Tuesday, 10 May 2016

FLAT KA JUNUN

फ्लैट का जुनून

क्षेत्र के सभी प्रॉपर्टी डीलरों की घंटियां बजने लगीं।
'ग्लोब अपार्टमेंट में कोई फ्लैट है?'
मनसुखानी की भी घंटी बजी और उत्तर दे दिया,
'अभी तो नहीं है, सिंघानिया साहब ! जैसे ही आएगा बता दूंगा। '
'देखना, जितनी जल्दी हो सके।'
फोन रखकर मनसुखानी ने अपने लोगों को काम पर लगा दिया, 'दीपक पता कर, ग्लोब अपार्टमेंट में कोई फ्लैट बिकाऊ है? सिंघानिया प्रॉपर्टी से फ़ोन आया था। अर्जेंट है।'
'ठीक है सर, वैसे उसके ठीक बगल वाले अपार्टमेंट में एक बहुत ही बढ़िया फ्लैट है, तीन ओर से खुला, बड़े बड़े कमरे, पावर बैक अप, लिफ्ट; देखते ही पसंद आ जायेगा। ' दीपक ने उत्तर दिया।
'अरे नहीं, ये तो मैं सिंघानिया जी को भी पता है। उन्हें ग्लोब में ही चाहिए, किसी एन. आर. आई. (अनिवासी भारतीय) को लेना है। '
सिंघानिया प्रॉपर्टी ने पूरा ग्लोब अपार्टमेंट खंगाल लिया, पर कोई फ्लैट बिकाऊ नहीं था। सिंघानिया ने अमेरिका फ़ोन करके राम प्रसाद से आग्रह किया कि वह किसी और अपार्टमेंट में फ्लैट ले ले। बहुत अच्छा फ्लैट और उचित दाम पर दिला देगा। मगर राम प्रसाद था कि ग्लोब अपार्टमेंट में ही फ्लैट लेने को अड़ा हुआ था। सिंघानिया के सभी आकर्षक प्रस्ताव, उस अपार्टमेंट से अच्छी लोकेशन, अधिक क्षेत्रफल, उससे अच्छी सुविधाओं से युक्त, मगर एक एक कर, रामप्रसाद ने रद्द कर दिए। उसे कोई भी विकल्प पसंद नहीं आ रहा था। सिंघानिया प्रॉपर्टी डीलर ने अनुमान लगा लिया था कि रामप्रसाद फ्लैट खरीदने में गम्भीर है इसलिए सहयोगी डीलरों को अच्छा कमीशन देने का भी प्रस्ताव रखा मगर उसके सभी प्रयास विफल रहे। उस अपार्टमेंट में कोई भी फ्लैट बिकाऊ नहीं था। राम प्रसाद को समझाना बुझाना भी व्यर्थ ही सिद्ध हुआ, वह तो ऐसे अड़ा था, मानो कोई संकल्प लिया हो, जब भी फ्लैट खरीदेगा तो उसी अपार्टमेंट में खरीदेगा। राम प्रसाद ने यहाँ तक कह दिया कि जब मिले तब बताना और कीमत की परवाह नहीं करना। 
हार कर सिंघानिया ने कहा, 'ठीक है मैं नोट कर लेता हूँ, जब कभी भी कोई सौदा आएगा, आपके लिए रख लूंगा और सूचित कर दूंगा।'
'हां, नोट कर लो और चाहो तो कुछ पैसा एडवांस भेज दूंगा। वैसे दो महीने बाद ही मुझे इंडिया आना भी है, और छः महीने तक वहीँ रहूँगा।  देख लेना, तब तक कुछ हो जाय तो अच्छा रहेगा। '
राम प्रसाद के पास पैसे की कोई कमी नहीं थी। बेटे कुशल को पढ़ा लिखा कर इंजीनियर बना दिया था। वह अमेरिका चला गया और वहां खूब डॉलर कमा रहा है। उसने प्रयास कर, अपने पिता राम प्रसाद का भी ग्रीन कार्ड बनवा दिया और वह भी वहां का निवासी हो गया। अमेरिका में कुशल ने आलीशान बंगला और मंहगी गाड़ी ले लिया था और अपने पिता के लिए भी बिजनेस डलवा दिया। राम प्रसाद का भी काम काज ठीक ठाक चल रहा था और उसे भी अच्छी कमाई हो जाती थी। अमेरिका में रामप्रसाद की बड़ी ऐश की जिंदगी कट रही थी। कभी कभी वह एकांत में बैठता तो उसे अपनी पुरानी जिंदगी याद आ जाती। आज वह महंगे से महंगा पिज्जा आर्डर करता है, कई बार पूरा नहीं खाया जाता तो छोड़ कर चल देता है। किसी भी होटल या रेस्तरां में खाने में कोई संकोच नहीं, महँगी से मंहगी शराब उसके घर में है। एक समय था कि पटरी पर बिकने वाली आलू की टिक्की के लिए भी मन मार के रहना पड़ जाता, बस का किराया बचाने के लिए, कितना पैदल चल लेता; क्योंकि उसे अपने पेट से ज्यादा चिंता, कुशल के पढ़ाई की रहती। 
  
