उन्हें ले गयीं। और डॉली की मम्मी को उसकी कोई चिंता ही नहीं थी। उसे मन में यह भी डर सता रहा था कहीं मम्मी आये ही ना और रात भर वहीँ रहना पड़े।
बस थोड़ी देर बाद, कोई सवा छः बजे, जैसे ही डॉली की मम्मी कक्ष में प्रवेश की डॉली के सारे दुःख भाग गयी और वो दौड़ कर मम्मी से चिपट गयी। प्रिया ने उसे गोद उठाया, 'सॉरी डॉल, आयी बिकेम बिट लेट (मुझे थोड़ी देर हो गयी)।'
'सी मॉम, एवरीवन हैज  गॉन (देखो, सब चले गए)।'
'हां बेटा, वेरी सॉरी।"
प्रिया गोदी में लिए उसे चूमने लगी, तब तक सुपरवाइजर रजिस्टर लेकर आ गयी, 'मैम! इसमें टाइम डाल कर साइन कर दीजिये।"
'ओ. के.'
डोली को तो राहत मिल गयी थी, पर डोली की माँ की मुसीबत बढ़ गयी। सुपरवाइजर बोली, 'आपको एक्स्ट्रा रुकने का एक घंटे का १२० डॉलर लेट फी देना होगा।' इस सप्ताह घर के कुछ फर्नीचर खरीदने के कारण पहले ही बजट बिगड़ा था, अब १२० डॉलर का और चूना लग गया।



कमाई का क्या करें

विदेश जाने से, कामता की आय तो उम्मीद से भी अधिक बढ़ गयी थी।  कहाँ तो यहाँ सात आठ लाख का पैकेज था यानि कि महीने में कट कटाकर पचास हजार ही आते थे, अमेरिका जाकर सीधे एक लाख डॉलर, यानि साठ सत्तर लाख रुपये सालीना। वहां मंहगाई अवश्य थी, कई वस्तुओं की कीमत तो भारत से तीन गुना तक अधिक थी फिर भी खा पीकर काफी पैसे बच जाते थे। कुछ ही महीनों में, कामता के पास सभी आवश्यक वस्तुएं हो गयी थीं। इंडिया में उसके पिता जी संपन्न थे, इसलिए उसे यहाँ भी कोई रूपया पैसा भेजने की आवश्यकता नहीं थी।
उसे अपनी कमाई अपने तरीके से ही उड़ानी थी।

पहले कभी इंडिया में, दोस्तों के साथ शौकिया, बीयर आदि ले लेता था, अब तो उसके पास पैसा था, बढ़िया से बढ़िया स्कॉच मंगाता था। उसका एक मित्र देवदत्त भी स्कॉच का शौक़ीन था। दोनों ने अपने अपने घर में मिनी बार, बना रखा था। अब तो जैसे प्रतियोगिता सी होने लगी थी कि किसके बार में अधिक प्रकार की स्कॉच और व्हिस्की है, तथा कौन सी ज्यादा महँगी है।
देवदत्त, जब भी कामता के यहाँ आता , 'और क्या नया मंगाया है ?'
'ये देख 'हेन्नेसी  पैराडिस", एक हजार डॉलर की है यानि पैंसठ हजार रुपये। पीटर फ्रांस गया था, उससे ड्यूटी फ्री शॉप से मंगवाया है।'
'ये ब्रांड तो आज तक नहीं देखा, तो चल आज इसे ही खोलते हैं।'
 'आज नहीं, अगले सैटरडे। उसी दिन शीला का बर्थडे है, तभी खोलेंगे। आज के लिए ये है 'मैक्ल्लन', ये भी दो सौ डॉलर का है।'
कमाता, रैक से जैसे ही बोतल निकालता है, अभय का फ़ोन आ जाता है। 'कामता क्या कर रहा है।'
'कुछ नहीं देवदत्त आ गया था, 'मैक्ल्लन' खोलने जा रहा हूँ। तू भी आ जा।'
'यार अभी कल ही तो ड्रिंक लिए है, और कल फिर लेना है इसीलिए तुझे फोन किया है कल घर पर आ जा। ठीक है अभी आता हूँ, बस बीस पच्चीस मिनट।'
थोड़ी देर में अभय भी पहुँच गया। तब तक डाइनिंग टेबल पर सलाद नमकीन आदि लग चुका था। बोतल खुलने के लिए अभय की प्रतीक्षा कर रही थी। आते ही अभय ने बोतल उठाया और मेज पर पड़ी तीनों गिलासों में डाल कर पेग बना दिया। 'और शीला !'
तब तक रसोई से आवाज आयी, 'मैं अपनी वाइन ले रही हूँ।'
पहला सिप लेते ही अभय, 'वाह, ये पहली बार ले रहा हूँ। बिलकुल अलग टेस्ट। कमाल का है, सौ डॉलर से तो ऊपर की ही होगी। '
तभी कामता ने शराब की बोतलें रखे रैक की और ईशारा करते हुए बोला, वो देख 'हेन्नेसी पैराडिस' इसका भी बाप। ये तो दो सौ डॉलर की है।'
अभय अपनी कुर्सी उठकर, उस बोतल को हाथ में लेकर देखने लगा। 'वाह! कितने की है?'
'एक हजार डॉलर।'
'बताओ, हम लोग कितना तो शराब पीने में बर्बाद कर देते हैं।'
कामता बोल पड़ा, कमाते काहे के लिए हैं! आखिर यहाँ इसीलिए तो आये हैं।'
'नहीं यार हर चीज की हद होती है। ज्यादा पीना तो स्वास्थ्य के हानि ही पहुंचाएगी। कभी कभार तो एन्जॉय करने के लिए ठीक है। यह दूध और जूस का विकल्प थोड़े ही हो सकता है।'
'अरे, कुछ नहीं होता डाइट सही तो ये शराब क्या कर लेगी।'
''क्या कर लेगी, तुरंत थोड़े ही पता लगता है। जब बात बिगड़ जाएगी तब पता चलेगा और चिड़िया खेत चुग जाएगी तो पछता कर भी कुछ नहीं होगा। फिर स्वास्थ्य तो खा पीकर ठीक रख लोगे, और बुद्धि व विवेक  ...? इसके अलावा बच्चों पर क्या प्रभाव पड़ेगा?"



चोखा बाटी

ओम ड्यूटी से आते ही वंदना  से बोला, 'आज चोखा बाटी खाने का मन कर रहा  है। चोखा बाटी खाये जमाना हो गया। देखो तो फ्रीज में बैगन ही न !'
वंदना फ्रीज खोल निकाल कर दिखती है, 'हाँ एक है।'
'बस ठीक है, बहुत है। आलू उबलने के लिए रख दो। थोड़ा आराम कर लूँ, तो इसे भूनता हूँ।'
'वैसे बाटी का मजा तो अपने इंडिया में ही है, उपले पर सिकी बाटी का क्या स्वाद आता है! उपले पर भुने, बैगन और टमाटर भी बढ़िया स्वाद देते हैं।'
'तो यहाँ पर उपले कहाँ से लाएंगे! और जलाये भी तो धुआं कहाँ छिपाएंगे।'
'चलो कोई नहीं ओवन में ही बना लेंगे। मैं सोच रहा था कौशिक को भी बुला लूँ, उसे भी चोखा बाटी बहुत पसंद है।'
'हाँ फिर थोड़ी देर में कहोगे नितिन को भी बुला लूँ, बृजेश को भी बुला लूँ, नारायण को भी बुला लूँ और धीरे धीरे
तो पूरी पार्टी ही हो जाएगी। पहले ही बता चुकी हूँ, कि एक ही बैगन है बाकी सामान तो अभी देखा भी नहीं।'
'वंदना! तुम्हें पता ही है, अपने इंडियन डिश के सभी देशी भाई दीवाने हैं। कुछ चीजें तो भारतीय रेस्तरां में मिल भी जाती हैं, पर चोखा बाटी कहाँ मिलती है। और भारतीय व्यंजन का आनंद तो अपने देशी लोगों के साथ ही आएगा न। थोड़ी तुम्हारे पकवान की प्रशंसा हो जाएगी, थोड़ी गपशप हो जाएगी। अपने देश की कुछ बातें हो जाएँगी। तुम्हीं सोचो कितनी बढ़िया शाम हो जाएगी। मुझे तो अपने लोगों के साथ देशी खाना खाने में जो मजा आता है, स्कॉच पीने में भी मजा नहीं आता। थोड़ा बहुत कम पड़ जायेगा तो साथ में चावल दाल भी बना लेंगे।'
'तो मैं कहाँ मना कर रही हूँ, बस सामान देख लो।'
'हाँ, बैगन तो काफी बड़ा है, तुम कह रही हो तो बृजेश को, और बुला लेता हूँ।'



वहां पैसे न होने से तरसते यहाँ साधन

रोटी खाऊंगा

कौमुदी परेशान हो चुकी थी, शेरा था कि चुप ही नहीं हो रहा था।  आठ बज चुके थे, अभी तक कार्तिक भी ड्यूटी से नहीं आया था। शेरा न तो पिज्जा खा रहा था न ही चाउमीन।
कौमुदी उसे बार बार समझा रही थी, 'बेटा आज पिज्जा खा ले। कल मैं रोटी दाल बना दूंगी, आज सुबह ही आटा समाप्त हो चुका  है और इंडियन शॉप यहाँ से दूर है। आज हम भी पिज्जा ही खाएंगे। वैसे अब तो इंडियन शॉप बंद भी हो चुकी होगी। कहाँ आटा मांगने जाएँ।'
'नहीं, मैं चिकन और रोटी खाऊंगा नहीं। रोज रोज पिज्जा और चाउमीन।'
'सही कह रहा है रोज किसी को अमृत भी दो तो ऊब जाता है। यही हम इंडिया में थे और घर में पिज्जा या चाउमीन आता तो टूट कर पड़ते और तुझे यहाँ रोटी अच्छी लग रही है। लेकिन अब मैं करूँ क्या ! ठीक है नहीं मनता है तो थोड़ा रूक, पापा को आ जाने दे मीना के यहाँ से थोड़ा आटा मंगाती हूँ।'
तभी घंटी बजती है। 'देख पापा होंगे।'
शेरा ने दरवाजा खोला और कार्तिक के घर में घुसते ही कौमुदी बोलने लगी, 'देखो शेरा आज रोटी खाने की जिद्द कर रहा है। न पिज्जा खा रहा है, न चाउमीन, देखो पास्ता भी पड़ा है। चिकन तो कल का पड़ा है लेकिन आटा सुबह ही समाप्त हो गया।'
'तो कोई बात नहीं, हम लोग पिज्जा खा लेते हैं। आज मैं एक मीटिंग में चला गया था और मेरा लंच वहीँ हो गया था। उसमें रोटी पड़ी है  सेंक के इसे खिला दो।'
कौमुदी के जान में जान आयी।



