Monday, 2 May 2016

Kamwali ko chay

 -तीसरा पहिया 
2 -बोलती खामोशी 
3 -पुतले का दर्द 
4 - मैला इन्द्रधनुष 
5 -रिश्तों का ब्याज 
6 - एक पुख्ता सवाल 
7 -संजीवनी 
8 -स्वयंसिद्धा 
9 -विभीषण
10 - धर्म का अर्थ

काम वाली की चाय

भुवन ने उठते ही चाय के लिए बोला, मगर नीतू इधर उधर के कामों में लगी रही। आधा घंटा हो गया और चाय बनने का नामो निशान नहीं। भुवन की चाय पीने की प्रबल इच्छा थी, उसने एक बार फिर याद दिलाया। 
नीतू बोली 'अभी'

थोड़ी देर में घंटी बजी, लक्ष्मी दाखिल हुई और दो मिनट में चाय सामने आ गयी। भुवन ने पूछा, 'अभी तो आई है। इतनी जल्दी उसने कैसे चाय बना ली?'

'मैने पानी पहले ही रख दिया था। उसका भी आने का समय हो गया था, फिर उसके लिए अलग से बनानी पड़ती। '
नीतू बोली। 

'वाह, तुम भी गजब हो! लक्ष्मी के चक्कर में मुझे चाय के लिए आधा घंटा तरसा दिया। उसे चाय पिलाना जरूरी था तो दुबारा बना लेती या वह खुद बना लेती। पहले बताती तो मैं ही बनाकर पी लेता, पर तुम्हारे हाथ की चाय की बात कुछ और ही है। कल तो मेरे कहने से भी पहले चाय आ गयी थी । '
'कल लक्ष्मी जल्दी आ गयी थी न !' फिर नीतू चिल्लाई, 'लक्ष्मी! चूल्हे के पास पराठा पड़ा है, गरम करके खा लेना। ' फिर, धीरे से भुवन के कान के पास मुंह करके बोली 'जानते हो! पटाकर रखना पड़ता है ! कई बार दूसरे काम भी लेने होते हैं। और कभी कभी जब तुम बाहर जाते हो तो बाजार से छोटी मोटी चीज भी इसीसे मंगवा लेती हूँ। ' 

'मगर ध्यान रखना, पैसे दो तो ये लोग उसमें दण्डी भी मार लेते हैं।' भुवन ने समझाया। 

'खोट निकालने की तुम्हारी आदत है। तुम भी तो स्टेपनी के लिए घिसा पिता पिटा टायर रखते हो। '

एस० डी० तिवारी 




कामवाली -१
बजाज साहब शाम को घर आये, घंटी बजाये, सावित्री ने दरवाजा खोला। चेहरा कुछ मुरझाया हुआ था।
'सब ठीक है न ?' पूछते हुये सीधे शयन कक्ष में चले गये और बिस्तर पर सुस्ताने के लिए बैठ गये। सावित्री अभी कुछ बोली भी नहीं, तभी फिर से घंटी बजी, वह दरवाजा खोलने शीघ्रता से गयी। वापस खिला हुआ चेहरा लेकर आई और पूछी 'चाय पियोगे न ?'
बजाज साहब 'हां' बोलते हुये पूछे 'कौन है?'
'कामवाली। '

कामवाली - २
'मेम साहब, इस महीने के पैसे मुझे एडवांस में दे दो'  कामवाली मनोरमा से बोली।
'क्यों, क्या हो गया ?'
'मुझे दो हजार रुपये बाबा के खाते में जमा कराने हैं।  इस महीने उनके दर्शन करने जाना है। मोहन की नौकरी छूट गयी है न ! पहले गयी थी, कुत्ते को रोटी खिलाया, गाय को गुड़ खिलाया, पांच शनिवार को समोसा भी खाया, मगर कुछ नहीं हुआ। सोच रही थी एक बार और हो आऊं ।'
'और फिर नहीं लगी तो फिर से दो हजार जमा कराएगी? बाबा बोल देंगे, गुड़ में नमक लगा रहा होगा। इससे अच्छा ये पैसा उसके नौकरी ढूंढने के लिए आने जाने में खर्च कर।'
कामवाली सोच में पड़ गयी।


कामवाली - ३

फूलवती ने आते ही मुहल्लनामा  बांचना शुरू कर दिया, 'अरे मेम साहब आपको पता है ! कम्मो, जब देखो, गली के नुक्कड़ पर खड़ी होकर किसी लडके से खुसर फुसर करती रहती थी। '
'हाँ मैं भी देखती , उसके मोबाइल की घण्टी बजती ही रहती है। अधिकतर गर्दन टेढ़ी करके मोबाइल दबा लेती है और घंटे भर बर्तनों की खटपट कराती है। इधर तीन दिन से नहीं आ रही है। मैं तुझे ढूंढ ही रही थी। जब तक नहीं आती है मेरा भी काम कर दे। '
'हां हाँ मेम साहब, मुझे पता था, तभी तो आई हूँ। मैं गांव गयी तो आप ने उसे लगा लिया। मैं आपका काम छोड़ना थोड़े ही चाहती थी। अब तो मुझे करना ही है। '
'अरे नहीं, जब तक वो नहीं आती है, तभी तक। हटाउंगी तो उसे दुःख होगा। जब छोड़ेगी तो तुम आ जाना। '
'अब वो नहीं आएगी, मेम साहब ! कम्मो उसी लडके के साथ भाग गयी है।'
'अरे, उसके दस दिन के पैसे भी हैं, उसकी माँ को खबर दे देना आकर ले जाएगी। '


कामवाली - ४

शम्भू को खाना देकर मेघना दूसरे काम में व्यस्त हो गयी। सब्जी बड़ी स्वादिष्ट बनी थी, शम्भू और लेना चाहता था मगर सोचकर कहीं मेघना के लिए कम न पड़ जाय थोड़ी थोड़ी करके खा रहा था और अंचार से काम चला लिया।
अगले दिन सुबह देखा तो कामवाली सब्जी पराठा खा रही थी।
शम्भू यह देख कर चौंका, 'अरे! इतनी जल्दी खाना बन गया।'
'कल का पड़ा है, फ्रिज में रख दी थी।'
'सब्जी पड़ी थी ? मैं तो थोड़ी थोड़ी करके खाया था।'
'थोड़ी सी मैंने अलग रख लिया था। मुझे लग रहा था, तुम इससे अधिक नहीं खाओगे, काम वाली खा लेती है तो खुश रहती है।'