दो महीने बीतते देर नहीं लगी और राम प्रसाद इंडिया आ गया। आते ही सिंघानिया से संपर्क किया। वह भाग्य का तेज निकला, ठीक उसी समय ग्लोब अपार्टमेंट के निवासी के० के० नागर, अपना फ्लैट बेचने के लिए किसी प्रॉपर्टी डीलर से संपर्क किया। उनकी एक ही बेटी थी और वह अमेरिका में रहती थी। अब तक तो वे अकेले ही जिंदगी काट रहे थे, पर बेटी की जिद्द थी कि अमेरिका आ जायँ क्योंकि अब वह अमेरिका की नागरिक हो चुकी थी और नागर जी का भी स्थाई निवासी होने का दर्जा दिलवा दी थी। कंचन के अब इंडिया लौटने की कोई सम्भावना नहीं थी। माँ का पहले ही देहांत हो चुका था, अतः वह चाहती थी उसके पिता भी वहीँ आ जायँ। नागर साहब के मुंह खोलते ही, बात सीधे सिंघानिया तक पहुँच गयी। नागर साहब यह सुनकर हतप्रभ कि उनके फ्लैट का सौदा हो गया और जो कीमत वे चाहते थे उसी कीमत पर।
सौदा पूरा होने तक और अधिक हो हल्ला न हो, सिंघानिया ने सबको चुप रहने को कह दिया। क्योंकि सभी प्रॉपर्टी डीलरों जुबान पर बस ग्लोब अपार्टमेंट ही था।  सिंघानिया ने रामप्रसाद को सूचित किया। रामप्रसाद ने अच्छा ख़राब, किस मंजिल पर है; कुछ नहीं पूछा और 'सौदा पक्का' बोल दिया। फ्लैट के लेन देन की प्रक्रिया भी शीघ्र ही पूरी हो गयी। रामप्रसाद ने फ्लैट को अपने नाम से पंजीकृत करवा लिया।
रामप्रसाद की ग्लोब अपार्टमेंट में फ्लैट लेने की महत्वकांक्षा थी जो पूरी हुई। उसके बाद वह बड़ी धूम धाम से गृह प्रवेश करवाने की योजना बनाई। बड़े समय से उसे यह फ्लैट मिल गया था। अभी उसके अमेरिका वापस जाने में समय था, वह चाहता था गृह प्रवेश के बहाने वह अपने पुराने रिश्तेदारों, दोस्त मित्रों से मिल भी ले। अपने सभी पुराने मित्र और रिश्तेदारों को याद कर करके, आमंत्रित किया। रामू का उत्साह देखते बनता था और वैसे ही बढ़ चढ़ कर जोश उसे बधाई देने वालों का।  