ताजी रोटी

रविवार क दिन था। मनोज के यहाँ, लंच पर चार मित्र परिवार जुटे थे। बीयर का दौर समाप्त हुआ। लड़के डाइनिंग टेबल (खाने की मेज) पर बैठ गए। सब्जी दाल के डोंगे सजा दिए गए। मंगल एक एक का ढक्कन उठा कर देखने लगा, 'राजमा  .. , पालक पनीर  .. , भिंडी  .. , रायता भी  ..., वाह शीतल! भरवा बैगन। खाने का मजा तो शीतल के यहाँ है। क्या क्या वैरायटी बना लेती है। इसे  तनिक भी आलस नहीं होता।'

शीतल रसोई से आवाज लगाती है, 'तब तक दाल सब्जी प्लेट में निकालो, मैं गरम गरम रोटियां सेक कर लती हूँ।'
निशा भी रसोई में चली जाती है, 'ला मैं सिकवा देती हूँ।'
'ठीक है। चल मैं बेलती हूँ, तू सेक सेक कर परोसती जा।'
निशा ढेर सारा आटा देखकर परेशान सी हो गयी। 'तू इतनी सारी रोटी बनाएगी। रेडीमेड क्यों नहीं माँगा ली? हम तो जयादा लोग होते हैं तो रेडीमेड ही प्रयोग में लाते हैं।  कौन इतनी रोटी सेंके। '
'रेडीमेड तो हमारे यहाँ भी पड़ी है।  'देख फ्रिज में रोटियां भी हैं, पराठे भी हैं और सब्जी भी। लेकिन उसे हम इमरजेंसी में ही प्रयोग करते हैं। अपनी ताज़ी रोटी सब्जी का स्वाद उसमें कहाँ आ पाता है! जब अपने ही खाना है तो थोड़ा मेहनत कर के अच्छा खाने में क्या हर्ज है?'
तब तक माधुरी भी रसोई में आ गयी, 'लेकिन  यार इतनी रोटी हमसे तो नहीं बनती।'
'तो छः महीने की बासी रोटी भी खानी पड़ती है। तू ही देख, जिस सब्जी रोटी को साल तक बैक्टीरिया नहीं खाते उसे इंसान को खाना पड़ रहा है।'





ससुरा गया

आज पार्टी चल रही है। सहेलियां आई हुई हैं, वाइन की बोतलें खुली हैं, मोना दौड़ दौड़ कर नग्गेट्स और चिप्स परोस रही है।
कांता ने पूछ ही लिया, 'क्या हुआ मोना, बड़ी खुश लग रही है।'
सुलोचना बोल पड़ी, 'परसों इसके ससुर वापस इंडिया चले गए न !'
'हाँ, उनके बिना घर बड़ा उदास लग रहा था।  सोचा तुम लोगों को बुला लें, थोड़ा चहल पहल हो जायेगा।'
कांता फिर बोली, 'उदास लग रहा है कि ख़ुशी में पार्टी कर रही है। थोड़ी देर पहले तो तू अपनी मम्मी से फोन पर कुछ और बातें कर रही थी।'
'तो, तू सुन रही थी क्या ?'
'आवाज तो आ रही थी न ! मैं कान थोड़े ही बंद किये थी।'
फिर सुलोचना की ओर देखकर, 'पता है ये अपनी मम्मी से क्या कह रही थी ! ...  कह रही थी  ... अरे चले गए, बड़ी राहत हो गयी। उनके चक्कर में बड़ी मुसीबत उठानी पड़ती थी। वो बाहर का कभी खाते नहीं थे। हम लोग  कभी बाहर से मंगाते भी तो उनके लिए अलग से रोटी सेकनी पड़ती थी। बुढ़ऊ  को पिज्जा आदि पसंद नहीं अत था, उनके रहते मुझे तो बड़ी टेंसन रहती थी। अब जाकर राहत मिली है। अब तीन दिन तक तो मैं कुछ भी नहीं बनाउंगी।  बस बाहर का ही खाएंगे।'
मोना बहुत शर्मिंदा हुई। 'अच्छा! सुलोचना तो अपनी खास है, और किसी के सामने मुंह खोली तो बहुत मारूंगी। एक तो छुप के बात सुनती है  .... और  .... देख बहन! समीर के सामने कभी मत बोल देना।'
 'अरे ठीक है, इतनी बच्ची थोड़े ही हूँ।'



लान की घास की घास

करन और सुलभा, इण्डिया से एक महीने बाद लौटे थे। उन्होंने देखा कि लॉन की घास, कटी पड़ी थी। वे सोचे कि घास बढ़ गयी होगी तो पड़ोसी ने काट दी होगी। जब उसके लॉन की ओर देखा तो उसकी खुद की ही बड़ी थी। वह अपनी छोड़ मेरी क्यों काटेगा। शायद आते जाते बढ़ी हुई देख, यतिन ने काट दी होगी।

सुलभा को देखते हुए करन बोला, 'देखो यतिन कितना ख्याल करता है, हमारी अनुपस्थिति में लान की घास काट डाली। अभी तो रात हो गयी है, सुबह चल कर उसको थैंक्स बोल देंगे।'

'लेकिन यतिन क्या इतनी दूर से अपनी मूविंग मशीन ले के आया होगा। हमारी मशीन तो गैराज में बंद थी।'

'तो और कौन इतना करेगा।  यहाँ तो वैसे ही कोई दूसरे घर में तांक झांक नहीं करता। चलो, कल सुबह ही पता  करेंगे।'

सुबह होते ही यतिन का फोन आ गया, 'और करन इण्डिया से कब लौटे।'
'कल शाम'
'और यात्रा कैसी रही। किस एयरलाइन्स से आये।'
'वही कैथे पैसिफिक, अच्छी थी। ठीक से आ गए। यार मैं आया तो देखा कि लॉन की घास कटी पड़ी थी, तूने  तो नहीं काटा! क्योंकि देख रहा हूँ तो पड़ोसी की खुद ही बढ़ी हुई है।'
 'अपना लेटर बॉक्स चेक किया, कौंसिल का कोई बिल तो नहीं आया है।'
'नहीं, अभी देखता हूँ।'
करने ने लेटर बॉक्स देखा, घास की कटाई का, कौंसिल का डेढ़ सौ डॉलर का बिल पड़ा था। वैसे उसकी घास सत्तर पचहत्तर डालर में कट जाती।



पीकदान

वर्मा जी को पान खाने की बड़ी तलब लगी। सन्नी से बोले, 'बेटा चल  पान के ला। विदेश में ऐसा तो है नहीं कि गली गली में पान  की गुमती हो। सन्नी, वर्मा जी को गाड़ी में बिठा कर ले गया।  सात आठ किलोमीटर जाकर तो पान की दुकान मिली।

वर्मा जी ने मुंह में पान दबा लिया और दोनों वहीँ बाजार में घूमने लगे। मुंह में दबा तो लिया अब थोड़ी देर में थूकने की जगह ढूंढने लगे। वे चारों और नजर दौड़ाये पर उन्हें कहीं ऐसी जगह नहीं दिख रही थी  कि थूक सकें, वर्मा जी के लिए बड़ी समस्या हो गयी।

अब वे सोचने लगे कि किसी माल में चलें वहां वाश बेसिन तो होगा ही। पर, वे डर भी रहे थे कहीं बेसिन पर छींट पड़ गयी और आजकल जगह जगह कैमरे भी लगे होते हैं, पकड़े गए तो अच्छा खासा दंड भरना पड़ेगा।
आखिरकार, वे सन्नी से बोले, 'बेटा थूके कहाँ ?'

'पापा! इसीलिए, यहां लोग पान नहीं खाते। अगर खाया है तो थूकने का प्रबंध खुद ही करना होगा। इंडिया जैसे कहीं भी सड़क पर नहीं थूक सकते।'

सन्नी की गाड़ी में एक पोलेथिन बैग पड़ा था, निकाल कर थमा दिया, 'ये लीजिये कहीं कूड़ेदान दिखेगा तो वहाँ फेंक देंगे।"



कुत्ते का मल

वर्मा जी अपनी श्रीमती, मनोरमा के साथ टहल रहे थे। उन्होंने देखा एक गोरा अपने कुत्ते को घुमा रहा था।
जैसे ही कुत्ते ने मल किया, उसने अपना पॉलिथीन का दस्ताना पहना और उठाकर एक पॉलीथिन बैग में डाल लिया। यह दृश्य वह अपनी पत्नी को दिखाने लगे।

 मनोरमा ने जब यह देखा तो वह आश्चर्य चकित थी, 'यह कुत्ते की टट्टी क्यों उठा रहा है।'

वर्मा जी ने तुरंत ही उनकी शंका का का समाधान कर दिया, 'यहाँ के लोग साफ सफाई का बहुत ध्यान रखते हैं। कहीं पर कूड़ा पड़े हुए तुमने देखा, सभी लोग कूड़ेदान में ही कूड़ा डालते हैं। ये भी इस मल भरे पॉलीथिन को कहीं कूड़ेदान देख कर डाल देगा।'

'फिर तो यहाँ कुत्ता पालना  भी बड़ी समस्या है। इतना सब करो तब तो !'
'हां वो तो है ही।'

'फिर, ये सब अपने इंडिया में क्यों नहीं होता। वही इंडियन जब यहाँ आते हैं तो सफाई रखते हैं, लेकिन वहां गन्दगी फैलाने में उन्हें कोई संकोच नहीं होता।''

'यहां पर डर है न, कोई गन्दगी फैलाएगा तो भारी दंड भरना पड़ेगा। वहां तो गन्दगी भी फैलाएंगे और धौंस भी जमाएंगे। किसी का कोई रिश्तेदार नेता है, तो किसी का अधिकारी। लोगों को अपने कर्तव्यों से अधिक, अपने मित्रों और रिश्तेदारों के पद का गर्व होता है। यहाँ ये सब धौं नहीं चलता बल्कि अपराध में गिना जाता है। हमारे यहाँ भी यदि दंड का डर हो क्यों नहीं सुधरेगा!'



