Sunday, 18 December 2016

Do bibi ka pati

दो बीबी का शौहर

रसिक लाल  की शादी के पांच साल से भी अधिक हो गए थे। अभी तक गोद सूनी रहने से सीमा और वे दोनों ही हताश थे, और उपर से  रोज ही लोग पूछते रहते, अभी कुछ है तो नहीं ?
शीला ताई ने अभी कल ही पूछा था, आज फिर -
'अरे रसिक बहू के कुछ है तो नहीं ?'
'ताई एक दिन का जांचने की अभी कोई मशीन भी ना आई। '
 तब तक उनके साथ बैठी शकुंतला भाभी बोल बैठीं, 'किसी बड़े डाक्टर को दिखा लो। ना हो तो दोनों बाला जी मंदिर जाकर, झाड़ फूंक करवा लो। सुलेखा को वहीँ जाकर लाभ मिला था।'

रसिक लाल की जहां तक पहुँच थी, जाँच कराया, पर कोई लाभ नहीं मिला। अब तो लोगों की सलाह ताने का रूप ले चुकी थी। रसिक लाल की संतान पाने की प्रबल इच्छा थी। इसी चाह में वे दूसरी शादी के लिए मन बना बैठा।

रसिक लाल की शादी का जामा जोड़ा, अभी तक रखा था, उसके भाग्य जगे और ड्राई क्लीनिंग के लिए भेज दिया गया। रसिक लाल उन भाग्यशाली लोगों में से निकले जिन्हें अपनी शादी का जामा जोड़ा एक बार फिर पहनने का अवसर मिला, वरना शादी के जोड़े का तो बस यही हस्र होता है, कि या तो रखा रह जाय या किसी को दे दिया जाय।  स्त्रियों को तो फिर भी कभी कभार उत्सव आदि में अपनी शादी का लहंगा पहनने का मौका मिल जाता है। अधिक समय नहीं बीता, रेशमा नई दुल्हन बनकर आ गयी।

रेशमा के आ जाने पर रसिक लाल के दोनों हाथ में लड्डू थे। सीमा और रेशमा दोनों में रसिक लाल की सेवा करने और उसे प्रसन्न रखने के प्रतियोगी भाव होते।  दोनों पत्नियां चाहतीं कि उसे सिर पर बिठा कर रखें। एक पकौड़ी बनाकर रसोई से हटती तो दूसरी हलवा बनाने लगती। दोनों अपनी तरह के बढ़िया से बढ़िया पकवान बनाकर खिलाने का प्रयत्न करतीं। कभी कभी शादी लाल को अपनी इच्छा से अधिक खाना पड़ जाता।

दोनों कुछ न कुछ विशेष पकवान बनाना जानती थीं। सीमा छोले बटूरे अच्छा बनाती तो रेशमा सांभर डोसा और चाउमिन। वे अपना कच्चा मॉल चुपके से तैयार करतीं कि कहीं दूसरी न सीख जाय। उनके हाथ के बने पकवान के स्वाद की चर्चा रसिक के मित्रों में भी होती। कभी कोई मित्र किसी चीज की प्रशंसा करता तो रसिक जी उसे छुट्टी के दिन निमंत्रित कर लेते। उनकी पत्नियां भी प्रशंसा से फूले न समातीं।

एक बार सीमा ने रसिक लाल की पसंद, चोखा बाटी बनाया और साथ धनिया टमाटर की चटनी, तो उन्होंने छक कर खा लिया। रेशमा को चोखा बाटी इतना पसंद नहीं था, वह चुपके से बेसन का चीला बना लाई। रसिक लाल के पेट में बिल्कुल भी जगह नहीं थी पर नई बीबी का तिरस्कार कैसे कर सकते थे। जब उसने आग्रह किया तो उन्होंने खा लिया। अब तो भरा पेट बहुत भारी हो गया, और पानी पाकर पेट में बाटी और फूल गयी। वे अपच के मारे परेशान हो गए। डाइजीन की गोली भी खाई पर स्थिति नियंत्रण में नहीं हुई। रात में कई बार उठ कर टहलना पड़ा और पूरी रात यूँ जाग कर ही बितानी पड़ी ।

सोने की समस्या बड़ी थी।  दो बेड रूम का फ्लैट था। दोनों बीबियों ने एक एक कमरा हथिया लिया था।  रसिक लाल को यह तय करना बड़ा कठिन होता कि किसके कमरे में सोयें। उनका किसी एक के कमरे में सोने का मन होता तो शाम से ही उसी के कमरे में अड्डा जमा लेते।  वहीँ पर शाम की चाय, वहीँ खाना और जल्दी नींद आने का बहाना। कभी रेशमा के कमरे में लेटे होते तो सीमा अवसर पाकर जाती और बोल देती, 'यहाँ क्यों सोये हो? जाकर उधर सो जाओ, आज ही चद्दर बदली हूँ।

पहले रसिक लाल की सीमा से कभी कभी नोक झोंक हो जाया करती थी, अब वे बड़ी शांति की बंशी बजा रहे थे। उनका जीवन अच्छे से बीत रहा था। उनकी दोनों पत्नियां परस्पर लड़ झगड़ कर अपनी शक्ति का संतुलन बनाये रखतीं तथा अपनी जिह्वा की खाज मिटा लेती थीं। जब दोनों में तकरार होती तो रसिकलाल स्वयं को किसी काम में व्यस्त कर लेते या बाजार से कोई सामान लाने के बहाने बाहर चले जाते।

टेलीविज़न पर सीमा को फिल्में और पुराने गाने देखना अधिक पसंद था और रेशमा को टी वी  धारावाहिक।  इस बात पर दोनों मेँ खिंचाव रहता था। जब एक अपनी पसंद का कार्यक्रम देखती और दूसरी चैनेल बदल देती तो वह झल्ला जाती। रेशमा अपनी धारावाहिक छोड़ने को कत्तई तैयार नहीं होती। एक दिन उसके धारावाहिक के बीच में ही सीमा ने आकर, चैनेल बदल दिया, वह क्रोध में वहां से उठकर चली गयी और कैकेयी की भांति कोपभवन में पुहंच गयी।  शाम को जब राजा दशरथ आये तो अगले ही दिन, उसके लिए अलग नया टेलीविज़न लाने का वर दे दिए। नया टेलीविज़न आ गया और रेशमा उसे अपने कमरे में लगाकर अपना धारावाहिक देखती। अब तो धारावाहिक देखने में कभी सब्जी जलती तो कभी दूध उफन कर गिर जाता। सीमा को ही सब ध्यान रखना पड़ता।

रसिक लाल तुष्टिकरण की नीति भली भांति जानते थे। दोनों में से कोई नाराज न हो जाय कपड़े गहने आदि जोड़े से ही खरीदते थे। शादी की वर्षगांठ पर दोनों को एक सी सौगात देते और तो और दोनों में से किसी का जन्मदिन आता तो दूसरी का जन्मदिन भी उन्हें ख्याल रखना पड़ता, जो सौगात एक को दिया दूसरी को उससे अधिक सस्ता या मंहगा न हो जाय।  कितने की सौगात लाये थे रसिक लाल को याद रहे या न रहे, उनकी पत्नियों को अवश्य रहता था।

दूसरी होने के कारण रसिक लाल का लगाव तो रेशमा से ही अधिक था परंतु उन्हें कुछ विशेष  खाने  पीने का मन होता तो सीमा को ही याद करते, क्योंकि खाने पकाने में सीमा के आगे रेशमा बहुत पीछे थी। एक दिन रसिक लाल अरबी के पत्ते ले आये और सीमा को अपनी फरमाइश बता दिए। सीमा ने उसमें बेसन लपेट कर पकौड़ी बना लिया।  रेशमा को भी खिलाया रेशमा को वह बहुत पसंद आया। रसिक लाल के लिए सीमा ने फ्रिज में रख दिया। शाम को रसिक लाल के आते ही, सीमा प्रफुल्ल होकर बोली 'आज आपके लिए अरबी के विशेष पकौड़े बनाई हूँ' फ्रेश हो जाओ गरम करके अभी लाती हूँ। वह गयी तो फ्रिज में पकौड़े नादारद। मुंह बना कर वापस आई। ' वो तो फ्रिज में है ही नहीं, सीमा ...  फ्रीज में पकौड़े पड़े थे..... । '
'हाँ, गौरव आया था न, वह खा गया। बड़ी तारीफ कर रहा था।' दोपहर को रेशमा का भाई, गौरव आ गया और रेशमा ने सीमा को बिना बताये ही उसे खिला दिया।
सीमा मन मसोस कर रह गयी। अब उसे रसिक के कान भरने का अवसर मिल गया। पर रेशमा के विरुद्ध कुछ कहने पर उनके कान पर जूं कहाँ रेंगने वाली थी। बोले 'जाने दो, जिसके नसीब की थी, खा गया। '

एक दिन रसिक को अपने किसी सहकर्मी की पार्टी में जाना था। वह सीमा को एक दिन पहले ही बता दिया। सीमा ने पूछ लिया, ' क्या पहनोगे?
'ब्राउन वाला सूट'
'सीमा ने उनके आने से पहले ही अलमारी में से सूट निकाल कर ब्रश मार दी थी। '
रसिक लाल ऑफिस से आया। चाय वगैरह पीकर पार्टी में जाने के लिए तैयार होने लगा, 'सीमा, जरा अलमारी से सूट निकाल देना। '
'वो तो मैंने पहले ही ब्रश मार कर रखा है' कहते लेने चली गयी। देखी तो वहां से सूट गायब।
'अरे मैंने तो यहीं रखी थी, घर में से कौन ले जायेगा?'
 रेशमा ने सीमा को परेशान देखकर पूछ लिया, क्या ढूंढ रही हो दीदी ?'
'सूट'
'वो तो मैंने ड्राई क्लीनिंग के लिए दे दिया। यहाँ पड़ा था मैं समझी धुलवाना है, मुझे भी अपनी साड़ी देनी थी साथ में सूट भी दे आई। '
रसिक लाल चाहते थे इस बार बदल कर पहनें, हर बार एक ही सूट पहन कर ऑफिस वालों की पार्टी में जाते थे। फिर वही मत्थे पड़ा।

सीमा की उससे एक बड़ी बहन थी जो अपनी गृहस्थी में व्यस्त होने के कारण बहुत कम ही उसके घर आ पाती। हाँ, उसका बेटा सोमेश मौसी से मिलने कभी कभी आ जाया करता था। सीमा सोमेश को बहुत प्यार करती थी। उधर रेशमा का भाई गौरव भी अक्सर आता जाता था। रेशमा का भाई आता तो वह चाहती कि उसे क्या क्या खिला पिला दें। कई बार सीमा की सम्हाल कर रखी चीज भी गायब हो जाती, सीमा जब रेशमा से पूछती तो पता चलता गौरव आया था, खा गया।
'क्या रे ! उसे अपने घर कुछ नहीं मिलता क्या ! इस पर रेशमा तिलमिला जाती और बाद में रसिक लाल का सिर नोचती। धीरे धीरे दोनों में विवाद बढ़ता गया। रसिक लाल सीमा को ही शांत रहने के लिए समझाता, 'देखो रेशमा तुम्हारी छोटी बहन सी है, प्यार से रखोगी तो तुम्हारी भी सेवा करेगी। '
'कर ली, सेवा! सौत भी बहन हो सकती है क्या ?'