आज गृह प्रवेश का उत्सव है। खानेपीने की व्यवस्था शहर के बहुत अच्छे कैटरर को दिया गया है। अपने पुराने मित्रों और रिश्तेदारों से मिलकर, रामप्रसाद बहुत रोमांचित और प्रसन्न है। पार्टी में लोग छोटे छोटे समूह में बंटे, हाथों में खाने की प्लेट लिए, रामप्रसाद की प्रशंसा करते नहीं थक रहे थे। आयोजन तो अच्छा था ही, चर्चा का मुख्य विषय था रामप्रसाद की कर्मठता और प्रगति। अपनी जिंदगी में उसने जितनी उन्नति की है बहुत कम लोग ही मिलते हैं। उसके रिश्तेदार, धीरे धीरे बात कर रहे थे, श्रम और किस्मत का ऐसा योग तो शायद ही कहीं देखने को मिलेगा। 'इस बिल्डिंग के बनने में रामप्रसाद का भी पसीना लगा है। आज उसे अपना पसीना वापस पाकर, जिंदगी की कितनी बड़ी संतुष्टि मिली होगी। कभी वह एक मजदूर के रूप में इस भवन के निर्माण में कार्यरत था। वह स्वयं झोपड़ी में रह कर भी कुशल की पढ़ाई का कितना ध्यान रखता था। जो भी कमाई होती, बेटे की पढ़ाई पर खर्च कर देता। पेट काट कर उसे पढ़ाया और इंजीनियर बनाया। कुशल भी पढ़ने में होनहार था, पर रामप्रसाद के तपस्या की भूमिका बहुत बड़ी थी। उस समय तो इसके लिए फ्लैट में रहने की सोचना भी सपने से परे की बात थी। आज वह अपनी बनाई बिल्डिंग में अधिकार के साथ खड़ा है।'



Samantvadi loktantra

सामंतवादी लोकतंत्र

एक बार उत्तर प्रदेश के एक सांसद, अपनी कोठी से बाहर निकल रहे थे। उनके सामने से एक ग्रामीण साईकिल सवार उनका ध्यान दिए बिना सामने से निकल गया। सांसद महोदय के सिपहसलार दौड़ कर उसे पकडे और दो तीन रसीद कर दिये।
'देखता नहीं राजा साहब आ रहे हैं! '
ग्रामीण बेचारा मुंह बना कर रह गया। कोई पूछे कि राजा साहब उससे वोट मांगने दुबारा कैसे जायेंगे तो किसी किसी गांव में वोट माँगा नहीं, छीन लिया जाता था। वहां भी वही परंपरा थी।

बिहार के विधान परिषद सदस्य के बेटे ने अपनी कर से आगे निकलने वाले को गोली मारकर 'सामंतवादी लोकतंत्र' की प्रतियोगिता में यूपी को पीछे छोड़ दिया।

एस० डी० तिवारी 

sharten lagu

शर्तें लागू

 दोपहर को कॉलेज से छूटने के बाद, एक मित्र के साथ योजना बनी कि आज रेस्तरां के खाने का स्वाद लिया जाय। आपात काल लगे होने का कारण, दुकानदारों को वस्तुओं के कीमत की सूची (रेट लिस्ट) लगानी जरुरी थी। उक्त रेस्तरां में भी बड़े बड़े अक्षरों में हरेक मद की दर लिखी थी। हमने पढ़ा, कीमत अपनी जेब के अनुसार ही लगी और खाने बैठ गए।
'एक प्लेट दाल तड़का, एक प्लेट सब्जी और छः रोटी। रोटी दो दो कर के लाना।' हमने आर्डर कर दिया। बैरा पहले दो प्लेट कटी प्याज और दो प्लेट रायता लाकर मेज पर रखा, फिर हमारा आर्डर किया खाना। उस समय  लगभग सभी रेस्तरां में खाने के साथ प्याज मुफ्त दी जाती थी। पर रायता भी, यह देख हम थोड़ा चौंके, मगर मन में रेस्तरां के लिए बड़ा सम्मान जागृत हुआ, 'कितना अच्छा रेस्तरां है, प्याज के साथ रायता भी। वाह! हमने खाना खा लिया। क्या सस्ती का जमाना था, दो लोगों ने मात्र १८ रुपये में खाना खा लिया। मगर  बिल आया तो हम एक बार फिर चौंक गए। ३६ रुपये का बिल।  हम दुकानदार से बोले, भाई, हमने तो १८ रुपये का खाना खाया और बिल ३६ रुपये का ?
'हां, प्याज और रायता भी तो लिया, साढ़े चार रूपया प्रति प्लेट, उसका। '
'मगर वह तो आपके रेट लिस्ट में है ही नहीं और हमने उसका आर्डर भी नहीं किया था। '
'उसका रेट दुकान के अंदर, पीछे रखे बोर्ड पर लिखा है। '
'ये तो सरासर ठगी है।'
हम उससे झगड़ने लगे, हमारा बजट बिगड़ चुका था।  सच्चाई तो यह थी कि जेब में उतने पैसे भी नहीं थे। बहसबाजी के बाद ३० रुपये पर समझौता हुआ।