भेद भाव नाम का अन्तर

यहाँ का पहनावा

'शान्ती कल पिकनिक में तू क्या पहन रही है?'
'सोच रही हूँ जींस और टॉप पहन लूँ, सूट तो यहां अच्छा नहीं लगेगा। और तू।'
'मैं तो स्कर्ट और टॉप पहनूंगी, तू भी ले ले मेरे पास कई स्कर्ट पड़े हैं।'
'नहीं मुझे स्कर्ट की आदत नहीं है। स्कूल के बाद तो कभी स्कर्ट पहना ही नहीं।  वैसे संध्या यहाँ का पहनावा देख रही हूँ तो इंडिया के उल्टा ही है।'
'वो क्या ?'
'अपने इंडिया में तो मर्द चाहे जैसा पहनें, पर स्त्रियां पूरा तन ढक कर रखती हैं। और यहाँ देखती हूँ तो, औरतें छोटे कपड़े पहनती हैं और मर्द पूरी पैंट पहनते हैं।'
'संध्या हंसने लगती है, यहाँ की औरतें पावरफुल हैं न।'
'हाँ यार, तुझे ही देखती हूँ।  जब घर में रहती है पायजामा या लेगी पहनती है ड्यूटी जाती है तो चड्ढी
और फराक पहन कर। मुझे तो यहाँ का पहनावा समझ नहीं आ रहा है।'
'पता है छोटे ड्रेस में लड़कियां बेब लगती हैं, फुल ड्रेस पहनकर तो माँ सी लगने लग जाती हैं। अभी तू नयी आयी है, धीरे धीरे ऐसी ही हो जाएगी। '
'इतना तो कभी नहीं हो पाऊँगी। शादीशुदा स्त्री को बेब बनकर, किसे दिखाना है। यहाँ की लड़कियों का क्या! वो   तो खसम बदलती रहती हैं, पर हमने अपने समाज से जो सीखा पढ़ा है, उसकी एकदम से तिलांजलि थोड़े ही दे देंगे।'
'अरे ठीक है यार ! अलग अलग देश की अलग संस्कृति है। इसमें बुरा क्या है ? कहते हैं न, 'जैसा देश वैसा वेश।'




दोगुनी होली

हेमंत और ऋचा अपने दो बच्चों के साथ, दो तीन साल से अकेले होली मानते आ रहे थे। बस अपने घर के लॉन में बच्चों ने इनके ऊपर पिचकारी मार दी और इन्होंने बच्चों को गुलाल मल दिया या फिर आपस में।  कुछ और भारतीय परिवार स्टॉकहोम में थे मगर से दूर रहते थे। शाम को किसी स्थान का चयन कर, होली मिलन का कार्यक्रम होता था, कभी आलस हुआ तो जाने की टाल हो जाती।
इस होली पर, सिंगापुर से कुलदीप और कविता भी अपने दो बच्चों के साथ स्वीडन घूमने आये थे। अब तो आठ लोग थे, सुबह होते ही बच्चे पिचकारी लेकर लॉन में निकल पड़े। जब आठ के आठ, प्राणी गुलाल मलकर लॉन में उछाल कूद करते खिलखिलाने लगे तो उधर से गुजरते हुए गोरों का उधर की और देखकर मुस्कराना तय था। मन तो उनका भी ललचाता कि इस तरह के माहौल का वो भी हिस्सा बन जाते, यह पर उनकी संस्कृति नहीं थी। इस बार, हेमंत के बच्चों के होली का आनंद तो दोगुने से भी अधिक था एक तो चार की जगह आठ लोग होली खेल रहे थे दूसरे कई महीनों के बाद बर्फ से छुटकारा मिला था जैसे की फ्रीज से निकल कर आये हों।





हॉर्न पड़ गया

रज्जाक अपने दोस्तों में कई दिनों तक मजाक का पात्र बना रहा। जब भी उसके यहाँ कोई मित्र आता या वे कहीं किसी के घर जाते तो रज्जाक की बीबी सलमा उन्हें बताने से नहीं चुकती, 'पता है पिछले सन्डे को हम जा रहे थे तो इसे हॉर्न पड़ गया।'
जब सलमा ने यह बात मंसूर को बताई तो रज्जाक सफाई देने लग गया, 'अरे गाड़ी चला रहे हैं तो हॉर्न पड़ गया तो कौन सी आफत आ गयी। इंडिया में देखो तो सिग्नल पर भी अभी हरी बत्ती भी नहीं होती कि पीछे वाले हॉर्न पर हॉर्न बजाने लगते हैं।'
'लेकिन यह इंडिया नहीं है बच्चू ! यह न्यूज़ीलैंड है। यहां हॉर्न पड़ने का मतलब गलत ड्राइविंग। क्या गलती किया था।'
'कुछ नहीं मुझे टर्न लेना था और मैंने संकेत नहीं दिया। मेरे पीछे वाली गाड़ी ने हॉर्न दे दिया।'
'यह तो  गंभीर गलती है। अगर वह स्पीड में हो और बिना सिग्नल के मोड़ तो कंफ्यूज हो जायेगा। यहाँ खामखाह कोई हॉर्न भी नहीं बजाता और इस तरह की गलती भी नहीं करता।'



पार्किंग

बजाज साहब को हवाई अड्डे से निकलने में कुछ देर हो गयी। बाहर अंकित पहले से ही उनकी प्रतीक्षा कर रहा था। डैडी के निकलने में देर होने से वह घबराने लगा। वे पहली बार स्विट्ज़रलैंड आये हैं, कहीं कोई परेशानी तो नहीं पड़ गयी। वैसे तो ज़्यूरिख हवाई अड्डे पर ऐसी कोई समस्या नहीं है, बाहर निकलने का सीधा रास्ता है और ऐसा कोई सामान भी नहीं कि कस्टम में कोई समस्या हो।  सोच ही रहा था कि बजाज साहब दिख गए। वह झट से बढ़कर, उनकी ट्रॉली पकड़ लिया। पैर छूकर, पूछा, 'क्या हो गया था, इतनी देर क्यों हो गयी ?'
'सामान आने में थोड़ा समय लग गया।'
'आईये चलिए, थोड़ा कदम बढ़ा कर ही चलिए, बस पांच मिनट बचे है फिर पार्किंग के बहुत पैसे देने पड़ जायेंगे।'
दोनों जल्दी जल्दी पार्किंग की ओर बढ़ने लगे। अंकित शीघ्रता करते हुए डिक्की में सामान रखा और गाड़ी निकलने लगा। जब वह एग्जिट पर पहुंचा तो पहले से दो गाड़ियां खड़ी थीं और अंकित को पहले उनके निकलने के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ी।
जब तक उसका नंबर आया और अपना कार्ड पंच किया तब तक निर्धारित समय से दो सेकंड ऊपर हो गया। अब तो  जहाँ उसे दस यूरो देने थे, पचीस यूरो का भुगतान कारन पड़ा। वह बहुत पछताया, बताओ बस दो सेकंड बिलम्ब  के कारण उसे पंद्रह यूरो अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। लेकिन अब कर भी क्या सकता था, यहाँ कहें तो किससे, मशीन किसी की सुनती नहीं।



रास्ता भूल गया

केप टाउन से केप नेचर रिज़र्व का कार से केवल एक घंटे का रास्ता था। लेकिन रवि को रास्ता पता नहीं था उसे तो जीपी एस सिस्टम का प्रयोग करके ही जाना था। वह घर पर फ़ोन चार्ज नहीं कर पाया, कुछ ही दूर गया कि फ़ोन की बैटरी का चार्ज समाप्त हो गया। उसकी कार का चार्जर, कल स्वीटी ने निकाल कर अपनी गाडी में लगा लिया था। अब तो बड़ी समस्या हो गयी कि रास्ता कैसे पता करें। अब तो न गूगल मैप उपलब्ध था न किसी मित्र से कोई मदद मिल सकती थी। वैसे सड़क पर जगह जगह मार्ग दर्शन के बोर्ड तो लगे तो थे मगर कहीं देखने में कोई चूक हो गयी तो वहां रास्ता बताने वाला भी कोई नहीं मिलता। और हुआ भी वही, एक जगह साइनेज (मार्ग सूचक) पर उसकी दृष्टि नहीं पड़ी और वह गलत दिशा में मुड़ गया। काफी दूर तक चलने पर भी जब केप नेचर रिज़र्व का कोई बोर्ड नहीं दिखा तो उसे शंका हुई कि वह गलत रास्ते पर चल पड़ा है। अब उसे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करे, ऐसे कहीं सड़क के किनारे गाड़ी रोक कर किसी को हाथ भी नहीं दे सकता था। वहां भारत जिसे तो था नहीं, कहीं भी रोककर  रास्ता पूछ लो और एक से पूछो तो बताने के लिए दो तीन लोग आ जाते हैं।

उसे चिंता होने लगी कि गलत रास्ते पर कहीं दूर निकल गया तो उतना फिर वापिस आना पड़ेगा। अब तो उसके पास एक ही रास्ता था कि रह में कोई रेस्टॉरेंट मिले तो वहां रूककर फ़ोन चार्ज करे। थोड़ा और बढ़ा तो आगे मैक्डोनाल्ड का एक रेस्तरां दिख गया। अब उसकी जान में जान आयी। उसने वहां अपनी कार रोकी और फ़ोन चार्ज करने के लिए लगाकर, काफी पीने बैठ गया। काफी पीते हुए उसकी नजर एक भारतीय परिवार पर पड़ी। रवि उठकर गया और उनसे पूछ लिया, 'क्या आप भारतीय हैं ?'
उत्तर हाँ में ही मिला। जब रवि ने उन्हें यह बताया की वह केपटाउन केप नेचर रिज़र्व जा रहा है तो पता चला की वह उलटी दिशा में चालीस किलोमीटर चला आया था। पता चला, वह परिवार भी रिज़र्व ही जा रहा था अब रवि ने उनके पीछे अपनी गाड़ी लगा दिया, वैसे फ़ोन भी थोड़ा चार्ज हो ही गया था।




अकेलापन

यूरोप के किसी देश, जवानी में जाओ तो ठीक। अगर कोई बुढ़ापे में गया तो घर ही काटने को दौड़ता है। उपाध्याय जी को कुछ इसी तरह की परिस्थिति का सामना करना पड़ा। उनके बेटी दामाद तो काम पर चले जाते, ये बेचारे अकेले कभी कोई किताब लेकर बैठ जाते तो कभी टहलने निकल पड़ते।
पास पड़ोस में दोस्त न मित्र, गोरे कभी कभी हेलो हाय तो कर लेते पर उसके आगे कोई बात नहीं होती।
न  टीवी, रेडियो भी इन्हीं की भाषा और संस्कृति बोलते हैं। आखिर बेटी दामाद से कितनी बात करें। एक महीने तो किसी तरह काट लिए, अब वे चाहते थे कितनी जल्दी इंडिया वापस चले जाएँ। अपना इंडिया कितना अच्छा है, वहां अकेला रहकर भी अकेला नहीं।  आते जाते कितने ही लोग पूछ लेते हैं, दादा कैसे हो।
एक दिन शाम को जब सचिन ड्यूटी से आया तो बोल बैठे, 'बेटा टिकट थोड़ा पहले का करा  दो तो ज्यादा पैसे काटेंगे।'
' जो काटेंगे वो तो देख लेंगे। आप अपनी परेशानी बताईये।'
'मैं चाहता हूँ थोड़ा जल्दी वापस चला जाऊं।'
'लेकिन पापा जी, अभी तो एक महीना भी नहीं हुआ, कम से कम दो तीन महीने तो रुकिए।'
'नहीं बेटा, मेरे लिए अपना इंडिया ही ठीक है। यहाँ तो काला पानी लग रहा है। '
'अच्छा रुकिए मैं टीवी में इंडियन चॅनेल लगवा देता हूँ और अगले महीने एक सप्ताह की छुट्टी लेकर पूरा यूरोप घूमने चलेंगे।'
'अब कई बातें सोचकर, उपाध्याय जी अपने निर्धारित समय पर ही लौटे।'