'सुनते हो जी! परसों हमारी शादी की साल गिरह है, थोड़ी अच्छी सी पार्टी वार्टी कर लेते हैं। ' रेशमा ने रसिक लाल से कहा।
'अभी  इसी महीने तो पार्टी किया था। हम तीनों चलकर किसी अच्छे रेस्तरां में खा पी लेंगे। क्यों फालतू खर्च करना ?'
'हम तीनों क्यों ? गौरव और मम्मी पापा को भी बुला लेंगे। '
'खामोख़ाह खर्च बढ़ा रही हो, तुम्हारे लिए गिफ्ट भी तो लाना है। '
'वाह! दीदी की शादी की साल गिरह में उनके मम्मी पापा को बुलाया, हमारी साल गिरह में मेरे मम्मी पापा को नहीं बुलाओगे तो, क्या सोचेंगे। '
'अच्छा चलो, जैसा चाहोगी, हो जायेगा। '

एक दिन रसिक लाल को दफ्तर से आते ही, बन्दर बनकर, दो बिल्लियों का झगड़ा निबटाना पड़ा। दोनों आपस में लड़ झगड़ कर रूठी बैठी थीं, आपस की बोल चाल बंद।  रसिक जी को चाय स्वयं ही बनानी पड़ी और बनाकर उन दोनों को भी पिलाये। भोजन का भी कोई ठिकाना नहीं था।  पहले तो सोचा ब्रेड खा कर काम चला लें मगर बीबियों का भी ख्याल था इसलिए होटल से मंगा लिया। चूकि खाना होटल से आया था और भोजन से उनका कोई झगड़ा नहीं था, सीमा और रेशमा दोनों ही अपने अपने हिस्से का खाना लेकर अपने कमरे में चली गयीं। रसिक लाल के लिए उन्होंने  जो छोड़ा, खा लिया। जब सोने के लिए सीमा के कक्ष में घुसे तो साफ बोली यहां क्या करने आये हो? जाओ उसी के कमरे में। रेशमा के कमरे में गए तो वहां भी यही सुनने को मिला। रसिक लाल को डॉइंग रूम में ही सोना पड़ा। रेशमा आई थी तो जहाँ शुरू में शांति हुआ करती थी अब तो बात बात पर कचाईन।

एक बार रसिक ने सोचा कि दोनों को बाहर की सैर करा दें। सीमा से पूछे, ' बाहर खाने चलना है।'  सीमा बोली 'सिर में दर्द है, रेशमा को ले जाओ।' रसिक लाल की इतनी हिम्मत कहाँ थी। ले तो जांय, अगले दिन का कलह कौन झेले। पिछली बार की बात उन्हें याद थी, जब सीमा मायके गयी थी तो रेशमा को सिनेमा दिखाने ले गए। आते ही घर में कचाईन, ' तुम्हारे लिए तो बस वही प्यारी है, मैं रहूंगी तब थोड़े ही सिनेमा जाओगे। '  पिछली बात याद करके रसिक लाल ठिठके और बिलंब होते देख, सीमा ने खिचड़ी बना डाली। 'क्या हुआ, नहीं गए।  ये लो खिचड़ी खाओ। तुम लोग बाहर जाओगे यह सोच कर  मैं अपने लिए खिचड़ी रख दी थी, इसी में तुम भी खा लो।'

रसिक लाल को तीन तीन ठिकानों की खबर रखनी पड़ती।  अपना घर तो था ही दोनों ससुराल का भी।  सीमा जब कभी भी अपने माता पिता के तबियत ख़राब होने की बात सुनती तो रसिक लाल को तुरंत भेजती। इधर रेशमा का झुकाव मायके की तरफ अधिक था, रसिक लाल को भी उसे खुश रखने के लिए नयी ससुराल का अधिक ध्यान रखना पड़ता। अपना जन्म दिन उन्हें याद रहे या न रहे, सोमेश का अवश्य याद रखना पड़ता। सोमेश अभी कमाता तो था नहीं, उसके जन्म दिन की पार्टी भी रसिक को ही देनी पड़ती।

सबसे राहत की बात थी कि रसिक लाल के पास कोई कार नहीं थी। वे मोटर साइकिल से ही कहीं आते जाते थे। चुकि मोटरसाइकिल पर दोनों को एक साथ बिठा नहीं सकते थे, कहीं जाना होता तो बारी बारी से ही लेकर जा पाते।  यह उनके लिए सुनहरा क्षण होता क्योंकि पत्नी से अकेले में प्यार भरी दो बातें करने अवसर मिल जाता।  घर में एक  से बात करते तो दूसरी निरीक्षक की भांति सिर पर खड़ी हो जाती। रसिक लाल कभी भी दोनों बीबियों को साथ लेकर नहीं जा पाते। कभी एकाध बार साथ ले जाने का मौका मिला तो  दोस्त मित्र छेड़ने से बाज नहीं आये। वाह भाई मजे हैं तो बस रसिक लाल के, 'हम लोगों की किस्मत कहाँ कि जुडवा बीबी के साथ घूमें'।

पहले सीमा कभी मायके चली जाती तो रसिक लाल खाने पीने की परेशानी के कारण, जल्दी से जल्दी ले आते थे। अब तो वे चाहते हैं, दोनों  नहीं तो कम से कम एक मायके चली जाय ताकि कुछ शांति मिले। मगर दोनो में से कोई मायके जाने को तैयार नहीं होती। दोनों को डर था कि उसकी अनुपस्थिति में रसिक लाल दूसरे को अधिक प्यार न करने लगे।

समय बीता रेशमा गर्भवती हो गयी।  गर्भ धारण करने के कारण सीमा रसिकलाल को छोड़ उसका ध्यान रखने लगी। एक सुन्दर सा पुत्र उत्पन्न हो गया। पुत्र पाने से रेशमा से अधिक सीमा प्रसन्न हुई।  उसने शिशु का नाम सौम्य रख दिया पर बुलाती सोम कहकर ही। अब दोनों का ध्यान शिशु पर केंद्रित हो गया । बच्चे को दोनों माँ का भरपूर  प्यार मिलता। बच्चे में व्यस्त रहने के कारण अब दोनों में झगड़ा बहुत कम हो गया था। अब तो लगता था कि मैदान में दोनों टीमों का एक ही गोल है।  रसिक लाल की तो रेफरी की भी भूमिका जाती रही। अब सीमा कभी रेशमा से नाराज होती तो बच्चे को माध्यम बनाकर मन की कह डालती, 'देख तेरी छोटी मम्मी ने ऐसा कर दिया, वैसा कर दिया। मैं न रहूँ तो तेरा ख्याल भी कोई न करे।' और रेशमा भी जब उसकी देख भाल से थक जाती, 'तू तो बड़ी माँ का बेटा है, जा, उन्हीं के पास जा। '

बच्चे के लिए कुछ कम ज्यादा होता तो रसिक की शामत आ जाती। उसके लिए दूध, टॉनिक, खिलौने, कपड़ा आदि की शीघ्र और समुचित व्यवस्था करनी पड़ती। बच्चे के प्यार ने दोनों माताओं को एक कर दिया था। दोनों की प्रतियोगिता अब एक संगठन में बदल चुकी थी। रसिक लाल का काम बहुत बढ़ गया था, पर बालक की ख़ुशी में कोई भी बोझ उन्हें थोड़ा ही लगता।

एक कुछ सामान मंगाती तो थोड़ी देर में दूसरी की फरमाइश आ जाती।  'अरे, बच्चे की नैपी ख़त्म हो गयी है।' परेशान होकर रसिक लाल कहते, 'दोनों एक बार में क्यों नहीं बता देती, तुम दोनों के लिए अलग अलग चक्कर लगाना पड़ता है।' फिर झख मारकर बाजार जाते। कभी कभार बीबी को साथ लेकर शॉपिंग करने के लिए चलने को टाल देते। अब बच्चे के साथ सभी व्यस्त हो गए थे, और रसिक लाल शकुन की जिंदगी बिताने लगे थे।