- एस० डी० तिवारी 

Friday, 6 May 2016

Nadi ro padi

नदी रो पड़ी

मन्दाकिनी शादी के बाद कनाडा चली गयी थी और वहीँ की होकर रह गयी। जब तक उसके पिता जीवित थे, कभी कभी गांव भी आ जाती थी। इस बार तो पूरे पच्चीस वर्ष बाद अपने गांव आई थी। परिवार में  उसकी एक बुढ़िया चाची, उनके बेटे बहु और बेटे के दो बच्चे बचे थे। मन्दाकिनी के माता-पिता दोनों का स्वर्गवास हो चुका था और भाई भाभी भी कनाडा चले गए थे। बचपन में चाची उसे बहुत प्यार करती। आते ही चाची से लिपट गयी, 'अरे चाची ! पच्चीस वर्ष बाद। ' चाची की ऑंखें डबडबा गयीं। एक बार फिर से उठाकर उसे गोद में ले लेना चाहती थी, पर वह समय बहुत पीछे चला गया था।
'बिटिया ! अब तो अंत समय आ चुका है। पका आम हूँ, ना जाने कब टपक जाऊं।  कितने अच्छे भाग हैं, तू आ गयी।  मैं तो समझ रही थी, परलोक में ही जाकर, तेरी प्रतीक्षा करनी पड़ेगी।'
'नहीं चाची! तू अभी कहीं नहीं जा रही। देख तेरा प्यार खींच लाया। मैं तो तुझे कितना बुलाई, आ जा, कनाडा घूम ले, पर तुझे यहीं से छुट्टी नहीं  मिल पाती। '
'अरे बेटा, मेरे लिए यहीं अमेरिका, कनाडा है। चंदू ये दो नन्हें से हैं, बस इन्हीं में पूरी दुनिया देख लेती हूँ।' चन्द्रिका के बच्चों की ओर इशारा करके चाची बोली। 'अरे बहू, आज शाम को मन्दाकिनी के लिए चोखा बाटी और खीर बना लेना, इसे बहुत पसंद है और सुनो, कल नाश्ते में मटर की घुघुनी। तू कब तक रहेगी, बेटी? एक एक करके तेरी पसंद की सब चीजें खिलाऊंगी। भैंस भी लग रही है, दूध दही का कोई अकाज नहीं। '
'बस चाची दो दिन रहूंगीं, सुदेश जी भी आये हैं, वे परसों आप से मिलने आएंगे, फिर उनके साथ ही चली जाउंगी और वहीँ से कनाडा।'
इतने में सुप्रिया चाची भी आ गयीं। 'अरे मन्दाकिनी! तू कब आई ?'
'बस आज ही चाची। अच्छा हुआ तू आ गयी, तेरे साथ मैं नदी के तीर तक चलूंगी। देख कर आउंगी, मेरी 'बेशो' अब कैसी है ? '
'अब कहां पानी होगा बेशो में। बरसात बीतते ही लोग पम्प लगाकर सारा पानी उदह लेते हैं। फिर तो अगली बरसात तक बेचारी वैसे ही उदास पड़ी रहती है। खैर, थोड़ी देर में आती हूँ तो चलते हैं। '

सुप्रिया चाची थोड़ी देर बाद अपने घर होकर आ गयी और मन्दाकिनी को लेकर नदी की ओर चली गयी। अब बहुत कुछ बदल चुका था, गांव में खड़ंजे लग गए थे, गलियां पहले से पतली हो चुकी थीं। गांव का आकार पहले से बड़ा हो चुका था और गांव के बाहर भी कई जगह छुटपुट घर बन गए थे। गांव के समीप वाली सड़क पक्की हो चुकी थी और मोटर साइकिलें सरपट दौड़ रही थीं।
मन्दाकिनी ने पूछा, 'चाची ! पखडू का एक्का अभी भी चलता है ?'
'नहीं बेटी वो तो बहुत बूढ़े हो गए। उनका बेटा दूसरा काम पकड़ लिया। अब तो लोग बाग़ जीप गाड़ी से आते जाते हैं। एक्का और घोडा गाड़ी पर कौन बैठता है !'