कैंपिंग

विपिन इस बार अपने मम्मी पापा को कैंपिंग का अनुभव करना चाहता था। शुक्रवार की शाम को ही वहां लगाने के लिए टेंट लेकर चल दिया। अकेले बोर न हो, इसलिए तीन चार और मित्रों को भी बोल दिया था और उन्हें सीधे तकपूना बीच पहुंचने के लिए बता दिया था। तकपूना, ऑकलैंड के पास ही था,  सभी अपने अपने टेंट लेकर, अँधेरा होने तक पहुँच गए।
तकपूना में ठहरने के लिए समुद्र तट पर तीन प्रकार के साधन थे। पहला तो कैंपिंग मोटर या कारवां लेकर जाओ। उसमें गाड़ी में ही  टीवी, फ्रिज आदि से परिपूर्ण, दो लोगों के सोने की वयवस्था थी। वहां जाकर कैंपिंग पार्क में गाड़ी खड़ी करो, और घूम  फिर कर आकर उसी में सो जाओ।
दूसरा था लॉज और तीसरा अपना टेंट ले जाओ या वहीँ से किराये पर ले लो। विपिन और नीता ने तीसरा विकल्प चुना। टेंट और मोटर में कैंप करने वालों को मामूली शुल्क देकर, वहां ये सुविधाएँ उपलब्ध थीं -
शौच व स्नान गृह, गैस आपूर्ति के साथ रसोई, कूड़ेदान, दुकान, रेस्तरां आदि।
दिन तो बोटिंग करने, समुद्र में नहाने और लहरों का आनंद लेने में बीत गया। शाम होने पर समुद्र का दृश्य देखने लायक था। विपिन के पापा ने शाम के समय समुद्र के इस तरह का अवलोकन पहले कभी नहीं किया था।  सूर्यास्त के समय पूरा समुद्र स्वर्णिम हो गया था, और धीरे धीरे वह स्वर्णिम रंग चांदनी होने लगा और कुछ देर  पश्चात् ही आसमान से चाँद झांकने लगा। वहीँ समीप ही बारबेक्यू था, ये लोग चिक्केन और फिश टिक्का ले गए थे भूनना शुरू हो गया। फिर क्या था फोल्डिंग कुर्सी खोल कर खुले रेत में बीयर की बोतलें लेकर सभी बैठ गए। विपिन, नीता और उनके दोस्तों के लिए तो यह कोई खास बात नहीं थी, परन्तु विपिन के पापा, जिन्होंने हमेशा दिल्ली की सड़कें और बाजार ही देखा था, को ऐसा लग रहा था कि किसी और लोक में आ  गये हों। शहर के भीड़भाड़ और शोर शराबा से दूर वैसे ही अच्छा लग रहा था ऊपर से चांदनी रात में समुद्र का नजारा बीयर की बोतल के साथ, इस अनुभूति को शब्दों में वर्णन कर पाना कठिन था।
लेकिन बस दो दिन, फिर लौट के आना ही था।

कार में कैद

रात के साढ़े ग्यारह बज चुके थे, अभी पार्टी चल ही रही थी।  सुमित, जयंत, मुकेश सभी ए थे पर श्याम नहीं दिखा तो आशु ने पूछ दिया, 'क्या हुआ? श्याम नहीं आया!'
विजय ने बताया, 'नहीं शुक्रवार है न, उसके ऑफिस वालों की भी पार्टी है। बारह बजे तक आ ही जायेगा। जब भी आएगा, यहाँ तुम लोगों से मिलने जरूर आएगा।'
तब तक विजय के फोन की घंटी बजी। वह श्याम का ही फ़ोन था। 'हेलो विजय! तू लॉरेंस रोड आ जा, पुलिस ने पकड़ रखा है। '
'क्यों, क्या हो गया?'
'अरे ब्रेथ रिजल्ट पॉजिटिव निकला है। मैं गाड़ी चला नहीं सकता। बस गाड़ी में बैठा हूँ, ये कह रहे हैं कम से कम तीन घंटे यहीं रहना पड़ेगा। फिर दुबारा चेक करेंगे अगर तब तक नेगेटिव हो गया तभी कार लेकर जाने देंगे। '
'ज्यादा पी ली थी क्या ?'
'नहीं कोई खास ज्यादा नहीं, अब मशीन ने पकड़ ही लिया तो ज्यादा ही समझो। तू जल्दी आ जा, तूझे कार चला कर ले चलनी है। '
'लेकिन मैं भी तीन पेग तो ले चुका हूँ। और  सुमित, जयंत, मुकेश सभी ले रहे हैं। देखता हूँ लड़कियों में से किसी ने कुछ नहीं लिया हो तो लेकर अत हूँ। '
विजय ने गरिमा से कहा तो वह भी वाइन पी रही थी। बस अदिति अभी रसोई में व्यस्त थी, अभी वाइन का पहला ही सिप लिया था। उसने कुल्ला किया और चल दी। वे आधे घंटे में श्याम को लेकर आ गए।
आते ही जयंत बोला, 'ले, एक पेग और लगा   मूड ठीक हो जायेगा।'



   **************


बीमा के बिना
कितना इंडिया में या वहाँ की पालिसी


 और नीता
आज मित्र मंडली पहाड़ियों के उन वादियों से सभी लौट आये
बोतल से बाहर
स्कॉच और बीयर की बोतलों का खूब सारा भंडार
पहाड़ियों के पीछे का नजारा देखा
नहीं
बोतल से बाहर भी दुनिया है भाई




Saturday, 18 June 2016

Kauva kaan le gaya

कौवा कान ले गया

चिंटू हाजिरजबाब तो था ही, किसी बात की तुरंत प्रतिक्रिया देता।  कई बार गलत हो जाता तो दादी का एक ही तकिया कलाम था, 'कोई कहे कौवा कान ले गया तो कौवे के पीछे दौड़ लेगा, कान नहीं देखेगा।'

एक दिन दादी जैसे ही वाशबेसिन देखीं, चौंककर बोलीं, 'अरे इसमें ये क्रैक कैसे आ गया? कल तक तो ठीक था।
चिंटू की मम्मी सुनकर बोलीं 'जरूर चिंटू ने उसपर कुछ गिराया होगा। चिंटू! चिंटू! कहाँ है ? क्या गिराया तूने वाश बेसिन पर ?' कहते, कमरे में गयी और गाल पर एक हल्का सा जड़ दिया।
'मैंने कुछ नहीं गिराया' कहते, चिंटू रोने लगा।
इतने में दादी भी आ गयीं, 'अरे क्या हुआ? क्यों मार दिया बच्चे को?'
चिंटू रोते हुए बोला 'कौवा कान ले गया। '
दरअसल वाशबेसिन में चिंटू की मम्मी का बाल गिर गया था जिसे दादी ने क्रैक समझ लिया।

एस० डी० तिवारी

Tuesday, 17 May 2016

Matrimonial

मैट्रिमोनियल

सौम्या ने अख़बार में पढ़ा 'बधू चाहिए'। लड़का उसी की जाति का है, उसका कनाडा में अपना कारोबार है। अब वह अनिवासी भारतीय है तथा उसे कनाडा की नागरिकता मिल चुकी है। सौम्या के मन में विदेश जाने की ललक पहलुए से ही थी, उसे लगा कि विदेश जाने का इससे अच्छा अवसर कहाँ मिलेगा। उसने, अख़बार का वह पृष्ठ खोलकर, मेज पर इस ढंग से रख दिया कि उसके पापा की दृष्टि उस पर पड़े। इस बात को सीधे पापा से कहने में उसे संकोच हो रहा था।
अख़बार रखकर वह निर्मला के यहाँ चली गयी। निर्मला उसकी घनिष्ठ सहेली थी।  सौम्य ने उससे इस बात की चर्चा की तो निर्मला ने सलाह दिया, 'किस्मत आजमाने में क्या जाता है। यदि लड़का विदेश में है तो बड़ी अच्छी बात है।  सुना है तुझे लोगों की आमदनी बहुत अधिक होती है, लोग ऐश की जिंदगी जीते हैं। और तू जाएगी तो हमें भी घूमने को मिलेगा।'
'हां, पहले तू घूमकर आ जा, तब आगे की बात करते हैं। उसके बारे में ठीक से पता कर लियो। जब तू ठीक कहेगी तभी आगे की बात करेंगे। '
दोनों जोर के ठहाके लगाकर, हंसने लगती हैं।
निर्मला फिर बोली, 'सही कह रही है, इस तरह के मैट्रिमोनियल में कई बार धोखा भी हो जाता है। भाई ठीक से जाँच परख के ही कोई कदम उठाना।'
सौम्या जब लौटकर आई तो उसके पापा अखबार लेकर ही बैठे थे। उसकी युक्ति काम कर गयी थी। वे वही पृष्ठ  पढ़ रहे थे जिसे वह पढ़ाना चाहती थी। घर में घुसते ही उसके पापा बोले,
'बेटा सौम्य! देखो मैट्रिमोनियल में एक विज्ञापन आया है, सब ठीक ठाक तो लग रहा है। लड़का यहीं अपने पंजाब का रहनेवाला है, कनाडा का नागरिक हो चुका है, अच्छी आमदनी है।'
'पापा, जो आप लोग ठीक समझें।' 
 इतने में सौम्या की माँ भी आ जाती है। सौम्या के पापा अख़बार उसकी और बढ़ाते हैं, 'देखो सुकेशी, यह सौम्य के लायक अच्छा मैच लग रहा है। '
सुकेशी अख़बार ले लेती है, और पढ़कर, अपनी आशंकाओं  से अवगत कराती है, 'लड़का विदेश में हैं, न जाना न सुना, पता नहीं कैसा होगा, उसका चाल चलन, उसकी आदतें, नशेड़ी है, जुआरी है।'
'अरे नहीं, लुधियाना के पास का ही रहने वाला है, उसके पिंड से पता करवा लेंगे।'
मेहरा जी ने उसके गांव से पता लगवाया तो पता चला  कि रोहन के पिता पंजाब मूल के थे। वे एक अच्छे व्यक्ति थे। पहले लुधियाना में एक दुकान किये। पर बाद में कनाडा चले गए। रोहन का जन्म वहीँ हुआ था। वह क्या करता है, यह किसी को नहीं पता।  
काफी सोच विचार कर मेहरा जी ने सौम्या का विवरण भेज दिया। मेहरा जी की वित्तीय स्थति बहुत अच्छी नहीं थी। उन्होंने सोचा कि यह रिश्ता तय हो जाता है तो वे बिना दान दहेज़ की शादी कर लेंगे और सौम्या सीधे कनाडा जाएगी। मेहरा जी को यह पता था कि अमेरिका और कनाडा में नागरिक अधिकार अपने यहाँ से अधिक मजबूत हैं। वैसे भी सौम्या पढ़ी लिखी है ही, हर स्थिति से निपटना जानती है। 
काफी विचार मंथन कर, सौम्या का विवरण और फोटो भेज दिया गया और बहुत अधिक समय लगे बिना वहां से स्वीकृति भी आ गयी। अब  फेस बुक पर चैटिंग और फोन से वार्तालाप भी शुरू हो गयी। सौम्या रोहन से काफी प्रभावित थी। शादी का दिन पक्का हुआ। रोहन इंडिया आया और अपने कुछ रिश्तेदारों व मित्र आदि को एकत्र किया।  सौम्या से उसकी शादी हो गयी।  विवाह के पंजीकरण के बाद दोनों कनाडा चले गये। सौम्या के पति के कनाडा का नागरिक होने के कारण उसे भी वहां की नागरिकता मिल गयी। 