कपड़ा पजामा छोटा



Saturday, 10 December 2016

Shadilal ki shadi

शादीलाल की शादी

पढ़ लिख कर खेती करें, यह शादीलाल को गवारा नहीं था। ग्रेजुएशन करने के बाद वे नौकरी ढूंढने लगे। पहले तो प्रशासनिक परीक्षा का भूत सवार हुआ, पर सफलता नहीं मिली तो सहायक की परीक्षा में बैठे। दो तीन बार प्रयास करने के बाद वहां भी हताशा ही हाथ लगी। अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफल नहीं हुए तो सोचे बी० एड०  करके अध्यापक बन जाएँ, मगर गांव में पहले ही कई लोग अध्यापक थे, वे कुछ अलग बनना चाहते थे। धीरे धीरे तीन वर्ष बीत गए। नौकरी नहीं मिलने के कारण शादी  भी नहीं कर रहे थे। माँ बार बार कहती पच्चीस का हो गया, शादी कर ले, अब क्या बूढा होकर करेगा।
शादीलाल महत्वाकांक्षी थे, वे कुछ बनना चाहते थे। अब उन्होंने एल.एल.बी. करने की ठानी, अभी तक, गांव में कोई वकील नहीं था। सोचे वकालत करके थोड़ी नेतागिरी भी चमक जाएगी।
देर किस बात की, जुगाड़ लगाया और एल.एल.बी. में प्रवेश मिल गया। कॉलेज गांव से काफी दूर था। मगर वे घर से ही आते जाते थे। आने जाने के लिए उन्हें कई तरह के साधन का प्रयोग करना पड़ता। कभी साईकिल तो कभी बस से, कभी किसी से लिफ्ट ले लिया, कभी पापा की पुरानी मोपेड से। खिंच खाँच कर वे अंतिम सत्र तक पहुँच गए थे। शादीलाल के माता पिता सोच रहे थे उनकी जल्दी शादी करके बहू लाया जाय, वे अपनी जिम्मेदारी से भी मुक्त हों और घर में थोड़ी चहल पहल हो। परन्तु उसकी शादी में दोहरा व्यवधान था, एक ओर तो शादीलाल का विवाह से पहले कुछ बनने का जनून, और दूसरा वकालत की पढ़ाई करने के कारण शादी के लिए अच्छे रिश्ते नहीं आ रहे थे। वकीलों की कमाई पर किसी को भरोसा नहीं था, चल गयी तो चल गयी नहीं तो बस  ... कचहरी में धक्के खाओ।

एक बार शादीलाल को देखने वाले आये। बातचीत चली तो लगा कि इस बार शादी पक्की हो जाएगी। मगर उनके वापस जाते समय गांव के किसी ने कह दिया, 'बनवारी लाल तो बड़े अच्छे व्यक्ति हैं पर उनका लड़का अवारा है। वह यूँ ही नाम के लिए वकालत कर कर रहा है कि शादी हो जाय। इतने अच्छे परिवार का होकर, अगर ठीक होता तो अब तक कुंवारा थोड़े ही बैठा होता।' वह पार्टी लौट कर दुबारा नहीं आयी।

एक दिन बनवारी लाल चकबंदी के सिलसिले में कचहरी गए थे, वहां उनके पुराने मित्र जगप्रवेश मिल गए। बात चीत में शादीलाल की बात चली। जगप्रवेश की पुत्री संध्या अब सयानी हो चुकी थी, उसने सोचा बनवारी लाल से जान पहचान है ही, क्यों न शादीलाल से विवाह का प्रस्ताव रखा जाय। बात आगे बढ़ी और बनवारी लाल ने संध्या से शादी पक्की कर दी। थोड़ी ना नुकुर करने के बाद शादी लाल भी मान गया और शादी तय हो गयी। शादीलाल के एल०एल०बी० का अंतिम वर्ष था।  वह चाहता था कि विवाह के लिए, परीक्षा के बाद की कोई तिथि निश्चित कर दी जाय। परन्तु उसकी परीक्षा के बाद की लग्न का कोई शुभ मुहुर्त नहीं था। अब शादी के लिए, शादीलाल या तो एक वर्ष और प्रतीक्षा करे या परीक्षा से पहले की ही कोई तिथि देख ली जाय। शादी के लिए पहले ही बहुत देर हो रही थी, बनवारी लाल चाहते थे कि अब और देर न किया जाय और इसी वर्ष के मुहूर्त में शादी कर दी जाय।   

पण्डित जी से परीक्षा का ध्यान रखते हुए, शादी का मुहुर्त निकालने के लिए कहा गया। बड़ा सोच विचार करके शादी की तिथि निश्चित की गयी और लग्न पत्रिका बन गयी। परीक्षा की विगत वर्षों की समय सारिणी देख कर, परीक्षा की संभावित अंतिम तिथि के बाद की तिथि निश्चित की गयी और शादीलाल के विवाह की तैयारी शुरू हो गयी। घर में शादीलाल के शादी का उत्साह देखते ही बनता था। विवाह के लिए अभी दो महीने का समय था, परन्तु शादीलाल की माँ का जोश देखकर लगता था कि कल परसों ही है। बहू के लिये कपड़े लत्ते खरीदे जाने लगे, उसे देने के लिए गहनों का आर्डर हो गया, शादीलाल के विवाह में पहनने के लिए सूट का आर्डर हो गया। जैसे जैसे समय समीप आता गया, शादीलाल के माँ की व्यग्रता बढ़ती जा रही थी। अब तो शादी के एक पखवाड़ा ही रह गया था और कई काम शेष रह गए थे।       

इधर शादीलाल की परीक्षा की वास्तविक समय सारिणी आई तो पता चला कि अंतिम परीक्षा की तिथि भी वही है जो शादी का दिन। अब तो विकट समस्या हो गयी, क्योंकि परीक्षा का समय अपरान्ह तीन से छः बजे तक था। शादी लाल पढ़ाई के लिए पूर्ण रूप से समर्पित था और किसी भी तरह का समझौता नहीं करना चाहता था। वह परीक्षा की तैयारी में पहले ही जुटा था, उसकी माँ चाहती कि शादी की तैयारी में वह भी कुछ हाथ बँटाये, पर शादीलाल परीक्षा में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं चाहता था। यह अंतिम सत्र की परीक्षा थी। वह इसी सत्र में सफल होकर, वकील बनना चाहता था। परीक्षा के बीच में शादी की तिथि आ जाने के कारण, शादीलाल के समक्ष बहुत बड़ी चुनौती आ खड़ी हुई थी। शादीलाल ने भी संकल्प ले रखा था कि वह दोनों ही दायित्वों का निर्वहन करेगा। 

 धीरे धीरे शादी की तिथि आ गयी। शादी पर जाने से पहले नहाने की रस्म, परछन आदि कई परम्पराओं का निर्वहन होना था और शादीलाल को परीक्षा के लिए भी जाना आवश्यक था। अब ये हुआ की परीक्षा देकर आने पर तो रात के आठ बज जायेंगे फिर कब ये सब होगा, कब बारात निकलेगी। अतः नहान परछन आदि पहले ही हो जाय और शादीलाल परीक्षा देकर सीधे मौजपुर, लड़की वालों के यहाँ पहुंचे। शादी के वस्त्र पहन कर परीक्षा के लिए जाना, शादीलाल को अटपटा लग रहा था इसलिए वह साधारण कपडे पहनकर ही जाना उचित समझा। शादी की लिए बना सूट और पगड़ी आदि बारात के साथ चली जाएगी, वह वहीँ पहन लेगा।

शादीलाल, पापा की मोपेड उठाया और परीक्षा स्थल पहुंच गया। उसे घर पर ही देर हो गयी थी इसलिए परीक्षा में कुछ बिलंब से ही बैठ पाया। उसकी शेष परीक्षा तो ठीक हो गयी, पर अंतिम परीक्षा में कई प्रकार के विघ्न का सामना करना पड़ा। ठीक से तैयारी नहीं होने के बावजूद भी शादी की उमंग में शादीलाल ने खूब लिखा और संतुष्ट होकर परीक्षा कक्ष से बाहर निकला। देर से आने के कारण, निरीक्षक ने उसकी कापी सबसे बाद में लिया। बाहर निकलते ही उस पर मौजपुर जाने की धुन सवार थी। अन्य परीक्षार्थी पूछते रहे, 'शादीलाल, पेपर कैसा हुआ?' पर उसके पास उनका उत्तर देने का समय तक नहीं था। शीघ्रता से जाकर मोपेड पे किक मारा। पर, यह क्या? मोपेड बीस पच्चीस मीटर चलकर बंद हो गयी। पता चला मोपेड में तेल गायब। घर से बिलम्ब से निकलने और परीक्षा की हड़बड़ी में पेट्रोल भरवाने का ध्यान नहीं रहा था। पास में कोई पेट्रोल पंप भी नहीं था। अब तो बड़ी समस्या हो गयी। क्या किया जाय ? मौजपुर कैसे पहुंचा जाय ?

कालेज से थोड़ी दूरी पर ही एक गांव था। वह मोपेड घसीटते हुए वहां पहुंचा। गांव के छोर पर ही जो पहला घर दिखा, एक बुजुर्ग व्यक्ति ने पूछ लिया, 'क्या हो गया भाई, गाड़ी पंचर हो गयी क्या?'
'नहीं दादा, पेट्रोल समाप्त हो गया है। थोड़ा मिटटी का तेल मिल जायेगा? मुझे मौजपुर शीघ्र से शीघ्र पहुंचना है।'
'रुको, देखता हूँ। ' और जाकर एक बोतल ले आया 'बस इतना ही है।'
'चलो, शायद इतने में काम बन जाय।'
शादीलाल मिट्टी का तेल भरकर, मोपेड से अपनी यात्रा पर आगे बढ़ा। एक बार फिर उसे मुसीबत ने घेरा। लड़की वालों के यहाँ पहुँचने से पहले ही मिट्टी का तेल भी ख़त्म हो गया। उस ज़माने में मोबाइल फ़ोन भी नहीं था कि सूचित करके कोई अन्य साधन मंगवा ले। यह तो शुक्र था जहां तेल ख़त्म हुआ, उसी गांव में उसकी फुआ का घर था। वह झटपट वहां जाकर, गाड़ी खड़ी कर दिया।  फूफा आदि पहले ही बारात के लिए जा चुके थे, घर में बस फुआ की बहू थी। मोटर साइकिल भी सुभाष लेकर चला गया था। घर पर बस एक पुरानी साइकिल पड़ी थी। शादीलाल ने बिलम्ब किये बिना, साईकिल उठाया और आगे चल दिया।