खेतों की मेड़ों से होते, वे नदी के तट की ओर चल दीं। राह के एक-एक स्थल को मन्दाकिनी भली प्रकार से निहारती और अपने बचपन को याद करती।
'चाची, यह मंगलू का खेत है, न ! '
'हाँ, तुझे अभी तक याद है। '
'हाँ चाची, मैं एक मटर की छिम्मी तोडूंगी। पहले भी वे इसमें मटर बोते थे, हम जब नदी पर नहाने जाते तो इसमें से एकाध छिम्मी तोड़ कर खा लेते। एक बार तो तारा ने जैसे ही छिम्मी तोड़ी, मंगलू चाचा को आहट मिल गयी।  वे चिल्लाये, कौन ? हम दोनों तेजी से नदी की ओर भाग लिए। मगर उनकी नजरें तेज थीं। जब हम नदी से वापस आये, तब तक वे वहीँ थे। हम दोनों को बुलाया, डरते डरते उनके पास गए कि वे डांटेंगे पर उन्होंने खेत से तोड़कर थोड़ी थोड़ी फली हमें दे दी। ले जाओ, घर पर जाकर खाना ।'

वे नदी के तट पर पहुंचीं।  वही बरगद का पेड़, मगर पहले जितना हरा भरा और घना नहीं था। नीचे तने के चारों ओर बना गोल चबूतरा जीर्ण शीर्ण हो चुका था और कई जगह से टूटा फूटा था। उसका किसी ने कभी जीर्णोद्धार नहीं कराया।  चाची ने बताया 'बरगद के पत्ते हाथी को खिलाने के लिए काट ले जाते हैं, इसलिये यह फ़ैल नहीं पाता।' मन्दाकिनी जाकर, चबूतरे पर बैठ गयी और एक गहरी सांस ली। फिर गर्दन घुमा घुमा कर चारों ओर, फिर आसमान की ओर देखी। आखिर में उठकर नदी के तट पर खड़ी हो गयी और जब नदी की ओर आँख गड़ाई तो फफक कर रोने लगी और आखों से धार बह निकली। नदी में उतना पानी नहीं था जितना मन्दाकिनी के आँखों में। सूखी नदी के,बस बीच में एक नाली के बराबर हिस्से में पानी था। हाँ कहीं कहीं तलहटी में गड्ढे बन गए थे, बस उनमे अवश्य थोड़ा थोड़ा पानी भरा था। चाची ने फिर बताया, अब तो बरसात ख़त्म होने से पहले नदी बेआब हो जाती है, लोग पंप लगा कर सारा पानी सिंचाई के लिए निकाल लेते हैं।

मन्दाकिनी की आँखों के सामने उसका बचपन फिल्म की रील की भांति चलने लगा। नदी उसके घर से बस दो सौ कदम की ही दूरी पर थी। जब कभी गांव के बच्चों के साथ वह निकल जाती; नदी में कम से कम घंटा भर नहाती और मस्ती करती। कई बार घर पर डांट भी खानी पड़ती। वह दृश्य आज भी याद है जब कभी कभी मां और चाची के साथ बरगद के नीचे चबूतरे पर बैठकर दूर क्षितिज में सूर्यास्त का अनुपम दृश्य का अवलोकन करते, उसका चचेरा भाई बृजेश साथ जाता तो कहता, देख पचास तक गिनने तक सूरज डूब जायेगा और वो कहती नहीं सौ तक। कभी ये जीतती, कभी वो। आंखें कभी आसमान को देखतीं तो कभी जल में। सूरज का बिम्ब नदी के जल में पड़ता तो ऐसा प्रतीत होता कि होठलाली लगाए नदी मुस्करा रही हो। जब तक सूरज पूरा नहीं डूब जाता, वहां से हिलने का जी नहीं होता। 

अभी वह अतीत में ही खोयी थी कि एकाएक नालीनुमा नदी का जल स्तर बढ़ गया। जैसे लगा कि उसे रोता देख, नदी भी रोने लग पड़ी हो और आंसुओं की धारा बह निकली हो। दो सखियाँ वर्षों बाद मिलकर, आलिंगन पाश में बंधे, बोले बिना ही एक दूसरे से विछोह की सारी बातें कह रही हों। यह देख मन्दाकिनी द्रवित भी थी और आश्चर्य चकित भी। क्या वास्तव में नदी का उसके लिए प्यार उमड़ आया ! एकाएक यह जल कहाँ से आ गया। प्रश्न भरी ऑंखें सुप्रिया चाची की ओर देखने लगीं।

