Sunday, 10 April 2016

Begani shaadi me

बेगानी शादी में

बजाज साहब के बेटे की शादी का कार्ड आया था। वे काफी घनिष्ठ थे इसलिए जाना आवश्यक था। बारात दिल्ली के ही एक बैंक्वेट हॉल में जानी थी, हम पति पत्नी समय से तैयार होकर सीधे विवाह स्थल पर पहुँच गए। वहां पहुंचे तो भीड़ देख कर दंग रह गए। गाड़ी खड़ी करने की कहीं जगह ही नहीं मिल रही थी। गाड़ी की गति धीमी करके देखने लगे, शायद कोई गाड़ी निकले तो हमें जगह मिल जाएगी।  भाग्य ने साथ दिया, पार्किंग में लगी हमारे एकदम आगे वाली कार की पीछे की लाल बात जली, हम प्रसन्न हो होकर गाड़ी थोड़ा और पीछे कर लिये कि वह गाड़ी सरलता से निकल जाय और हम अपनी गाड़ी वहीँ लगा लें। वह गाड़ी पार्किंग की पंक्ति से बाहर निकलकर बढ़ी ही थी और मैं वहां लगाने के लिए अपनी कार को गियर में डाल रहा था कि पीछे से आ रहे एक युवक ने झट से मेरे आगे से लेकर अपनी गाड़ी वहां घुसा दिया।
मैं तो देखता ही रह गया। वह गाड़ी लॉक करके निकला तो मैंने कहा, 'भाई यहाँ तो लगाने के लिए मैं खड़ा था। '
'अरे अंकल लेकिन वहां पहले तो मैं ही पहुंचा था न। ' कहकर मुस्कराता हुआ पंडालों की ओर बढ़ गया।

एस० डी० तिवारी

बड़ी मुश्किल से काफी दूर जाकर जगह मिली। लगभग एक किलोमीटर दूर गाड़ी खड़ी करके पैदल आना पड़ा। वहां बैंक्वेटों का मकड़जाल बना हुआ था । लगभग एक दर्जन मैरिज हॉल, सब एक दूसरे से सटे, किसी का मुंह, मुख्य सड़क की ओर, तो किसी का पीछे की ओर, कुछ एक के गेट, बगल वाली गली से। एक मैरिज हॉल के सामने पहुंचे तो देखा, गेट पर लिखा था, राहुल वेड्स मोनिका। हम बैंक्वेट हाल के नाम का ध्यान नहीं दिए, बजाज साहब के बेटे का नाम भी राहुल था हम पति-पत्नी उसमें घुस गए। घुसते ही बैरे ने दोनों के हाथ में दोने पकड़ा दिया और पनीर का टिक्का चटनी के साथ डाल दिया। पनीर टिक्का खाते ही गाड़ी चलाने की थकान और पार्किंग की टेंशन मिट गयी। टिक्का खाने के बाद हम इधर उधर नजर दौड़ाए, वहां जान पहचान का, कोई भी व्यक्ति नहीं दिख रहा था। बजाज साहब पहले मेरे साथ काम कर चुके थे, इसलिए ऑफिस के कुछ लोगों का मिलना अनिवार्य था।

जब कोई नहीं मिला तो मुझे शंका होने लगी और लगने लगा कि हम गलत हॉल में आ गए हैं। अब एक तरफ क्षुधा निवारण की संतुष्टि थी और दूसरी तरफ डर सताने लगा कि किसी दूसरे की शादी हुई और किसी ने पूछ दिया तो बड़ी बेइज्जती होगी। हम यही उचित समझे कि ठीक से पता कर लें, सही जगह हैं या नहीं। बाहर निकल कर गेट पर पता किये तो पता चला कि उस पंडाल में राहुल बजाज नहीं अपितु राहुल कपूर की शादी थी। अब तो पैर दबाकर, हम वहां से रफूचक्कर हुए।

इन सब प्रक्रिया में रात के दस बज चुके थे, जब कि कार्ड में पहुँचने का समय ८ बजे दिया गया था। हम अपना सही मंडप 'मधुर मिलन' ढूंढते आगे बढ़े। भीड़ के मारे कंधे से कंधे रगड़ रहे थे। मधुर मिलन' का पता बताने वाला कोई नहीं मिल रहा था। पूछने पर, सभी यही कहते हम भी बाहर से आये हैं। खैर किस्मत अच्छी थी, एक बैंक्वेट हॉल के गेट पर मेरे ऑफिस के कुछ लोग दिख गए। हम पति पत्नी पहुंचे तो बजाज साहब भी वहीँ खड़े थे, मैंने हाथ जोड़ा और उनसे बोला सॉरी देर हो गयी।  बगल में खड़े गोयल जी बोल पड़े,  'आप बिल्कुल समय से हैं, अभी तो बैंड वाले ही नहीं आये हैं।'