कामवाली - ५

सतीश ने कामवाली को दे दिया अब तो सरिता को सांप सूंघ गया।
कहीं कामवाली सतीश से ज्यादा खुश न हो जाय

वह उसका अधिक ख्याल करने लगी, चाय सामान अदि


कामवाली - ६

'मेम साहब कितनी रोटी बनानी है ?'
'बस आठ बना ले, तीन तीन हम दोनों की और दो चिंटू की। कल नौ बोली, तूने दस बना दिया और वो भी मोटी, दो बच गयीं। फ्रीज में थोड़ी सब्जी पड़ी है, गरम करके खा ले। '
कामवाली खाना बनाकर चली गयी। उसने रोटी इतनी पतली बना दी कि आज चिंटू तीन  खा गया। सुरेंदर और सिंधु खाने बैठे तो दोनों के दो, दो खाने के बाद एक ही रोटी बची। फिर वे एक दूसरे का मुंह ताकने लगे।
सिंधु बोली 'ले लो, थोड़ा सा चावल भी है, अभी गरम कर देती हूँ ।' सुरेंदर का उसे खाकर भी ठीक से पेट नहीं भरा।
अगले दिन सिंधु ने फिर दस रोटी बोल दिया तो उसने मोटी बना दी।


कामवाली -७


 ये बड़े लोग ताजी  रोटी नहीं खाने देते।  बासी हो जाती है तब कामवाली को पूछते हैं।


कामवाली - ८

मेरी साड़ी कैसे पहन ली
कोई चोरी थोड़े ही की है साहब ने दी है
नई साड़ी
सिंधु ने सोचा आज तो उसे भाव से लुंगी
बोला मेरे लिए लाया है दे उसे दिया
वह अपनी शिकायत लेकर पहुंची
की बादल पहले ही बरस पड़ा। इतने प्यार से पसंद करके तुम्हारे लिए साड़ी लाया। और तुम ने उसे दे दिया। नहीं पसंद था तू बता देती बदल लाता।
अच्छा जी उल्टा चोर कोतवाल को डाटे। पकड़े गए तो बात बना रहे हो। तुम्हे तो कामवाली का ही ज्यादा ख्याल है मेरा कहाँ। अब तो दिन का  खाना भी दोनों ने नहीं खाया। कामवाली आई तो सिंधु ने बोल दिया। दिन का पड़ा है वही खा लेंगे। चल चाय बना ले।
'क्या हो गया मेम साहब, तवियत तो ठीक है न ! खाना क्यों नहीं खाया ?'
तू ही जहर बो गयी थी।
हा दइया, मैंने क्या किया ?
तूने ही तो कहा था, कल जो साड़ी पहनी थी साहब ने दिया था।
'हाँ वो जहाँ दूसरी जगह काम करती हूँ न। उनकी मैरिज एनिवर्सरी थी, मुझे गिफ्ट दिया था।
सिंधु दौड़ी गयी और जाकर अलमारी में देखा तो साडी वहीँ पड़ी थी। किसी ने कहा कौवा कान ले गया तो कौवे के पीछे दौड़ ली, अपना कान नहीं देखा। अपने किये पर वह बहुत पछताई।


कामवाली -९

कामवाली के आने से पहले ही दरवाजा खुला था।



कामवाली १०

क्या हुआ आंटी आप खुद खाना बना रही हैं ? अल्का ने दमयंती से पूछा।
हां क्या करूँ, आजकल खाना बनाने वाली टिकती ही नहीं।  जहाँ महीना, दो महीना हुआ नहीं कि छोड़ कर चली जाती हैं।
पिंकी सुन रही थी
अरे दमयंती तुझे नहीं पता जो भी खाना बनाने वाली  आती है,मम्मी उसे अपने अच्छे डिश सिखाने लग जाती हैं। जब वो सिख लेती हैं तो उनका भाव बढ़ जाता है और ज्यादा पैसे मिलने लगते हैं।


कामवाली ११

आज तो दमयंती की लाटरी खुल गयी। पूरे एक महीने बाद, नई कामवाली मिली है। बड़ी मुश्किल से महीना काटा। घर का सारा काम खुद करना पड़ता। पड़ोस की कामवाली से कितना कहा कि यहाँ का भी पकड़ ले मगर वह सुनने को तैयार ही नहीं थी। हमेशा यही कहती 'मेरे पास टेम कहाँ है '
वैसे कभी कभार कर देती
 दमयंती नई कामवाली के आतिथ्य सत्कार में जुट गयी।  ये ले चाय, साथ में दो ब्रेड भी सेक कर ले आई। दमयंती चाहती थी बस कैसे भी फंस जाय। उसकी तिकड़म सफल हुई कामवाली ने जो पगार बोली, दो सौ रुपये करके मान गयी। और अगले दिन से काम पर आने को बोल गयी।
अभी हफ्ता भी नहीं बीता कि कामवाली ने कहा, 'मेम साहब अगले महीने मेरी बेटी की शादी है, मेरे इस महीने के पैसे एडवांस दे दो, कुछ सामान वगैरह खरीदना है ।  और पांच तारीख से पंद्रह दिन मैं छुट्टी पर रहूंगी।  २१ तारीख को आउंगी, तब तक के लिए मैं किसी को लगा जाउंगी। '
दमयंती बड़ी खुश हो गयी, चलो किसी को लगा कर, छुट्टी पर जाने को बोल रही है और पैसे तो देने ही हैं आज नहीं तो पंद्रह दिन बाद,  'ठीक है, जब दुबारा काम करने आएगी तो ले जाना। और शादी के लिए कुछ सामान भी दूंगी। ' दमयंती उसके काम से खुश थी। चाहती थी उसे कितना खुश रखे कि वह छोड़े नहीं।
कामवाली को एडवांस के साथ कई सामान भी दे दिया, लड़की की शादी थी। पुण्य भी मिलेगा।
कामवाली एडवांस और सामान लेकर गयी, मगर उसी दिन से छुट्टी मार ली।  उसके बाद काम पर नहीं आई न ही किसी को लगवाई। दमयंती बीस तारीख तक किसी प्रेमी की तरह उसकी प्रतीक्षा करती रही पर बेकार। दिन बीतते रहे मगर कामवाली का कहीं अता पता नहीं। अब तो जो भी काम वाली मिलती दमयंती पूछती अरे ऊषा को जानती हो।  जब हाँ में उत्तर मिलता तो पूछती, 'अपने गांव से आई कि नहीं?'
कइयों ने कहा, 'हाँ वो तो कबकी आ गयी है, उधर काम पर भी जाती है। '
दमयंती यही सोचती, मिलेगी तो बताउंगी। मगर वह उसे कहाँ मिली।  झख मारकर दूसरी ढूंढनी पड़ी।