चाची ने बताया, 'ठाकुर बालगोबिंद सिंह ने नलकूप का पानी छोड़ा होगा। उनके खेत का एक चक थोड़ी दूरी पर है। नदी का जल समाप्त हो जाने पर वे इसी रास्ते वहां तक पानी ले जाते हैं और पम्प से फिर से निकाल कर, खेत के उस टुकड़े की सिंचाई करते हैं। चल अब चलते हैं। '

'बस चाची, दो मिनट और! फिर पता नहीं, इस जीवन में इस नदी के दर्शन होंगे भी या नहीं। '

- एस० डी० तिवारी 


Wednesday, 4 May 2016

Tarikh par nahin ayee

तारीख पर नहीं आई

पिछली बार कोर्ट आई तो जिस प्रकार देख रही थी, लग रहा था कुछ कहना चाहती है; मगर ख़ामोशी तोड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पायी। आखिर अकेले शम्भू की ही गलती तो नहीं थी। फिर कोर्ट में एप्लीकेशन भी खुद ही डाली थी । बात नहीं कंरने का बहुत पछतावा था। घर आकर रोई भी।

शम्भू एक बार गोवा घूमने गया तो वहां की तस्वीर फेस बुक पर डाला। गौरी ने देखते ही समझ लिया की यह उसी होटल का चित्र है, जिसमें वह जब शम्भू के साथ गयी तो रुकी थी। पुरानी स्मृतियां एक बार फिर ताजा हो उठीं। उससे रहा नहीं गया और तस्वीर पर लाइक भेज दी। सबसे पहला लाइक उसी का था। उसके बाद शम्भू, फेस बुक पर जो भी तस्वीर अथवा अभिव्यक्ति डालता उसका लाइक अवश्य आता।

अब एक वर्ष बीत चुका था। आज फैमिली कोर्ट में सुनवाई की तारीख थी मगर वो कोर्ट नहीं आई न ही उसका कोई प्रतिनिधि। कोर्ट से लौटते ही शम्भू ने फेस बुक पर मेसेज डाल दिया, 'तारीख पर तुम कोर्ट नहीं आई? ऐसे केस लम्बा खिंच जायेगा । कम से कम इसी बहाने मिल भी लेते।'

मैसेज का उत्तर आने में देर नहीं लगी - 'मिलना था तो घर आ जाते। कल शाम उसी रेस्तरां में आ जाना, मिल लेते हैं । '
फेस बुक ने एक बार फिर से जोड़ दिया।

एस० डी० तिवारी

Dharm ka arth



जिज्ञासु के मन में  धर्म को लेकर अनेकों प्रश्न थे। एक दिन दादा जी के साथ बात चीत में व्यस्त था सोचा कुछ प्रश्नों के समाधान का यह अच्छा अवसर है। उसने पूछ लिया - 
'दादा जी धर्म क्या होता है ?'
'क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, जिससे सभी जीवों और ईश्वर की बनाई चीजों की रक्षा हो सके।' अपने पांच वर्ष के पोते जिज्ञासु के प्रश्न का पाण्डे जी उत्तर दिए।
'क्या इंसान को लड़ना चाहिए ?'
'नहीं। '
'फिर लड़ते क्यों हैं ?'


दादा जी धर्म क्या होता है 
ईशवर ने सृष्टि की रचना की और लाखों तरह के जीव जंतु और पदार्थ बनाए 

शेर शिकार करता है तो

या तो ईशवर अल्लाह गॉड  सभी एक हैं या सभी किसी एक ही ईशवर के अधीन हैं
पानी पर कुछ लिखो तो दुबारा पढ़ नहीं पाओगे इस तरह की क्रिया एक लिखे पाठ की तरह है

क्रियाओं को समझने के बुद्धिमान लोगों ने लिए संस्कार बनाये



Swayambhu

मैं प्रमुख  हूँ

'आखिर मुख्यमन्त्री तो पूरे प्रदेश की जनता के हैं, फिर सरकारी नियुक्तियों में और संसाधनों के आवंटन में अपने लोग और जाति के लिए पक्षपात पूर्ण रवैया क्यों है ? इससे एक तरफ तो हम बदनाम हो रहे हैं और दूसरी तरफ अनैतिकता पूर्ण कार्य करके अनेकों लोगों के आक्षेप और गालियां ले रहे हैं।' एक सहयोगी नेता ने पूछ लिया।