कनाडा में जाकर सौम्या को तो लगा कि वह स्वर्ग में ही आ गयी है। साफ सुथरी जगह, बड़ा सा घर, गाड़ी, व्यवस्थित जीवन, सब कुछ उसकी सोच से ज्यादा। एक वर्ष कैसे निकल गया, पता ही नहीं चला। घूमना फिरना, रेस्तरां में खाना उसे बहुत अच्छा लगता। एक साधारण परिवार की होने के कारण, उसे पैसे काम मिलते और इन सबके लिए कई बार मन मरना पड़ता। सौम्या दिन में अकेले बोर होती, एकाध बार तो अपनी मां से बात कर लेती, बाकी समय या तो टेलीविजन देखती या सोती । उसने सोचा कि वह इंग्लिश ऑनर्स है, क्यों न कोई जॉब ढूंढ ले। जब उसने यह बात रोहन से कही, तो वह साफ मना कर दिया।

धीरे धीरे दोनों की शादी को एक वर्ष बीत गए। सौम्या जब भी जाब की बात करती, पता नहीं क्यों रोहन उसे मना कर देता। एक दिन सौम्या के लिए एक कागज का टुकड़ा क़यामत लेकर आया, वह था कोर्ट का नोटिस। 
रोहन ने कोर्ट में सौम्या से तलाक की याचिका डाल दी थी। अब तो सौम्या के पांव के नीचे से जमीन खिसक गयी।  वह परदेश में क्या करेगी, कैसे रहेगी? या फिर वापस इंडिया? रोहन के इस आचरण से वह हत प्रभ थी। विदेश में उसकी कोई मदद करने वाला भी नहीं। ऐसा भी हो सकता है, वह कभी सोच भी नहीं सकती थी। फिर भी वह हिम्मत वाली लड़की थी, उसने सोचा अभी वह अपने मम्मी पापा को नहीं बताएगी और परिस्थिति से लड़ेगी। अंग्रेजी बोलने में उसे समस्या नहीं थी और उसने एकाध मित्र भी बना लिया था। अब तो वह रात दिन एक करके जॉब ढूंढने लगी और तीन दिन बाद ही उसे एक जॉब मिल गयी। उसने ठान लिया कि चाहे कुछ हो जाये, वह अपने पांव वहां जमा के रहेगी। 

एक दिन, एक शॉपिंग माल में उसकी मुलाकात एक और भारतीय लड़की नीलम से हुई।  बात चीत से पता चला की नीलम भी रोहन की भूतपूर्व पत्नी थी, जिसे वह तलाक दे चुका था। रोहन यही काम करता था इंडिया से शादी करके लड़की ले जाता और वहां जाकर तलाक दे देता। उसे नई नई लड़कियों के साथ समय बिताने का शौक था। सौम्या को इस बात की तनिक भी भनक नहीं थी कि वह उसकी तीसरी पत्नी है। नीलम से उसकी मित्रता हो गयी और उसके घर आना जाना शुरू हो गया। इधर कोर्ट से नोटिस के उत्तर में सौम्या जज के सामने पेश होकर बोल दी रोहन जीवन भर साथ देने का भरोसा देकर शादी किया। यह तलाक तो उसके साथ सरासर धोखा है। रोहन ने उसे कोई काम भी नहीं करने दिया। वह कनाडा के लिए नई है और तुरंत कुछ करने में सक्षम नहीं है, अतः उसे रोहन से मुआवजा दिलाया जाय। कोर्ट ने तलाक तो मंजूर कर लिया, मगर उसके जीवन यापन हेतु, रोहन को दो लाख डॉलर देने का आदेश दे दिया।
नीलम का भाई एक कंपनी में बड़ा अधिकारी था। उससे पता चला कि उसकी कंपनी में सौम्या के प्रोफाइल की जॉब निकली है। सौम्या का वहां पर चयन हो गया और उसने कंपनी बदल ली । अब सौम्या की परेशानी समाप्त हो चुकी थी। वह अपने नाम के अनुकूल ही सौम्य स्वाभाव की थी। नीलम के भाई कार्तिक को वह बहुत अच्छी लगती थी और उससे प्यार हो गया। दोनों ने विवाह कर लिया।  
उधर रोहन ने बिना सोचे समझे तलाक का कदम उठा तो लिया पर उसे सौम्या का व्यव्हार इतना पसंद था कि उसके लिए दिन रात तड़पता था। पर अब वह क्या कर सकता था, उसका भण्डा फूट चुका था। सौम्या और नीलम ने ठान लिया कि वे रोहन को, और किसी लड़की को उसके जाल में नहीं फंसने देंगी। अब रोहन को अकेले ही रहना था। वह अपने किये पर पछताने के अलावा कर भी क्या सकता था। 


Friday, 13 May 2016

Purani kitab

पुरानी किताब - १

पंडित रामधन के पास खेत तो था, पर सारी खेती अनुकूल बारिश पर निर्भर करती। खेत से खाने भर को बड़ी मुश्किल से पैदा होता। घर के छोटे मोटे सामान अनाज के बदले ही आते थे। घर के बच्चों तक को मन मार के रहना पड़ता। कपड़ा लत्ता भी एकाध साल बाद ही नया बन पाता। बेटे को पढ़ाने लिखाने के लिए पैसे नहीं होते। सरकारी स्कूल की फीस तो नाम मात्र की होती पर कापी किताब खरीदने में भी कोताही थी। किताब के लिए रिश्तेदारियों के बच्चे ढूंढे जाते। बड़े बेटे से अगली कक्षा में किस रिश्तेदार का बच्चा पढता है, उससे पहले ही बोल दिया जाता था कि किताबें सम्भाल के रखना, अगली साल बिटवा को चाहिए होगी।

बिटवा छठीं में आ गया था, पंडित जी ने जिस रिश्तेदारी में किताब के लिए बोला था, वह फेल हो गया। अब वे बड़ी परेशानी में पड़ गए। आखिर किताब के लिए क्या करें! पैसे तो थे नहीं, कि खरीदें। बिटवा पढ़ने में बहुत तेज था। कक्षा में प्रथम तीन में ही स्थान रखता था, मगर किताब के बिना कैसे पढ़ेगा। पहले तो सोचे उधार पायींच करके खरीद दें, मगर पंडित जी ने दिमाग दौड़ाया तो उनको याद आया कि उनके मामा की लड़की यानी ममेरी बहन का लड़का भी इसी वर्ष छठी कक्षा से उत्तीर्ण हुआ है। बहनोई जी जिला मुख्यालय के एक कॉलेज में लेक्चरर थे। रामधन ने सोचा, चलें उनसे एक बार किताब के लिए कहें मगर हिम्मत भी नहीं हो रही थी, बड़े लोग हैं पता नहीं बात का मान रखेंगे या नहीं, ना कर दिया तो बेइज्जती होगी और साथ में दुःख। मगर और कोई रास्ता भी नहीं सूझ रहा था। उन्होंने सोचा एक बार देख लेने में कोई हर्ज नहीं, ना कर देंगे तो देखा जायेगा। एक दिन थोड़ी लइया भूजा लेकर, वे ममेरी बहन के यहां चले गए। दीदी के यहां पहुंचते ही बड़े होने के लक्षण दिखने लगे थे। रामधन का केवल पानी पिलाकर स्वागत किया गया, क्योकि चाय बनाने में श्रम और शरबत बनाने में चीनी खर्च होती। वही अगर वो पंडित रामधन के यहाँ आते तो निर्धन होते हुए भी वह शरबत के साथ भूजा भी देते। उस समय गांव में चाय का फैशन नहीं था। 

खैर, रामधन ने अपनी बात बहन के सामने रख दी। कंप्यूटर की तरह उनको उत्तर मिला, 'इस साल बेटी पांचवी में है, अगली साल छठी में जाएगी, बेटे की सारी किताबें उसके लिए सम्भाल कर रख दी हैं।'
रामधन ने कहा अगली साल वह सभी किताबें वापस कर देगा, तो बहन का कहना था कि वे पहले ही पुरानी हैं, एक साल में और पुरानी हो जायेंगी, फिर पढ़ने लायक कहाँ रह जाएँगी! बेटी वैसे ही बड़ी नखरेवाली है, ज्यादा फटी पुरानी किताब से वह पढ़ेगी ही नहीं।

लौट के बुद्धू घर को आये। अब तो बिटुआ को बिना किताब के ही स्कूल जाना पड़ता। शुरू में एकाध दिन डांट पड़ी, पर बिटुआ के अध्यापक ने परिस्थिति का बोध होते ही साथ बैठने वाले छात्र के साथ, साझे में किताब पढ़ने की व्यवस्था करवा दिया।


 - एस० डी० तिवारी

पुरानी किताब - २

बिरजू ही पंडित रामधन के खेतों का सारा काम करता था। बदले में थोड़ा सा खेत उसे दे दिया गया था और पंडित जी के खेत में पैदा हुए अनाज में से थोड़ा बहुत मजदूरी के रूप में ले जाता था, जिससे उसके परिवार का पेट पलता था। वह एक दलित भूमिहीन था, गांव में रोजगार के और कोई साधन नहीं थे, इसलिए उसके परिवार की निर्भरता रामधन पर ही थी। उसका छोटा भाई सिरजन, कलकत्ता, किसी मिल में काम करता था। वह बचपन में ही कलकत्ता चला गया था। उसने अपना घर बिरजू से अलग बनवा लिया था। अपने मोहल्ले में उसका घर सबसे सुन्दर दिखता था। उसका परिवार गांव के किसानों पर आश्रित नहीं था। कलकत्ता से पैसा आता था और वे ठीक ठाक से रहते थे। सिरजन के बेटे को कॉपी किताब का कोई अभाव नहीं था। 

बिरजू की पत्नी रमौती, अधिकतर पंडित जी के यहाँ आती और उनकी पत्नी के काम में हाथ बंटा देती थी। बदले में कुछ खाने पीने को मिल जाता। कभी कभी, घर ले जाने को, बचा खुचा खाना भी मिल जाता। एक दिन रमौती आई तो बिटुआ को देखकर पूछ दी, बिटुआ किस कक्षा में है? जब उसे पता चला छठी में तो चौंक कर बोली, अरे सिरजन का बेटा सातवीं में है। पंडित रामधन और उनकी पत्नी समझे  कि वह अपने परिवार को ऊँचा दिखाना चाहती है कि उसके घर के बच्चे पढ़ने में इनसे आगे हैं। पंडित रामधन थोड़ा ऐंठ कर बोले, 'तो हम क्या करें।'  