कामवाली ११

'सोनम! जरा जा, देख आलमारी खुली है, एक पांच सौ का नोट निकाल ला, जाऊं कुछ सामान ले आऊं।'
सोनम पांच सौ के नोट के साथ आलमारी में पड़ी एक चांदी का छल्ला भी लाई।  हँसते हुए,  'मम्मी, इसे भी पहनती हो क्या !'
'नहीं, ले जा वहीँ रख दे। तुझे पता है, ये ४० साल पुरानी है। सम्हाल कर रखी हूँ।'
'लगता है आपको भी किसी ने धोखा दिया है। मगर, उसकी याद सम्हाल कर क्यों रखा है मम्मी? फेंक देती हूँ।'
'ले जा चुप चाप वहीँ रख आ। पता है तेरी नानी के घर एक शीला आंटी  काम करने आती थीं। मेरे पांचवे जन्मदिन पर  उन्होंने यह सौगात दिया था।  उसकी हस्ती वही थी। पर प्रेम तो देख। उनका वही प्रेम देखकर, यह निशानी मैं सम्हाल कर रखी हूँ। 

कामवाली १२

प्रिया चहकती हुई आयी 'आंटी मेरी घड़ी !'
सुनंदा को समझते देर नहीं लगी कि प्रिया बारहवीं पास हो गयी है। 'क्यों ? रिजल्ट आ गया क्या !'
'हां, कल ही आ गया। ६१ प्रतिशत आये हैं।'
'अरे वाह, तूने तो कमाल कर दिया।  काम करने के साथ पढाई के लिए भी समय निकाल लेती है, बड़ी बात है।  वो भी फर्स्ट क्लास से पास। वाह तूने  खुश किया। '
फ्रिज से मिठाई का डब्बा निकाल कर आगे बढ़ाते हुए, 'ये ले मिठाई खा। वैसे मैं तो गुस्सा थी, तू कल नहीं आयी, सारा काम मुझे खुद करना पड़ा। लेकिन तेरी इस खबर ने सारा गुस्सा  ख़ुशी में बदल दिया।'
'क्या करती आंटी, मम्मी की तवियत थोड़ी ख़राब हो गयी थी और पास होने के कारण हम लोग बहुत खुश थे इसलिए भी आने का मन नहीं हुआ।'
'चल कोई बात नहीं जल्दी से अपना काम कर ले, फिर मैं तुझे घड़ी देती हूँ। इम्पोर्टेड घड़ी है।  पिछली बार भैया आया था तो स्विट्ज़रलैंड से मेरे लिए लाया था, लेकिन मुझे अपनी पुरानी घडी ही अच्छी लगती है। अब वो तेरी है।'
प्रिया ख़ुशी से चिल्लाते हुए, 'हा, इम्पोर्टेड घड़ी, सुना है स्विट्ज़रलैंड की घड़ियाँ सबसे अच्छी होती हैं। माँ सुनेगी तो कितनी खुश होगी।'
'हाँ,  और यही नहीं तू कॉलेज में नाम लिखवा ले, तेरे कॉलेज की फीस भी मैं दूंगी।'
'सच आंटी ! फिर तो मैं अफसर बनकर दिखाउंगी।'
'शाबाश प्रिया ! वही तो मैं देखना चाहती हूँ। ऐसा हो गया तो मैं अपना जीवन धन्य समझूंगी।' 


कामवाली १३

घनश्याम जी, अपने बेटे अंकित के साथ गेट पर खड़े प्रतीक्षा कर रहे थे कि कामवाली निकले तो वे और पूछ ताछ कर लें।  कामवाली से बढ़िया घर का भेदी और कौन हो सकता है।
लड़का कब आता है। पीता पाता है कि नहीं आदि।
कई प्रश्न पूछे वह सब ठीक ही बताती गयी।
जब वो संतुष्ट होकर चलने को हुए तो वो बोल पड़ी, 'साहब उस घर से मैं पगार लेती हूँ वहां की बुराई थोड़े ही करुँगी।
'घनश्याम को बात समझ आ गयी। तुरंत एक हजार रुपये निकाले, 'हाँ अब बता'।
'रुपये लेकर बोली हाँ साहब अच्छे लोग हैं, लड़का भी अच्छा है।' 
'अच्छा, उन लोगों को बताना नहीं कि मैंने तुमसे ये सब पूछा।'
'ठीक है साहब।'



कामवाली १४ 

मशीन सी जिंदगी

चाय का कप रखते ही, शालिनी बड़बड़ाने लगी, 'यहाँ क्या जिंदगी है यार। सुबह उठते ही मशीन की तरह लग जाओ। नाश्ता तैयार करो, चिंटू को तैयार करो, फिर खुद तैयार होवो। अपना, रोहन का और चिंटू का टिफ़िन पैक करो। फिर ऑफिस जाते समय चिंटू को  शिशु सदन छोडो, शाम को आते हुए ले के आओ। फिर डिनर तैयार करो। फिर अगले  दिन की तैयारी शुरू,  रोज रोज पिज्जा तो  खाया नहीं जाता। वीक एन्ड पर दो दिन मिलते हैं, उसमें भी एक दिन घर और कपड़ों की सफाई में निकल जाता है। फिर घर के घटे बढ़े सामान लाकर रखो।  कई बार तो सोचकर परेशान हो जाती हूँ, आखिर हम मशीन हैं या इंसान। '
'क्यों? रोहन मदद नहीं करता ?' मृदुला ने पूछा।
'रोहन हाथ तो बंटाता है, मैं अकेले कहाँ से कर पाती। मगर सब काम जंजीर की कड़ियों की भांति, एक दूसरे से लगे होते  हैं; कोई भी काम स्वतंत्र तरीके से नहीं कर सकते। और हर बात का ध्यान  तो मुझे ही रखना पड़ता है। मर्दों का तो तुझे पता ही है। अपना इंडिया कितना अच्छा है यार! हर काम के लिए अलग बाई मिल जाती हैं, झाड़ू पोंछा वाली अलग, खाना बनाने के लिए अलग, कपड़े धोने के लिए अलग।"

ये भी तो देखो, हमने क्या प्रणाली बनायीं है; आधे लोग मजे करते हैं, और आधे उनकी सेवा। यहाँ सभी अपना काम करते हैं, कोई किसी का नौकर नहीं। यहाँ सभी अपने काम का उचित पारिश्रमिक पाते हैं, और वहां कामवाली बाई को अपनी मेहनत का पूरा मिलता है क्या?