'मुझे तो एक बात मालूम है कि मैंने अपनी जाति के लोगों को बड़ी मुश्किल से संगठित किया है और उन्हीं के वोट और सहयोग के कारण जीत कर आया हूँ। इसके अतिरिक्त जिस स्थान पर आप हैं वो भी मेरे पक्षपात पूर्ण रवैये के कारण हैं, वरना आप समझ सकते हैं कि आप से भी योग्य लोग हमारी पार्टी में थे। मैं चाहता तो आपको पार्टी का टिकट ही नहीं देता, तब आप कैसे सभा के सदस्य होते।' मुख्यमंत्री ने दो टूक जबाब दे दिया।

'योग्य दावेदार तो मुख्यमंत्री के लिए भी और हैं श्रीमान जी, यह तो पार्टी के लोगों की नियति और आस्था है कि आपने जो परिश्रम और लगन से काम करके एक संगठन खड़ा किया उसके लिए प्रतिबद्ध हैं। किन्तु इसका अर्थ यह तो नहीं कि पूरा प्रदेश आपकी व्यक्तिगत सम्पदा हो जाय। इस प्रकार तो पूरा देश, जो स्वतंत्रता की लड़ाई लड़े थे, उन्हीं का होना चाहिए था। आपको इस बात का आभास होगा कि प्रदेश को इस स्थिति तक लाने में इस भूमि पर जन्म लिए हरेक व्यक्ति  का योगदान रहा है, न कि केवल हमारी जाति अथवा पार्टी का। जनता सरकार को राजा के रूप में देखती है और न्यायपूर्ण रवैये की अपेक्षा करती है। पहले भी यदि कोई राजा, प्रजा की उपेक्षा करके अपने और अपने लोगों के सुख साधन का ख्याल रखता था, अप्सराओं के नृत्य आदि में लिप्त रहता था, तो वह सर्वथा निंदनीय होता था। उसकी प्रायः भर्त्सना ही होती थी और उसे मुंह की खानी पड़ती थी। सरकार किसी जाति की नहीं होती, न ही किसी जाति के लिए होती है और सभा भी एक पार्टी की नहीं अपितु सभी चुने हुए प्रतिनिधियों की है। समाज में सभी जाति और धर्म का अपना महत्व है, और सरकार व प्रकृति के लिए एक एक व्यक्ति समान हैं। पुराने जमाने में समाज ने अपनी व्यवस्था बनाई और जातियों में बांटा, वे शासक ही थे जो सबको उचित न्याय नहीं दिए, जिस कारण अनेकों लोगों को कष्ट सहना पड़ा। सबको समुचित अवसर और न्याय मिले यह शासक का कर्तव्य होता है। हमारे शरीर के हर अंग के अपने अलग कार्य हैं, शरीर जो भोजन ग्रहण करता है प्रत्येक अंग को उचित भाग में पहुंचाता है। इसी प्रकार बड़े संगठनों को सुचारु रूप से चलाने के लिये भी अलग अलग विभागों में बांटना पड़ता है। किसी को अधिक प्रमुखता और किसी का तिरस्कार सदैव ही निंदनीय है। एक अंगुली में भी कष्ट हो तो व्यक्ति कराहता है। एक विभाग की अक्षमता का प्रभाव पूरे संगठन पर पड़ता है। जब समाज का स्वरुप जाति से ऊपर उठकर पुनर्गठित होने लगा था तो हम अपनी सत्ता सुख के लिए फिर से समय को पीछे ले जाना चाहते हैं। आज हम यह बहाना लें कि पहले दूसरी जाति के लोगों ने लाभ लिया, आज हमको अवसर मिला तो अपनी जाति को देना चाहते हैं, कल फिर दूसरे किसी को अवसर मिलेगा वह अपनी जाति के लिए कार्य करेगा तो प्रदेश का समग्र विकास कभी भी संभव नहीं हो पायेगा। समाज का इस प्रकार बंटवारा कब तक चलता रहेगा? सभी संगठनों के प्रमुख, अपनी ही जाति के लोगों को बनाने का क्या उद्देश्य है ? सत्ता में बने रहने के लिए, उनसे भी अनैतिक काम करवाना चाहते हैं? इन सबसे हमारा तंत्र भ्रष्ट नहीं हो रहा है? और यह कब तक चल सकता है? इतिहास साक्ष्य है कोई भी अनिश्चित काल के लिए सत्ता प्रमुख रह सकता। ' सहयोगी नेता ने फिर से कहा।