हमें थोड़ा संतोष हुआ। तुरंत ही बाद बैंड वाले आ गये।  बैंड बजना शुरू हुआ, बारात चल दी। देर तो हो ही चुकी थी, जल्दी से जल्दी थोड़ा नाच गा के बारात मंडप में प्रवेश करने लगी।  इतने में एक और बैंड आ गया। 'बजाज साहब की बारात यही है। '
'हाँ ' गोयल साहब बोले।
'हम बैंड वाले हैं। '
'वो तो बजा रहे हैं।'
 'नहीं जी, हमें बुक किया है, गलती से दूसरी बारात में चले गए थे। ' एक बैंड वाला बोला।
'बताओ, तो अब क्या करें? तुम लोग इतनी देर से आये हो।  जाओ, बजाज साहब से बात कर लो।'
नवागन्तुक बैंड मास्टर पहले वाले बैंड मास्टर के पास गया और पूछा 'तुम कैसे बजा रहे हो, यहाँ तो हमारी बुकिंग है। ' तो उस बैंड मास्टर ने बताया, राहुल की शादी में तो हमारा कांटेक्ट है। मैं भी उनकी बात सुन रहा था, उससे पूछ लिया कि राहुल का पूरा नाम क्या है तो उसने बताया, राहुल  कपूर।
'नहीं भइया, यह राहुल बजाज की बारात है। राहुल कपूर की बारात उस ओर है', मैंने बता  दिया। हम तो पहले ही राहुल कपूर का पनीर टिक्का खा चुके थे। अब बेचारे बैंड वाले उधर को चले।
'कुछ पैसे तो दिला दो, हमने तुम्हारी चढ़त करा दी। '  जब बैंड वाले ने बोला तो मैंने दूसरे बैंड मास्टर  से बात करने को कह दिया। फिर पैसे के भुगतान को लेकर दोनों में कुछ नोक झोंक होने लगी। बजाज साहब आकर झगड़ा निबटाये, हम तो बैंक्वेट में घुस कर खाने पीने में जुट गए।

- एस० डी० तिवारी



वह जीत गया

बजाज साहब के बेटे की शादी का कार्ड आया था। वे काफी घनिष्ठ थे इसलिए जाना आवश्यक था। बारात दिल्ली के ही एक बैंक्वेट हॉल में जानी थी, हम पति पत्नी समय से तैयार होकर सीधे विवाह स्थल पर पहुँच गए। वहां पहुंचे तो भीड़ देख कर दंग रह गए। गाड़ी खड़ी करने की कहीं जगह ही नहीं मिल रही थी। गाड़ी की गति धीमी करके देखने लगे, शायद कोई गाड़ी निकले तो हमें जगह मिल जाएगी।  भाग्य ने साथ दिया, पार्किंग में लगी हमारे एकदम आगे वाली कार की पीछे की लाल बात जली, हम प्रसन्न हो होकर गाड़ी थोड़ा और पीछे कर लिये कि वह गाड़ी सरलता से निकल जाय और हम अपनी गाड़ी वहीँ लगा लें। वह गाड़ी पार्किंग की पंक्ति से बाहर निकलकर बढ़ी ही थी और मैं वहां लगाने के लिए अपनी कार को गियर में डाल रहा था कि पीछे से आ रहे एक युवक ने झट से मेरे आगे से लेकर अपनी गाड़ी वहां घुसा दिया।
मैं तो देखता ही रह गया। वह गाड़ी लॉक करके निकला तो मैंने कहा, 'भाई यहाँ तो लगाने के लिए मैं खड़ा था। '
'अरे अंकल लेकिन वहां पहले तो मैं ही पहुंचा था न। ' कहकर मुस्कराता हुआ पंडालों की ओर बढ़ गया।

एस० डी० तिवारी

बड़ी मुश्किल से काफी दूर जाकर जगह मिली। लगभग एक किलोमीटर दूर गाड़ी खड़ी करके पैदल आना पड़ा। वहां बैंक्वेटों का मकड़जाल बना हुआ था । लगभग एक दर्जन मैरिज हॉल, सब एक दूसरे से सटे, किसी का मुंह, मुख्य सड़क की ओर, तो किसी का पीछे की ओर, कुछ एक के गेट, बगल वाली गली से। एक मैरिज हॉल के सामने पहुंचे तो देखा, गेट पर लिखा था, राहुल वेड्स मोनिका। हम बैंक्वेट हाल के नाम का ध्यान नहीं दिए, बजाज साहब के बेटे का नाम भी राहुल था हम पति-पत्नी उसमें घुस गए। घुसते ही बैरे ने दोनों के हाथ में दोने पकड़ा दिया और पनीर का टिक्का चटनी के साथ डाल दिया। पनीर टिक्का खाते ही गाड़ी चलाने की थकान और पार्किंग की टेंशन मिट गयी। टिक्का खाने के बाद हम इधर उधर नजर दौड़ाए, वहां जान पहचान का, कोई भी व्यक्ति नहीं दिख रहा था। बजाज साहब पहले मेरे साथ काम कर चुके थे, इसलिए ऑफिस के कुछ लोगों का मिलना अनिवार्य था।

जब कोई नहीं मिला तो मुझे शंका होने लगी और लगने लगा कि हम गलत हॉल में आ गए हैं। अब एक तरफ क्षुधा निवारण की संतुष्टि थी और दूसरी तरफ डर सताने लगा कि किसी दूसरे की शादी हुई और किसी ने पूछ दिया तो बड़ी बेइज्जती होगी। हम यही उचित समझे कि ठीक से पता कर लें, सही जगह हैं या नहीं। बाहर निकल कर गेट पर पता किये तो पता चला कि उस पंडाल में राहुल बजाज नहीं अपितु राहुल कपूर की शादी थी। अब तो पैर दबाकर, हम वहां से रफूचक्कर हुए।

- एस० डी० तिवारी

हमारी बुकिंग है

पार्किंग की जगह न मिलने से गाड़ी दूर खड़ी करके पैदल आना पड़ा। और पहले हम राहुल बजाज की जगह राहुल कपूर के पंडाल में घुस गए। इन सब प्रक्रिया में दस बज चुके थे, जब कि शादी में पहुँचने का समय ८ बजे दिया गया था। हम अपना सही पंडाल 'मधुर मिलन' ढूंढते आगे बढे।  भीड़ के मारे कंधे से कंधे रगड़ रहे थे, 'मधुर मिलन' का पता पूछा पर, सभी के बाहर से आने के कारण कोई नहीं बता पा रहा था। खैर किस्मत अच्छी थी, एक बैंक्वेट हॉल के गेट पर मेरे ऑफिस के कुछ लोग दिख गए। हम पति पत्नी पहुंचे, बजाज साहब भी वहीँ खड़े दिख गए, हमने हाथ जोड़ा और उनसे बोला सॉरी देर हो गयी।  बगल में खड़े गोयल जी बोल पड़े,  'आप बिल्कुल समय से हैं, अभी तो बैंड वाले ही नहीं आये हैं।'