'अगली साल उसकी किताबें, बिटुआ के काम आ जाएँगी। कहें तो, अभी से बोल के रखूं। हमारे पास पड़ोस और रिश्तेदारी में इस साल और कोई छठी में नहीं है।'

पंडित जी को अपनी ममेरी बहन याद हो आई जिसने अपने बेटे की पुरानी किताब भी देने से मना कर दिया था।  वे रमौती की ओर अवाक् कुछ देर देखते रहे।


   एस० डी० तिवारी



पुरानी किताब  - ३

आठवीं कक्षा तक बिटुआ गांव में पढ़ा। उसके चाचा सदानन्द दिल्ली रहते थे। सदानंद ने रामधन से कहा बिटुआ को उसके साथ दिल्ली भेज दें, वहां पढ़ाई लिखाई का अच्छा माहौल है, पढ़ लिख जायेगा। रामधन को भी यह बात अच्छी लगी।  गांव में तो खेल कूद में ही लगा रहेगा और बच्चों के साथ बिगड़ जायेगा। बिटुआ अपने चाचा के साथ दिल्ली आ गया। उसके चाचा ने एक सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा में उसका नाम लिखवा दिया। अब फिर से किताब की समस्या आई। नई किताबें बहुत मंहगी थीं और किसी से जान पहचान भी नहीं थी कि पुरानी मांग कर काम चलाये। उसके चाचा उसे समझाते कि शहर का खाने पीने का ही खर्च बहुत होता है, ऊपर से पढ़ाई का खर्च। यह वेतनभोगी के लिए बहुत बड़ा भर है इसलिए कोशिश करके, अन्य लड़कों से दोस्ती कर ले ताकि कम से कम किताबों का तो बंदोबस्त हो जाय। चलो, आने जाने का तो बस का सस्ता पास बन जायेगा। 

उसे साथ पढ़ने वाले बच्चों से किताबें तो नहीं मिलीं पर एक रास्ता मिल गया, लड़कों ने बताया कि नई सड़क से पुरानी किताबें खरीद ले। वहां आधे दाम पर ही किताबें मिल जाती हैं। नयी सड़क की बाजार देख बिटुआ को बड़ा आश्चर्य हुआ और अपना गांव याद आ गया। गांव में तो पुरानी किताबें मांगने पर मुफ्त में ही मिल जाती थीं, और यहाँ पुरानी किताबों का बाजार लगा है। उसने कुछ जरूरी किताबें वहां से खरीद लीं। एकाध तो साथ के बच्चों से मांगकर काम चला लेता। जिसदिन किसी बच्चे को उस विषय का काम नहीं करना होता, वह उससे किताब मांग कर ले जाता और अपना काम कर लेता। 

कई बार बच्चों द्वारा बहाना का सामना भी करना पड़ता। इन घटनाओं से क्षुब्ध, बिटुआ ने ठान लिया कि वह अपने बच्चों को कभी किताब का अभाव नहीं होने देगा। खुद बेशक पुरानी किताबों से पढ़ रहा है, मगर वह इस लायक बन कर रहेगा कि उसके बच्चे किताब के लिए न तरसें। उसका परिश्रम रंग लाया माध्यमिक परीक्षा बड़े अच्छे अंकों से उत्तीर्ण किया। आगे ग्रेजुएशन में तो पुस्तकालय की सुविधा भी मिल गयी थी। 

बिटुआ का बेटा नई किताबें लेकर अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ने जाता है। पंडित रामधन पैसे की बड़ी तंगी देख चुके थे, अब बिटुआ उनके लिए हर महीने कुछ पैसे भेज देता है।  


एस० डी० तिवारी


पुरानी किताब - ४

बिटुआ अब विवेक पांडेय था। दरिया गंज में पटरी पर लगी पुरानी किताबों के बाजार में विवेक को एक  किताब दिख गयी। दाम पूछा तो, मात्र बीस रुपये। बिटुआ ने तुरंत बीस का नोट निकाला और उस पुस्तक को उठा लिया। वैसे, अब उसे इसकी आवश्यकता नहीं थी। परंतु उसके लिए इसका प्रसंग एक पुरानी घटना से जुड़ा था। जब वह पढता था तो बहुत महँगी होने के कारण वह मनोविज्ञान की यह पुस्तक खरीद नहीं पाया था। पुस्तकालय से वह पुस्तक उसे काफी प्रतीक्षा के पश्चात् मात्र पंद्रह दिन के लिए मिल पायी थी। केवल पंद्रह दिन में वह उस पुस्तक से क्या कुछ कर पाता? किसी तरह थोड़ा बहुत नोट बना पाया था। आज वह पुस्तक उसे लगभग मुफ्त में मिल रही है।
वह उस पुस्तक को घर लाकर समझ पाया कि अभी भी उसके लिए कितनी मूल्यवान है। पढ़ाई के समय जिस ज्ञान से वह वंचित रह गया था, उसकी पूर्ति अब हो रही है। उसे एहसास हुआ कि यह पुस्तक उसकी एक बहुत पुरानी संगिनी है, जिससे वह अब तक दूर रह रहा था।


पुरानी किताब ५

विवेक को मुंशी प्रेम चंद की कहानियां पढ़ने का शौक था। एक बार वह दरियागंज पुरानी पुस्तकों के बाजार में घूम रहा था कि उसकी दृष्टि एक किताब पर पड़ी। यह वही किताब थी जिसके लिए उसने कभी नई सड़क छान मारी थी। किताब जर्जर अवस्था में थी। उसका जिल्द तक भी नहीं था। खैर प्रेम चंद की कहानियों की मनपसंद किताब थी, उसने बिना अधिक सोचे उसे खरीद लिया।

घर लाकर, उसने किताब को मेज पर रख दिया और किसी काम से बाहर चला गया। उसके जाने के पीछे कबाड़ी वाला आ गया। उसकी उनकी पत्नी ने अखबार की रद्दी के साथ उस किताब भी दे दिया। विवेक जब लौट कर आया तो पढ़ने के लिए वो किताब ढूंढने लगा। नहीं मिली तो, शालिनी से पूछा 'मेज पर एक किताब रखी थी, नहीं मिल रही है।'
'एक फटी पुरानी सी किताब पड़ी तो थी मैंने तो उसे रद्दी में बेच दिया।'
अब तो विवेक के अफ़सोस का ठिकाना न रहा। इतनी मेहनत से ढूंढकर लाया था और वह रद्दी में चली गयी। वो भी मुंशी प्रेम चंद की किताब। अब मुंशी प्रेम चंद ये कदर रह गयी है!
खैर, उसने सोचा, अगले रविवार को एक बार फिर से प्रयास करेगा, इतने बड़े पुस्तकों के भंडार में शायद एक और किताब हो। रविवार को वह दरियागंज पहुँच गया। पहले तो वह उसी दुकान पर गया, 'भाई मैं एक प्रेम चंद की कहानियों की पुस्तक ले गया था, मुझे एक और चाहिए।'
'अरे साहब यहाँ एक शीर्षक की दो किताबें तो मुश्किल से ही मिलती हैं। ढूंढ लीजिये, शायद किसी  के पास मिल जाय।'
विवेक पटरी बाजार का चक्कर लगा रहा था कि एकाएक एक दुकान पर, एक ग्राहक के हाथ में वही किताब देखकर बड़ा प्रसन्न हुआ।  'भाई साहब ! यह किताब नहीं ले रहे हों तो मैं ले लूँ।'
नहीं भाई अभी देख रहा हूँ, मेरे काम की लग रही है, बेटा हिंदी से एम० ए० कर रहा है। उसे चाहिए।
जब उस व्यक्ति ने दाम पूछा तो दुकानदार बोला १०० रुपये।
तबतक विवेक की दृष्टि उस पुस्तक पर लगे एक चिन्ह पर पड़ गयी। यह तो वही पुस्तक थी जिसे वे पिछली बार ले गया था। वह बड़ा हैरान हुआ, इतनी जल्दी वह पुस्तक फिर से इस बाजार में कैसे आ गयी।
दाम सुनकर, विवेक बोला, 'पिछली बार तो मैं यहीं से ४० रुपये में ले गया था।'
दुकानदार बोला, 'बाबूजी, इसकी छपी कीमत तो तीन सौ रुपये है। बाकी तो ग्राहक के जरूरत के हिसाब से दाम।कभी ग्राहक छपे मूल्य से भी अधिक दाम देने को तैयार हो जाता है।'










पुरानी किताब

बिटवा यानि केदारनाथ, एडवोकेट अपनी साठ की उम्र पार कर, जिंदगी के दूसरे छोर पर पहुँच चुके हैं। वे अपने जीवन से जुड़े, पुरानी किताब के इन सात प्रसंगों को कभी नहीं भूल पाते।

प्रथम 
पंडित रामधन के पास थोड़ा बहुत खेत था और सारी खेती अनुकूल बारिश पर निर्भर करती। खेत से खाने भर को बड़ी मुश्किल से पैदा होता। किसी तरह से काम चल जाता था। घर के छोटे मोटे सामान अनाज के बदले ही आते। बच्चों तक को अपनी जरूरतों के लिए मन मार के रहना पड़ता। कपड़ा लत्ता भी एकाध साल बाद ही नया बन पाता। बेटे को पढ़ाने लिखाने के लिए पैसे नहीं होते। सरकारी स्कूल की फीस तो नाम मात्र की होती पर कापी किताब खरीदने में बड़ी कोताही थी। किताब के लिए रिश्तेदारियों के बच्चे ढूंढे जाते। बड़े बेटे से अगली कक्षा में किस रिश्तेदार का बच्चा पढता है, उससे पहले ही बोल दिया जाता कि किताबें सम्भाल के रखना, अगले साल बिटवा को चाहिए होगी।

बिटवा छठीं में आ गया था, पंडित जी ने जिस रिश्तेदारी में किताब के लिए बोला था, वह फेल हो गया। अब वे बड़ी परेशानी में पड़ गए। आखिर किताब के लिए क्या करें! पैसे तो थे नहीं, कि खरीदें। उस समय सरकार की ओर से भी कापी किताब की कोई योजना नहीं थी। बिटवा पढ़ने में बहुत तेज था। कक्षा में प्रथम तीन में ही स्थान रखता, मगर किताब के बिना कैसे पढ़ेगा। पहले तो सोचे उधार पायींच करके खरीद दें, मगर पंडित जी ने दिमाग दौड़ाया तो उन्हें याद आया कि उनके मामा की लड़की यानी ममेरी बहन का लड़का भी इसी वर्ष छठी कक्षा से उत्तीर्ण हुआ है। बहनोई जी जिला मुख्यालय के एक कॉलेज में लेक्चरर थे। रामधन ने सोचा, चलें उनसे एक बार किताब के लिए कहें, मगर हिम्मत भी नहीं हो रही थी। बड़े लोग हैं पता नहीं बात का मान रखेंगे या नहीं, ना कर दिया तो बेइज्जती होगी और साथ में दुःख। मगर और कोई रास्ता भी नहीं सूझ रहा था। उन्होंने सोचा एक बार देख लेने में कोई हर्ज नहीं, ना कर देंगे तो देखा जायेगा। एक दिन थोड़ी लइया और गुड़ लेकर, वे ममेरी बहन के यहां चले गए। दीदी के यहां पहुंचते ही बड़े होने के लक्षण दिखने लगे थे। रामधन का केवल पानी पिलाकर स्वागत किया गया, क्योकि चाय बनाने में श्रम और शरबत बनाने में चीनी खर्च होती। वही, अगर वो पंडित रामधन के यहाँ आते तो निर्धन होते हुए भी वह शरबत के साथ भूजा भी देते। उस समय गांव में चाय का फैशन नहीं था। 