इतनी बात तो, मुख्यमंत्री के लिए अत्यन्त पीड़ा देने वाली, और सर्वथा असहनीय थी। उन्होंने तेवर कड़े किये  - 'पीकर आये हैं क्या ? यह तो बागी स्वर लग रहा है, आप को पार्टी की नीतियां पसंद नहीं तो जाने के लिए स्वतंत्र हैं। और यदि हमारी नीतियों और अपेक्षाओं के विरुद्ध काम किया तो हमही पार्टी से निकालने के लिए विवश होंगे । हमें अनुशासन हीनता कत्तई पसंद नहीं। पहले भी देखा है आप पार्टी विरूद्ध मीडिया तक में वक्तव्य दे चुके हैं। '

नेता जी भी झुकने वाले कहाँ थे उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि ईश्वर ने उन्हें जन्म दिया है और जनता ने चुनकर सभा में भेजा है इसलिए वे पार्टी के अतिरिक्त जनता और ईश्वर के प्रति भी उत्तरदायी हैं, न कि मात्र अपने जाति और धर्म के। मुख्यमंत्री और नेता जी के बीच की दरार अत्यधिक चौड़ी हो गयी। नेता जी के ऊपर विधायक निधि में गड़बड़ी का अभियोग लग गया और जाँच बिठा दिया गया। नेता जी का मुंह ऐसे बंद हो गया जैसे बजते लाउडस्पीकर का तार कट गया हो।

नेता जी का इस घुटन के साथ पार्टी में रह पाना कठिन था। जिन्हे पद, प्रतिष्ठा, सार्वजानिक साधन अथवा जन-धन के दुरूपयोग का लोभ हो वे चाहे पार्टी से जुड़े रहें पर नेता जी को इस प्रकार का कोई लोभ तो था नहीं, उन्होंने पार्टी से स्वयं को अलग रखना ही उचित समझा।


*****

घर का भेदी

नेता जी को पहले ही पता था उन्हें पार्टी से अलग होना पड़ेगा।  या तो बेईमान मंत्रियों का साथ देते या खुद भी बेईमान हो जाते। उन्हें नितिगत बात करने के कारण पार्टी विरोधी बताया जाता था।  चूकि पार्टी में स्वार्थी लोगों और बेईमानों का बोलबाला था, नेता जी को डर था कि पार्टी से अलग होने के बाद उन्हें तंग किया जायेगा। 
इसलिये वे कुछ अन्य नेताओं से, जिनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनदेखी करते थे, मेल जोल बढ़ा लिए थे और पार्टी की गलत नीतियों के बारे में बता बता करके पार्टी के विरूद्ध भड़काते रहते थे । जब वे पार्टी से अलग हुए तो उनके साथ एक दर्जन सदस्य और भी थे। अब तो सरकार में  भूचाल आ गया, मुख्यमंत्री की कुर्सी हिलने लगी। सरकार अल्पमत में आ गयी। फिर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ, और साथ ही मीडिया का शोर शराबा।

मुख्यमंत्री कहते नेता जी को अनुशासन हीनता के कारण पार्टी से निकाला गया है और नेता जी कहते की पार्टी में बढती बुराइयों के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ दिया है। 

कारण कुछ भी रहा हो इस स्तर की और इस तरह की बात की जाँच के लिए प्रदेश में कोई तंत्र तो था नहीं और होता भी तो उसका क्या परिणाम होता, अनेकों जाँच आयोगों के कार्य प्रणाली से सभी अवगत थे। नेता जी के पृथक होते ही विरोधी दल ने हाथों हाथ लपक लिया। नेता जी ने सशर्त समर्थन देने की बात स्वीकार कर ली। फिर क्या था विरोधी दल के प्रमुख मुख्यमंत्री बन गये और नेता जी उनके सहयोगी। 

अब प्रश्न था कि नेताजी, गन्दगी को गन्दगी से साफ करेंगे या कि साबुन से।