हमें थोड़ा संतोष हुआ। तुरंत ही बाद बैंड वाले आ गये।  बैंड बजना शुरू हुआ, बारात चल दी। देर तो हो ही चुकी थी, जल्दी से जल्दी थोड़ा नाच, गा के बारात मंडप में प्रवेश करने लगी।  इतने में एक और बैंड आ गया। 'बजाज साहब की बारात यही है। '
'हाँ ' गोयल साहब बोले।
'हम बैंड वाले हैं। '
'वो तो बजा रहे हैं।'
 'नहीं जी, हमें बुक किया है, गलती से दूसरी बारात में चले गए थे। ' एक बैंड वाला बोला।
'बताओ, तो अब क्या करें? तुम लोग इतनी देर से आये हो।  जाओ, बजाज साहब से बात कर लो।'
नया वाला बैंड मास्टर पहले वाले बैंड मास्टर के पास गया और पूछा 'तुम कैसे बजा रहे हो, यहाँ तो हमारी बुकिंग है। ' तो उस बैंड मास्टर ने बताया, राहुल की शादी में तो हमारा कांटेक्ट है। मैं भी उनकी बात सुन रहा था, उससे पूछ लिया कि राहुल का पूरा नाम क्या है तो उसने बताया, राहुल  कपूर।
'नहीं भइया, यह राहुल बजाज की बारात है। राहुल कपूर की बारात उस ओर है ।' मैंने बता  दिया। हम तो पहले ही राहुल कपूर के पंडाल में घुस कर पनीर टिक्का खा चुके थे। अब बेचारे बैंड वाले उधर को रुख किये साथ ही बोले, 'कुछ पैसे तो दिला दो, हमने तुम्हारी चढ़त करा दी। '  मैंने दूसरे बैंड मास्टर  से बात करने को कह दिया। फिर पैसे के भुगतान को लेकर दोनों में नोक झोंक होने लगी। बजाज साहब ने आकर उनका झगड़ा निबटाने लगे। हम तो बैंक्वेट में घुस कर खाने पीने में जुट गए।

एस० डी० तिवारी

Rahen aur bhi hain

राहें और भी हैं

साहिल, अमेरिका जाने का अरमान लिए जी जान से जुटा था। पढ़ाई में वह बहुत तेज था और अपनी स्नातक की डिग्री अव्वल दर्जे से पास कर लिया था। उसने अमेरिका जाने के बारे जानकारी प्राप्त कर लिया था। उसे यह पता था कि सीधे नौकरी के लिए वहां जाना मुश्किल है, हाँ आगे की पढ़ाई के लिए जाया जा सकता है और उसके बाद वहां काम ढूंढ कर बसा जा सकता है। उसने टोफेल और जीआरई की तैयारी की और उसमें भी अच्छा स्कोर प्राप्त कर लिया। वाशिंगटन की एक यूनिवर्सिटी में अप्लाई किया, वहां से उसके एडमिशन की स्वीकृति आ गयी। अब उसे अमेरिका जाने का वीसा लेना था। उसने अमेरिकी दूतावास में वीसा के लिये आवेदन लगा दिया और उसके साथ अपने सारे प्रमाणपत्र जमा कर दिए। दूतावास में उसे साक्षात्कार के लिए बुलाया गया।
कॉउंसलर ने उससे अनेकों प्रश्न पूछे -
'अमेरिका में ही क्यों पढ़ना चाहते हो ?'
'क्योंकि वहां पढ़ाई और रोजगार की अच्छी व्यवस्था है। '
'अगर पढ़ाई के बाद वहां जॉब नहीं मिली तो क्या करोगे ?'
'वापस आ जाऊंगा। '
'वहां तुम्हारे रहने की क्या व्यवस्था है ?'
'यूनिवर्सिटी से हॉस्टल के लिए रिक्वेस्ट करूंगा। '
'तुम्हारे पिता क्या काम करते हैं ?'
'एक निजी कंपनी में नौकरी। '
'तुम्हारा बैंक स्टेटमेंट और संपत्ति का ब्यौरा देख कर तो लगता है तुम वहां का खर्च नहीं उठा सकते। '
'हां, कुछ पार्ट टाइम काम कर लूंगा। '
'तुम जाकर हमारे देश पर बोझ बन जाओगे। ऐसे लोगों को वीसा नहीं दिया जा सकता। तुम्हारा आवेदन रद्द किया जाता है। '
यह सुनते ही साहिल के अरमानों पर पानी फिर गया। वह मुंह बनाकर घर वापस आ गया। उसे मायूस देखकर पूरे घर में उदासी छा गयी। उसके पिता मोहसिन समझदार व्यक्ति थे। वे साहिल को पढ़ने और कुछ बनने के लिए हमेशा प्रेरित करते रहते थे। वीसा रद्द होने का मलाल तो उनको भी था, मगर इसकी झलक अपने चेहरे पर नहीं आने दिया। साहिल कई दिनों से उदास था। उसे लग रहा था अमेरिका जाने का सपना कभी भी  पूरा नहीं हो पायेगा और इस तरह से उसका परिवार कभी भी गरीबी से नहीं उबर पायेगा।  मेरे पिता के पास कम संपत्ति होने के कारण अमेरिका का वीसा रद्द हो गया। बेटे को उदास देख मोहसिन ने उसके सिर पर हाथ रखा और बोला  -
'राहें और भी हैं, यह अंत नहीं, शुरुआत है। एक रास्ता बंद होता है तो समझो कई और रास्ते खुल जाते हैं। इण्डिया में अमेरिका से भी अच्छी यूनिवर्सिटी हैं। तुम यहीं आगे की पढ़ाई करो, जितना पढोगे, उतना पढ़ाऊंगा, ओवरटाइम करूँगा। तुम्हें हार नहीं माननी है, कुछ करके दिखाना है। '