खैर, रामधन ने अपनी बात बहन के सामने रख दी। कंप्यूटर की तरह उनको उत्तर मिला, 'इस साल बेटी पांचवी में है, अगली साल छठी में जाएगी, बेटे की सारी किताबें उसके लिए सम्भाल कर रख दी हैं।'
रामधन ने कहा अगली साल वह सभी किताबें वापस कर देगा, तो बहन का कहना था कि वे पहले ही पुरानी हैं, एक साल में और पुरानी हो जायेंगी, फिर पढ़ने लायक कहाँ रह जाएँगी! बेटी वैसे ही बड़ी नखरेवाली है, ज्यादा फटी पुरानी किताब से वह पढ़ेगी ही नहीं।

लौट के बुद्धू घर को आये। अब तो बिटुआ को बिना किताब के ही स्कूल जाना पड़ता। शुरू में एकाध दिन डांट पड़ी, पर बिटुआ के अध्यापक ने परिस्थिति का बोध होते ही साथ बैठने वाले छात्र के साथ, साझे में किताब पढ़ने की व्यवस्था करवा दिया।


द्वितीय

बिरजू ही पंडित रामधन के खेतों का सारा काम करता था। बदले में थोड़ा सा खेत उसे दे दिया गया था और पंडित जी के खेत में पैदा हुए अनाज में से थोड़ा बहुत मजदूरी के रूप में ले जाता था, जिससे उसके परिवार का पेट पलता था। वह एक दलित भूमिहीन था, गांव में रोजगार के और कोई साधन नहीं थे, इसलिए उसके परिवार की निर्भरता रामधन पर ही थी। बिरजू का छोटा भाई सिरजन, कलकत्ता, किसी मिल में काम करता था। वह बचपन में ही कलकत्ता चला गया था। उसने अपना घर बिरजू से अलग बनवा लिया था। अपने मोहल्ले में उसका घर सबसे सुन्दर दिखता था। उसका परिवार गांव के किसानों पर आश्रित नहीं था। कलकत्ता से पैसा आता था और वे ठीक ठाक से रहते थे। सिरजन के बेटे को कॉपी किताब का कोई अभाव नहीं था। 

बिरजू की पत्नी रमौती, अधिकतर पंडित जी के यहाँ आती और उनकी पत्नी के काम में हाथ बंटा देती थी। बदले में कुछ खाने पीने को मिल जाता। कभी कभी, घर ले जाने को, बचा खुचा खाना भी मिल जाता। एक दिन रमौती आई तो बिटुआ को देखकर पूछ दी, बिटुआ किस कक्षा में है? जब उसे पता चला छठी में तो चौंक कर बोली, अरे सिरजन का बेटा सातवीं में है। पंडित रामधन और उनकी पत्नी समझे  कि वह अपने परिवार को ऊँचा दिखाना चाहती है कि उसके घर के बच्चे पढ़ने में इनसे आगे हैं। पंडित रामधन थोड़ा ऐंठ कर बोले, 'तो हम क्या करें।'  

'अगली साल उसकी किताबें, बिटुआ के काम आ जाएँगी। कहें तो, अभी से बोल के रखूं। हमारे पास पड़ोस और रिश्तेदारी में इस साल और कोई छठी में नहीं है।'

पंडित जी को अपनी ममेरी बहन याद हो आई जिसने अपने बेटे की पुरानी किताब भी देने से मना कर दिया था।  वे रमौती की ओर कुछ देर अवाक् देखते रह गए।


तृतीय

आठवीं कक्षा तक बिटुआ गांव में पढ़ा। उसके चाचा सदानन्द दिल्ली रहते थे। सदानंद ने रामधन से कहा बिटुआ को उसके साथ दिल्ली भेज दें, वहां पढ़ाई लिखाई का अच्छा माहौल है, पढ़ लिख जायेगा। रामधन को भी यह बात अच्छी लगी।  गांव में तो खेल कूद में ही लगा रहेगा और बच्चों के साथ बिगड़ जायेगा। बिटुआ अपने चाचा के साथ दिल्ली आ गया। उसके चाचा ने एक सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा में उसका नाम लिखवा दिया। अब फिर से किताब की समस्या आई। नई किताबें बहुत मंहगी थीं और किसी से जान पहचान भी नहीं थी कि पुरानी मांग कर काम चलाये। उसके चाचा उसे समझाते कि शहर का खाने पीने का ही खर्च बहुत होता है, ऊपर से पढ़ाई का खर्च। यह वेतनभोगी के लिए बहुत बड़ा भार है इसलिए कोशिश करके, अन्य लड़कों से दोस्ती कर ले ताकि कम से कम किताबों का तो बंदोबस्त हो जाय। चलो, आने जाने का तो बस का सस्ता पास बन जायेगा। 

उसे साथ पढ़ने वाले बच्चों से किताबें तो नहीं मिलीं पर एक रास्ता मिल गया, लड़कों ने बताया कि नई सड़क से पुरानी किताबें खरीद ले। वहां आधे दाम पर ही किताबें मिल जाती हैं। नयी सड़क की बाजार देख बिटुआ को बड़ा आश्चर्य हुआ और अपना गांव याद आ गया। गांव में तो पुरानी किताबें मांगने पर मुफ्त में ही मिल जाती थीं, और यहाँ पुरानी किताबों का बाजार लगा है। उसने कुछ जरूरी किताबें वहां से खरीद लीं। एकाध तो साथ के बच्चों से मांगकर काम चला लेता। जिसदिन किसी बच्चे को उस विषय का काम नहीं करना होता, वह उससे किताब मांग कर ले जाता और अपना काम कर लेता। 

कई बार बच्चों के द्वारा बहाना का सामना भी करना पड़ता। इन घटनाओं से क्षुब्ध, बिटुआ ने ठान लिया था  कि वह अपने बच्चों को कभी किताब का अभाव नहीं होने देगा। खुद बेशक पुरानी किताबों से पढ़ रहा है, मगर वह इस लायक बन कर रहेगा कि उसके बच्चे किताब के लिए न तरसें। उसका परिश्रम रंग लाया माध्यमिक परीक्षा बड़े अच्छे अंकों से उत्तीर्ण किया। आगे ग्रेजुएशन में तो पुस्तकालय की सुविधा भी मिल गयी थी। 

केदार यानि बिटुआ का बेटा नई किताबें लेकर अंग्रेजी माध्यम के स्कूल में पढ़ने जाता है। पंडित रामधन पैसे की बड़ी तंगी देख चुके थे, अब बिटुआ उनके लिए भी हर महीने कुछ पैसे भेज देता है।  


चतुर्थ

बिटुआ अब केदार नाथ था। दरिया गंज में पटरी पर लगी पुरानी किताबों के बाजार में केदार को एक किताब दिख गयी। दाम पूछा तो, मात्र बीस रुपये। बिटुआ ने तुरंत बीस का नोट निकाला, और उस पुस्तक को उठा लिया। वैसे, अब उसे इसकी आवश्यकता नहीं थी, परंतु उस पुस्तक से उसका एक पुराना प्रसंग जुड़ा था। जब वह बी. ए. कर रहा था तो बहुत महँगी होने के कारण वह मनोविज्ञान की यह पुस्तक खरीद नहीं पाया था। पुस्तकालय से वह पुस्तक उसे काफी प्रतीक्षा के पश्चात् मात्र पंद्रह दिन के लिए मिल पायी थी। केवल पंद्रह दिन में वह उस पुस्तक से क्या कुछ कर पाता? किसी तरह थोड़ा बहुत नोट बना पाया था। आज वह पुस्तक उसे लगभग मुफ्त में मिल रही है।
वह उस पुस्तक को घर लाकर समझ पाया कि अभी भी उसके लिए कितनी मूल्यवान है। पढ़ाई के समय जिस ज्ञान से वह वंचित रह गया था, उसकी पूर्ति अब हो रही है। यह पुस्तक उसके लिए कोयले के खान में मिले हीरे के जैसी थी। उसे एहसास हो रहा था कि यह पुस्तक उसकी एक बहुत पुरानी संगिनी है, जिससे वह अब तक दूर रह रहा था।


पंचम

एक बार केदार दरियागंज में पुरानी पुस्तकों के बाजार में घूम रहा था कि उसकी दृष्टि एक किताब पर पड़ी। वह मुंशी प्रेम चंद की लिखी कहानियों की किताब थी। जिसके लिए उसने कभी नई सड़क छान मारी थी। किताब जर्जर अवस्था में थी। उसका आवरण तक भी नहीं था। केदार को मुंशी प्रेम चंद की कहानियां पढ़ने का बहुत शौक था और वो विशेषतः मनपसंद किताब थी। केदार ने बिना अधिक सोचे, उसे खरीद लिया।

घर लाकर, उसने किताब को मेज पर रख दिया और किसी काम से बाहर चला गया। उसके जाने के पीछे कबाड़ी वाला आ गया, उसकी पत्नी पूजा ने अखबार की रद्दी के साथ उस किताब को भी दे दिया। विवेक जब लौट कर आया तो पढ़ने के लिए वो किताब ढूंढने लगा। नहीं मिली तो, पूजा से पूछा 'मेज पर एक किताब रखी थी, नहीं मिल रही है।'
'एक फटी पुरानी सी किताब पड़ी तो थी, मैंने तो उसे रद्दी में बेच दिया।'
अब तो विवेक के अफ़सोस का ठिकाना न रहा। इतनी मेहनत से ढूंढकर लाया था और वह रद्दी में चली गयी। वो भी मुंशी प्रेम चंद की किताब। अब मुंशी प्रेम चंद ये कदर रह गयी है!
खैर, उसने सोचा, अगले रविवार को एक बार फिर से प्रयास करेगा, इतने बड़े पुस्तकों के भंडार में शायद एक और किताब हो। रविवार को वह दरियागंज पहुँच गया। पहले तो वह उसी दुकान पर गया, 'भाई मैं एक प्रेम चंद की कहानियों की पुस्तक ले गया था, मुझे एक और चाहिए।'
'अरे साहब यहाँ एक शीर्षक की दो किताबें तो मुश्किल से ही मिलती हैं। ढूंढ लीजिये, शायद किसी  के पास मिल जाय।'
विवेक पटरी बाजार का चक्कर लगा रहा था कि एकाएक एक दुकान पर, एक ग्राहक के हाथ में वही किताब देखकर बड़ा प्रसन्न हुआ। 'भाई साहब ! यह किताब नहीं ले रहे हों तो मैं ले लूँ।'
नहीं भाई अभी देख रहा हूँ, मेरे काम की लग रही है, बेटा हिंदी से एम० ए० कर रहा है। उसे चाहिए।
जब उस व्यक्ति ने दाम पूछा तो दुकानदार बोला १०० रुपये।
तब तक विवेक की दृष्टि उस पुस्तक पर लगे एक चिन्ह पर पड़ गयी। यह तो वही पुस्तक थी, जिसे वह पिछली बार ले गया था। वह बड़ा हैरान हुआ, इतनी जल्दी वह पुस्तक फिर से इस बाजार में कैसे आ गयी।
दाम सुनकर, विवेक बोला, 'पिछली बार तो मैं यहीं से ४० रुपये में ले गया था।'
दुकानदार बोला, 'बाबूजी, इसकी छपी कीमत तो तीन सौ रुपये हैं। बाकी तो ग्राहक के जरूरत के हिसाब से दाम।कभी ग्राहक छपे मूल्य से भी अधिक दाम देने को भी तैयार हो जाता है।'
वह किताब केदार को दुबारा नहीं मिल पायी।