उधर लड़की वालों के यहाँ हड़कम मचा हुआ था। बारात द्वार पर, दूल्हे का पता ही नहीं। रात के बारह बज चुके थे। लड़की वाले अत्यंत चिंतित थे। बारातियों को खिला पिला दिया गया था। अब विवाह का मुहुर्त रात साढ़े बारह बजे तक ही था। अब ये हुआ कि बाकी कार्यक्रम किये जायँ, हो सकता है तब तक शादीलाल आ जाय, उसे जलपान करके तुरंत विवाह के मण्डप में ले जाया जाय। हर जगह कुछ शरारती तत्व तो होते ही हैं। किसी ने तंज कस दिया, 'बारातियों को खिलाना पिलाना कहीं दण्ड न हो जाय। लगता है, लड़का किसी के प्यार में फंसा होगा, और भाग गया।'
एक समझदार व्यक्ति ने कहा, 'बातें बनाने से अच्छा है; एक, दो आदमी मोटर साइकिल से परीक्षा केंद्र तक चले जाओ और पता कर आओ कि क्या बात है। हो सकता है कोई अड़चन आ गयी हो, गाड़ी ख़राब हो गयी हो, कोई दुर्घटना हो गयी हो। ' 
दो लोग अभी मोटर साइकिल स्टार्ट ही कर रहे थे कि शादीलाल साइकिल से आते दिख गया। पूरे खेमे में ख़ुशी की लहर दौड़ गयी। 'शादीलाल आ गया, शादीलाल आ गया।' मौजपुर के एकाध बच्चे अभी तक जगे थे, हंस कर कह रहे थे, 'हा, हा साईकिल पर दूल्हा।' 
शादीलाल के लिए झटपट मिठाई आयी और उससे कहा गया, ये लो पानी पीओ और सीधे मंडप में चलो। अब तक विवाह मंडप में कार्यक्रम शुरू हो चुका था। वस्त्र आदि बदलने में और समय व्यर्थ करने की बजाय शादीलाल को सीधे मण्डप में ही चलने के लिए कहा गया। जयमाल के कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया था। द्वारपूजा के नाम पर, द्वारपूजा के लिए बने चौक में दूल्हे को खड़ा करके बस दो मिनट का मंत्रोच्चार हुआ। और पंडित जी ने बोल दिया, 'लड़के को कुछ खिला पिला कर सीधे मंडप में ले चलो, फेरे और सिंदूर दान का समय हो चुका  है। अधिक बिलम्ब करने से मुहुर्त निकल जायेगा।'
शादीलाल को दोपहर से घर से निकला था, उसे बहुत भूख लगी थी किन्तु उसे इस बात का एहसास था कि उसके कारण लोग कितना परेशान हो रहे हैं। बोला, 'पहले सिंदूरदान कर लूँ , बाद में खा पी लूंगा।' पर लोगों ने शादीलाल की दयनीय हालत देखकर, पहले कुछ खा पी लेने के लिए आग्रह किया। उसके बाद शादी के मंडप में बिठाया गया।
शादीलाल का शादी का जोड़ा जामा रखा ही रह गया, उसे पहन पाने का अवसर नहीं मिल पाया और उसके साधारण कपड़ों में ही शादी हो गयी। मंडप में सजी धजी दुल्हन और अन्य सभी लोग, साफ-सुन्दर वस्त्रों में, बस शादीलाल साधारण कपड़े में सबसे अलग सर्कस का जोकर लग रहा था। दामाद को इस रूप में देखकर, जगप्रवेश को बहुत शर्म आ रही थी। जगप्रवेश ने कहा, 'सिंदूर दान के बाद शादीलाल जाकर कपड़े बदल लें। दस मिनट लगेगा, इसमें कुछ नहीं बिगड़ेगा। फोटोग्राफर को कह दिया फोटो वगैरह तभी लेना। शादीलाल को कपड़ों की तनिक भी म्लानि नहीं थी, आज उसके दोनों हाथ में लड्डू थे; एक तो वकालत की पढ़ाई पूरी हो गयी और दूसरे दुल्हन का हाथ उसके हाथ में। फिर भी ससुर का आग्रह मान कर वह कपड़े बदलने मंडप से बाहर निकला, जब बनवारी लाल से कपड़े माँगा तो पता चला वह तो घर पर ही छूट गया। बेचारे शादीलाल, फिर उसी परिधान में मंडप में विराजे। 

अगले दिन दुल्हन विदा कराके शादीलाल बड़े शान से ससुराल से चल दिया। राह में एक जगह गाड़ी रुकी तो किसी ने छेड़ दिया, 'भैया, किसकी नई नवेली दुल्हन लिए जा रहे हो?'
'अरे मेरी ही है, और किसकी !'

खैर, लिवास में क्या रखा है। शादीलाल के घर में नई दुल्हन आई। पास पड़ोस की स्त्रियां गीत गाने के साथ स्वागत में जुट गयीं। घर में रौनक लग गयी। शादी लाल की माँ के तो लग रहा था, पांव जमीं पर ही नहीं थे। माँ के कहने पर, शादीलाल अब थोड़ा बन ठन कर, दूल्हा जैसा दिखने लगा।




Monday, 5 December 2016

tari par

निर्वासन

चुनाव का समय आ गया था। चुनावी दांव पैंतरों का खेल प्रारम्भ हो चुका था। किसी पार्टी का अध्यक्ष पैसे के बदले चुनाव का टिकट दे रहा था, कोई पार्टी सत्तारूढ़ पार्टी के विरुद्ध भड़का रही थी तो कोई पार्टी अपने हवाई वादों से मतदाताओं को आकर्षित करने में जुटी थी। कौशिक जी के पास तो छल, बल सब कुछ था क्योंकि वे सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक होने के साथ मंत्री भी थे। प्रशासनिक अधिकारियों का चरित्र बस सत्ता पक्ष के मंत्रियों को प्रसन्न करने भर में सिमट चुका था। कौशिक जी का अपने क्षेत्र में तो वर्चस्व था ही, मंत्री होने के कारण वे अन्य क्षेत्र से भी विजय को हथिया लेने में सक्षम थे। इसलिये उन्होंने सोच रखा था, अपने गृह क्षेत्र से पुत्र वीरेन्द्र कौशिक को उतारें और स्वयं  किसी अन्य क्षेत्र से चुनाव लड़ें।

उनके गृह क्षेत्र से एक नया नेता सुन्दरलाल लोकप्रिय हो रहा था। वह क्षेत्र के समस्यायों से भली भांति अवगत था और समाधान हेतु यथाशक्ति संघर्षरत था। अधिकारियों को ज्ञापन देकर और समय-समय पर आंदोलनों के द्वारा क्षेत्र की समस्यायों को सरकार तक पहुंचाता रहता था। एक साधारण परिवार से होने के कारण सुन्दरलाल के साथ क्षेत्रीय जनता की सहानुभूति भरपूर थी। मंत्री जी को उसके लोकप्रियता की भनक मिल चुकी थी। इस बार के चुनाव में वह भी प्रत्याशी होने की तैयारी में जुटा था, मंत्री जी को इस बात का भी आभास था। वैसे तो पैसे आदि बंटवा कर मतदाताओं को प्रभावित कर सकने में वे सक्षम थे पर साथ ही डर भी था कि सुंदरलाल  नया लड़का है, कहीं परिवर्तन की आंधी न चल जाये और वीरेंद्र पर भारी पड़े। मंत्री जी कोई जोखिम मोल नहीं लेना चाहते थे। यह वीरेंद्र का पहला चुनाव होगा, पहली ही बार हार गया तो उसका राजनितिक करियर बर्बाद हो जायेगा। अब मंत्री जी ने सुन्दर लाल की छवि धूमिल करने और उसे निर्बल बनाने के कार्य में जुट गए और अपने प्रभाव का प्रयोग करते हुए इस आशय का प्रशासन को निर्देश दे दिए । अब क्या था प्रशासन इस कार्य में तत्पर हो गया, सुंदरलाल के एक आंदोलन को रोकने में बल प्रयोग कर लाठी चार्ज करा दिया। कई लोग लहूलुहान हुए और सुन्दर लाल गिरफ्तार।
सुन्दर लाल पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून, गेंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट आदि की कई संगीन धाराएं लगा दी गयीं। मंत्री जी ने सोचा उनका काम हो गया। जिन लोगों पर लाठी चार्ज हुआ है, वे अब सुन्दर लाल का साथ छोड़ देंगे। पर हुआ इसके उलटा, सुन्दर लाल के पक्ष में जनसमर्थन और बढ़ गया। जेल में उससे मिलने हजारों लोग जाने लगे। इस कार्यवाही से मंत्री जी की चिंता और बढ़ गयी। उन्होंने प्रशासन से मिलकर, सबसे भयानक चाल चल दिया। सुन्दरलाल को जिला बदर करवा दिया। सुन्दर लाल के पास बड़ी लड़ाई लड़ने की क्षमता नहीं थी। वह क्षेत्र छोड़कर बहार चला गया और अपना समर्थन एक अन्य नेता मधुसूदन को दे दिया।

वीरेंदर लन्दन से एम बी ए की पढ़ाई पूरी कर चुका था और उसे वहीँ पर नौकरी भी मिल गयी। वह वहां एक गोरी लड़की, ऐना के प्यार में फंस चुका था और किसी भी हाल में उसे छोड़कर इंडिया नहीं आना चाहता था। मंत्री जी को इस बात का पता चला तो वह उस लड़की से वीरेंद्र का विवाह करने के लिए भी तैयार हो गए। मगर ऐना के दिमाग में इंडिया की तस्वीर अच्छी नहीं थी, वह यहाँ की राजनितिक गन्दगी के बारे में समाचार पत्रों में पढ़ चुकी थी और अपने मन ऋणात्मक बिम्ब बना चुकी थी। भारत का मौसम भी उसके अनुकूल नहीं था। वह भारत आने से साफ मना कर दी। वीरेन्द्र भी अपने प्यार को खोना नहीं चाहता था। मंत्री जी ने उसे बुलाने के लिए पूरा जोर लगा लिया मगर परचा दाखिल करने के लिए वीरेन्द्र को नहीं बुला पाए। अब मंत्री जी हाथ मल कर रह गए।  उनकी सारी मेहनत बेकार हो गयी।
दो बिल्लियों की लड़ाई में बन्दर ने लाभ उठा लिया। मधुसूदन विधायक हो गए। सरकार के कार्य कलापों से जनता प्रसन्न नहीं थी, इस बार वास्तव में परिवर्तन की आंधी चली और मंत्री जी को भी चुनाव में पराजय का सामना देखना पड़ा।