अब साहिल वीसा के रद्द होने के गम को भूल चुका था। उसने एल० एल० बी० में दाखिला ले लिया। वहां भी अपने हुनर का परिचय दिया और तीन साल में वकील बनकर निकला। बस इतने से वह संतुष्ट नहीं था। अब तो उसने ठान लिया था कुछ  करके ही दम लेगा। उसने प्रादेशिक सेवा का फॉर्म भरा, मगर एक बार फिर से किस्मत ने साथ नहीं दिया, वह फेल हो गया। निराश साहिल को अपने पिता की बात याद थी 'एक रास्ता बंद होता है तो कई और रास्ते खुल जाते हैं। '

तभी उसके साथ पढ़े, एक मित्र का फोन आ जाता है 'साहिल, मुंसिफ मजिस्ट्रेट की जगह निकली है, चल अप्लाई करते हैं। इस बात ने साहिल की जान में जान डाल दी। अब देर किस बात की थी साहिल जी जान से जुट गया और अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इस बार अल्ला ने भी उसका साथ दिया और उसकी मेहनत रंग लाई। वह सफल हुआ और मुंसिफ मजिस्ट्रेट बन गया। कितनी बड़ी बात है।  वह अब साहिल लोगों को न्याय देगा।

साहिल अल्ला का बहुत शुक्रगुजार है। अल्ला ने उससे, उसकी जमीन नहीं छीनी और एक नेक काम में लगा दिया। अगर उसे अमेरिका का वीसा मिल जाता, तो वह इस नेक काम से महरूम रह जाता। साहिल ने मन में ठान लिया, उसके पास जो भी आएगा, अन्याय नहीं होने देगा।





Saturday, 9 April 2016

Gadi ka Challan

गाड़ी का चालान

दरवाजे की घंटी  बजते ही आवाज आई, 'स्पीड पोस्ट।'  दीपा दौड़ी गयी, दरवाजा खोली।
'यहां दस्तखत कर दीजिये' पोस्ट मैन ने कहा और लिफाफा थमा दिया।
लिफाफे पर 'उ० प्र० ट्रैफिक पुलिस' पढ़कर, दीेपा चौंकी। उस पर अरविन्द का नाम था, वह तुरंत समझ गयी यह कोई चालान ही होगा।
'अरविन्द ये ले, तेरे लिए इनाम आया है' उसने लिफाफा अरविन्द को पकड़ा दिया।
अरविन्द आनन फानन में लिफाफा खोला तो उसमे चालान ही था। निश्चित तिथि तक मजिस्ट्रेट के कार्यालय में जाकर, दो सौ रुपये जमा कराने थे। अरविन्द को बड़ा गुस्सा आया, वह बड़बड़ाने लगा, 'देखो! डेढ़ साल पहले का चालान अब आया है। ट्रैफिक वाले कितनी फुर्ती से काम करते हैं, डेढ़ साल बाद चालान, और स्पीड पोस्ट से! अब भुगतना तो पड़ेगा ही। '
वह मजिस्ट्रेट कार्यालय गया। वहां जाकर कार्यालय में कर्मचारियों को सुनाने लगा, 'बताओ डेढ़-दो साल बाद किसे याद होगा कि क्या किया था। '
एक बाबू ने कहा, वो तो चालान में लिखा ही है, सर! आपने लाल बत्ती पार की थी। याद करिये। अरविन्द को अब याद आ चुका था। एक बार वह लाल बत्ती पर ही गाड़ी निकाल दिया, आगे पुलिस वाले ने रोक लिया। वह जुर्माना लगाने को जैसे ही चालान की किताब निकाला, अरविन्द ने मामा जी को फ़ोन मिला दिया, 'ये लो मेरे मामा हैं, पुलिस कमिश्नर; बात कर लो। ' पुलिस वाले ने फ़ोन नहीं पकड़ा, 'ठीक है, सर ! जब आप कमिश्नर साहब के भांजे हैं तो जाईये। '  अरविन्द छाती फुला के चला गया। वह पुलिस वाला उसकी गाड़ी का नंबर नोट कर रखा था। जब कमिश्नर साहब की लखनऊ से बदली हो गयी तो उसने अरविन्द को चालान भिजवा दिया। 

Bihar ki gadi

बिहार की गाड़ी

'और भोला! कैसे हो, सब ठीक ठाक है न !' कमल ने पूछा।
'गांव जाना है यार, पंद्रह दिन से लगा हूँ, किसी भी ट्रैन में आरक्षण नहीं मिल रहा । पता नहीं मई, जून में क्या हो जाता है, मुंबई और दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में तो जिस दिन रिजर्वेशन खुलता है उसी दिन सभी सीटें फुल हो जाती हैं।'   भोला बोला।
'हां यार! तत्काल में भी खुलते ही सब सीटें भर जाती हैं। पता नहीं ये सब कैसे हो जाता है। लगता है अंदर ही अंदर, सब दलाल लोग बुक करा लेता है।'
 'अरे यार, एक बार तो इंटरनेट से तत्काल में ऑन लाइन टिकट कर रहा था, अस्सी सीटें बाकी  दिखा रहा था। जब तक भुगतान होकर टिकट हुआ तो पता चला की प्रतीक्षा सूची में चौसठ नंबर मिला। '
'सब धांधली है। तो अब नहीं जाओगे ?'