मम्मी
चांदी का छला

Sunday, 1 May 2016

Shani ke sadhesati

शनि की साढ़ेसाती

पूजा समाप्त हुई। कई लोग पंडित जी को अपना अपना हाथ दिखाने लगे।
'जीजा जी आप भी दिखा लो'  लल्लन बोला। विभूति नारायण दूर से ही सब देख रहे थे, पंडित जी किस प्रकार से सबको चला रहे हैं।  मजे लेने के ध्येय से वे पंडित जी के पास पहुँच गए। 'देखिये पंडित जी ' अपना दायां हाथ उनकी ओर बढ़ा दिया।
पंडित जी ने बताया, 'आप एक बार बहुत बीमार पड़े थे !'
'हाँ'
पंडित जी ने फिर पूछा 'आपके कितने बच्चे है? 'एक....  नहीं, दो ...ऊहूं, तीन?' थोड़ा रूक गए।  पंडित जी असमंजस में पड़े विभूति नारायण की ओर देख रहे थे, जिस संख्या पर ये हां बोलें, उसीकी पुष्टि कर दें।  पर विभूति नारायण इस बार मौन ही रहे तो पंडित जी ने अंततः बोला  'दो'।
'नहीं पंडित जी! अभी एक ही है। ' विभूति जी ने बताया।
'आपके ऊपर तो शनि की महादशा दशा चल रही है और साढ़ेसाती का योग बन रहा है। वैसे आप का भाग्य प्रबल है, शीघ्र ही जमीन जायदाद का लाभ मिलने वाला है। बस यही शनि थोड़ी रूकावट डाल रहा है।'

विभूति जी कुछ संशय में तो पड़े कि पंडित जी ने बिना कुंडली के ही शनि की महादशा कैसे बता दिया, पर थोड़ा डरते हुए कि पंडित जी कोई बड़े खर्च वाला पूजा वगैरह बता देंगे, विभूति नारायण ने पूछा , 'कोई उपाय भी तो होगा पंडित जी! '
पंडित जी ने तुरंत अपनी झोली से रत्नों से भरी छोटी सी एक पोटली निकाला । 'मेरे पास ये रत्न  है, अंगूठी में जड़वा कर पहनने से लाभ मिलेगा।'
'कितने का है पंडित जी ?'
'मात्र इक्कीस सौ रुपये का।'
इसी तरह पंडित जी किसी को मोती, किसी को मोंगा तो किसी को पन्ना, नीलम आदि बता रहे थे। तभी भीतर से एक महिला घूँघट काढ़े आयी और पल्लू से अपना थोड़ा सा हाथ निकाल कर सामने कर दिया, ''पंडित जी !हमारे हाथ में पुत्र का योग कब तक है ?'
पंडित जी ने पूछा 'ये  कौन है ?'
एक अन्य महिला ने  उत्तर दे दिया कि एक रिश्तेदारी से आयी है।
पंडित जी ने बताया, 'शीघ्र ही पुत्र रत्न प्राप्त होगा, आप पुखराज धारण करें।'
जब अधेड़ उम्र की महिला ने घूँघट उठाया तो सब हंस पड़े। पंडित जी थोड़ा नाराज मगर दृढ़ होकर बोले, पहन कर तो देखो!

एस० डी० तिवारी






Allah se mango


अल्लाह से मांगो

ख्वाजा जी की दरगाह में जैसे ही घुसा, एक व्यक्ति आकर पूछने लगा, हां जी कितने की चादर चढ़ाओगे? मैंने बोल दिया नहीं भाई, चादर नहीं चढ़ानी, बस दर्शन करना है। मैं आगे बढ़ता गया, वह बगल में साथ चलता रहा, 'पांच की नहीं तो ढाई हजार की ही चढ़ा लो, फूलों के सस्ती भी है।  देखो, अभी तुमसे आगे वे साहब गये हैं, पंद्रह हजार की चढ़ा रहे हैं।' मैं उसकी बातों पर अधिक ध्यानं दिये बिना आगे बढ़ गया, जब बुलंद दरवाजा के पास पहुंचा तब तक वह पीछे हट चुका था।

मैं सीधे गरीबनवाज की  मजार पर पहुंचा, सिर झुकाकर सजदा किया। जब मजार में घुसा तो अंदर मात्र छः सात लोग ही दिखाई दे रहे थे, पर न जाने कहाँ से एकाएक भीड़ आ गयी और उसी में मेरी पैंट की पीछे की जेब से किसी ने पर्स निकाल लिया। मुझे तुरंत इसका आभास हो गया और मेरे पीछे खड़े एक व्यक्ति पर मुझे शक हुआ। मैं पलट कर उसे नीचे से ऊपर तक देखा तो वह बड़े भक्ति भाव से अपने दोनों हाथ आँखों के सामने करके कुछ पढ़ते हुए दुआ मांगने लगा। मुझे विश्वास था कि पर्स उसी ने निकाला है पर वह उसके पास नहीं था। उसने अपने पीछे खड़े एक लडके को पास कर दिया था। मैंने बोला, 'जिसने भी निकाला है वह पछतायेगा ही, पर्स में विजिटिंग कार्ड के आलावा कुछ भी नहीं है।' तभी उसके पीछे खड़ी एक महिला की आवाज आई 'ये किसका पर्स है? ' मैंने देखा, मेरा ही था।