मंत्री जी घर में मुंह बनाकर बैठे थे कि वीरेन्द्र का लिखा एक पत्र मिला -
'विधायक जी ! जो दूसरों के लिए कांटे बोता है उसके राह में अपने आप कांटे उग आते हैं। आपने मुझे क्षेत्र से ;निकाला आपके बेटे को स्वतः ही देश निकाला मिल गया। अब तो आप पूरी जिंदगी अकेले ही बसर करेंगे या देश छोड़कर लन्दन में बसेंगे। यद्यपि मेरे लायक कोई काम हो तो निःसंकोच बताईयेगा।'

हार का विषाद कुछ कम होने पर मंत्री जी ने सुंदरलाल को फोन मिलाया -

'सुन्दर! जीत की बधाई। तुम भी मेरे बेटे जैसे हो, राजनीति में कोई व्यक्तिगत शत्रुता थोड़े ही होती है। अभी तुम नए हो, राजनीति के दांव पेंच अधिक नहीं जानते। मुझसे कोई मार्गदर्शन चाहिए होगा तो बता देना। वैसे तुम मेरी पार्टी में आ जाओ तो अच्छा रहेगा, अगले चुनाव में तुम्हें अपनी पार्टी का टिकट दिला दूंगा। '
'जी मंत्री जी, सोचने के लिए समय चाहिए'



Saturday, 22 October 2016

Khopadi ka lekh

खोपड़ी का लिखा

मदनमोहन अपनी जन्म भूमि छोड़ने को बिल्कुल भी इच्छुक नहीं थे, मगर बेटा मिहिर अमेरिका से पढ़ाई किया और वहीँ पर उसे काम मिल गया। विवाह के बाद, वह मान्यता को भी साथ ले गया।  मिहिर ने अमेरिका में अपना घर बना लिया और वहीँ का होकर रह गया। इधर मदनमोहन अब बूढ़े हो चले थे और अकेले जिंदगी बिताने में बड़ी कठिनाई हो रही थी। वैसे मिहिर ने उनका भी अमेरिका का ग्रीन कार्ड बनवा दिया था और वे दो बार वहां हो भी आये थे मगर उन्हें स्थाई रूप से अमेरिका रहना स्वीकार नहीं था। उनकी प्रबल इच्छा थी कि जिस जन्मभूमि ने उन्हें सब कुछ दिया, अपने प्राण भी वहीँ त्यागें और उनकी अस्थियां गंगा में विसर्जित हों।
धीरे धीरे वे पचहत्तर के हो चले। उनकी पत्नी ने एक वर्ष पूर्व, उनका साथ छोड़ दिया। अब वे अस्वस्थ रहने लगे, खाने पीने की दिक्कत रहती थी। कुछ दिन, उनके यहाँ बेटी रहकर, देखभाल की पर उसे अपना भी घर देखना था। अंततः हार के उन्हें, मिहिर के पास जाना ही पड़ा।
मृत्यु तो सबकी निश्चित है। अमेरिका जाने के दो वर्ष पश्चात् ही मदनमोहन को दिल का दौरा पड़ा। मिहिर ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया पर कोई लाभ नहीं मिला। आखिरकर, मदनमोहन को भी संसार छोड़ कर जाना पड़ा, और वह भी अपनी जन्मभूमि से हजारों मील दूर, विदेश में। मरते दम तक, अपनी जन्मभूमि पर ही रहने का मदनमोहन का सपना तो पूरा नहीं हुआ मगर उनकी दूसरी इच्छा कि कम से कम मरने के बाद उनकी अस्थियां गंगा में प्रवाहित हों, मिहिर ने भरसक प्रयास किया। मिहिर ने उनके दाह संस्कार का प्रबंध तो वहीँ कर दिया पर अपने पिता की इच्छा मान रखते हुए, अस्थियां लेकर भारत के लिए चल दिया ताकि हरिद्वार जाकर गंगा में प्रवाहित कर सके।
दिल्ली हवाई अड्डे पर आने पर, कस्टम जाँच के लिए उसे अपना सामान खोलना पड़ा। एक पोटली में अस्थियां देखकर कस्टम अधिकारियों ने शंका व्यक्त की।
पूछने पर, मिहिर ने बताया, 'यह, उसके पिता की अस्थियां हैं।'
कस्टम अधिकारी ने इसकी पुष्टि के लिए प्रमाण पत्र मांग दिया। मिहिर को इस तरह के किसी प्रमाणपत्र की जानकारी नहीं थी, इसलिए वह बस अस्थियां लेकर सीधे चला आया था।
मिहिर पहले ही परेशान था ऊपर से कस्टम ने उसपर, और आघात करने वाले प्रश्न दाग दिए, 'हमें क्या पता ये इंसान की अस्थि है! हो सकता है किसी और जंतु की हड्डी हो या फिर ड्रग हो जिसकी तस्करी कर रहे हो!'
इस बात पर कस्टम अधिकारी और मिहिर में गरम बहस हो गयी। अब तो मिहिर के लाख समझाने पर भी अधिकारी नहीं माना और अस्थियों को जाँच के लिए भेजने पर अड़ गया। अस्थियां जाँच के लिए प्रयोगशाला में भेजने के लिए रख लिया और मिहिर को धमकी दे डाली, 'यदि कोई आपत्तिजनक वस्तु निकली तो कस्टम अधिनियम के अंतर्गत मुक़दमा चलेगा।' मिहिर के पिता की अस्थियां जब्त हो गयी, बेचारा बिना अस्थियों के पैतृक गृह पहुंचा।

इस घटना पर एक कहानी याद आ गयी -
[एक पंडित जी, जो ज्योतिषाचार्य भी थे, कहीं जा रहे थे। रास्ते में उन्हें एक खोपड़ी दिखी। पंडित जी, भाग्य की रेखायें भली भांति पढ़ सकते थे। खोपड़ी जीर्ण शीर्ण अवस्था में थी, मगर उसके बचे खुचे भाग पर लिखी रेखाओं को पढ़ कर वे निष्कर्ष निकल लिए। उस पर लिखा था 'अभी कुछ  बाकी है। ' पंडित जी को अपनी विद्या जांचने का अच्छा अवसर मिल गया। वे उस खोपड़ी को यह सोचकर, उठा लाये कि देखें अभी क्या बाकी है। खोपड़ी को वे एक वस्त्र में लपेट कर ताख पर रख दिए। एक दिन पंडित जी को कहीं जाना पड़ा, पंडितानी की दृष्टि उस खोपड़ी पर पड़ी। इससे पहले वह कभी कोई खोपड़ी नहीं देखी थी, समझी कि वो कोई खाने की वस्तु है। उसने उसे उठाया और पकाने के लिए ओखली में कूट डाला। जब पंडित जी आये तो देखे वह खोपड़ी गायब है। जब पंडितानी से पूछा तो उसने बताया कि मैंने तो उसे कूट डाला। पंडित जी को समझने में देर नहीं लगी कि क्या बाकी था।]

मिहिर के पैतृक गांव पहुँचने पर, सम्बन्धियों द्वारा निर्णय लिया गया कि तब तक बाकी के संस्कार संपन्न किये जायं। दो चार दिन बाद जब भी अस्थियां मिलेंगी, प्रवाहित कर दिया जायेगा। उसे एक सप्ताह ही रुकना था और इसी समय में चौथा आदि सब करना था। एक सप्ताह तक जाँच रिपोर्ट नहीं आ पायी। अस्थियों को बिना प्रवाहित किये ही,उसे वापस अमेरिका जाना पड़ा।

जाँच रिपोर्ट आने में पंद्रह दिन का समय लग गया। उसने अपने चचेरे भाई को अस्थियां का पता करने और उसे लेने के काम में लगा रखा था। वह स्वयं भी, कस्टम अधिकारियों से फ़ोन पर पूछ ताछ करता रहा। अमेरिका आये उसे एक सप्ताह ही हुए थे कि समाचार मिला, अस्थियों की जाँच पूरी हो गयी है और वह उन्हें ले सकता है। पिता की अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए मिहिर संकल्पित था। अगली ही उड़ान से पितृ ऋण से मुक्त होने, वह एक बार फिर से दिल्ली आया। अस्थियां लेने के लिए कस्टम का दरवाजा खटखटाया। उसे अस्थियां मिल गयीं जिसे लेकर वह अपने गांव गया। वहां से चाचा आदि को साथ लेकर हरिद्धार गया और गंगा मईया को समर्पित कर दिया। इस प्रकार मिहिर के पिता की इच्छा व उसके कर्तव्यों का निर्वहन हुआ।