'हां, जा रहा हूँ न' भोला बोला।
'बिना रिजर्वेशन के कैसे जाओगे ?'
'अरे, मेरे गांव के पास के ही दो लोग जा रहे हैं, उनका रिजर्वेशन है। मुझे तो अकेले ही जाना है और वेटिंग का टिकट है ही। '

वहीँ खड़ा पंकज मजाकिया अंदाज में बोल पड़ा, 'ये तो बात है, बिहार जाने वाली गाड़ी में एक का भी रिजर्वेशन हो गया तो समझो, जान पहचान वालों का सबका हो गया।'
'करें भी क्या भाई, जब जाना जरूरी होता है तो जाना ही पड़ता है। वरना किसी और की सीट पर बैठ कर जाना किसे अच्छा लगता है। तकलीफ सहो भी और दूसरे को दो भी। और ये तो देखो ट्रैन में तो जगह नहीं होती फिर भी दिल में जगह होती है, वरना यूँ थोड़े ही कोई अपनी सीट पर बिठा लेगा।'

     - एस० डी० तिवारी 

Thursday, 7 April 2016

Ameer kaun

अमीर कौन

सामू का खेत सड़क के किनारे ही था। वह अपने खेत में काम कर रहा था, एक बड़ी सी कार गुजरी। उसके
ही गांव का रघुवीर, वहीं खड़ा था बोला,'देख रहा है सामू! वो जो कार गयी घनश्याम सेठ की थी, वह बहुत बड़ा अमीर है और जनता है यह कार कितनी महँगी है, एक करोड़ से थोड़ा ही कम। इसी सड़क पर फैक्ट्री लगाने के लिए जगह ढूंढ रहा है। '
'होगा, हमें क्या दे देगा। उसका धन है तो उसके लिए।  हमारे पास जो है, हमारे लिए बहुत है।
कबीर दास का दोहा सुना है न -
साधु इतना दीजिये जामे कुटुंब समाय।
मैं भी भूखा न रहूं साधु न भूखा जाय।
भगवान ने स्वस्थ शरीर दे रखा है, हंसता खेलता परिवार है, प्रकृति की गोद में बिठा रखा है।  दो जून की अपनी मेहनत की रोटी मिल जाती है और क्या धन चाहिये। और तो और किसी को सताना नहीं पड़ता। ये तो बेचारे क्या क्या पापड़ बेलते होंगे। कहां कहां हेरा फेरी करते होंगे, टैक्स का डंडा, धन को संभालने का झंझट। जरा सा छाती में दर्द हुआ, लाखों रुपये डॉक्टर के। हमारी छाती देख, चौड़ी भी है और मजबूत भी। दर्द हुआ तो हाथ पांव हिला लिया और गैस बाहर। वे अपना बोझ भी नहीं उठा सकते, कुली ढूंढना पड़ता है। एक काम अपने आप कर नहीं सकते।' सामू ने पूरा लेक्चर झाड़ दिया। 

'सो तो ठीक है, ये सब करने के लिए उनके पास पैसा भी तो है। हम लोग बीमार होते हैं इतनी तकलीफ सहते हैं, उनके यहाँ फटाफट डॉक्टर आ जाता है, अस्पताल चले जाते हैं। इन्हें आराम कितना है।' रघुवीर बोला।

'हमारे पास पैसे कम है तो बीमारी भी कम हैं। हम बीमारी की तकलीफ सहते हैं, तो क्या वे डॉक्टर को ख़ुशी से पैसे देते हैं? दुनिया भर की जाँच कराने में तकलीफ नहीं होती? वे भी तो सोचते होंगे डॉक्टर को पैसे न देने पड़ें। हम जो यह सब सह लेते हैं, हमारी वो निहित शक्ति क्या धन नहीं है? और बैंक भी अपने साथ, क्योंकि वह सब हमारे शरीर में ही समाये है। '

रघुवीर यह सब सुनकर अवाक् रह गया। थोड़ा सोच कर बोला, 'फिर भी धन का महत्व तो है ही। '

'अरे भाई, वो मैंने पहले ही कह दिया, परिश्रम से आवश्यकता भर धन तो कमा ही सकते हैं।  उतना भी कमा कर क्या करना की गोली खाकर बिस्तर पर सोने जायँ। हमें देख रात को क्या ठाट से नींद आती है।  सुबह सुबह पेड़, पौधे, पशु, पक्षी का साथ होता है। यह सारा क्या धन नहीं है ? वो चार कदम के लिए गाड़ी निकलवाएंगे, हम कोसों पैदल जा सकते हैं। ऐसी के लिए बिजली का खर्च, हमारा पेड़ की छाँव ही ऐसी है। सुना है अमीर लोगों पर कर्ज का भी भारी बोझ होता है। इनके पास हमारा अंश तो हो सकता है, हमारे पास इनका नहीं। '
'अरे नहीं भाई, सामू! शहर में इनका नाम है। '
'कृष्ण द्वारकाधीश थे, सुदामा एक गरीब ब्राह्मण, तो क्या सुदामा का नाम कृष्ण के साथ नहीं चल रहा है? क्या इन सेठ जी का नाम सुदामा से भी बड़ा है? आचरण भी धन है भाई। मैं तो तनावमुक्त सीधी सादी जिंदगी से बढ़कर किसी चीज को धन नहीं मानता। जब तनाव में होते हैं तो धनी लोग, बाबा के यहाँ पैसा बहा कर आते हैं। हम तो भगवान की पूजा भी सच्चे मन से खुद कर लेते हैं। ' 
अब तो रघुवीर की आगे बोलने की क्षमता समाप्त हो गयी थी। बस यही कहकर चुप हो गया, 'अरे सामू! तू कितना धनी है, मैं तो आज जाना।'