षष्टी

केदार को कहानियां पढ़ने और लिखने का शौक था। धीरे धीरे उसने कई कहानियां लिख डालीं। एक बार
सोचा कि जिंदगी भर किताब पढ़ते बीती है, अब अपनी कहानियों की, कम से कम एक किताब छपवा भी ले। किताब छप जाएगी तो उसका नाम होगा और समाज में वह लेखक कहलायेगा। वह छपवाने के लिए एक प्रकाशक के पास गया तो प्रकाशक ने किताब की रायल्टी देने की बात तो दूर किताब छापने की लागत भी उसी से मांगने लगा। पैसों की राशि सुनकर, विवेक ने अपनी इच्छा को ताक पर रख दिया। अब कभी पैसा होगा तो देखा जायेगा।
एक बार फिर से केदार के मन में जिज्ञासा जगी। इस बार एक अन्य प्रकाशक कुछ उचित दर पर छापने को तैयार हो गया। अब केदार अपनी पुरानी डायरी ढूंढने लगा। घर में सभी जगह ढूंढ मारा, मगर उसे उसकी डायरी नहीं मिली।  वह परेशान होकर, पूजा से पूछा, 'पूजा! यहाँ अलमारी के ऊपर एक  डायरी रखी थी, नहीं मिल रही है।'
'हाँ, एक दिन कृति उससे खेल रहा था, मैंने छीन कर टांड़ पर रख दिया। पता नहीं कैसे मूढ़ा पर चढ़ कर, अलमारी से उतार लिया और उसमें से पन्ने फाड़कर नाव बनाने लगा। कई पन्ने तो फाड़कर टुकड़े टुकड़े कर दिया। वो तो मेरी नजर पड़ गयी, वरना तुम्हारी पूरी डायरी का सत्यानाश कर दिया होता।'
कहते हुए, पूजा ने डायरी लाकर केदार को दे दिया। केदार ने फटाफट पन्ने पलटे, देखा तो उसकी सबसे प्रिय कहानी ही डायरी  से गायब थी। अब वह अपने मस्तिष्क पर जोर डालने लगा परन्तु बड़े प्रयत्न के पश्चात् भी उसे अपनी उस कहानी  का पूरा प्रसंग याद नहीं आया। उसे लग रहा था कि उस कहानी के बिना उसकी किताब में वो जान नहीं आ पायेगी। किन्तु अब कोई चारा भी नहीं था, अपनी पुस्तक उस कहानी के बिना ही प्रकाशक को देनी पड़ी।
एक दिन, छुट्टी के दिन पूजा घर की सफाई कर रही थी कि आलमारी के नीचे खाली पड़ी जगह में उसे एक कागज की नाव दिखाई पड़ी। उसने उसे निकाल कर केदार को बताने लगी, 'देखो एक नाव ये पड़ी।' केदार ने झट से वो नाव ले लिया और उसे खोल कर पढ़ने लगा। उसका चेहरा खिल गया। 'अब तो काम बन जायेगा, कहानी का प्रमुख प्रसंग मिल गया है। बस अब क्या दो तीन दिन में मेरी पूरी कहानी तैयार हो जाएगी।'
केदार ने प्रकाशक को फोन किया, 'मेरी किताब में एक कहानी और जोड़नी है। '
उत्तर ने केदार को एक बार फिर निराश कर दिया, 'किताब तो फाइनल हो चुकी है, उसमें अब कोई भी परिवर्तन संभव नहीं है।'



सप्तम

केदार नाथ की वकालत चलने लगी थी। एक दिन वह शालिनी आंटी के यहाँ गया, तो शालिनी बोल पड़ी, 'बेटा केदार तेरे अंकल की यह लाइब्रेरी खामख्वाह एक कमरा घेर रखी है। कक्कड़ साहब तो अब इस दुनिया चले गए, तुझे पता ही है, विनोद आई. टी. कंपनी में लग गया है, अब ये सारी कानून की किताबें बेकार पड़ी हैं। इन्हें रखकर कोई फायदा नहीं, ये निकल जाएँगी तो यह कमरा खाली हो जायेगा और किताबें भी किसी के काम आ जाएँगी।'
केदार मन ही मन सोचने लगा कि उसे भी कानून की धाराएं और न्यायालयों के फैसलों को देखने के लिए न्यायालय की लाइब्रेरी का सहारा लेना पड़ता है। अगर यह लाइब्रेरी उसे मिल जाय तो उसका कार्यालय भव्य लगेगा और उसका रुतबा भी बढ़ जायेगा।  भेजे में क्या है कौन देखता है, बड़ी सी लाइब्रेरी देखकर, मुवक्किल प्रभावित होगा और उसे अधिक काम मिलेगा। यह विचार करते उसने पूछ दिया, 'कितना लोगी आंटी ?'
'अब तू ही  देख ले बेटा, इसमें चार पांच सौ किताबें तो होंगी ही। अब लगा ले सौ, डेढ़ सौ से कम की एक किताब क्या होगी। पाँच लाख तो ठीक रहेगा न !'
अब केदार का हौसला तो पस्त हो गया।  उसके पास पांच लाख कहाँ थे। हाँ चालीस पचास हजार तक सोच सकता था। तत्काल बात टालने के लिए बोला, 'ठीक है आंटी किसी वकील से बात कर के बताऊंगा।'
'अरे तू भी तो वकालत करता है।'
'हाँ आंटी, पर मेरे  पास अभी इतने पैसे कहाँ हैं ?'
'देख ले तुझे तो चार लाख में ही सब दे दूंगी।'
'नहीं आंटी, मैं किसी और वकील से बात करके देखूंगा।'
अब तो केदार के मन में उस लाइब्रेरी को हथियाने की ललक लग गयी। मगर इतने पैसे जुटाना उसके लिए कठिन था। अभी इतनी राशि बचा  रखा था। उसने लाइब्रेरी का भाव कम करने के उद्देश्य से एक वकील को वहां भेज दिया और लगभग एक महीने के पश्चात् वह स्वयं जा धमका। 'क्या हुआ आंटी मैंने अधिवक्ता सुरेश को भेजा था।'
'अरे छोड़, वह तो पचास हजार बोल कर गया।'
'बताओ उसे शर्म भी न आयी, आजकल इतनी मंहगी किताबें हैं और वो चाहता है फ़ोकट में मिल जाय। एक लाख तक तो मैं ही दे सकता हूँ।'
'हूँ! अच्छा, दो तीन दिन रूक जा, विनोद से पूछ लेती हूँ क्या कहता है।'
केदार प्रतीक्षा ही कर रहा था कि तीसरे दिन फ़ोन आ गया, 'आ बेटा ले जा, एक सप्ताह में यह कमरा खाली कर दे।'  
 

पुस्तक की सौगात /भेंट 

बद्रीनाथ को लिखने पढ़ने का शौक तो बचपन से ही था।  वे कई पुस्तकें लिख चुके थे मगर उनका प्रकाशित करवाना सरल नहीं था।  इतने परिश्रम से तो पुस्तक लिखी और छपवाने के लिए ऊपर से प्रकाशक को प्यासे दो। हर प्रकाशक यही कहता कि आजकल कोई किताब तो पढता नहीं।  आप अपने खर्च पर छपवा कर शौक पूरा कर लें। 
बद्रीनाथ के पास इतने अतिरिक्त पैसे भी तो नहीं थे कि वे लगा कर एकाध किताबे छपवा लें।   
बद्रीनाथ की इच्छा थी कि इतनी पुस्तकें लिख लिए एकाध छपवा लें नहीं तो ये सब डायरियों में ही पड़ी सद जाएँगी। 
उन्होंने किसी तरह धन की व्यवस्था कर ली। एक प्रकाशक बद्रीनाथ की लागत पर पुस्तक छपने को तैयार हो गया।उसने अपना खर्च जोड़कर अस्सी पुस्तकें बद्री नाथ को दे दीं। उन किताबों को घर में रखे, बद्रीनाथ यही सोचते कीअब इनका क्या करें। उनकी पत्नी को भी घर की साफ सफाई में  कठिनाई होती।  वे बार बार कहतीं कि इन कितबों से कुछ मिलता है नहीं और ऊपर से घर कितना गन्दा दिखता है। 
बद्रीनाथ को किसी को किताब खरीदने के लिए कहने में शर्म का अनुभव करते थे।  बस कोई घर पर आ गया तो उसे सौगात के रूप में एक पुस्तक थमा देते।   अब तक उन्होंने कई पुस्तकें छपा लीं। अब वे जब किसी जन्म दिवस आदि किसी उत्सव में जाते तो किताब को ही 'गिफ्ट पैक' करके ले जाते। 
एक दिन मधु के घर महफ़िल जमी हुई थी। कई महिलाएं एकत्र थीं। मधु उनको बद्रीनाथ की पुस्तकों के किस्से सुना रही थीं।  बताओ बद्रीनाथ बुलबुल के जन्मदिन पर किताब की सौगात लाये। अरे उससे अच्छा तो सौ का नॉट ही थमा देते, कुछ काम आ जाता।  हम किताब का क्या करेंगे! रेनू को भी लिखने का शौक है।  वह लेखक के मनोभाव और धन का आभाव दोनों बातों को समझती है। उसने तबक से उत्तर दिया, ' लोग कहीं किसी उत्सव जैसे विवाह, गृह प्रवेश, जन्म दिन इत्यादि में जाते हैं तो कुछ कुछ सौगात ले जाते हैं या फिर नगद ही थमा देते हैं। बद्रीनाथ ने अपने खर्च पर पुस्तक छपवायी और उसके विमोचन पर भी खर्च किया। वहां आने वाले बिना कुछ दिए खा पी भी लिए और मुफ्त किताब भी माँगते रहे। यह तो उचित नहीं है भाई,    


अंग्रेजी पढ़ी बहू आ गयी।  हिंदी का मान घाट गया।  बड़ी नाथ की पुस्तकें नदारद होने लगीं अब शेल्फ में उनकी एक भी किताब नहीं थी।