Friday, 9 September 2016

Kuchh din aur ruk jate

कुछ दिन और रुक जाते


विद्या को जर्मन गए चार वर्ष हो चुके थे। दिव्यांश के मम्मी पापा तो जर्मनी घूम आये, मगर विद्या के मम्मी पापा अभी तक जर्मनी नहीं जा पाए थे। विद्या ने उन्हें कई बार कहा, मगर इंडिया में कोई न कोई काम होने की बात कहकर, वे टाल देते। विद्या और दिव्यांश दोनों ही कहकर हार गए कि पापा जी, समय निकालिये और एक बार यूरोप घूम लीजिये, बड़ी सुन्दर जगह है, पर यादव जी के कान पर जूं तक नहीं रेंगी।  एक दिन यादव जी नाश्ता पानी करके एक बार फिर से अखबार उठा लिए, इतने में ही फ़ोन की घंटी बजी। कोमल ने आवाज लगाई, 'देखो जी फ़ोन बज रहा है, विद्या का ही होगा।'
यादव जी अख़बार रखकर, चार्ज में लगे फोन को निकालने लगे। इतने में फ़ोन कट गया। कोमल फिर से बोली, 'उसी का है न !'
'अरे, कट गया, अभी देखता हूँ।'
नंबर देखकर यादव जी ने बताया, 'हां, उसी का था। चलो फिर से कर लेगी।'
फिर से घंटी बजी, यादव जी ने अबिलम्ब उठाकर हेलो किया। विद्या की आवाज आई, 'पापा! नमस्ते, कैसे हैं आप लोग ?'
'ठीक हैं बेटी, तुम अपना बताओ। इतनी जल्दी उठ गयी! और भारत कब आना है। '
'हम भी ठीक हैं पापा। बस आप लोगों की याद आ रही थी। और इस बार हम नहीं, आप यहां आ रहे हैं। मैं आज ही टिकट करवाने जा रही हूँ। सितम्बर में आप लोग आ जाईये। अकेले नहीं आ सकते तो दिव्यांश को भेज देती हूँ। वैसे आने में कोई परेशानी नहीं है, क्षितिज है न ! वीसा लेने में मदद करवा देगा और दिल्ली हवाईअड्डे तक छोड़ देगा। बाकी हम यहाँ  एयरपोर्ट से ले ही लेंगे।'
'ठीक है बेटी, आ जायेंगे कभी।'
'कभी नहीं, इस सितम्बर में आना ही है। शाम तक टिकट और वीसा  आमंत्रण भेज देती हूँ और क्षितिज को भी कह देती हूँ।'
'चलो इतना कह रही हो तो ठीक है।'    
फ़ोन रखकर, यादव जी कोमल के पास गए, 'सुन रही हो! विद्या हमें बुलाने के लिए जिद्द कर रही है। चलो घूम ही आते हैं। फिर धीरे धीरे बुढ़ापा घेर लेगा तो कहां जा पाएंगे।'
कोमल मन में मुस्करायी, 'वो तो कबसे बुला रही है, तुम्हीं तो नखरे दिखाते रहते हो। कब जाना है ?'
'सितम्बर में।' 
शाम को फिर से विद्या का फ़ोन आया, 'पापा, टिकट हो गया है और मैंने आपके मेल पर भेज दिया है। बस जल्दी से जल्दी वीसा के  लिए आवेदन कर दीजिये।'
यादव जी को पता चला कि उनका वापिसी का टिकट, पूरे तीन महीने बाद का है, तो वे उसे एक महीने बाद का ही कराने के लिये कहने लगे। उन्हें तीन माह का समय लम्बा लग रहा था। यदि वे तीन महीने वहां रह गए तो उनके  बिना भारत में बड़ा अकाज होगा। लेकिन विद्या ने उनकी एक न सुनी, बोली, 'पापा! पहले आ तो जाओ, फिर जब जाना चाहोगे, टिकट की तारीख बदलवा देंगे।'
विदेश घूमने का मन तो यादव जी का भी बहुत था मगर वे बड़े सामाजिक और मिलनसार व्यक्ति थे। अपने कस्बे के लोगों में उनका समय बहुत अच्छा कट रहा था। उन्हीं लोगों के साथ समूह में घूमने फिरने भी चले जाते। इसके अलावा दो तीन निर्धन बच्चों को पढ़ाने का भी जिम्मा ले रखा था। उनके विदेश नहीं जाने का कारण यही सब था और कुछ वहां के माहौल व भाषा का डर। इस बार वे बेटी दामाद के आग्रह के आगे झुक ही गए। यादव जी, अब वीसा बनवाने में जुट गए। विद्या ने उन्हें फ़ोन पर सब कुछ समझा दिया था और अपने ममेरे भाई क्षितिज को इसमें मदद के लिए बोल दिया था। यादव जी ने जर्मनी के वीसा के लिए आवेदन किया और उन्हें तीन महीने का टूरिस्ट वीसा मिल गया।
यादव जी सपत्नी बर्लिन पहुंचे। जर्मन की ठण्ड के बारे में उन्होंने सुन तो रखा था, पर इतनी ठण्ड पड़ती है, इसका अनुमान नहीं था। जाते ही हाड़ कंपाने वाली ठण्ड से जूझना पड़ा। विद्या ने पहले ही बता दिया था कि यूरोप में बड़ी ठण्ड पड़ती है और वे अपने गरम कपडे लेकर आएं परन्तु जो गरम कपड़े इत्यादि वे ले गए, अपर्याप्त थे। विद्या को वहां के मौसम के अनुकूल, मम्मी पापा के लिए और जैकेट, लोअर, मोज़े  आदि खरीदने पड़े।
वहां की प्राकृतिक सौंदर्य से, यादव जी अभिभूत थे। वहां की हरियाली और भारत से पृथक मौसम व पेड़ पौधों के प्रति वे बहुत आकर्षित थे। शांतिपूर्ण वातावरण में उनका मन लग रहा था। कहीं कोई शोर शराबा नहीं, यहाँ तक कि गाड़ियों का हॉर्न तक नहीं। इतनी शांति कि देखकर लग रहा था मानो तपोस्थली हो। वे टहलने निकल जाते तो पार्क की साफ, सफाई और सुंदरता देखकर, मंत्र मुग्ध हो जाते। इसी बीच विद्या और दिव्यांश ने उन्हें फ्रांस और स्विट्ज़रलैंड भी घुमा दिया। एक महीना तो क्या, कब तीन महीने बीतने को आ गया, पता ही नहीं चला। अब उनके वापस लौटने का समय समीप आ गया। विद्या और दिव्यांश ने उनसे कुछ समय और रुकने का आग्रह किया, इनके वहां रहने से उन दोनों को भी बहुत अच्छा लग रहा था। कम से कम चार लोग मिलकर, कुछ बात चीत कर लेते, वरना बस एक दूसरे का मुंह देखते रहो। पास पड़ोस से इतना कुछ मेल जोल तो था नहीं। इनके जाने के बाद फिर वही अकेले। दिव्यांश ने कहा, 'मैं वीसा बढ़वा देता हूँ। कम से कम छः महीने तो यहां रुकिए। असली ठण्ड का मौसम तो अब आ रहा है। यहाँ की बर्फ़बारी भी देख लीजिये।' मगर, यादव जी अपने इण्डिया के काम गिनाने लगे। वहां की प्राकृतिक छटा, उन्हें आने से तो रोक रही थी, पर इंडिया का काम धाम अपनी ओर खींच रहा था। अपने काम और मातृभूमि से अधिक लगाव के कारण यादव जी शीघ्र से शीघ्र वापस आने को विवश थे।

अब वापस जाने में बस कुछ ही दिन बचे थे। यादव जी के भाग्य में यह भी अद्भुत नजारा देखना बदा था। प्रातः उठकर, जब खिड़की से देखे तो उनके आश्चर्य का ठिकाना न रहा, पूरी धरती श्वेत चादर से ढक चुकी थी। पेड़, पौधे, सड़क, घरों की छत सब जगह बर्फ ही बर्फ। पेड़ ऐसे लग रहे थे, मानो चांदी के नकली पेड़ खड़े कर दिए गए हों। यादव जी ने पहली बार हिमपात का दृश्य देखा। लान, मकान, दुकान आदि सभी बर्फ के नीचे दबे हुए थे, बर्फ के अतिरिक्त कुछ नहीं दिख रहा था। उन्होंने तुरंत कोमल और फिर विद्या व दिव्यांश को जगाया। सब के सब यह दृश्य देखकर आश्चर्य से झूम उठे। यह था बर्लिन का माइनस अटैक, तापमान ऋण १० डिग्री। जितना सुन्दर नजारा था विद्या और दिव्यांश की उतनी ही बड़ी चिन्ता। रात की भारी बर्फ़बारी के कारण सभी रास्ते बंद हो गए थे। यहाँ तक कि गैराज से गाड़ी निकाल पाना भी असंभव था। शुक्र था की उस दिन शनिवार था और विद्या तथा दिव्यांश को काम पर नहीं जाना था पर घर के कुछ जरूरी सामान लाने थे। विद्या बोली, 'अब तो कहीं दोपहर बाद तक ही सड़क साफ हो पायेगी, ऐसे में कहीं जा तो सकते नहीं, चलो घर पर ही बनाते खाते हैं। आप लोग नजारा देखिये, तब तक चाय बनती हूँ। '

विद्या को तभी ध्यान आया, दूध तो घर पर है ही नहीं, अब चाय कैसे बनेगी। कल ही लाने वाली थी, मगर उसे काम पर से लौटने में थोड़ी देर हो गयी, इसलिए सोची अगले दिन सुबह ले आएगी। समाचार भी नहीं देख पाई कि अगले दिन के मौसम के बारे में जान पाती। बर्फ के कारण बाहर निकल पाना बहुत कठिन था, परंतु अब आवश्यक हो गया। फ्रिज में देखी तो एक नीबू पड़ा था।  ये हुआ कि आज नीबू की चाय पीते हैं। चाय पीकर, उसने बाहर देखा तो सड़क से बर्फ हटाई जा रही थी। सोची, तब तक वो भी अपने ड्राइव वे की बर्फ हटा ले ताकि सड़क साफ होने पर बाजार से घर के सामान ले आये। विद्या के साथ, यादव जी भी मदद करने में जुट गए। वो बार बार कहती रही, 'पापा, आप आराम से बैठो, हम और दिव्यांश साफ कर लेंगे।' पर यादव जी नहीं माने, उन्होंने बेलचा उठाया और बर्फ हटाने लगे। यह काम उनके लिए अनोखा था और बड़े मुदित मन से सलग्न हो गए। यादव जी को बर्फ का अनुभव तो था नहीं, एक जगह बर्फ जम गयी थी और हटाते समय उनका पांव फिसल गया। बर्फ हटी, गाड़ी निकली और यादव जी सीधे अस्पताल। वहां जाकर, पता चला कि पैर की हड्डी में क्रेक आ गया है और उस प्लास्टर करना पड़ेगा। भरने में एक महीने से भी अधिक समय लग सकता है।
दिव्यांश दौड़ भाग करके, यादव जी का वीसा तीन महीने के लिए और बढ़वा दिया। 
अब तो यादव जी को काम धाम की चिंता छोड़ रुकने के लिए वाध्य होना पड़ा। उधर अस्पताल का खर्च लाखों का। यादव जी बीमा करवा के नहीं गए थे। यह तो शुक्र था विद्या ने उनके पहुंचते ही, उनके लिए स्वस्थ्य चिकित्सा बीमा की पालिसी ले ली थी जिस कारण चिकित्सा के भारी भरकम खर्च से बच गयी।

यादव जी को जर्मन की कड़क ठण्ड में तीन महीने और बिताने पड़े, और वो भी घर में ही।



Tuesday, 6 September 2016

Na ji, naa


ना  जी, ना!