एस० डी० तिवारी  

Chhat par dhuan

छत पर धुआं

यह बात लगभग पचास साल पहले की है, मैं अभी छोटा बच्चा था। हां, यही कोई दस साल का।
शाम का समय हो गया था। पश्चिम में आकाश की लालिमा लुप्त होने लगी थी। ढोर चर के वापस अपने अपने खूंटे पर आ चुके थे। घरों में दीये जलाने की तैयारी हो रही थी। छप्पर फाड़ कर, धुआं छतों के ऊपर पहुंच चुका था। पूरे गांव पर धुएं के बादल छा चुके थे। देवकी भी चूल्हे पर दाल, चावल बैठा दी थी। रोटी के लिए आटा गूंदने के लिए वह आँगन में ही बैठ गयी। अचानक उसकी नजर पड़ोस में सुदामी की छत पर पड़ी तो चौंक गयी, उसके छत पर धुंआ नहीं। क्या बात है आज वह देर से रसोई बना रही है।  रोज तो वह उससे पहले ही चूल्हा जला लेती थी ।    
खैर, वह अपना आटा गूंदने में व्यस्त हो गयी। और कुछ समय में उसकी रोटी भी बन गयी।  देवकी के मन में बार बार यह बात खटक रही थी कि सुदामी के छत पर धुआं नहीं उठा। उसका ध्यान उधर ही रहता। जब काफी देर हो गयी तो सोची चल कर देखें, आखिर बात क्या है? उसकी लड़की तो आग मांग के कभी ले गयी थी। उस समय माचिस कोई कोई ही रखता था, जो रखता भी था उसे खर्च करने में बड़ी कंजूसी रखता था। कारण, बाजार दूर और नकदी की कमी। घर में राख के ढेर में ढककर आग रख ली जाती थी और उसी से उपले और पत्ते रख कर फूंक मार कर जीवित कर ली जाती। कभी कभी जब रखी आग बुझ जाती तो पास पड़ोस से मांग कर लाई जाती। 
देवकी को अब किसी अनहोनी का अंदेशा होने लगा था। वह बेचैन हो रही थी। अपनी रसोई तैयार होने के बाद वह तुरंत सुदामी के यहाँ गयी। 
'अरे सुदामी क्या हो गया? चूल्हा क्यों नहीं जला ? बेला तो कभी आग ले आई थी। '
सुदामी बात को टालने लगी, 'नहीं बस ऐसे ही। '
'अरे ऐसे ही क्या? तबियत ठीक नहीं थी खबर भिजवा दी होती, मैं बना के भेज देती। '
'नहीं दीदी, तवियत ठीक है। '
'तो फिर बात क्या है?' अब देवकी पीछे ही पड़ गयी तो सुदामी को बतानी पड़ी।

'घर में आटा नहीं है, सारा गेहूं पिसने के लिये गया है, आज वो पिस नहीं पाया। दिन का थोड़ा चावल-दाल पड़ा था; सोची, बेला और लालचन्द थोड़ा थोड़ा खा लेंगे, हम दोनों का क्या, एक वक्त की तो बात है। '
'वाह भाई वाह, तुझे बताना नहीं चाहिए! चल जल्दी से जला चूल्हा, मैं आटा लेकर आती हूँ। बताओ, इस तरह संकोच करते हैं कहीं! तेरे यहां सब भूखे सोयेंगे तो क्या हमारे गले खाना उतरेगा? दुबारा ऐसा नहीं करना।' देवकी बरस पड़ी।


एस० डी० तिवारी 

Friday, 1 April 2016

Secretary sahab

सेक्रेटरी साहब 

आज, उनका वो मकान वीरान सा हो गया है। एक कमरा अनाज का गोदाम बना हुआ है, दूसरे कमरे में ताला लगा रहता है जो कभी कभार मेहमानों के आने पर ही खुलता है। बरामदे में एक दो चारपाई खड़ी रहती हैं, और कुर्सियों को एक के ऊपर एक रखे हफ्तों बीत जाते हैं। हाता में अब न तो कोई फूल खिलता है, न ही कोई पूजा के लिए तोड़ने आता है। कई पौधे सूख चुके हैं। हाता में लगा हैण्ड पंप भी सूखा रहता है। जब जब आवश्यकता पड़ती है, उसमें पानी डाल कर चालू किया जाता है।  न तो कोई चाय पीने आता है, न ही अख़बार पढने। झाड़ू लगे भी हफ़्तों हो जाते हैं। घर में कई जगह जाले लगे हुए हैं, और अनेकों छिपकलियों का बसेरा है। धूल से ढकी उनकी साईकिल, बिना हवा के बरामदे के एक कोने में खड़ी है। कभी यहाँ दिन भर रौनक रहती थी, अब कोई झांकने भी नहीं आता। एक कुत्ता, कभी कभी मकान के द्वार पर आता है और कुछ देर बैठकर चला जाता है। यह उन्हीं कुत्तों में से एक है, जो उनके पास मिलने आते रहते थे । यही उनका सबसे प्रिय कुत्ता था, जिसे शेरू कहकर बुलाते थे। 