गरीबनवाज के दर्शन करके मजार के बगल में ही सूफी कव्वाली का कार्यक्रम चल रहा था। वह बहुत ही अच्छा लग रहा था पर पर समय आभाव के कारण एक दो सुनकर ही वहां से हम चल दिए। जब टैक्सी में बैठे तो ड्राइवर ने पूछ लिया 'कैसा दर्शन रहा साहब ?' मैंने उसे पूरा  किस्सा सुना दिया।  ड्राइवर ने कोई नाम लेते हुए पूछा, 'आप उधर नहीं गए थे?' जब मैंने नहीं बोला तो उसने फिर पूछा 'अंगूठी पहने हैं?' हाँ बोलने पर उसने बताया, 'साहब आप बच गए, वहां एक मोटी सी दीवार है जिसमे दो बड़े सुराख़ हैं, इधर ये ठग बोलते हैं इसमें दोनों हाथ डाल कर सीना दीवार से सटा लो और अल्ला से दुआ मांगो, सभी मुराद पूरी होगी। दीवार के दूसरी ओर इनके आदमी होते हैं वे अंगूठी निकाल कर भाग जाते हैं। बाहर निकल कर वहां तक जाने में पंद्रह बीस मिनट लग जाता है और इनसे शिकायत करो तो बोलेंगे कि हमें क्या पता, आप की अंगूठी अल्ला को मंजूर हो गयी। '

मैंने ड्राइवर का धन्यवाद किया, 'अच्छी बात बताई भाई, ऐसे स्थान पर जाने में सतर्क रहने का पाठ पढ़ाया । '

एस० डी० तिवारी


Makkhi bhagane ki dawa


मक्खी भागने की दवा

एक बार सुदर्शन ने अख़बार में पढ़ा 'मक्खी भागने की अचूक दवा'। बस आप अपना पता लिख पोस्टकार्ड और पांच रुपये का डाक टिकट एक लिफाफे में कर के दिए गए पते पर भेजें। सुदर्शन भी क्यों चूकने लगा था। वह डाकखाने अपना लिफाफा भेजने गया तो मंगल मिल गया। मंगल के पूछने पर उसने उसे भी  बता दिया और बोला तू भी भेज दे। पहले तो मंगल ने आनाकानी की और भोला की कहानी बताकर हतोत्साहित किया -

'दिल्ली के एक अख़बार में भोला को एक परचा मिला उस पर नौ खाने बने थे। छः खानों में अंक भरे थे और तीन खाने खाली थे।  उन तीन खानों में इस प्रकार अंक भरने थे कि सभी पंक्तियों के जोड़ उसमे दिये अंक के बराबर हों। सही होने पर इनाम मिलेगा। उसका हल इतना सरल था कि कोई भी भर ले। भोला ने भरकर भेज दिया और उसका मोबाइल फ़ोन इनाम निकला। अब उसे सौ रुपये पहले भेजने थे और डेढ़ सौ रुपये देकर डाक का वी.पी.पी. पार्सल छुड़ाना था।  जब उसे पार्सल मिला तो उसमे खाली मोबाइल का डिब्बा मिला। ' 

खैर, इसमें कोई ज्यादा लागत नहीं है, केवल पांच रुपये का डाक टिकट और एक पोस्टकार्ड ही तो भेजना है। चलो भेज देते हैं, क्या पता कोई ऐसी दवा का अविष्कार हो ही गया हो। दोनों ने भेज दिया। अब वे मक्खी भगाने की दवा की प्रतीक्षा करने लगे। लगभग एक  माह के पश्चात उनका भेजा हुआ पोस्टकार्ड वापस आ गया। पोस्ट कार्ड पर मुहर लगी थी 'प्यारे ग्राहक ! जब आप भोजन कर रहे हों तो दाहिने हाथ से भोजन करें और बायें हाथ से मक्खी उड़ाते रहें। '

बेचारे दोनों ठगे से रह गए। पता चला कि लाखों लोगों ने पांच रुपये का डाक टिकट भेज था। 