चंद्राकर जी के बेटा, बेटी दोनों ही ऑस्ट्रेलिया के स्थाई निवासी थे। बेटा-बहू एडिलेड में बड़ा सा मकान लेकर रहता था और बेटी-दामाद कैनबरा में। वे चाहते थे, चंद्राकर भी वहां के स्थाई निवासी हो जायँ ताकि आने के लिए बार बार वीसा लेने का चक्कर समाप्त हो जाय। आखिर भारत में बच्चों के बिना, अपने भाइयों के सहारे कब तक रहेंगे। वैसे भी ऑस्ट्रेलिया के स्थाई निवासी होने पर, वहां की कई सारी सुविधाओं के अधिकारी हो जाते हैं, जैसे निःशुल्क चिकित्सा, वरिष्ठ नागरिकों की सस्ती बस व रेल यात्रा और दस वर्ष स्थाई निवासी रहने के पश्चात वृद्धा पेंशन भी। चूकि बेटा, बेटी दोनों ही ऑस्ट्रेलिया के नागरिक हो चुके हैं, उन्हें स्थाई निवासी का दर्जा मिलने में कोई अधिक समस्या नहीं थी। पर जब भी केशव उनसे पी. आर. (स्थाई निवासी) के लिए अप्लाई करने के लिए कहता, वे ना कर देते। कहते वे अपना वतन और इतने रिश्ते नाते छोड़ कर कैसे जा सकते हैं। हाँ, घूमने फिरने के लिए ठीक है, और दो तीन बार तो घूम भी चुके हैं। पूरी जिंदगी भारत में काट लिया, अब बुढ़ापे में सब कुछ छोड़ कर दूसरे देश में कैसे जी पाएंगे। बड़ी मुश्किल से, किसी तरह, केशव ने उन्हें समझाया, 'पापा! स्थाई निवासी होकर भी आप भारत में रह सकते हैं। स्थाई निवासी होकर, बार बार का वीसा का झंझट ख़त्म हो जायेगा और आप को यहां की चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। आपका जब मन आये यहाँ रहिये, वहां जाना हो वहां जाईये।'
उसके बाद भी आज कल करते, चंद्राकर जी ने साल बिता दिया। अब तो दोस्त मित्र भी उनको समझाने लगे थे, 'चंद्राकर जी, यहाँ  क्या रखा है! आप भी बेटे के पास ऑस्ट्रेलिया चले जाओ।'
'हाँ, मैं भी यही सोच रहा हूँ।  केशव भी बहुत दिनों से कह रहा है। मगर आप लोगों का प्यार और आदर, वहां नहीं जाने दे रहा है।'
एक मित्र अभी समझा ही रहा था कि ये प्यार कितने दिन काम आएगा, आखिरी  दम में तो बच्चे ही साथ देंगे कि चंद्राकर जी की अचानक ही तवियत ख़राब हो गयी। उनका ब्लड प्रेशर (रक्त चाप) बढ़ गया और उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। केशव को सूचना मिली तो अगले ही दिन छुट्टी लेकर आ पहुंचा। तीन दिन भर्ती रहने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिली।
अब केशव को कहने का मौका मिल गया, 'बताईये, जब से कह रहा हूँ, अप्लाई किये होते तो अब तक पी. आर. आ भी गया होता। अभी तो अस्पताल का पचास हजार ही लगा, कुछ सीरियस होता तो ये अस्पताल वाले लाखों ऐंठ लेते।'
अब तक चंद्राकर जी को समझ आ चुका था। उन्होंने स्थाई निवासी के लिए अप्लाई कर दिया। अप्लाई करने के कुछ महीनों के पश्चात् ही वे ऑस्ट्रेलिया के पी. आर. (स्थाई निवासी) हो गए।
उनके पी. आर. होते ही केशव ने, चंद्राकर जी को ऑस्ट्रेलिया बुला लिया। वहां बेटे की सम्पन्नता और सुख सुविधा देखकर वे प्रसन्न तो थे, पर कुछ दिनों के बाद ऊबन होने लगी। उनका जी वहां नहीं लगता। उन्हें बार बार इंडिया के दोस्त मित्र याद आते। कहाँ इंडिया में  पार्क में बैठ कर, घंटों गप सड़ाके करते; वहां पास पड़ोस से कोई खास मेल जोल भी नहीं, बस दूर से ही हाय हेल्लो होती थी। अभी घर में कोई पोता, पोती भी नहीं कि उनके साथ मन बहल जाय। बस टेलीविज़न पर, या अपने लान के रख रखाव में समय बिताना होता था। बेटी दामाद के यहाँ तो फिर भी मन लग जाता, उसके दो छोटे बच्चे थे। परंतु चंद्राकर जी पुराने विचार के व्यक्ति थे, वे बेटी के यहाँ अधिक रुकना पसनद नहीं करते थे।
उनका बेटा केशव वीकएन्ड पर (सप्ताहांत) अपने एक मित्र के यहाँ खाने पर गया।  मित्र ने विशेष रूप से चंद्राकर जी के स्वागत में ही निमंत्रित किया था।
'अंकल! पी. आर. की बहुत बहुत बधाई। '
'थैंक यू बेटा।'
'चलिए अच्छा हो गया, अब बेटे के साथ रहेंगे। इंडिया से तो यहाँ अच्छा ही है। शांति है, कोई ज्यादा झंझट नहीं। क्या लेंगे स्कॉच या बीयर?'
 'ना जी, ना ! कभी छुआ तक नहीं।'
'अच्छा आपके लिए ठंडा लाता हूँ।'
चन्द्राकर जी को ठंडा और कुछ नाश्ता देकर, वे स्कॉच पीने लगे।
 'ये चिकन नगेट तो ले लेंगे!'
'ना जी, ना ! मैं बिल्कुल शाकाहारी हूँ।' चंद्राकर जी बोले।
'और अंकल, दिन में तो आपके बेटे, बहू काम पर चले जायेंगे, आप समय कैसे बिताएंगे?'
'देखेंगे, यहाँ तो बस तुम्हीं लोगों का सहारा है। ऐसे ही मिलते जुलते समय कट जायेगा।'
'क्लब चले जाया करिये। केशव अंकल को मेंबर बनवा दे।'
'ना जी, ना! वहां पर हमारे लायक क्या है? दारू हमें पीना नहीं, कैसिनो में मशीनों पर पैसे लुटाते रहो, यह सब मुझसे तो नहीं होगा। '
कहीं घूमने फिरने जाना होता तो चंद्राकर जी पहले ना नुकुर करते, मगर उन स्थानों की सुंदरता देखकर, मुग्ध हो जाते।
समय के साथ चंद्राकर जी की मुश्किलें बढ़ती गयीं। गाड़ी चलानी आती नहीं थी, मंदिर घर से काफी दूर था। बस का किराया इतना कि सुनकर ही होश उड़ जाते। पास पड़ोस कोई बोलता-बतियाता नहीं। उनकी दुनिया बस परिवार तक ही सिमट कर रह गयी थी। दिन में बेटा-बहू दोनों काम पर चले जाते। चंद्राकर जी कुछ समय सो लेते या घर से बाहर निकल कर टहल लेते। यहाँ तो ऐसा लग रहा था कि काला पानी हो। भारतीय मूल के लोग भी दूर दूर ही रहते थे। सप्ताह के अंत में ही मिल जुल पाते थे। हाँ, बच्चों ने एक अच्छी परंपरा चला राखी थी कि इंडिया से किसी के माँ बाप आते थे तो वे बारी बारी से खाने पर बुलाते थे। इसी बहाने वे एक दूसरे से मिल लेते और थोड़ी बहुत मन की बात हो जाती। चंद्राकर जी सुनते कि इंडिया से कोई बुजुर्ग आया है तो उनकी आत्मा के लिए संजीवनी सा काम करता। उसके अलावा भी कभी किसी यहां पार्टी आदि होती तो सभी बच्चे अपने मम्मी पापा को भी साथ ले जाते।
एक दिन चंद्राकर जी आत्मचिंतन कर रहे थे। यहाँ बच्चों का उत्तम रहन सहन है, अच्छा खा पहन रहे हैं पर उसका क्या लाभ! कोई अपना तो उसे देख भी नहीं रहा। मोटा खा पीकर भी अपने गांव में कितने प्रसन्न थे। मगर क्या करें, बच्चों के लिए सब करना पड़ता है। यहाँ अच्छी कमाई है तो महंगाई भी कितनी है। लान की एक बार घास काटने के लिए ही सौ डॉलर (लगभग पांच हजार रुपये) तक देना पड़ जाता है। घास की बात पर उनके मन में आया, क्यों न वे अपना समय फूल, फुलवारी में लगाएं! उन्होंने केशव से कहकर खुरपी और कुछ अन्य औंजार मंगवा लिया। फिर क्या था, उन्होंने लान के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारम्भ कर दिया। घास काटने की मशीन, केशव के पास पहले से ही थी। अब घास काटने के पैसे नहीं देने होते, यह जिम्मा चंद्राकर जी ने ले लिया। उन्होंने लान में, कुछ सुन्दर फूल और नारंगी के दो पेड़ लगा दिए। धीरे धीरे उनके लान की शोभा बढाती गयी। घर के पिछवाड़े के प्रांगण में उन्होंने सब्जियां बो दीं। मेथी, धनिया, मिर्ची, टमाटर, जहाँ पहले फ्रिज की जमाई हुई आती थी अब घर की उगाई, ताजा मिलने लगी। 