राज्य सरकार की सेवा से निवृत्त होने के पश्चात सेक्रेटरी साहब अपने गांव चले आये। सी० डी० पांडेय, अपनी नौकरी से अपना नया नाम लेकर आये थे, सभी लोग उन्हें सेक्रेटरी साहब के नाम से जानते थे। यूँ तो उनके परिवार का बंटवारा हो चुका था, उन्होंने अपने चचेरे भाई के बगल में अपना अलग मकान बनवा लिया था। चूकि सेक्रेटरी साहब, पत्नी के स्वर्गवास हो जाने के कारण अकेले रह गए थे, उनका भोजन चचेरे भाई के यहाँ ही बनता था।सेक्रेटरी साहब ने अपनी तीनों बेटियों का अपने कार्यकाल में ही, अच्छा विवाह कर दिया था। तीनों ही संपन्न परिवार में व्याही थीं। उनकी ओर से वे पूर्णतः चिंतामुक्त थे। बंटवारे में उनके हिस्से में अंदर वाला मकान आया, परन्तु सेक्रेटरी साहब स्वतंत्र और स्वछन्द रहने वाले व्यक्ति थे, इसलिए अंदर वाला मकान, अपने चचेरे भाई के परिवार के रहने के लिए छोड़ दिया और अपने लिए बाहर खुले में एक अलग मकान बनवा लिया था।अंदर वाले मकान में तो उन्हें जाना भी पसंद नहीं था। मिलनसार प्रकृति के होने के कारण, उनके पास आने वालों का भी ताँता लगा रहता था।

उनका नया घर बहुत खुला था, आगे बड़ा सा बरामदा, उसके आगे थोड़ी सहन जो पांच फुट की चारदीवारी से घिरी थी और उसी में फूल फुलवारी। बरामदे और सहन में मिलाकर, काफी लोगों के सोने, बैठने के लिए स्थान था। अकेले बरामदे में ही दस बारह चारपाई सरलता से बिछ जाती। उनका घर लगता था, जैसे कोई आश्रम हो। लोगों के प्रति उनका असीम प्यार और उनका, उनसे मिलने जुलने आना ही, अलग मकान  बनवाने का मुख्य कारण था। उस समय गांव में किसी के यहाँ टेलीविज़न नहीं था, उन्होंने टेलीविज़न लगवा दिया था, जिससे गांव के कई बच्चे वहीँ बैठे रहते। जब टेलीविज़न पर, क्रिकेट का मैच आता तो उनका घर, कोई छोटा मोटा स्टेडियम सा लगने लगता। गांव की कुछ स्त्रियां, पूजा का फूल लेने इन्हीं के हाता में आतीं। उन्हें विश्वास था वहां गेंदे या गुड़हल का फूल अवश्य ही मिल जायेगा। गुलाब का फूल सेक्रेटरी साहब को अति प्रिय था, अतः तोड़ने से मना कर देते। वैसे भी गुलाब के फूल थोड़े होते। सेक्रेटरी साहब का मकान, उनके अकेले रहते हुए भी कितना गुलजार रहता, वर्णन करना कठिन है।

चचेरे भाई के परिवार के लोग तो मान सम्मान करते ही, पास पड़ोस के लोग क्या, दूसरे गांव के लोग भी, उन्हें बहुत आदर सत्कार देते। भाई पट्टेदार का भी कोई मेहमान आता, खा पीकर सोने इन्हीं के यहाँ आता। सबको इन्हीं के यहाँ अच्छा लगता। वे लोगों से बड़े प्रेम से मिलते, एकाध लोग जब दरवाजे पर आ जाते तो माहौल ठहाकों और कहकहों से गूँज जाता। सेक्रेटरी साहब के यहाँ पर्याप्त मात्रा में खटिया, बिछौना पड़ा रहता। कितने भी मेहमान आ जायँ, उनको ठहराने में कोई परेशानी नहीं होती। यहाँ तक कि पास पड़ोस के लोग भी मेहमान आने पर, खटिया बिछौना मांगकर ले जाते। उन्हें पेंशन मिलती थी और उनके ऊपर कोई दायित्व नहीं था। पेंशन की राशि वे चचेरे भाई की मदद के अतिरिक्त, आतिथ्य सत्कार और नेवता हँकारी आदि में खर्च कर देते। 

सेक्रेटरी साहब तड़के ही उठ जाते। वे नित्य प्रातः की क्रिया से निवृत्त होते और स्टोव जलाकर बड़े भगौने में दस पंद्रह कप चाय का पानी रख देते। जब तक चाय का पानी खौलता, बरामदे में और आगे के सहन में झाड़ू लगा लेते। इधर चाय उबाल लेना आरम्भ करती, धीरे धीरे आस पास के लोग, जुटना शुरू हो जाते। बरामदे में चारपाई और आठ-दस प्लास्टिक की कुर्सियां हमेशा पड़ी रहती थीं। जिसको जहां स्थान मिलता, आसीन हो जाता। फिर सेक्रेटरी साहब भगौने की चाय, एक बड़ी सी केतली में छान लेते, और एक हाथ में स्टील के कप और दूसरे में चाय की केतली उठाकर चल देते। लगता कि गाड़ी के आने का समय हो गया है, और वे प्लेटफॉर्म पर चाय लेकर तैयार हैं। केतली और कप लेकर, वे एक एक व्यक्ति के पास जाते; पहले कप पकड़ाते, फिर केतली से चाय उलच देते। एक दो लोग तो चाय पीकर शीघ्र चले जाते, मगर कुछ लोग अख़बार की प्रतीक्षा में बैठे रह जाते। कुछ इधर उधर की बातें होतीं, इतने में अख़बार आ जाता और एक एक पन्ना, प्रसाद की भांति बंट जाता। थोड़ी देर में पन्नों की अदला बदली होती। लगभग एक घंटे तक यह कार्यक्रम चलता, यहीं पर क्षेत्रीय अलिखित समाचारों का भी आदान प्रदान हो जाता। 

उनकी पत्नी सेवानिवृत्ति के कुछ ही वर्षों बाद साथ छोड़ गयीं थीं। बेटियां उन्हें अपने यहाँ बुलातीं, परन्तु वे अपनी यह जिम्मेदारी छोड़ कर जल्दी कहीं नहीं जाते। जब किसी रिश्तेदारी में कोई शादी व्याह आदि पड़ता; वे तभी घर से निकलते। यहाँ तक कि बेटी दामाद भी आते, तब भी सुबह की चाय वे ही बनाते। अगर वे बनाने को कहतीं तो कहते, 'ठीक है, तुम लोग तो रोज बनाती ही हो, जा के ससुराल में बनाना।' उनके सबसे छोटे बेटी दामाद जब दिल्ली से आते तो सबसे पहला कप उनके ही हाथ में पकड़ाते, कप खाली होने से पहले ही एक बार फिर पहुँच जाते और भर देते। नहीं करने पर बोलते, 'मुझे पता है शहर के लोग बहुत चाय पीते हैं।'