एस० डी० तिवारी 

Riyal se rupaya

रियाल से रूपया

'मम्मी, मैं सऊदी अरब जा रहा हूँ।' अकरम, अख़बार से मिले पर्चे को दिखाते हुए बोला।
'इतनी दूर तू क्या करने जा रहा है ?'
'ये देख वहां बिजली का काम जानने वालों की जरूरत है। बस कल ही पासपोर्ट के लिए अप्लाई करता हूँ। फिर देखना साल भर में तुझे पैसे से तोप दूंगा। अब घर में पैसे की कोई तंगी नहीं रहेगी।'
'बस कर, कहां इतनी दूर जायेगा। चुप चाप पड़ा रह, मुझे नहीं चाहिए, पैसा वैसा।'  
'नहीं मां, हम लोग क्या ऐसे ही रहेंगे ! पता है वहां के एक रियाल में अठारह रुपये होते हैं। यानि कि वहां जो पैसा मिलेगा वह यहां के अठारह गुना होगा। '
अकरम, अख़बार का वह परचा पाकर बड़ा खुश था। अब वह विदेश में नौकरी करेगा और पैसे बचाकर भारत लाएगा, उसका एक अच्छा सा मकान होगा, अच्छी सी बिजली की दुकान होगी। दुकान का नाम, माँ के ही नाम से रखेगा। उसके मन में तरह तरह के ख्याली पुलाव पकने लगे। उसके बगल वाली वाली गली में शमशेर रहता था और वह वेल्डिंग का काम करता था। अकरम वह परचा लेकर उसके पास गया और उसे भी पासपोर्ट के लिए अप्लाई करने को कहने लगा। शमशेर ने भी वह परचा पढ़ा लिखा था, 'सऊदी अरब में भारी संख्या में तकनिकी विशेषज्ञों की आवश्यकता। प्लंबिंग, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, मजदूर आदि का काम जानने वाले १५ दिन के अंदर दिए हुए पते पर आवेदन करें। आवेदन करने वाले के पास वैध पासपोर्ट होना आवश्यक है।'
शमशेर को भी यह बात जंच गयी और वेल्डर के लिए अप्लाई करने के लिए राजी हो गया। अकरम ने इलेक्ट्रीशियन का कोर्स कर रखा था, और बिजली के काम में उसका हाथ साफ था।  उसे पूरा विश्वास था उसका सिलेक्शन तो हो ही जायेगा। अब दोनों पासपोर्ट के लिए अप्लाई करने और अपने अपने परिवार को समझाने में लग गये। शमशेर के परिवार वालों ने तो उसे हां कर दिया पर अकरम की माँ उसे जाने देना नहीं चाह रही थी। बड़ी मुश्किल से अकरम ने माँ को समझाया कि वहां बहुत पैसे मिलते हैं। कितने ही लोग अरब जाकर अमीर हो गए। और कौन सा वहां जिंदगी भर रहना है। एकाध साल की बात है। कमाकर फिर वापस इंडिया आ जायेगा। बेटे की जिद्द के आगे  माँ को झुकना पड़ा। तय हुआ कि अकरम सऊदी चला जाये और दो तीन साल काम करके वापस आ जाये, फिर यहीं शादी करके अपना घर बसा ले।
अब प्रश्न खड़ा हुआ कि  १५ दिन में पासपोर्ट कैसे बने ? साधारण तरीके से पासपोर्ट बनवाने में एक महीने से भी अधिक समय लगता, इसलिए उन्हें एजेंट की मदद लेनी पड़ी। पैसे तो कुछ अधिक खर्च हुए पर, समय पर पासपोर्ट बन गया।
प्रार्थना पत्र  उक्त कंपनी को मुंबई के एक पते भेजना था। आवेदन भेज दिया गया और दस दिन के अंदर वहाँ से इंटरव्यू काल आ गयी। इंटरव्यू के समय, हर उम्मीदवार को दो दो हजार रुपये जमा करवाने थे और चयन होने पर बीस बीस हजार वीसा, किराया आदि के खर्च के रूप में। अकरम और शमशेर ने भी दो दो हजार रुपये दिए, उनका इंटरव्यू  हुआ और दोनों पास हो गए। घर आने के एक सप्ताह में ही उनके पास नियुक्ति पत्र आ गया। नियुक्ति पत्र पर कंपनी का पता सऊदी अरब का लिखा  था। घर में ख़ुशी छा गयी। मोहल्ले में ढिंढोरा पिट गया कि अकरम और शमशेर काम करने अरब जा रहे हैं। अब वे कभी घर से निकलते तो सिर आसमान में होता। दोनों की दोस्ती अब गहरी हो गयी थी। हो भी क्यों नहीं, दोनों विदेश जायेंगे और कुछ दिनों में उनकी अपनी शान होगी , एक अलग पहचान होगी। बढ़िया ठाट बाट का रहन सहन होगा।
खैर, पंद्रह दिन के अंदर पूरी तैयारी के साथ बताये गए पता पर मुंबई में उपस्थित होना था। और बीस हजार रुपये भी साथ ही जमा करने थे। दोनों निर्दिष्ट तिथि को  बॉम्बे पहुँच गए। कंपनी का एक कमरे का कार्यालय वहां बैठे कर्मचारी ने पासपोर्ट और पैसे ले लिया और बोला, 'हम वीसा लगवाते हैं, तुम अगले सोमवार को सुबह दो बजे दोपहर बंदरगाह पर हाजिर हो जाना वहां से मस्कट के लिए जहाज रवाना होगा। हवाई जहाज का किराया अधिक है, इसलिए सबको पानी के जहाज से जाना है। वहां बंदरगाह पर, हमारा एजेंट मिल जायेगा, जो कंपनी की साइट पर ले जायेगा। पहुंचने में २४ घंटे लग सकते हैं, अपने खाने पीने का भरपूर सामान ले लेना।'
अकरम और शमशेर, एक बार फिर, अगले सोमवार को मुंबई बंदरगाह पर पहुंचे। वहां बंदरगाह पर काफी भीड़ थी। अकरम समझ गया, अलग अलग क्षेत्र के काम जानने वाले लोग हैं। एक दो लोगों से सऊदी के बारे में पूछा तो पता लगा कि वे सभी पहली बार ही जा रहे हैं। किसी को न तो कंपनी के बारे में कोई आईडिया था, न ही सऊदी अरब के बारे में। सब लोग जहाज में सवार हुए, अँधेरा होते होते जहाज बंदरगाह से चल दिया। जहाज घंटों चलता रहा। आधी रात के बाद, जहाज एक बंदरगाह पर रुका।  सभी सो रहे थे, शोर हुआ उठो उठो आ गए।
समय देखा तो रात के तीन बज रहे थे। सभी को बड़ा आश्चर्य हुआ, इतनी जल्दी कैसे आ गए। बस आठ घंटे में, कंपनी वाला तो बोल रहा था २४ घंटे लग सकते हैं। खैर, बहस करने का समय नहीं था, हड़बड़ी में सभी उठे और जहाज से नीचे उतरे। बाहर निकले तो देखा बंदरगाह बिलकुल निर्जन था। वहां कोई भी दूर दूर तक नजर नहीं आ रहा था। बंदरगाह पर सभी प्रतीक्षा करने लगे, हो सकता है कुछ समय बाद एजेंट आ जाय। जहाज उतारते ही वहां से रफूचक्कर हो गया। सैकड़ों लोग तट पर प्रतीक्षा करते रहे, पर कोई एजेंट नहीं आया। किरण फूट गयी पर किसी का कोई अता पता नहीं। वे जान चुके थे कि ठगी का शिकार हुए हैं। सबने सोचा चलते हैं आस पास कोई गांव, क़स्बा हो तो, पता करते हैं। सभी वहां से चल दिए। चार पांच किलोमीटर चलने पर, उन्हें एक गांव दिखाई दिया वे वहां पहुंचे तो पता लगा कि वे भारत में ही कर्णाटक के एक गांव में हैं। अब वहां उनकी भाषा समझने वाला कोई नहीं था। बड़ी मुश्किल से वे पास के एक कस्बे शिरूर तक पहुंचे वहां एक मस्जिद में उन्हें शरण मिली।


khuda ka fauji

खुदा का फौजी

'बेटा! तीन तीन ईद बीत गयी।  कब तक तू आएगा? बहुत हो गया, यहीं छोटा मोटा कोई काम कर लेना, नहीं चाहिए जयादा पैसा। '