चंद्राकर जी अब पूरी तरह से अपने लान के लिए समर्पित थे। वे टहलने के लिए निकलते तो औरों के लगाए पेड़ पौधों को ध्यान से देखते। उनके मन में इच्छा जागृत होने लगी कि वे एक दिन अपना लान सबसे सुन्दर बना कर रहेंगे। जब भी नर्सरी जाते पौधों के बारे जानकारी लेते और पसंद आने पर ले आते। अब तक उनके लान में नारंगी, चेरी, बलूत, खजूर और अशोक के पेड़ अपने यौवन पर थे, और न जाने कौन कौन से शोभनीय पौधे, उनके बीच हरी कचनार घास। उधर से जो भी गुजरता, चंद्राकर जी के लान की ओर गर्दन घुमाये बिना नहीं रह पाता।
बसंत ऋतु में जहां पूरा एडिलेड रंग बिरंगे फूलों से सजा हुआ, दुल्हन की तरह सुन्दर लग रहा था; उसी सुंदरता का एक नन्हां सा टुकड़ा चंद्राकर जी के लान में भी था। एक दिन चंद्राकर जी को पता चला कि अगले दिन, एडिलेड काउंसिल के द्वारा, कालोनी के लानों का निरिक्षण होना है। चंद्राकर जी भी खर पतवार साफ़ करके, अपने लान को चमका रखे थे। इधर चंद्राकर जी की बहू आशा, गर्भवती थी, और डॉक्टरों के अनुसार उसी दिन अस्पताल में दिखाना था। डॉक्टर की सलाह के अनुसार, केशव सुबह ही आशा को लेकर अस्पताल चला गया। अस्पताल जाने पर आशा को भर्ती कर लिया गया। भर्ती कराके, अस्पताल दिखाने के ध्येय से, वह चंद्राकर जी को भी लेने आ गया। जैसे ही चंद्राकर जी अस्पताल जाने को तैयार हुए, पता चला कि काउंसिल की टीम निरीक्षण के लिए आ चुकी है। केशव की जल्दी के मारे, चंद्राकर जी टीम को अपने काम के बारे में कुछ बताने के लिए रुक नहीं पाए, और अस्पताल चले गए। सूचना पाकर उनकी बेटी, चंदा भी अस्पताल आ गयी थी।

अगले दिन प्रातः ही आशा ने एक सुन्दर से बालक को जन्म दिया। दो दिन भर्ती रहने के बाद आशा को अस्पताल से छुट्टी मिली। जब केशव और आशा नवजात पुत्र को लेकर घर आये, तभी देखा कि पोस्टमैन लेटर बॉक्स में कोई चिट्ठी डाल रहा है। चंद्राकर जी उत्सुकता वश, उसे तुरंत ही निकाल कर लाये और केशव को थमा दिया। केशव ने प्रेषक के रूप में काउंसिल का नाम देखा तो सोचा, कि काउंसिल ने कोई मांगपत्र भेजा होगा, मगर उसके ऊपर किसी तरह की कोई भी राशि बकाया नहीं थी। फिर भी सहम के ही वह लिफाफा खोला। जब पत्र को पढ़ा तो उसके हर्ष का ठिकाना न रहा। वह चंद्राकर के गले लिपट गया।
'पापा! आप ने तो कमाल कर दिया। देखो, सुंदरता में हमारा लान को द्वितीय स्थान पर आया है और कौंसिल की ओर से दो सौ डॉलर का पुरस्कार भी।'
'वाह क्या कहने, हमारे पोते के आते ही यह अच्छी खबर आयी, बस ये समझो कि इसका यह शुभ लक्षण है।'

केशव और आशा को पुत्र की प्राप्ति की बधाई देने के लिए, दोस्त, मित्रों का घर पर ताँता लगा हुआ था। जो भी आता, केशव उसे सबसे पहले लान के पुरस्कृत होने की सूचना देता। अब चंद्राकर जी ऑस्ट्रेलिया के एक गौरवान्वित निवासी थे। उन्हें एक पोता भी मिल गया था। अब उन्हें कोई समस्या नहीं थी और पूरी तरह से वहां रस बस गए थे।




Monday, 29 August 2016

Hileri ka kutta

कुत्ता लेकर आ जाती

हार्दिक के घर से दो तीन घर छोड़ कर हिलेरी का घर था।  बूढी हिलेरी अपने पति के साथ यहाँ रहती थी। हिलेरी एक सुन्दर महिला थी; बदन से पूरी तरह चुस्त-तंदरुस्त, रुई सा सफेद,  लड़कों जैसे छोटे बाल, उम्र पचहत्तर के पार। पैंट टी शर्ट पहन कर चलती थी तो लगता था कि अपने जमाने की कोई नायिका रही होगी। चेहरे पर झुर्रियां अवश्य थीं वरना आव भाव से उम्र की झलक नहीं दिखती। बेटी-दामाद, सिडनी से दूर कैनबरा में रहते थे।  वे महीने में एकाध बार मिलने आ जाते और कभी कभी हिलेरी उनके यहाँ चली जाती । 
हिलेरी का श्वेत रंग का झब्बर बाल वाला कुत्ता, जिसका नाम मेग्जी था, देखने में बड़ा प्यारा था। हिलेरी के पति अधिकतर समय अपने घर के लान में फूल पौधे उगाने व उनके रख रखाव में लगे रहते और वह स्वयं कुत्ते की देख रेख में व्यस्त रहती।  मेग्जी को नहलाने, खिलाने और टहलाने में उसका काफी समय व्यतीत हो जाता। जब वह मेग्जी को टहलाने के लिये निकलती तो हार्दिक का डेढ़ साल का बेटा, चिंतन देखते ही घर से बाहर निकल जाता और मेग्जी साथ खेलने के लिए मचल उठता।  हिलेरी यह देख कर बड़ा प्रसन्न होती। वह चिंतन का हाथ पकड़ कर कुत्ते की पीठ पर फिरवाती। चिंतन मेग्जी को छूकर बड़ा रोमांचित होता। कुछ देर पश्चात् जब वह वापस जाने लगती तो चिंतन रोने लगता, तथा उसके साथ और खेलने के लिए जिद्द करता। हार्दिक उसे बड़ी मुश्किल से बहला फुसला कर घर लाता।  
चिंतन का तो अब मेग्जी से इतना लगाव हो गया था कि बार बार हार्दिक का हाथ पकड़ कर हिलेरी के घर की ओर ले जाता। घर के सामने से निकलते, हिलेरी भी जब खिड़की से चिंतन को देख लेती तो मेग्जी को लेकर बाहर आ जाती और चिंतन उसके साथ खेलने लगता। हार्दिक सोचता कि उधर जाने से, इस उम्र में हिलेरी अनायास ही तंग होती है, इसलिए उसके घर की ओर चिंतन को लेकर जाना उसे अटपटा लगता और कम से कम जाता। पर हिलेरी को, चिंतन का मेग्जी के साथ खेलना देख बहुत अच्छा लगता था। वह जब भी मेग्जी को टहलाने ले जाती कुछ देर हार्दिक के घर के सामने खड़ी हो जाती ताकि चिंतन आकर कुछ देर खेल ले और वह उसके नटखटपना का आनंद ले सके। चिंतन खिड़की से  देख लेता और चिल्लाने लगता 'डौगी, डौगी  .. ' हार्दिक विवश होकर उसे बाहर ले जाता और चिंतन उसके साथ खेलने लगता। कभी कभी चिंतन सोया होता और कुछ क्षण प्रतीक्षा के पश्चात भी बाहर नहीं निकलता तो हिलेरी उदास होकर चली जाती।
चिंतन को मेग्जी से इतना लगाव हो गया था कि वह बार बार उसके पास जाने की जिद्द करता। कई बार वह कुत्ते का अभिनय तक करता, कुत्ते जैसे चार पैरों पर चलता और भौं भौं करता। यहाँ तक कि कई बार तो सपने में भी 'डॉगी, डॉगी' चिल्लाता। चिंतन जब भी किसी बात के लिए जिद्द करता तो हार्दिक और उसकी पत्नी 'देखो, डॉगी!' कहकर उसको मना लेते। जैसे ही वे कहते- डॉगी आ गया, चिंतन भाग कर खिड़की से झांकने लगता।कुत्ते और चिंतन की दोस्ती ने दोनों परिवारों में भी घनिष्ठता बढ़ा दी थी। लगभग रोजाना ही हिलेरी और हार्दिक एक दूसरे का हाल पूछ लेते। 

इधर कुछ समय से हिलेरी कुत्ता लेकर नहीं आ रही थी। चिंतन बार-बार खिड़की से देखता, शायद उसे वह डॉगी दिख जाय पर मेग्जी के दर्शन नहीं हो पाते। अब कोई भी कुत्ता उसके घर के सामने से गुजरता, चिंतन रोमांचित होकर चिल्लाने लगता 'डॉगी, डॉगी।'  कई बार हार्दिक, चिंतन को लेकर हेलेरी के घर के सामने तक गया पर वहां सन्नाटा पसरा था। यहाँ तक कि उसके लान की घास भी सूखने लगी थी। उसने अनुमान लगा लिया, संभवतः वह अपनी बेटी यहाँ कैनबेरा गयी होगी। धीरे, धीरे महीना से ऊपर हो गया। एक दिन जब हार्दिक उधर गया तो हिलेरी के पति जान, लान की सिंचाई करते दिख गए। हार्दिक ने उन्हें बताया कि चिंतन मेग्जी को बहुत याद करता है, दिन में कई बार 'डॉगी डॉगी ' करता है और कभी कभी  तो दौड़ कर आपके दरवाजे तक आ जाता है। जान ने बताया कि अब वह मेग्जी से नहीं मिल पायेगा।
हार्दिक यह सुनकर चौंका, 'क्यों? उसे कुछ हो गया, क्या?'
'नहीं, वह ठीक है पर अब कैनबेरा में बेटी के पास ही रहेगा। हिलेरी का हृदयघात के कारण स्वर्गवास हो गया।  मेग्जी की देखभाल मेरे वश की तो है नहीं। '
अब चिंतन को फुसलाना उनके लिए बड़ा कठिन कार्य था।