उनके दरवाजे पर, दो तीन कुत्ते हमेशा रहते थे । पालतू नहीं होते हुए भी सेक्रेटरी साहब के द्वार पर आकर बैठ जाते। भाई के यहाँ से, उनके भोजन में कुत्तों के लिए अलग से रोटी आती और उनके खाने के लिए अलग से बर्तन भी रखा था। बाकी कुत्तों को एक दो रोटी डाल देते, जिसे खाकर, वे कहीं और मुंह मारने चले जाते। शेरू को वे अलग से खिलाते और अन्य कुत्तों से अधिक खाने को देते। शेरू कहीं और नहीं जाता था।  दिन भर वहीँ आस पास ही समय बिताता था। यदि कोई  बाहरी व्यक्ति आ जाता और सेक्रेटरी साहब घर पर नहीं होते तो वह गुर्राने लगता। यदि सेक्रेटरी साहब घर पर होते तो किसी को कुछ नहीं कहता। सेक्रेटरी साहब में एक कमी अवश्य थी, वे कहीं किसी रिश्तेदारी में जाते तो शेरू को साथ नहीं ले जाते। शेरू उदास बैठा रहता। वैसे उनके भाई भतीजे शेरू को खाने को दे तो देते पर समय, असमय और वो भी उसकी पसंद का नहीं।  एक दिन सेक्रेटरी साहब, किसी रिश्तेदारी में गए। शाम को भोजन के बाद मुन्नु की नजर, शेरू पर पड़ी। वह द्वार पर चुपचाप बैठा था। उसने उसके लिए तुरंत रोटियां मंगायी और उसके सामने डाल दिया। शेरू रोटी सूंघ कर हट गया। रात भर वह भूखे रहा पर रोटी नहीं खाया। मुन्नू के साथ, सभी लोग आश्चर्य में थे; आखिर शेरू ने रोटी क्यों नहीं खाया।  वे अनुमान लगा रहे थे, सम्भवतः सेक्रेटरी साहब नहीं हैं, इसलिए वह उदास होगा। अगले दिन सेक्रेटरी साहब आ गए, उनसे शेरू के न खाने की बात बतायी गयी। उन्होंने रोटी मंगाई और उसके टुकड़े करके शेरू के बर्तन में दूध के साथ परोस दिया। वह लप लप कर, सब खा गया। वास्तव में, उन्होंने, कुत्ते को दूध के साथ रोटी खाने का ऐसा चाव डाला कि वह दूध के बिना रोटी खाता ही नहीं था और यह बात और किसी को नहीं पता थी।  

सेक्रेटरी साहब की यह दिनचर्या, पैतीस साल तक निरन्तर अबाध्य चलती रही। उनकी पेंशन की राशि लोगों को प्रसन्न रखने और त्यौहार आदि मनाने में खर्च हो जाती। उनके ऊपर कोई और दायित्व नहीं था; तीनों बेटियां अपने अपने घर में संपन्न और खुशहाल थीं। वे सेक्रेटरी साहब से कभी कुछ लेने की उम्मीद भी नहीं करतीं, अपितु उन्ही से उनकी आवश्यकता पूछती रहतीं। खाने पीने के लिए खेत पर्याप्त था। उनकी खेती बारी की जिम्मेदारी उनके चचेरे भाई के परिवार पर ही थी और खेत की पैदावार को वही रखते थे। गांव के बच्चों का त्यौहार इन्हीं के यहाँ मनता। दिवाली पर पटाखे छोड़ने हों, होली पर ठंडई हो या जन्माष्टमी की झांकी या संकीर्तन; गांव के लोग इनके यहाँ जुट जाते और सेक्रेटरी साहब का मन आह्लादित हो जाता। सेक्रेटी साहब, गांव, घर, भाई, दयाद आदि में कोई शादी व्याह पड़ता, तो कुछ न कुछ वित्तीय मदद अवश्य कर देते। उन्हें न तो कोई चुनाव लड़ना था, न ही मिडिया की सुर्ख़ियों में आना था। इतना कुछ वे मात्र इसलिए करते कि 'इंसान का इंसान से हो भाई चारा'। वे इंसान से इंसान के प्यार को बहुत महत्त्व देते और स्वयं इसका एक अद्भुत उदाहरण थे। सेक्रेटरी साहब बड़े गर्व से कहते, सरकारी नौकरी में उन्होंने वो नहीं कमाया, जितना सेवानिवृत्ति के पश्चात् कमाया। 

उनके नब्बै पार होने पर, गांव वाले पहले ही चिंतित होने लगे थे। उनके बाद का हाल सोच कर, वे दुखी हो जाते। जिस दिन सेक्रेटरी साहब नहीं होंगे, यह जगह कितनी विरान हो जाएगी। कौन आएगा यहाँ चाय पीने। ये फूल फुलवारी, पानी देने वाला भी कोई होगा या नहीं। कुत्तों को रोटी कौन खिलायेगा। अख़बार तो बंद ही हो जायेगा। समय का पहिया घूमता रहा, पहले भी एक बार दौरा पड़ चुका था। एक दिन गांव की हवाओं को नम होना ही था। यूँ तो कोई अमर नहीं होता, मगर उनका नाम पूरा गांव एक हीरो की तरह गाता रहेगा। 

एस० डी० तिवारी