'मां! मुझे एक मिशन पर दूसरे देश जाना है।  वहां से लौटने में थोड़ा समय लगेगा और वहां मेरे पास कोई फ़ोन भी नहीं होगा, इसलिए तेरे से बात नहीं कर पाउँगा।  अपना ख्याल रखना। '
'कौन से देश जा रहा है बेटा, हेलो  ... हेलो ....    '
अकरम के पास खड़े कमांडर ने तब तक फोन काट दिया था।
अकरम की माँ को क्या पता था फोन पर उसकी यह अंतिम बात चीत होगी।

तीन साल हो गए थे, फेसबुक के द्वारा अकरम को एक सन्देश मिला था, अगर अमीरात में नौकरी करनी हो तो अपना बायोडाटा, यहाँ दिये ईमेल के आईडी पर मेल कर दो। वह एक साल से नौकरी के लिए परेशान था। यह सन्देश तो उसके लिए किसी मुराद से कम नहीं था। ग्रेजुएशन में उसकी थर्ड क्लास रह गयी थी।  जहाँ कहीं भी अप्लाई करता इंटरव्यू तक के लिए बुलावा नहीं आता।  सोचा बैंक की परीक्षा में बैठे, पर वहां भी मौका नहीं मिल पाया क्योंकि कम से कम पचास प्रतिशत अंक की मांग होती। अब  देर किस  किस बात की थी। अकरम ने अपना बायोडाटा बनाया और ईमेल के द्वारा भेज दिया। अगले सन्देश के द्वारा उसे इंटरव्यू के लिए मुंबई बुलाया गया। वहां वह अपनी डिग्री वगैरह लेकर पहुंचा। इंटरव्यू में उसके शारीरिक स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान दिया गया। वह एक तंदरूस्त लड़का था, इंटरव्यू हुआ और चयन भी हो गया।

नियुक्ति पत्र जुबानी ही मिला।  उसे बस यह कहा गया अपना पासपोर्ट और वीसा के लिए पैसे कंपनी के पास जमा करा दे ताकि वीसा लगवाया जा सके और वह जितनी जल्दी हो अमीरात जाने को तैयार हो जाय। उसके घर में ख़ुशी का माहौल छा गया।  मां की ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा, अब विदेश से पैसा आएगा और सारी गरीबी दूर हो जाएगी। मगर, साथ ही बेटे का देश के बाहर जाने का दुःख भी। अकरम ने मां को समझाया कि अमीरात से आने  में बस चार पांच घंटे ही लगते हैं। इससे ज्यादा समय तो अपने ही देश में एक जगह से दूसरी जगह जाने में लग जाते हैं। मां ने किसी तरह मन को समझा लिया। 

एक दिन अकरम अमीरात के लिए उड़ गया। वहां उसे कुछ दिन एक मकान में रखा गया जहां रहने और खाने पीने की ठीक ठाक व्यवस्था थी। वहां किसी तरह की परेशानी नहीं थी। अकरम को वहां अच्छा लगा। अब प्रोजेक्ट पर जाने का समय आ गया था। अभी तक उसे ठीक तरह से पता नहीं था कि उसका काम क्या होगा। बस भरोसे का पाठ पढ़ाया जा रहा था और यह भरोसा दिलाया रहा था कि उसे अल्लाह के नेक काम में लगाया जायेगा। प्रोजेक्ट की ट्रेनिंग के लिये उसे अरब के किसी स्थान पर ले जाया गया, जहां उसकी ट्रेनिंग प्रारम्भ हुई।  उसे बताया गया कि वह फ़ौज में भर्ती हो चुका है। ट्रेनिंग के बाद, अल्लाह के वास्ते जहाँ जरूरत होगी, लड़ना होगा। उसे इस बात का फक्र महसूस हुआ कि वह अल्लाह की खातिर लड़ेगा, मगर उससे बड़ा अचरज कि दुनिया की कोई भी फ़ौज अल्लाह के लिये तो चींटी से भी छोटी है फिर अल्लाह को इंसानों की फ़ौज की क्या जरूरत? अल्लाह चाहे तो, अपनी जगह से ही दुनिया पर कहर ढा सकता है, उसके कौन से काम के लिए हम जैसों को लड़ना है ! और तो और, अल्लाह ने इंसान को दिमाग भी बख्शा है कि सबकी हिफाजत करे। लेकिन यह सवाल, और किसी से पूछने की इजाजत नहीं थी, बस वह अपने आप से ही पूछ सकता था। 

उसे अब तो समझ आ चुका था कि वह कुछ खुदगर्ज आतंकवादियों के चंगुल में फंस चुका है, और अब निकल पाना नामुमकिन सा है। उसे अपने कैंप से कहीं भी जाने की इजाजत नहीं थी । कैंप इंसानों के ऊपर क्रूरता और कहर देखकर उसका दिल दहल जाता था।  अब कर भी क्या सकता था, ज्यादा पैसे का लालच उसे गर्त में धकेल चुका था। आखिर वतन छोड़ कर क्यों आया? दो रोटी तो वहां भी मिल रही थी। अब वहां रोना भी उन्हीं की मर्जी से था। कभी कभार फ़ोन से घर पर बात करवा दी जाती, पर उसे उतना ही बोलना होता जितना कहा जाता। अब एक एक लमहा काटना मुश्किल था, घुटन में जिंदगी कट रही थी। लेकिन, अब तक उसके सारे रास्ते बंद हो चुके थे। एक बार उसे ट्रेनिंग के अंतिम दौर पर भेजा गया। यह ट्रेनिंग किसी दूसरे देश में थी, वहां उसे नकली पासपोर्ट और वीसा पर जाना था। ट्रेनिंग में उसे उस देश के एक स्थान की रेकी करनी थी, यह उसकी परीक्षा भी थी। उसे बता दिया गया था, अगर कोई चालाकी की तो वहीँ सिर कलम कर दिया जायेगा। नकली दस्तावेजों के जरिये रेकी करके वापस कैंप में आने पर उसे सम्मानित किया गया और उसकी पदोन्नति भी हो गयी। तब तक कमांडरों का उस पर भरोसा भी बढ़ गया था। अब उसे उस काम को अंजाम देना था, जिसके लिए इतना सब कुछ किया गया। उसके कमांडर ने उसे शाबाशी देकर विदा किया, 'हां अपनी माँ से फ़ोन पर बात कर ले, फिर मिशन पूरा होने तक किसी से बात नहीं कर पाएगा। ' उसे अपने ही वतन जाकर दहसत फैलानी थी। उसके दिमाग में अच्छी तरह  भर दिया गया कि वह अब अल्लाह का सबसे नेक काम करने जा रहा है, मगर यह बात उससे नहीं बताई गयी कि उसे अपने ही वतन भेजा जा रहा है। उसे समझाया गया कि अल्लाह के लिए उसे अपनी जान कुर्बान  करनी है, ऐसा करने से उसे जन्नत मिलेगी। अब अकरम खुद से सवाल पूछने लगा कि खुदा के बनाये लोगों को मारना, अल्लाह का नेक काम कैसे हो सकता है? और इस तरह जान देने से जन्नत मिलती तो ये खुद क्यों नहीं जन्नत जाते ? एक बार अकरम के दिमाग में आया, क्यों न इनको ही ख़त्म कर दे, इनके जाने से कितने ही लोग चैन की जिंदगी बसर करेंगे। मगर यह उसके बूते की बात कहाँ थी!  

अब कोई भी चारा नहीं था। उसे जान तो देनी ही थी किस तरह से देनी है, बस यही फैसला करना था। अपनी मंजिल को चल दिया, उस पर नजर रखने के लिए दो और लोगों को भेजा गया। उसे बता दिया गया था, कोई चालाकी करने पर क्या अंजाम होगा। कैंप में वह हैवानियत के कारनामे देख भी चुका था। वहां उसका सारा काम बस कोड वर्ड से चलना था, उसके ऊपर लगा पहरेदार इस बात की निगरानी रख रहा था कि यह कोई गड़बड़ करे या काम को अंजाम न दे तो फ़ौरन उड़ा दिया जाय। बाजार का रंग रूप देख कर उसे कुछ कुछ लग रहा था कि यह उसका अपना ही मुल्क है। एक भीड़ भाड़ वाली जगह पर विस्फोटक रख कर वह वहां से कुछ दूर खड़ा होकर देखने लगा कि जैसे ही भीड़ आये वह रिमोट दबा दे। लेकिन अब उसका जमीर कचोटने लगी थी और बार बार खुद से सवाल पूछने लगा कि वह ऐसा क्यों कर रहा है? बिना किसी बात के अपने ही लोगों की जान लेगा ! अब तो वह उपाय ढूंढने लगा कि कैसे भी हो, अपनी जान दे दे ताकि और लोग बच जायँ। मगर, अब ऐसा होना नामुमकिन था, उसे तो मरना था ही, पर अकेले नहीं मर सकता था।  ऐ खुदा! ये क्या करवा रहा है? इसीलिए मुझे धरती पर भेजा था? जिस मिट्टी ने मुझे पाला, बड़ा किया, उसी मिट्टी के लोगों को तबाह करने जा रहा हूँ! इंसान का तो इंसान की जान बचाने का फर्ज होता है, तूने यह हैवान का काम सौंप दिया! जन्नत कहाँ, गर्त तो यहीं दिख रहा है। अब तो मेरे लिए दोजख में भी जगह नहीं! मन में यह सब चल ही रहा था कि रिमोट दब गया। उसके वहीँ परखचे उड़ गये।  उसे तो पता भी नहीं चला कितने लोग मारे गए, उनमें उसका कोई अपना भी था या नहीं। खुदा के पास जाते हुये, रस्ते में उसे दर्जनों बेगुनाह जानें मिली, वे चीख चीख कर पूछ रही थीं; तूने कितनों को अपाहिज बनाया? कितनों को अनाथ किया? कितनों को बेवा किया? और तो और अपने मां बाप को भी बेसहारा कर डाला! तुझे जन्नत जाना था तो जाता, हमें तो नहीं जाना था, बेवजह अपनी जान का बाराती क्यों बनाया? तुम अपनी खुदगर्जी में दुनिया को तबाह कर रहे हो! अल्लाह तुमको कभी माफ़ नहीं करेगा! 
मरकर भी अकरम के पास रोने के अलावा कोई जबाब नहीं था। 

Chor pe mor

चोर पे मोर

अग्रवाल जी भारतीय  रेल की सेवा में कार्यरत थे। उनकी एक स्टेशन पर नियुक्ति थी और रहने के लिए स्टेशन के पास ही रेलवे क्वार्टर मिला था। अग्रवाल जी के घर के पीछे ही रेलवे का गोदाम भी था जहाँ मालगाड़ी से उतरने के बाद, अनाज का भण्डारण होता था। गोदाम पर चोरों की भी नजर रहती थी और कई बार अनाज की बोरियां गायब हो जाती थीं।

एक बार अग्रवाल जी की रात की पाली में ड्यूटी थी। उनकी पत्नी को आधी रात को घर के पीछे कुछ हलचल का आभास हुआ । आवाज सुनकर उनके कान खड़े हो गए। वे समझीं कि उनके घर की छत पर ही चोर आ गए हैं तो बिना देर किये अग्रवाल जी को फोन करके सूचना दीं और तुरंत आकर सब देखने के लिए बोलीं। इधर से उनका लड़का उनकी मदद के लिए निकल पड़ा।

अग्रवाल जी सहायता के लिये एक और सहकर्मी को साथ लेकर बिना समय गंवाए आ पहुंचे । सही वस्तुस्थिति का पता लगाने के लिए दोनों ने योजना बनाई कि एक ओर से अग्रवाल साहब बढ़ें और दूसरी ओर से सहकर्मी। जिधर अग्रवाल जी का सहकर्मी गया उधर से उनका लड़का आ रहा था। दोनों ने एक दूसरे को चोर समझा और  'चोर, चोर' चिल्लाते आक्रमण कर दिया और दोनों ही घायल हो गए। इतने में 'सुधीर, सुधीर' चिल्लाते श्रीमती अग्रवाल भी आ गयीं। सहकर्मी को तब वस्तुस्थिति का पता चला। 

उधर चोर, शोर सुनकर सतर्क हो गए और अग्रवाल साहब को देखते ही उनपर लोहे की छड़ से आक्रमण कर दिया और भाग गए। अग्रवाल साहब भी लहू-लुहान हो गए। चोरी तो बच गयी, मगर गलतफहमी ने तीनों को अस्पताल पहुंचा दिया। 

एस० डी० तिवारी